बात एक रात की
***************
भाग सत्ताईस
**************
घर जाते हुए शैलेन्द्र यही सोच रहा था वो किस तरह
से महिमा को समझायेगा कि वो बेवज़ह इतने खतरनाक लोगों से पंगा न ले,पता नहीं उसे ऐसा क्या मालूम है जिसे इस माचवे ने सूंघ लिया है,उसे भी इन पोलिसवालों पर कोई भरोसा नहीं था,पता नहीं कब माचवे अपनी ड्यूटी छोड़कर डबल ढोलकी
बन जाए।इस तरफ की कहेगें दूसरी तरफ उस तरफ की,और पता भी न लगे और बेचारा मासूम आदमी दो पाटों के बीच में बेभाव ही पिस जाए।
महिमा ने जैसे ही शैलेन्द्र के हाथ में चाय की प्याली पकड़ायी , शैलेन्द्र ने बहुत मुलामियत से बात शुरू की..” जरा बैठो ,कुछ बात करनी है तुमसे , आज वो माचवे मेरे ऑफिस आया था,बहुत सी बातें कह रहा था..” उसके बाद शैलेन्द्र जो कुछ भी माचवे ने कहा था ,वो सब सिलसिलेवार ढंग से कह सुनाया और महिमा चुपचाप वो सब सुनती रही…
“अब तुम्हीं बताओ ,क्या कहना है हमें, तुम भी चाहती
हो न दोषियों को सजा मिले ,मैं भी यही चाहता हूं ,जो तुम्हारी सहेली के साथ जो इतनी बुरी तरह से सुलूक किया गया,उस
की हत्या भी कर दी गयी, उसका जो दुख है, मैं समझता हूं, इसीलिए मैंने कभी कुछ नहीं कहा,पर हम उसके लिए कुछ गलत भी तो नहीं कर सकते, वो इन्सिपेक्टर समझता है कि तुम कुछ बहुत महत्वपूर्ण सुराग छुपा रही हो,अगर यह बात सही है ,तो पोलिस को बता दो सब कुछ,अगर ऐसा करने से उन दोषियों को सजा निश्चित हो सकती है तो क्या नुकसान है इससे, मैं बस यह नहीं चाहता कि हमारी किसी भी बेवकूफी
से हमें कोई नुकसान हो जाए। और मुझे यह भी पता है कि
तुम बहुत मुश्किल से उस सदमे से बाहर निकल पाई हो,
अब फिर से क्यूं चाहती हो खुद को किसी और मुश्किल में डालना…”
शैलेन्द्र ने यह कह तो दिया पर उसने यह नोटिस किया कि यह बात सुनते ही महिमा काचेहरा बहुत कठोर हो आया , उसने तुरंत कहा, “इसलिए कि तब भी मैंने खुद को बचाना ही ज्यादा जरूरी समझा था ,डर कर भाग गयी थी मैं उस जगह
से और मेरी उस मासूम सहेली ने ही पूरी हिम्मत से सब कुछ झेला था,मगर इस बार ऐसा बिल्कुल नहीं होगा, मैंने ऐसा किया तो फिर कोई निर्दोष मार डाला जायेगा इसलिए चाहे
जो हो जाए, मैं ऐसा हरगिज नहीं करने वाली और जहां तक उस इन्सिपेक्टर माचवे का सवाल है ,वो सरासर झूठ बोल रहा है, मुझे दोषियों को सजा दिलवाने का लालच देकर, किसी तरह उस हत्यारे तक पहुंचना चाहता है,और एक बार अगर
वो उस हत्यारे तक पहुंच गया तो देखना जरूर वो किसी पॉलिटिकल सौदेबाजी का हिस्सा बन जायेगा, इसलिए मैं
ऐसा कह रही हूं क्योंकि मुझे यह पता है कि विजय घाट्गे के पिता नारा यण घाट्गे इस समय अपोजिशन में हैं,दबाव बना रहे हैं मौजूदा सरकार पर हत्यारे को जल्दी से ढूंढ लेने के
लिए ,अब जब यह.पता लग गया है कि उनके बेटे की हत्या
इसलिए हुई कि उनका बेटा उस रेप कांड का मुख्य अभियुक्त
था और पकड़ा नहीं जा सका था ,अपने मंत्री बाप के रहते
तो इस सरकार के हाथ एक तुरूप का पत्ता लग गया है,एक तीर दो शिकार वाला मुआमला है अब यह , अगर उस हत्यारे का पता लग जाए तो बाजी इस सरकार के हाथ में,हो सकता है उस हत्यारे के बदले सौदेबाजी ही होने लग जाए….”
यह सब सुन कर दिमाग घूम गया शैलेन्द्र का, अब समझ में आया उसे सारा मुआमला, यह महिमा तो घर बैठे आग से खेल रही है ,यह सोच कर बहुत तेज गुस्सा आ गया शैलेन्द्र को…” तो तुम क्या सोचती हो,तुम यहां बैठे बैठे इस सारे खेल को बिगाड़ दोगी ,वो लोग सब कुछ जानते हुए तुम्हें यूंही छोड़ देंगे, तुम नहीं समझ रही हो कि तुम कैसे अनजाने
में फिर से एक नये जाल में फंस रही हो,अगर सचमुच तुम उस हत्यारे के बारे में कुछ भी जानती हो तो समझ लो तुम फिर
एक बार बहुत भारी मुसीबत में हो,किसी भी पल कुछ भी हो सकता है ,वो तो गनीमत है कि मां अभी तक घर नहीं आई है
उन्हें तो अभी कुछ भी पता नहीं है कि उनके घर में यह सब क्या चल रहा है ,मैंने भी अभी तक तुम्हारे कहना मान कर
कुछ भी नहीं बताया है उन्हें ,सोचो उन्हें जब सब पता लगेगा
तो क्या होगा,अरे नींदें ही उड़ जायेंगी उनकी, मही ! मैं अच्छी तरह जानता हूं तुम क्या फील करती हो अपनी उस सहेली
को ले कर,उस हादसे को लेकर पर वो सब गुजर चुका है हम मगर मौजूद हैं ,और तुम उस एक अपराध को ले कर दूसरे अपराध का हिस्सा तो नहीं बन सकती,यह तो गलत है न,इस तरह तो तुम खुद को कानूनी तौर पर एक मुजरिम बना रही हो,और तुम्हीं सोचो ऐसा तुम कैसे कर सकती हो…”
” मैं कुछ भी नहीं कर रही हूं , जो कुछ करना है ,वो सब पुलिस ने ही करना है, उसने पहले जो किया और वो अब जो कर रही है,मैं सिर्फ उस सब को देख रही हूं और कुछ नहीं।
शैलेन्द्र प्रकृति से एक बहुत ही संजीदा आदमी था, साथ
में उसे अपनो का ख्याल रखना भी आता था , वो दूसरों की फीलिंग की कद्र भी बहुत करता था.. पर इस वक्त महिमा की बातों ने उसे परेशान करके रख दिया था,उसे गुस्सा आ गया था ,महिमा की बातें सुन कर..”मतलब तुमने तय कर लिया है कि चूंकि सालों से तुम्हारी सहेली के मुआमले में अगर पोलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी रही थी,तो तुम अब उनसे उसका बदला निकालोगी , एक हत्यारे की तलाश में कॉपरेट नहीं करोगी , चाहे उससे कोई अनहोनी ही क्यूं न हो जाए…”
” कौन नहीं कर रहा कॉपरेट ,और कौन सी अनहोनी होने वाली है…और तुम लोग आज यह किस बहस में उलझे
हुए हो कि तुम लोगों को मेरे आने का पता तक नहीं चला,घंटी की आवाज भी सुनाई नहीं दी, अपनी चाबी से मुझे यह दर वाजा खोलना पड़ा..ऐसा क्या हुआ है,मुझे भी बताओ..”
मां को अपने सामने देख कर शैलेन्द्र और महिमा दोनो ही बुरी तरह से चौंक गये , उन्हें सच मुच पता नहीं चला की मां दरवाजा खोल कर कब अन्दर आ गयी और उन्होंने उनकी बातों का कुछ अंश भी सुन लिया..”कुछ नहीं मां , बस हम ऐसे ही बातें कर रहे थे….कोई खास बात नहीं है…”
” नहीं ,शैलू मुझे पता है जरूर कोई बात है ,जरूर
ही कुछ खास हुआ है ,वरना तू मही पर ऐसे गुस्सा कभी नहीं करता ,बता क्या बात है, नहीं तू रहने दे..मही तू ही बता..मुझे मालूम है , तू कभी झूठ नहीं बोलती,सच बता क्या चल रहा है तुम दोनों में….”
महिमा अपनी सास.मंगला की बातें सुन कर एक पल
के लिए सोच नहीं सकी कि क्या जवाब दे कुछ भी समझ नहीं सकी, उसने अपने पति की तरफ देखा ,शेलेन्द्र भी इस वक्त आवाक सा खड़़ा था,तब महिमा ने मन ही मन तय कर लिया
कि अब सब कुछ बता देना ही बेहतर है,वैसे भी यह मुआमला अब और छुपने वाला नहीं है,” ठीक है मां,मैं आपको सब कुछ बताती हूं,वैसे तो पहले ही बता देना चाहिए था पर मैं आपको खामाख्वाह आपको यह सब बता कर परेशान नहीं करना चाहती थी.. खैर ! अब सब बता देती हूं…”
और उसके बाद महिमा ने अपनी सास को माचवे के साथ जो भी उसकी और शैलेन्द्र की बातें हुईं थी वो सब बातें बता दीं… और अपनी बात को खत्म करते करते महिमा खुद को बहुत हल्का सा महसूस कर रही थी… जैसे एक बोझ सा उतर गया था उसके सीने से….
” तुम्हारी बातें सुन कर तो मुझे लग रहा है, जैसे वो इन्सिपेक्टर माचवे झूठ नहीं कह रहा, तुम्हें सचमुच कुछ मालूम है,अंदाजा है तुम्हें कि उस नेता की हत्यारा कौन है..मही मुझे सच बताओ, मैं सही कह रही हूं न …”
” आप मुझे इस बात का जवाब देने के लिए मजबूर मत कीजिए…. मैं इस बारे मैं कुछ भी नहीं कहना चाहती, पर एक बात जरूर कहूंगी कि वो इन्सिपेक्टर माचवे जानबूझ कर यह खेल खेल रहा है,वह मुझे उन तीन अपराधियों को पकड़ने की बात कह कर एक औजार की तरह से इस्तेमाल कर रहा है मैं यह तो नहीं जानती वो यह सब क्यूं कर रहा है,पर मैं यह जानती हूं,इन दोनो मुआमलों का आपस में कोई कनैक्शन
नहीं है, उसे जब यह मालूम है कि वो तीन लोग कौन हैं , और जब मैंने उन तीनो को पहचान लिया है ,तो उनको गिरफ्तार करने में क्या रूकावट है,पर उसे यह तो करना ही नहीं है,
पहले तो उसने मुझे डराने की कोशिश की और जब बात नहीं बनी तो वो शैलेन्द्र के ऑफिस में पहुंच गया,उनके मन में में
मेरी असुरक्षा को ले कर भय पैदा करने,मां, उसका मकसद केवल हमें डरा धमका कर उस विजय घाट्गे की हत्या के बारे में सिर्फ कोई क्लू तलाशना है ,यह तो सिर्फ संयोग की बात है कि उस हत्यारे के बारे में पता करते हुए उसके सामने यह केस खुल गया….”
” और अब तुम्हारा ख्याल है कि वो हत्यारा नहीं पकड़ा जाना चाहिए क्योंकि उसने जो कुछ भी किया वो तुम्हारी
नज़र में सही है…”
” सही गलत मैं नहीं जानती, पर कम से कम मैं उस हत्यारे को पकड़ने का कारण नहीं बन सकती , पोलिस कुछ कर सकती है तो जरूर करे,मुझे उससे कोई लेना देना नहीं,
पर वो मुझसे कोई उम्मीद हरगिज न रखे, जैसे मुझे उनसे
कभी कोई उम्मीद नहीं है,और चाहे जो भी हो जाए, यह मेरा अन्तिम फैसला है….”
**************************
(शेष आगे…)
अजय कुमार