दर्द न जाने कोई
भाग -7
मौसम बदल रहा था। सुबह की हल्की ठंडक शरीर में रोमांच पैदा करने लगी थी। अब देबू को स्कूल जाने में डर नहीं लगता था उसे लगता था कि उसका रखवाला राजकुमार है। वह राजकुमार को पसन्द करने लगा था। वह अक्सर उसी के साथ स्कूल जाता या स्कूल में उसी के साथ रहता था। पढ़ाई जोरों पर थी लेकिन देबू का मन पढ़ाई में नहीं लगता रहा था। अक्सर टीचर उसे मारते थे या फिर क्लास से बाहर खड़ा कर देते थे। एक दिन ऐसे ही क्लास से बाहर वह कान पकड़े खड़ा हुआ था कि राजकुमार की नजर उस पर पड़ी।
“क्या हुआ,”राजकुमार ने पूछा।
“…” मारे शर्म के उसने अपनी नजरें नीचे झुका लीं।
“पढ़ाई क्यों नहीं करता है?” राजकुमार ने सीनियर होने का रौब झाड़ते हुए कहा।
“…”
देबू चुप था लेकिन उसे राजकुमार का डाँटना अच्छा लग रहा था। वह कल्पना करने लगा कि राजकुमार उसे अपनी गोद में बैठाए पढ़ा रहा है, ठीक वैसे ही जैसे एक पिक्चर में हीरो हीरोइन को अपनी गोद में बैठाकर एबीसीडी पढ़ा रहा था। उसके शरीर में गुदगुदी होने लगी।
यह उस दिन का आखिरी पीरियड था। छुट्टी की घंटी लगने ही वाली थी। बच्चे शोर कर रहे थे। देबू को टीचर ने अन्दर बुला लिया और समझाते हुए उसने कहा,“पढ़ाई क्यों नहीं करता है देवेन्द्र? क्या समस्या है?”
“घर में हर समय भाई लड़ते रहते हैं। मुझसे काम करवाते रहते हैं, घर में पढ़ने का समय ही नहीं मिलता,” कुछ सच कुछ झूठ कहते हुए देबू ने रूआँसी सूरत बना ली और नजरें झुका लीं।
“तो तू किसी दोस्त के घर जाकर पढ़ लिया कर…कम से कम जो होमवर्क दिया जाता है उसे तो पूरा कर…एग्जाम में क्या करेगा? अगर पढ़ेगा नहीं तो फेल हो जाएगा,” टीचर ने समझाया।
टीचर ने अच्छा सुझाव दिया था, ‘किसी दोस्त के घर जाकर पढ़ लिया कर’देबू सोचने लगा, ‘क्यों ना मैं राजकुमार के घर जाकर पढ़ लिया करूँ? उससे कहूँगा कि मैं तेरे घर आकर पढ़ना चाहता हूँ। वैसे भी वह मुझसे सीनियर है, मुझे जो नहीं आएगा उससे पूछ भी लिया करूँगा। वाह कितना मज़ा आएगा, मैं हर समय उसको देखता रहूँगा,’ ऐसा ख्याल आते हीदेबू का चेहरा खिल उठा। उसने सोचा,‘आज ही छुट्टी में मैं उससे कह दूँगा।’ छुट्टी की घंटी लगते ही देबू के दिल की धड़कने भी बढ़ गयीं। अपनी कक्षा से लाइन में निकलते हुए देबू मुड़-मुड़ कर ग्राउंड की तरफ देख रहा था कि राजकुमार उसे दिख जाए लेकिन राजकुमार उसे कहीं नहीं दिखा। अभी कुछ देर पहले जो चेहरा अपने प्रियतम की स्मृति से चमका था, अब निस्तेज होने लगा था। कुछ देर स्कूल के गेट पर राजकुमार की प्रतीक्षा करने के बाद उदास मन से देबू अपने घर की ओर बढ़ने लगा कि एकाएक उसकी नज़र राजकुमार पर पड़ी, जो किसी लड़के से बातें कर रहा था। देबू के कुम्हलाए चेहरे पर फिर से बहार आती दिखने लगी लेकिन वह लड़का कौन है जो राजकुमार से बातें कर रहा है, जानने के लिए देबू उसकी ओर बढ़ गया। राजकुमार देबू को देखकर बिना किसी उत्साह से बोला, “क्या बात है देवेन्द्र, फिर किसी ने परेशान किया क्या?”
“नहीं…नहीं…मैं तो बस…”
“तो फिर अपने घर जा…यहाँ क्यों घूम रहा है?”
देबू पर मानों वज्रपात हो गया। अपने ही प्रेमी से ऐसी भाषा की उम्मीद तो उसने नहीं की थी। वह तो उससे पढ़ने के लिए पूछने आया था। फिर उस लड़के के साथ वह बातों में इतना खोया हुआ था कि आज उससे ऐसे बात की जैसे सूखी टहनी को झटके से एकदम तोड़ दिया जाता है। देबू के कोमल मन पर इसकी गहरी चोट लगी, आँखों में आँसू आ गये और वह तुरन्त वापस मुड़ गया। अभी कुछ ही कदम आगे बढ़ाए थे कि राजकुमार ने पुकारा, ‘अरे सुन देवेन्द्र…’
देबू को बिन माँगे मोती मिल गये। वह तुरन्त पलटा और अपने मन पर नियंत्रण करते हुए उसके पास चला गया।देबू के कोमल बालमन में किसी तालाब में कंकड़ी फेंकने जैसी तरंगे उठने लगीं। प्यार से बोले गये शब्दों की डोर ऐसी थी कि उसके कदम राजकुमार की ओर खिंचते चले गये।
“आज तेरी क्लास का एक बच्चा बता रहा था कि तू अपने घर में ठीक से पढ़ नहीं पाता? इसी वजह से रोज स्कूल में तेरी पिटाई होती है।”
“हम्म…” राजकुमार के सामने वह कम बोल पाता है, बस उसके दिल से धक्-धक् की आवाज़ आती है।
“अगर ऐसा है तो मेरे घर आकर पढ़ लिया कर…दो-तीन बच्चे और भी आते हैं, उन्हीं के साथ तू भी आ जाना,” राजकुमार ने देबू के कंधे पर हाथ रखते हुए कहा।
अंधा क्या चाहे दो आँखें।वह चहक उठा, ‘अरे वाह…यह तो मेरे लिए किसी चमत्कार से कम नहीं है…मेरे कहने से पहले ‘उन्होंने’ ही कह दिया,’देबू के मन में राजकुमार के लिए ‘उन्होंने’ शब्द आते ही उसके चेहरे पर नारी सुलभ लज्जा के भाव उभर आए। वह “ठीक है” कहकर एकदम वहाँ से भाग लिया। घर की ओर जाते हुए उसके पैर जमीन पर नहीं पड़ रहे थे। मानोवह हवा में उड़ रहा था। टीवी पर देखे हुए न जाने कितनी फिल्मों के गाने उसके मन में रह रह कर आ रहे थे। आज उसे किसी का डर नहीं था, उसके मन में ढ़ेरों गुलाब खिल रहे थे और रंगत उसके गालों पर भी झलक रही थी। अब इन्तजार था तो बस शाम का…कब शाम हो और कब वह ‘उनके’ घर जाए।
“मैं प्रिंसिपल सर के घर जा रहा हूँ पढ़ने…” अपने कपड़े बदलते हुएदेबू ने कहा।
“क्यों…क्या यहाँ रहकर नहीं पढ़ सकता?” दीदी बोली।
“मुझे गणित नहीं आती…और घर में भी कोई बताने वाला नहीं है…तो उनके यहाँ ही पढ़ूँगा…आज टीचर ने भी बोला है…मेरे साथ और भी बच्चे पढ़ेंगे,” अब तकदेबू ने बस्ते में किताबें रख लीं थीं।
“हम्म…कहीं ऐसा न हो कि चार दिन बाद पैसे मांगने लगें…”
“ऐसा कहा तो नहीं है…अगर पैसे माँगेगे तो मैं जाना बन्द कर दूँगा”देबू को हल्की सी घबराहट तो हुई लेकिन राजकुमार से मिलने के लिए उसने अपनी घबराहट को नजरअन्दाज कर दिया।
“अगर राजेन्द्र को पता चलेगा तो नाराज होगा…”
“वह कब नाराज नहीं होते…उन्हें तो मेरी हर बात बुरी लगती है…”देबू की आवाज़ में कंपन आ रहा था।
“अबे…जब तू लौंडिया बनता है तो मुझे गुस्सा आता है…तू पढ़ाई करेगा तो मुझे किसी पागल कुत्ते ने थोड़े ही काटा है जो गुस्सा होऊँगा,” ऊपर वाले कमरे की खिड़की से नीचे झाँकते हुए राजेन्द्र ने कहा।
एक पल को तो देबू को लगा कि अब फिर मार पड़ेगी लेकिन अगले ही पल राजेन्द्र के चेहरे पर मुस्कान देखककर उसके मन का डर निकल गया।
क्रमशः
लवलेश दत्त