मेघा राठी का उपन्यास ‘वहाँ कौन है ‘ भाग -48

वहाँ कौन है? — भाग 48

द्युतिलोक से दूर पृथ्वी में उस समय रात गहरा चुकी थी।

जंगल में बने गेस्ट हाउस में अपने कक्ष में रामसेवक अकेला बैठा था। सामने वही पुरानी पांडुलिपि खुली थी, और उसकी आभा कमरे में आलोक भर रही थी। रामसेवक की आँखें पांडुलिपि की एक-एक पंक्ति पर ऐसे टिकी थीं जैसे वह केवल शब्द नहीं, सदियों पुराना कोई उत्तर पढ़ रहा हो।

वह कुछ देर तक चुप रहा फिर धीरे से बोला,“तो आखिर वह दिन आ ही गया…”

उसकी उँगलियाँ पांडुलिपि के उस पृष्ठ पर ठहर गईं, जिस पर पत्थर के सिंहासन, मुखौटे और उस रहस्यमयी गुफा का चित्र बना था।

यह केवल कोई पुरानी खोज का विवरण नहीं था।यह एक व्यवस्था थी।बहुत सोच-समझकर बनाई गई व्यवस्था।

बहुत पहले एलवारा ने यह समझ लिया था कि पृथ्वी और द्युति लोक के बीच का मार्ग यदि खुला छोड़ दिया गया तो वह केवल खोज करने वालों के लिए ही नहीं बल्कि उन लोगों के लिए भी खुल सकता है जो अपना स्वार्थ किसी भी रूप में, पूर्ण करना चाहते हों। साथ ही यह ग्रहों तक आसानी से न पहुंचने की व्यवस्था का भी उल्लंघन होता। हर लोक, ग्रह का अपना संसार होता है ।उसमें किसी दूसरी सभ्यता का अकारण प्रवेश वहां के जीवन और पर्यावरण को अव्यवस्थित कर सकता है।

किंतु बहुत बार एक लोक से दूसरे लोक में आवागमन आवश्यक हो जाता है। एक सभ्यता को जीवित रखने के लिए…ब्रह्मांड की निरंतरता बनाए रखने के लिए।

इसलिए मार्ग को किसी साधारण द्वार की तरह नहीं बनाया गया था।गुफा तक पहुँचना पहला परीक्षण था।गुफा में सही चिह्न पहचानना दूसरा। धातु की पट्टिका कुंजी थी लेकिन वह अपने आप किसी द्वार को नहीं खोल सकती थी। यह वही थी जिसे रामसेवक ने अपने पूर्वजों का आह्वाहन करके प्राप्त किया था किंतु उसे आसानी से कुमार को नहीं सौंपा जा सकता था इसलिए उसे छिपाया गया था। साथ ही यह निश्चित भी किया था रामसेवक ने कि कुमार के अतिरिक्त अन्य कोई उसे प्राप्त न कर सके।

उसके बाद था वह शिलाखंड का सिंहासनऔर उसके साथ रखा गया मुखौटा।

रामसेवक ने पन्ना पलटा। उस पर बने चित्र में सिंहासन के चारों ओर असंख्य सूक्ष्म आकृतियाँ थीं—वही आकृतियाँ जिन्हें कुमार और उसके साथियों ने उस रात प्रकाशित होते देखा था।

रामसेवक के होंठों पर हल्की मुस्कान आई।“उन्हें लगा होगा कि वे किसी विचित्र यंत्र के सामने खड़े हैं…वास्तव में वह उससे कहीं अधिक था।”

एलवारा ने सिंहासन को केवल बैठने के लिए नहीं बनवाया था।
उसकी शिला में एक विशेष प्रकार की संरचना समाहित की गई थी जो सामान्य पदार्थ की तरह व्यवहार नहीं करती थी। उसके भीतर ऐसे सूक्ष्म संवाहक तंतु थे जो आसपास मौजूद ऊर्जा के अत्यंत छोटे परिवर्तन तक को ग्रहण कर सकते थे।

लेकिन वे तभी सक्रिय होते जब सही व्यक्ति सिंहासन पर बैठता। यह एक तरह से उस कक्ष रूपी अंतरिक्ष यान की चालक कुर्सी थी जिसके द्वारा कुमार अपने साथ सभी को द्युतिलोक ले आया था।

और मुखौटा…मुखौटा उस व्यवस्था का पहचान-तंत्र था।वह चेहरे को छिपाने के लिए नहीं था।वह उस व्यक्ति के भीतर मौजूद ऊर्जा-स्वरूप को पहचानता था।

जब कुमार ने उसे धारण किया तो सिंहासन के चारों ओर बने सूक्ष्म चिह्न इसलिए जागे थे क्योंकि सिंहासन और मुखौटे ने मिलकर उसकी उपस्थिति को उस प्राचीन व्यवस्था के अनुरूप पहचान लिया था।

फिर उन आकृतियों का प्रकाश, सिंहासन की संरचना और मुखौटे की ऊर्जा एक ही क्रम में जुड़ते चले गए।वही था प्रकाश-पुंज।

वही था वह मार्ग, जिसने उन्हें पृथ्वी से द्वितीय लोक—द्युतिलोक—तक पहुँचा दिया था।

रामसेवक ने पांडुलिपि बंद नहीं की।उसकी अगली पंक्ति पर दृष्टि टिकाए हुए उसने बहुत धीमे स्वर में कहा, “एल्वारा ने रास्ता छिपाया नहीं था… उसने रास्ते तक पहुँचने की योग्यता छिपाई थी।”

और यही कारण था कि रामसेवक की पीढ़ियाँ इस रहस्य की रक्षक बनी थीं।वे किसी खजाने की रक्षा नहीं कर रहे थे।

वे मार्ग की रक्षा कर रहे थे।

पृथ्वी लोक से द्युतिलोक तक जाने का यह पहला प्रयास नहीं था। बहुत पहले भी कुछ लोग उस मार्ग तक पहुँचे थे। हर कोई वापस नहीं लौटा था और जो लौटे थे, वे हमेशा अपने साथ अच्छी चीजें लेकर नहीं आए थे।

किसी ने उस लोक की शक्ति को पाने की कोशिश की थी।

किसी ने उसे अपने लोक में ले जाने की।किसी ने तो एलवारा की चेतना को ही अपने अधिकार में करने का प्रयास किया था।तभी एलवारा ने यह व्यवस्था बनाई थी।

एल्वारा के विश्वस्त रक्षकों में से एक को इस कार्य के लिए चुना गया। वह रामसेवक का पूर्वज था । तब से रामसेवक के पुरखों की हर पीढ़ी में केवल एक व्यक्ति को इस रहस्य की रक्षा के लिए चुना जाता था।

वह व्यक्ति द्युतिलोक के लोगों के बीच भी सामान्य दिखाई देता, पृथ्वी पर भी सामान्य जीवन जीता लेकिन उसके पास उस मार्ग से संबंधित किसी भी जानकारी को सुरक्षित रखने का दायित्व होता।

रामसेवक भी उसी परंपरा का वर्तमान रक्षक था।उसकी जिम्मेदारी केवल यह जानना नहीं थी कि गुफा कहाँ है।

उसे यह भी पता था कि पत्थर का सिंहासन कहाँ है, मुखौटा किस व्यवस्था का हिस्सा है, कौन-से संकेत उस व्यवस्था को सक्रिय कर सकते हैं और सबसे महत्वपूर्ण—किस परिस्थिति में उस मार्ग को खुलने देना है और किस परिस्थिति में उसे रोक देना है।

क्योंकि एलवारा तक पहुँचना जितना कठिन था, उससे कहीं अधिक कठिन था उसके रहस्य को गलत हाथों से बचाना। रामसेवक ने पांडुलिपि पर हथेली रख दी।

“और एलवारा की चेतना के ऊर्जा-स्रोत की रक्षा भी हमारी ही जिम्मेदारी रही है।”

एलवारा कितनी भी शक्तिशाली क्यों न हो, उसकी चेतना भी ऊर्जा से ही संचालित होती थी।वह ऊर्जा कहाँ से आती है, किस प्रकार संचित होती है और किन परिस्थितियों में एलवारा अपनी शक्ति का विस्तार कर सकती है—इन रहस्यों को भी रामसेवक की पीढ़ियों ने सुरक्षित रखा था।

द्युतिलोक के अधिकांश लोग भी इन रहस्यों से अनजान थे।क्योंकि रक्षक का अर्थ केवल रहस्य जानना नहीं था।

रक्षक का अर्थ था—रहस्य को आवश्यकता से अधिक किसी को न जानने देना।

रामसेवक ने पांडुलिपि बंद की।उसके चेहरे पर संतोष था, “अब तक सब कुछ ठीक हुआ है…”लेकिन अगले ही क्षण उसकी आँखों में चिंता उतर आई। “अब आगे क्या होगा… यह तो एलवारा ही जानती है।”

इधर बेलकार अपने कक्ष में अकेला बैठा था।उसके सामने पारदर्शी पात्र में रखा वह छोटा-सा बीज स्थिर पड़ा था।वह बाहर से देखने में साधारण लगता था मगर उसके भीतर कभी-कभी अत्यंत सूक्ष्म कंपन उठता था। बेलकार कई बार उसे देख चुका था फिर भी हर बार उसके भीतर एक अजीब-सी बेचैनी जन्म लेती।

उसे पता था कि उसने किसी महत्वपूर्ण शक्ति को प्राप्त किया है।लेकिन उसे यह नहीं पता था कि उसका अगला कदम क्या होना चाहिए।

वह उठकर उस पात्र के पास गया।कुछ क्षण तक बीज को देखता रहा फिर अचानक उसे लगा जैसे उस छोटे-से कक्ष की दीवारें उसके लिए बहुत संकरी हो गई हैं, उसे घुटन सी महसूस होने लगी। ताजी हवा लेने के लिए ,वह पात्र वहीं छोड़कर बाहर निकल आया।

भवन से लगे उपवन की ओर उसके कदम स्वयं बढ़ते चले गए।
यह उसी प्रकार का उपवन था, जिसकी विचित्र सुंदरता को देखकर पृथ्वी से आए उसके साथी पहली बार लंबे समय तक कुछ बोल ही नहीं पाए थे।

यहाँ पेड़ धरती के पेड़ों जैसे नहीं थे।कुछ वृक्षों के तने जमीन से ऊपर जाकर कई पतली शाखाओं में विभाजित होने के बजाय एक-दूसरे में जुड़ते हुए मेहराब बना रहे थे। कहीं पत्तियाँ इतनी चौड़ी थीं कि उनमें एक मनुष्य बैठ सकता था तो कहीं पौधों की पूरी संरचना हवा में तैरती हुई प्रतीत होती थी।

कुछ फूलों के आकार ऐसे थे जैसे कई छोटे-छोटे पुष्प एक-दूसरे में खुलते हुए एक ही फूल बन गए हों।

बेलकार धीरे-धीरे आगे बढ़ता गया।उसे इस उपवन से एक अजीब-सा अपनापन महसूस होता था लेकिन वह स्वयं नहीं जानता था क्यों।

तभी ऊपर से बहुत हल्की-सी फड़फड़ाहट सुनाई दी।उसने सिर उठाया।एक छोटी-सी गुलाबी-नीली चिड़िया हवा में गोल घेरा बनाती हुई नीचे उतर रही थी।

बेलकार ने उसे ध्यान से देखा।चिड़िया उसके सामने से गुजरी।
फिर थोड़ी दूर जाकर वापस लौटी।वह जैसे जानबूझकर उसका ध्यान अपनी ओर खींच रही थी।

बेलकार के चेहरे पर हल्की उलझन आई। चिड़िया ने फिर से उसके चारों ओर एक चक्कर लगाया।बेलकार आगे बढ़ने लगा।
चिड़िया भी उसके साथ उड़ती रही।कुछ कदम बाद वह एक वृक्ष की नीची शाखा पर बैठी।

बेलकार रुक गया।उसने उसे देखा और तभी उसके भीतर कहीं बहुत दूर कोई बंद दरवाज़ा जैसे हल्का-सा हिला। उसे वह चिड़िया पहचानी हुई सी लगी।

“मैंने तुम्हें… पहले देखा है।”

चिड़िया ने गर्दन एक ओर झुका दी।फिर उड़कर उसके कंधे पर आ बैठी।उसके छोटे-से शरीर का स्पर्श होते ही जैसे उसके भीतर कुछ टूट गया।अचानक एक साथ कई दृश्य उसकी चेतना में कौंध गए।

गुफा…सफेद सर्प…मायरा…उदय..प्रभात…प्रभात…सुक्खी की हँसी…धातु की पट्टिका फिर वह सिंहासन…मुखौटा…प्रकाश का विस्फोट और फिर…द्युतिलोक।

बेलकार ने आँखें कसकर बंद कर लीं।उसके चेहरे की मांसपेशियाँ तन गईं।एक पल के लिए ऐसा लगा जैसे उसके भीतर दो अलग-अलग स्मृतियाँ एक-दूसरे से टकरा रही हों।

फिर अचानक सब शांत हो गया।उसने आँखें खोलीं।चिड़िया अब भी उसके कंधे पर बैठी थी।

उसने धीरे से कहा, “कुमार…”

जैसे उसने अपना ही नाम पहली बार सुना हो।उसकी उँगलियाँ काँप गईं, “मैं… कुमार हूँ।”

अगले ही क्षण उसके चेहरे का भाव बदल गया।बेलकार की स्मृतियाँ जैसे किसी धुंध के भीतर चली गईं।उसे अपना कक्ष याद नहीं रहा..वह बीज याद नहीं रहा…उसे अपने पद, अपने लोग, अपने इस लोक का जीवन…कुछ भी स्पष्ट याद नहीं था।

लेकिन एक बात बहुत साफ थी वह अकेला नहीं आया था।

“उदय सर…”उसने चारों ओर देखा, “मायरा… प्रभात… प्रभा… सुक्खी…”उसकी आवाज में बेचैनी उतर आई।

“वे कहाँ हैं?”

चिड़िया उसके कंधे से उड़कर सामने की शाखा पर जा बैठी।
कुमार ने उसकी ओर देखा। उसे अब याद आ चुका था कि यह वही चिड़िया है जिसे उसने पहले भी जंगल में कई बार देखा था।

कुमार के आगे प्रश्न था कि उसके साथी कहाँ हैं। बैचेनी से वह तेजी से उपवन से बाहर निकल पड़ा।कुछ कदम बाद वह रुक गया।चारों ओर द्युतिलोक की वही अद्भुत दुनिया थी।

पर अब वह उसके लिए वैसी नहीं थी…महल परिचित नहीं था…रास्ते परिचित नहीं थे…लोगों के चेहरे पहचान में नहीं आ रहे थे और सबसे बड़ी बात…उसे याद नहीं था कि वह बेलकार बनकर यहाँ आया कैसे था।

कुमार ने बेचैनी से अपने सिर को दोनों हाथों में थाम लिया, “मैं यहाँ पहुँचा कैसे?”

उसने स्वयं से पूछा फिर अचानक उसकी आँखों में डर उतर आया, “और मेरी टीम…?”

वह बिना रुके आगे बढ़ गया।उसे केवल एक बात पता थी—उसे अपने लोगों को ढूँढना है।

पीछे उस विचित्र उपवन में गुलाबी-नीली चिड़िया कुछ क्षण तक उसे देखती रही, “तुम पहले अपने साथियों को खोज लो, मै ले चलूंगी वहां, फिर तुम्हें याद दिलाना है कि मै कौन हूं! बुद्धु के बुद्धु रहोगे तुम!” फिर उसने पंख फैलाए और कुमार के पीछे उड़ चली।
Megha
( कुमार तो अब वापिस कुमार बना गया है मगर अब पहले का सब भूल गया। भैया यह भूल भुलैया चलती रही तो ये रहस्य कैसे खोजेंगे और आगे क्या करेंगे? इस चक्कर में आप लोग भी कमेंट करना भूल जा रहे हो, लेविरा अपनी सहेलियों के संग आपको भी चोंच न मार दे उसके पहले जल्दी जल्दी कमेंट्स करो सब😈🫶)

WhatsApp Image 2026-06-26 at 18.05.06 (1) — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment