गुलमोहर के नीचे
भाग 10
नीलिमा की चौथी चिट्ठी का इन्तजार था पारुल को। उस दिन गीतांजलि पढ़ रही थी। अधलेटी पारुल के बाल पीठ पर फैले थे कि बाल की खिंचाई हुई। उलटकर देखने की जरूरत न थी। एकबारगी लिपट गई। नीलिमा की खास अदा से नावाकिफ तो न थी।
“आज मुझे सबेरे से लग रहा था, तू आएगी ।”
“हाँ-हाँ, बड़ी ज्योतिषाचार्य की बच्ची बनी है।”
“कैसी है तू? कैसे हैं घर के और सब?…दिवा?
“तेरे घर का वह नियम खत्म हो गया क्या कि मेहमानों के आते ही सोफा पर बिठाओ। फिर चाय, शर्बत्त-नाश्ता पेश करो।”
“तू कब से मेहमान बन गई?”
“गोंडऽ!..गोंडऽ!” की क्षीण आवाज बगल के कमरे से आई।
“मासी माँ की तबीयत खराब है क्या?”
“तुझे मैंने बताया नहीं था न, माँ को चार महीना पहले लकवा मार गया।”
“क्या…? देख-देख पारुली! फर्ज भूल जाए, कोई बात नहीं, प्यार क्यों भूल जाती है? खबर नहीं कर सकती थी?”
पारुल नजरें चुरा रही थीं। वह भागती हुई बगल के कमरे में गई।
“मासी माँ!”
तकिए पर रखा सर हिला। उन्होंने खुद खत डालने के लिए मना किया था। चार महीना पहले का अटैक उन्हें असमय ही पंगु बना गया। दूर के रिश्ते के भाई ने बहुत इलाज करवाया। पर दाहिना पस्त पड़ चुका अंग फिर से हरकत में न आ सका।
नीलिमा बढ़ आई। दाहिनी ओर की हथेली पर हाथ रखा। आखें चुराती रही, क्या देखेगी वहाँ? एक भीगी सी करुणा?
मासी माँ के दाहिने हाथ का भारी कंगन केहुनी के पास अटका पड़ा था। अचानक उनकी कलाई पर जोर से गिरा। वह सिहर उठी, कोई कंपन नहीं। निश्चल मासी माँ! बस, सर थोड़ा हिला, “गों!… गों!”
“अब कभी तुम्हारे हाथ का पापड़ नहीं खा सकूँगी ना? और सड़ा माछ?”
वह हँसना चाहती थी, ऐसा संभव न हुआ। मासी माँ की स्नेह की डोर कभी ढीली न पड़ी थी। मजबूत ही होती चली गई थी। यूँ भी मासी माँ के घर का माहौल उसे बहुत पसंद था।
अपने आस-पास पीढ़ियों के अंतर से उपजे तनाव को नीलिमा लगातार महसूसती रही थी। हर घर में, हर जगह। यह अंतर इतना मुखर हो उठता था कहीं-कहीं कि बाप बेटे, माँ-बेटी के संबंध से विश्वास ही उठ जाता।
यहाँ यह बात न थी। मासी माँ के तीनों बच्चे बड़े होकर भी उन पर ही निर्भर थे।
नीलिमा ने कभी नहीं महसूसा, मासी माँ के विचारों के परे जाकर, बच्चों ने कुछ भी सोचने की जरूरत महसूस की हो। सब तो पढ़े-लिखे थे। फिर क्या था, वह कौन-सा सेतु था? जो कुछ भी रहा हो, मासी माँ की बदौलत ही।
उन्हें इस तरह हताश-निराश पड़े देखकर नीलिमा का मन एकदम उदास हो उठा। आँखें मानो बोलती थीं, चेहरा दर्द से खिंचा-खिंचा।
“गों!…गों!” के बिना कोई आवाज मुँह से न निकलती थी। नीलिमा दिनभर उनके पाम ही बैठी रही। बेजान हाथ को सहलाती हुई।
“एक बात और बतानी थी पारुल।”
“कहो नीली।”
यह शाम का समय था।
“मैं शादी कर रही हूँ। अगले महीने की बीस तारीख को।”
“अरे! अचानक यह निर्णय? और दिन भर तू इसे छिपाए कैसे रख सकी?”
“नहीं, छिपाने का इरादा न था। बस मासी माँ को इस हालत में देखकर, इच्छा नहीं हुई। मैं बता ही न सकी।”
“बहुत जल्दी सहारे की जरूरत आ पड़ी नीली?”
“सहारा?…सहारा नहीं, साथी। हर व्यक्ति को एक न एक साथी की जरूरत होती है। मेरे साथ चलनेवाला साथ न मम्मी का है, न पापा का। दिवा भी कब तक साथ देगी। यूँ भी मुझे शादी से परहेज नहीं।”
दूसरे दिन की हँसती सुबह ने सबको यह शुभ समाचार कह सुनाया। मासी माँ, पारुल का भाई बापा, जो पढ़ाई के साथ-साथ नौकरी भी कर रहा था, बहन निवेदिता, सभी खुशी से झूम उठे। पारुल की जिद पर नीलिमा को मिठाई मँगाकर सबको खिलानी पड़ी।
पारुल ने डेढ़-दो किलोमीटर दूर स्थित एक नए कॉलेज में लेक्चरर की हैसियत से ज्वाइन कर लिया था। प्रति लेक्चर के हिसाब से पैसे मिला करते थे।
“आज कॉलेज छोड़ दूँ?”
उसने मासी माँ से पूछा।
जवाब नीलिमा का,
“जी नहीं! आप जाइए। मैं आपके साथ घूमने नहीं जा रही। आाज मासी माँ की सेवा मुझे करने दो।”
नीलिमा ने सबसे आने का वादा ले लिया। मासी माँ की आँखों की दीनता उसे व्यथित कर गई। मासी माँ अक्सर कहा करती थी,
“हम तुम्हारा शादी में खूब गीत गाएगा, नाचेगा।”
“अब मासी माँ कभी नहीं चल सकेगी ना? फिजिओथेरेपी का भी ज्यादा असर नहीं हुआ ना?”
आँखों में दो बूँद आँसू लिये नीलिमा रिक्शे पर बैठ गई। पारुल और बापा उसे स्टेशन तक छोड़ने आए। पहले से ही कभी-कभी पारुल के घर जरूर आती रही थी। यहाँ सदा एक अजीब सा सुकून मिलता था।