मेघा राठी का उपन्यास ‘वहाँ कौन है ‘ भाग -47

वहाँ कौन है? — भाग 47

दीवार पर चमकते हुए चिह्न स्थिर हो गए लेकिन दीवार के भीतर से आती वह धीमी-सी कंपन बंद नहीं हुई थी।

उदय ने अपना उपकरण दीवार से थोड़ा पीछे किया और स्क्रीन पर दिखाई दे रहे आँकड़ों को ध्यान से देखने लगा।

“यहां कोई दरवाज़ा नहीं है,” उसने कहा।

सुक्खी ने राहत की साँस ली, “चलो, कम से कम इस बार कोई दरवाज़ा खोलने के चक्कर में हम फिर किसी दूसरी दुनिया में तो नहीं गिरेंगे।”

मायरा मुस्कुराई लेकिन उसकी आँखें दीवार पर ही थीं।

“उदी ,अगर यह दरवाज़ा नहीं है तो चिह्न यहाँ क्यों सक्रिय हुआ?”

उदय ने उत्तर देने के बजाय स्कैनर की दिशा बदल दी, “यही पता करना है।”

उसने दीवार की सतह पर कोई उपकरण चिपकाया नहीं। इसके बजाय एक पतली-सी सेंसर पट्टी जमीन पर रखी और दूसरी दीवार से लगभग एक फुट दूर स्थापित कर दी।

कुछ क्षण बाद दोनों उपकरणों के बीच सूक्ष्म तरंगें चलने लगीं।
स्क्रीन पर दीवार का एक त्रि-आयामी चित्र उभर आया।पहले सब कुछ ठोस दिखाई दिया फिर धीरे-धीरे उसके बीच का हिस्सा पारदर्शी होने लगा।

सुक्खी ने आँखें सिकोड़ लीं, “ओय… अंदर कुछ है।”

प्रभात भी आगे झुक गया, “इसका आकार क्या है?”

“आकार बड़ा नहीं,” उदय ने कहा, “बहुत छोटा है।”

“किस चीज़ जैसा?”, मायरा ने उत्सुकता से पूछा।

“अभी कहना मुश्किल है।”

मायरा ने स्क्रीन पर बने चित्र को ध्यान से देखा, “वह वस्तु दीवार के बीच में नहीं है।”

उदय ने उसकी ओर देखा, “क्या मतलब?”

“देखो। बाकी पूरी संरचना के बीच यह एकदम अलग गहराई पर है। जैसे इसे दीवार में रखा नहीं गया… बल्कि ऐसा लग रहा है जैसे दीवार इसके चारों ओर बनाई गई हो।”

कुछ क्षण के लिए सभी चुप हो गए फिर प्रभा ने कहा, “तो इसका अर्थ है कि इसे छिपाया गया है।”

उदय ने सिर हिलाया, “शायद।”

लेविरा अब तक शांत खड़ी थी।वह धीरे-धीरे दीवार के पास गई और उस स्थान के सामने खड़ी हो गई जहाँ उपकरण एक छोटे से बिंदु की ओर संकेत कर रहे थे।

उसने दीवार को छुआ नहीं।सिर्फ आँखें बंद कर कुछ क्षण खड़ी रही।फिर बोली,“यह वही है, जिसे तुम खोज रहे हो।”
“हमें इसे निकालना होगा।”, उदय ने उसे ध्यान से देखते हुए बोला।

उन्होंने वहीं बैठकर जाँच शुरू की।प्रभात ने आसपास की सतह का सूक्ष्म मानचित्र बनाया। प्रभा ने उस क्षेत्र के कणों का नमूना लिया। मायरा लगातार अन्वेष-चिह्न और दीवार के बीच हो रही प्रतिक्रिया को रिकॉर्ड कर रही थी।

सुक्खी ने कुछ देर सबको काम करते देखा।फिर उसने धीरे से पूछा,“एक बात बताऊँ?”

पर किसी ने उत्तर नहीं दिया।

“अगर मैं उस चीज़ को निकाल दूँ तो?”

चारों ओर से एक साथ आवाज आई—“नहीं! ऐसे नहीं!”

सुक्खी हँस पड़ा,“बस देख रहा था कि सब जाग रहे हैं।”

प्रभा ने उसे घूरा और फिर जांच में लग गई।
करीब एक घंटे की जाँच के बाद प्रभात ने अचानक आवाज लगाई, “उदय सर !”

उदय उसके पास पहुँचा।स्क्रीन पर दीवार का आंतरिक मानचित्र अब पहले से स्पष्ट था।वह छोटी-सी वस्तु अब दिखाई दे रही थी।
आकार में लगभग हथेली जितनी लेकिन उसकी बनावट विचित्र थी।

उसके चारों ओर कोई जोड़ नहीं था, न कोई धातु, न कोई पत्थर।फिर भी वह पूरी तरह ठोस दिखाई दे रही थी।

प्रभा ने पूछा,“यह किस चीज़ की बनी है?”

उदय ने सिर हिलाया,“अभी पता नहीं।”

“क्या यह जैविक है या कोई खनिज या धातु है?”

उदय थका हुआ सा मुस्कुराया, “यही तो पता करना है।”

उन्होंने अलग-अलग आवृत्तियों पर उसका परीक्षण किया।एक आवृत्ति पर कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई।दूसरी पर भी नहीं, तीसरी पर भी नहीं फिर प्रभात ने गलती से अन्वेष-चिह्न की आवृत्ति के बराबर एक संकेत चला दिया।

स्क्रीन अचानक चमक उठी।दीवार के भीतर वह वस्तु सक्रिय हो गई।सभी एकदम स्थिर हो गए।वस्तु के चारों ओर बहुत महीन रेखाएँ फैलने लगीं।लेकिन वह बाहर नहीं आई।इसके बजाय उसके भीतर से एक आकृति बनी। कुछ अलग– अलग तरह के छोटे चिन्ह जो देखने में किसी भाषा की लिपि लग रहे थे।

उदय ने कुछ क्षण तक उसे पढ़ने की कोशिश की फिर उसकी आँखें फैल गईं, “यह कह रही है…”।सब उसके करीब आ गए। “…इसे कोई भी बाहर निकालने की कोशिश मत करना।”

सुक्खी ने राहत की साँस ली, “वाह। पहली बार कोई रहस्यमयी चीज़ खुद हमें समझा रही है कि उसे मत छेड़ो।”

उदय ने स्क्रीन पर उभरते अगले संकेत को देखा, “एक और पंक्ति है।” उदय ने गौर से पढ़ने का प्रयास किया,

उदय ने स्क्रीन पर उभरते अगले संकेत को देखा, “एक और पंक्ति है।”

कुछ क्षण तक वह चुपचाप उन चिह्नों को देखता रहा। फिर उसने स्क्रीन का आकार बढ़ाया। चिह्न एक-दूसरे से जुड़े हुए थे, जैसे किसी ने जानबूझकर शब्दों को सीधे न लिखकर संकेतों में छिपा दिया हो।

“यह पहेली है,” उदय ने धीरे से कहा।

सुक्खी ने तुरंत गर्दन आगे बढ़ाई, “लो जी, एक और पहेली। इस लोक में सीधी बात करना किसी को आता ही नहीं क्या?”

प्रभात हँस पड़ा, “तुम्हें छोड़कर शायद किसी को नहीं।”

“मेनू क्यों बीच में लाया?” सुक्खी ने मुँह बनाया।

उदय ने चिह्नों को फिर पढ़ा।“जिसकी हथेली पर चक्र है,जो गुरु का भक्त है,जिसकी हँसी भय को भी छोटा कर देती है और जो शक्ति को पाने नहीं, उसका सम्मान करना जानता है वही मुझे मुक्त करेगा।”

कुछ क्षण तक सब एक-दूसरे का चेहरा देखते रहे।

“यह तो किसी व्यक्ति का वर्णन है,” प्रभा ने कहा।

“हाँ,” उदय ने उत्तर दिया, “लेकिन किसका?”

सुक्खी ने दोनों हाथ कमर पर रख लिए, “मुझे तो लगता है इस लोक में भी मेरी बहुत इज्जत है। आखिर कोई तो है जो मेरी तारीफ में इतनी लंबी कविता लिख रहा है।”

मायरा हँसते-हँसते रह गई, “तुम्हें सच में लगता है कि यह तुम्हारे लिए लिखा है?”

“और किसके लिए होगा?” सुक्खी ने पूरी गंभीरता से कहा और अपनी हथेली सामने फैला दी, “ ये देखो,यह रहा चक्र और गुरु के भक्त हैं इसमें कोई संदेह नहीं होगा किसी को।”

सब भौचक्के रह गए। सुक्खी सच कह रहा है वास्तव में वही उस वस्तु को पाने का अधिकारी है।

उदय ने कहा , “सुक्खी… अपना हाथ आगे करो और अब इसे उस स्थान पर रखो।”

सुक्खी ने दीवार के भीतर दिखाई दे रही उस वस्तु की दिशा में देखा, “सर, अगर बिजली का झटका लगा तो मैं आपको पहले ही बता रहा हूँ, मै चला जाऊंगा अब टीम छोड़ कर!”

“अरे कितना बोलता है तू , रखो हाथ अपना।”

सुक्खी ने गहरी साँस ली और हथेली चमकते चिह्न के ठीक ऊपर रख दी। कुछ पल तक कुछ नहीं हुआ अचानक उसकी हथेली के नीचे हल्की गर्माहट फैल गई।

“ओय…”

दीवार के भीतर की वह छोटी-सी वस्तु जैसे उसकी हथेली को पहचान चुकी थी।एक महीन कंपन हुआ फिर एक बहुत धीमी आवाज आई।

दीवार पर बने चिह्न एक पल के लिए मंद हुए और अगले ही क्षण उसके भीतर से महीन सुनहरी रेखाएँ निकलकर सुक्खी की हथेली तक आ गईं।

सुक्खी घबरा गया, “सर… ये क्या कर रहा है?”

“हाथ मत हटाना,” उदय ने तुरंत कहा लेकिन उससे पहले ही दीवार की सतह जैसे भीतर की ओर पिघल गई।

कोई विस्फोट नहीं हुआ, कोई आवाज नहीं हुई। बस सतह के भीतर से वह छोटी-सी वस्तु धीरे-धीरे बाहर आई और सीधे सुक्खी की खुली हथेली पर आकर ठहर गई।

सुक्खी कुछ क्षण उसे देखता रह गया।वह वस्तु अब एक छोटी-सी पांडुलिपि जैसी दिखाई दे रही थी—हथेली से थोड़ी छोटी, किनारों पर अत्यंत महीन नक्काशी और बीच में बंद पत्तियों जैसा कोई पदार्थ। वह न पूरी तरह कागज था, न धातु और न ही पत्थर।

“मैंने… मैंने इसे निकाला?” सुक्खी की आवाज में वास्तविक हैरानी थी।

प्रभात उसके पास आया, “हाँ।”

“पर मैंने किया क्या?”

“यही तो समस्या है,” प्रभात मुस्कुराया, “तुमने कुछ किया ही नहीं।”

तभी लेविरा की हँसी गूँज गई।“तुम सबने इतने समय तक अपने उपकरणों से इसे समझने की कोशिश की। दीवार को पढ़ा, उसके भीतर की संरचना देखी, ऊर्जा मापी… और सुक्खी ने बस अपना हाथ रखा और वह बाहर आ गई।”

सुक्खी ने गर्व से पांडुलिपि को थोड़ा ऊपर उठाया, “देखा? मैं कहता था न, मेरे अंदर कुछ खास है।”

मायरा ने उसे घूरा, “अभी बहुत खुश मत हो। पहले यह पता लगने दो कि तुम्हारे हाथ में क्या आया है।”

प्रभात ने लेविरा की ओर देखा, “लेकिन एलवारा ने इतना कठिन रास्ता क्यों बनाया? वह पहले ही बता सकती थी कि यह सुक्खी के हाथ से निकलेगा।”

लेविरा कुछ देर चुप रही, “क्योंकि यह केवल वस्तु प्राप्त करने की परीक्षा नहीं थी। तुम सबको यहाँ तक आना था। उदय को यह देखना था कि वह अपनी बुद्धि पर कितना भरोसा करता है। प्रभात को धैर्य की आवश्यकता थी। प्रभा को निरीक्षण करना था। मायरा को उन संकेतों को जोड़ना था जिन्हें बाकी लोग अलग-अलग समझ रहे थे।”

उसने सुक्खी की ओर देखा।

“और सुक्खी को यह सिद्ध करना था कि किसी रहस्य को पाने के लिए हमेशा सबसे अधिक बुद्धिमान, सबसे शक्तिशाली या सबसे प्रशिक्षित होना जरूरी नहीं। कभी-कभी वही व्यक्ति सबसे महत्वपूर्ण होता है जो स्वयं को महत्वपूर्ण समझता ही नहीं।”

सुक्खी का चेहरा कुछ क्षण के लिए गंभीर हो गया।

“मतलब… मैं भी जरूरी था?”

“बहुत।”

सुक्खी ने पांडुलिपि को अपने सीने से लगा लिया। ” अब सबको टीम में मेरी जगह समझ आ गई होगी!”

” हमें पहले से ही पता है तभी तुम A.R.G. टीम में हो , याद आया कि नहीं !” ,प्रभात ने उसके कंधे पर हाथ मारा और सभी हँसने लगे।

“चल, अब इसे संभालकर रखना। कहीं तेरी महानता के साथ यह भी गायब न हो जाए।”

सुक्खी ने तुरंत पांडुलिपि अपने बैग में सुरक्षित रख ली।

उदय ने एक बार फिर उस दीवार को देखा। अब वह बिल्कुल शांत थी, “हमें यहाँ से निकलना चाहिए।”

सबने सहमति में सिर हिलाया।

वे उसी मार्ग से वापस चल पड़े जिससे आए थे। इस बार सब कुछ बहुत अलग सा लग था था जैसे किसी रहस्य का एक छोटा हिस्सा उनके हाथ में आने के बाद आसपास की हर चीज़ और भी अधिक अर्थपूर्ण हो गई हो।

लेकिन बाहर निकलते ही नई समस्या सामने थी।वे कुछ देर वहीं खड़े रहे।

“अब?” प्रभात ने पूछा।

किसी के पास उत्तर नहीं था।

मायरा ने धीमे से कहा, “रेवनोर होता तो शायद बता देता कि अब हमें क्या करना है और कहां जाना है।”

उन्होंने उसे याद किया ही था कि सामने की हवा में महीन प्रकाश-रेखाएँ इकट्ठी होने लगीं। वे किसी आकृति में बदलने लगीं और अगले ही पल रेवेनोर उनके सामने खड़ा था।

“मुझे याद किया?”

सुक्खी ने राहत की साँस ली,“हाँ भाई, इस बार सच में बहुत याद किया।”

रेवेनोर की नजर तुरंत उसके बैग पर गई, “लगता है तुम्हें वह मिल गया।”

उदय ने चौंककर पूछा, “आपको पता था?”

रेवेनोर ने केवल मुस्कुराकर कहा, “इतना जानता था कि तुम खाली हाथ वापस नहीं लौटोगे।”

सुक्खी ने बैग पर हाथ रख लिया, “पर इसे खोलना अभी नहीं है। पहले हमें समझना होगा कि यह है क्या।”

रेवेनोर ने सिर हिलाया, “यही समझदारी होगी।”

उधर, द्युतिलोक के एक शांत कक्ष में वेल्कार अकेला खड़ा था।उसकी मुट्ठी बंद थी।धीरे-धीरे उसने हथेली खोली।उसमें एक छोटा-सा बीज पड़ा था। वह साधारण बीज जैसा बिल्कुल नहीं था। उसका बाहरी आवरण कठोर था, लेकिन उसके भीतर से बहुत हल्की कंपन महसूस हो रही थी। जैसे उसमें कोई सोई हुई शक्ति अभी भी सांस ले रही हो।

वेल्कार उसे देर तक देखता रहा, “तुम्हें पाया तो है… लेकिन जागाऊँ कैसे?”

उसने आँखें बंद कीं।उसे वही अनुभूति फिर हुई जो उसे उस दिशा की ओर ले गई थी—दूर कहीं कोई स्रोत था, कोई ऐसा स्थान जहाँ इस बीज की शक्ति अपना उत्तर पा सकती थी।

लेकिन दिशा स्पष्ट नहीं थी।वेल्कार ने बीज को सावधानी से एक पारदर्शी पात्र में रखा और अपने कक्ष से बाहर निकल गया।
कुछ ही देर बाद वह एक विशाल मंत्रणा-कक्ष में पहुँचा।

कक्ष के भीतर उसके परिवार के सदस्य और द्युतिलोक के कई प्रमुख अधिकारी पहले से उपस्थित थे। उनके सामने हवा में कई स्तरों पर सूचनाएँ तैर रही थीं।

वेल्कार के प्रवेश करते ही सभी की दृष्टि उसकी ओर उठी।“मिल गया?” एक वृद्ध सदस्य ने पूछा।

वेल्कार ने सिर हिलाया, “हाँ।”

उसने पारदर्शी पात्र सबके सामने रख दिया।कुछ क्षण तक कमरे में बिल्कुल शांति रही।वेल्कार की आँखें बीज पर टिकी थीं।

“ मुझे अभी यह पता नहीं कि इसे जगाने के लिए क्या चाहिए।”

कमरे में फिर सन्नाटा छा गया।वेल्कार ने अपने सामने बैठे सभी लोगों की ओर देखा। “लेकिन अब हमारे पास वह है जिसकी हमें वर्षों से तलाश थी।”

उसकी आवाज धीमी थी मगर इस बार उसमें विश्वास था।
“अब अगला प्रश्न केवल यह है… इसे जगाएगा कैसे जायेगा?”
Megha
( आप लोग भी अपनी शक्तियां जागृत कीजिए और कमेंट्स करिए। मै बेशक अभी आपके कमेंट्स के उत्तर नहीं दे पा रही क्योंकि इस बार मैं भी इस द्युतिलोक में उलझ गई हूं कि आगे क्या होगा पर यकीन जानिए , सभी कमेंट्स पढ़ती हूं और उनसे ही ऊर्जा पाती हूं।)

WhatsApp Image 2026-06-26 at 18.05.06 (1) — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment