मेघा राठी का उपन्यास ‘वहाँ कौन है ‘ भाग -50

वहाँ कौन है? — भाग 50
( सबसे पहले आप सभी पाठकों का धन्यवाद ,आपके दिए हौसले के कारण आज इस सीरीज का अर्ध शतक पूरा हो गया है। आगे भी इसी प्रकार स्नेह देते रहिए)

लैविरा कुछ देर तक सबको देखती रही।वह कभी अपनी गर्दन दाईं ओर घुमाती, कभी बाईं ओर। उसके चेहरे पर उलझन भी थी और हँसी भी। सामने सुक्खी बड़े विश्वास के साथ छोले-भटूरे और गुलाब जामुन की माँग पर अड़ा हुआ था और बाकी लोग उसे समझाने में लगे थे कि द्युतिलोक में ऐसी चीजें कहाँ से आएँगी।

लैविरा ने आखिरकार सुक्खी को देखा और हल्की-सी खिलखिलाहट उसके होंठों से निकल गई।

सुक्खी ने सबको कुछ देर तक बहुत गंभीरता से देखा।फिर अचानक उसने दोनों हथेलियाँ एक-दूसरे पर जोर से ठोंकीं…ठाक!

सब चौंक गए।सुक्खी ठहाका मारकर हँस पड़ा, “चलो! हो गया ना सबका मूड चेंज?”

प्रभा ने हैरानी से उसे देखा,“क्या?”

“अरे भाई, इतनी देर से सबके चेहरे ऐसे लटके हुए थे जैसे हम किसी दूसरी दुनिया में नहीं, अपनी बिजली का बिल भरने आए हों।”

“तो ये सब नाटक था?” प्रभात ने आँखें सिकोड़कर पूछा।

“और क्या! मुझे भी पता है यहाँ छोले-भटूरे की दुकान नहीं खुली है।” सुक्खी ने रेवनोर की ओर देखकर कहा, “और अभी जो रेवनोर खिलाएगा, वही खाना है। आखिर हमारी पृथ्वी पर कहा जाता है, ‘अतिथि देवो भव।’ तो इन्हें भी थोड़ा मौका देना चाहिए कि पृथ्वी लोक के देवताओं की सेवा कर सकें।”

रेवनोर जोर से हँस पड़ा, “बहुत-बहुत धन्यवाद आपका जो हमें पृथ्वी लोक के देवताओं की सेवा करके धन्य होने का अवसर मिल रहा है।”

इस बार मायरा भी हँस पड़ी, “सुक्खी, तुम कभी गंभीर भी हो सकते हो?”

“हो सकता हूँ। मगर फीस बहुत ज्यादा है।”

“क्या फीस?”

“एक प्लेट छोले-भटूरे।”

कमरे में फिर हँसी फैल गई।लैविरा भी उन्हें देखती रही। उसकी आँखों में कुछ ऐसा था जैसे वह इस छोटे-से मजाक को भी किसी महत्वपूर्ण स्मृति की तरह अपने भीतर रख लेना चाहती हो।

कुछ देर बाद भोजन आया।द्युतिलोक का भोजन पृथ्वी के भोजन जैसा नहीं था फिर भी उसमें कुछ परिचित स्वाद थे। कुछ फल ऐसे थे जिनका रंग देखकर उन्हें लगा जैसे वे खाए जाने के लिए नहीं, किसी चित्रकार के रंग-पट्ट पर रखने के लिए बने हों। कुछ पतली पारदर्शी परतों में रखे खाद्य पदार्थ मुँह में जाते ही धीरे-धीरे घुल जाते थे।

भोजन समाप्त होने के बाद वातावरण फिर गंभीर हो गया।कुमार अब तक चुप बैठा था।उसने अचानक सुक्खी की ओर देखा, “तुम लोग किस पांडुलिपि की बात कर रहे थे?”

सुक्खी ने तुरंत पांडुलिपि उठाई, “अरे हाँ! ये रही।” उसने उसे कुमार की ओर बढ़ा दिया।

“तुमने उस धातु की पट्टिका पर बने अक्षर पढ़ लिए थे इसलिए लगा शायद ये भी तुम ही पढ़ लोगे।”

कुमार ने पांडुलिपि अपने हाथ में ली।कुछ क्षण तक उसे उलट-पलटकर देखा फिर उसने पहला पृष्ठ खोला।उसकी भौंहें सिकुड़ गईं…दूसरा पृष्ठ..तीसरा..

वह चुप रहा।

“कुछ समझ आया?” उदय ने पूछा।

कुमार ने धीरे से सिर हिला दिया,“नहीं।”

उसने पांडुलिपि वापस सुक्खी की ओर बढ़ा दी,“सुक्खी, ये मेरे भी पढ़ने में नहीं आ रही। शायद तुम्हें मिली है, इसलिए…”

सुक्खी ने पांडुलिपि वापस ले ल, “चलो, आज मेरा भी नंबर आ गया।मै कोशिश करता हूं।”

वह जमीन पर पालथी मारकर बैठ गया।पांडुलिपि उसके सामने थी।उसने मन ही मन गुरु साहब को याद किया और फिर उसने पहला पृष्ठ खोला।कुछ देर तक उसकी आँखें अक्षरों पर घूमती रहीं।

फिर उसकी उँगली एक विशेष चिन्ह पर ठहर गई, “रुको…”

सब उसकी ओर देखने लगे, “क्या हुआ?क्या पता चला?” प्रभा ने पूछा।

“ये… ये शब्द नहीं है। ये किसी चीज़ का संकेत है।”

उदय उसके पास आकर बैठ गया, “क्या संकेत?”

सुक्खी ने पृष्ठ को थोड़ा तिरछा किया, “कुछ ऐसा… जिसे जगाया जा सकता है।”

कुमार की आँखें अनायास पांडुलिपि पर टिक गईं।अगले कुछ पृष्ठ पलटे गए।अब वहाँ शब्दों से अधिक आकृतियाँ थीं—एक बीज जैसी आकृति, उसके चारों ओर वृत्त, फिर तीन दिशाओं में फैलती रेखाएँ और उनके बीच कुछ सूक्ष्म चिह्न।

प्रभात ने धीरे से पूछा,“क्या यह… किसी शक्ति को सक्रिय करने की विधि है?”

सुक्खी ने पन्ने पर उँगली फेरते हुए कहा,

“शायद।”

फिर उसे एक पंक्ति मिली।वह पढ़ते-पढ़ते रुक गया, “यहाँ लिखा है कि…”उसने माथे पर बल डाला। “‘जो शक्ति सुप्त है, उसे उसी के भीतर से जागना होगा।”

प्रभा ने उत्सुकता से पूछा, “आगे?”

सुक्खी ने अगली पंक्ति पढ़ी,” उसके लिए उस मनुष्य की आवश्यकता होगी जिसने जीवन के सुख-दुःख दोनों को समान दृष्टि से देखा हो।’

कमरे में सन्नाटा छा गया।सुक्खी ने पन्ना आगे किया।

“और यहाँ लिखा है—‘जिसका मन परिस्थिति से अपना रंग न बदले।’”

प्रभात कुछ देर तक चुप रहा।फिर मुस्कुराया,“मतलब ऐसा आदमी जो चाहे दुनिया उलट जाए, फिर भी चेहरे पर ज्यादा फर्क न आए?”

सुक्खी ने उसे देखा,“हाँ। और मुझे लगता है कि हमें ऐसा आदमी मिल गया।”

सबकी निगाहें एक साथ प्रभात की ओर उठ गईं।प्रभात ने पहले सबको देखा, फिर हल्का-सा हँस दिया, “मेरी तरफ क्यों देख रहे हो?”

प्रभा ने कहा, “क्योंकि शायद तुम इस विवरण पर सबसे ज्यादा खरे उतरते हो।”

“मैं?”

“हाँ।”

प्रभात कुछ क्षण चुप रहा फिर उसने पांडुलिपि अपने हाथ में ले ली, “सुक्खी इसमें मेरा नाम तो नहीं लिखा है?”

“नहीं।” सुक्खी ने कहा।

“तो फिर यह भी तय नहीं कि मैं ही हूँ।”

“तय कुछ नहीं है,” मायरा ने कहा, “लेकिन बाकी विवरण…”

प्रभात ने पन्ने पर बने बीज को देखा।उसके चेहरे पर पहली बार गंभीरता आई, “अब तक तुम लोगों ने इस यात्रा में कुछ न कुछ किया है। कभी किसी ने रास्ता खोजा, कभी किसी ने संकेत समझा, कभी किसी ने खतरा उठाया।”

“मैंने अब तक ऐसा कुछ नहीं किया जिससे मुझे लगे कि इस यात्रा में मेरी भी कोई भूमिका है।”

“प्रभात…”

“नहीं उदय सर। अगर इस चीज़ को मेरी जरूरत है तो मैं तैयार हूँ।”, उसकी आवाज में उत्साह नहीं था बल्कि एक शांत दृढ़ता थी।

“मुझे नहीं पता ये शक्ति किस काम आएगी। मुझे ये भी नहीं पता कि इसे जगाने के बाद क्या होगा लेकिन हम एक लोक से दूसरे लोक तक आ गए हैं। इतने रहस्य पार कर चुके हैं। अगर हमें यहाँ तक किसी उद्देश्य से बुलाया गया है तो मैं उस उद्देश्य से पीछे नहीं हटूँगा।”

उसने पांडुलिपि बंद कर दी, “जो करना होगा, मैं करूँगा।”

सुक्खी ने उसे पांडुलिपि वापिस ले ली , ” अभी पूरा नहीं हुआ था। आगे सुनो…जागरण के लिए उस बीज को ऐसे स्थल पर ले जाना होगा जहाँ एलवारा की चेतना से निकली मूल ऊर्जा की धारा पृथ्वी अथवा किसी अन्य प्राकृतिक दिशा से नहीं बल्कि स्वयं चेतना के केंद्र से प्रवाहित होती हो।”

उदय ने तुरंत टोका, “यहाँ किसी दिशा का नाम है?”

“नहीं। दिशा का नाम नहीं है।”

“फिर?”

सुक्खी ने पन्ने पर बने एक विशेष चिह्न को देखा, “इसे… ‘एलवार-धारा’ जैसा कुछ कहा गया है। शायद दिशा नहीं, ऊर्जा की ओर संकेत है। जिस ओर यह चिह्न सक्रिय हो, वही मार्ग माना जाएगा।”

मायरा ने गहरी साँस ली, “तो हमें अभी बस इतना पता चला है कि बीज को किसी विशेष स्थान पर ले जाना होगा।”

“और वहाँ…” प्रभात ने धीमे से कहा, “किसी मनुष्य के रक्त की आवश्यकता होगी।”

सभी की निगाहें प्रभात ओर उठ गईं।प्रभात मुस्कुराया, “ऐसे क्यों देख क्यों रहे हो सब? मैने कहा न, अगर इस यात्रा में कोई काम मेरे हिस्से आया है तो मैं पीछे नहीं हटूँगा।”

उदय ने उसकी ओर गंभीरता से देखा, “लेकिन अभी यह सिर्फ पांडुलिपि में लिखा है। हमें नहीं पता कि इसका अर्थ क्या है, किस स्थान की बात है और यह रक्त किसलिए चाहिए।”

“मुझे पता है।”प्रभात ने धीरे से कहा, “और जब तक पता नहीं चलता, हम अनुमान ही लगा सकते हैं। लेकिन अगर सच में यह हमारे आने का कोई कारण है… तो मैं तैयार हूँ।”

मायरा ने उसे देखा। उसकी आँखों में चिंता थी, लेकिन उसने कुछ नहीं कहा।उसी समय कमरे में एक हल्की-सी सरसराहट हुई।सभी ने एक साथ मुड़कर देखा। लेविरा उड़ते हुए छत तक गई फिर वह धीरे-धीरे नीचे उतरी और कमरे के बीच आकर ठहर गई।

अचानक उसके चारों ओर प्रकाश की महीन परत-सी बनी।चिड़िया का आकार बदलने लगा,पंख सिकुड़ गए।रंग सिमटने लगे और कुछ ही क्षणों में उनके सामने लैविरा द्युतिलोक के नागरिकों जैसा रंग रूप लिए खड़ी थी।

कुमार अपनी जगह से उठ खड़ा हुआ।उसकी आँखें आश्चर्य से फैल गईं।“तुम!”

लैविरा मुस्कुराई, “हाँ।”

कुमार उसे देखता रहा, “तुम वही हो… मैंने तुम्हें पहले देखा है। तुम मेरे कंधे पर बैठती थीं।”

लैविरा ने सिर हिलाया, “और तुमने मुझे पहचान लिया।” कुमार ने जैसे कोई पुरानी स्मृति पकड़ने की कोशिश की।

“लेकिन… तुमने मुझ पर वे रंग क्यों गिराए थे? और तुम बार-बार मेरे आसपास क्यों घूमती थीं?”

लैविरा की मुस्कान थोड़ी फीकी हुई, “तुम्हें याद आ गया कि मैं कौन हूँ।”

वह एक क्षण रुकी,“लेकिन यह याद नहीं आया कि मैं तुम्हारी कौन हूँ।”

कुमार चुप रहा।लैविरा ने धीरे से कहा, “मैं थी नहीं… मैं अभी भी हूँ। तुमने मुझे भुलाया नहीं है कुमार, बस तुम्हारी स्मृतियों के दो हिस्से अलग हो गए हैं।”

कुमार ने माथे पर हाथ रखा, “मुझे कुछ समझ नहीं आ रहा।”

“क्योंकि तुम अभी केवल कुमार हो।”, लैविरा उसके पास आई और दोस्त की तरह उसके कंधे पर हल्की-सी थपकी दी।“तुम्हें फिर से बेलकार बनना होगा।”

कुमार ने उसे घूरकर देखा, “बेलकार?”

“हाँ।”

“वह कौन है?”

लैविरा मुस्कुराई, “तुम।”

कमरे में बैठे सभी लोग स्तब्ध होकर देख रहे थे।कुमार ने जैसे ही यह शब्द सुना, उसके चेहरे पर एक अजीब-सी बेचैनी उभरी।
लैविरा ने उसे कोई आदेश नहीं दिया। बस उसके सामने बैठ गई।

“आँखें बंद करो।”कुमार ने उसकी ओर देखा।

“क्यों?”

“क्योंकि तुम्हें बाहर कुछ नहीं खोजना। जो खोया है, वह तुम्हारे भीतर है।”

कुमार ने धीरे से आँखें बंद कर लीं।

लैविरा ने उसके माथे पर हाथ नहीं रखा। बस उसके सामने बैठकर धीमे स्वर में बोली, “अपने आपको किसी एक नाम में मत खोजो।”

कुछ क्षण बीते, “कुमार को मत मिटाना।”कुमार की साँस थोड़ी तेज हुई।

“और बेलकार को भी मत ढूँढो… उसे याद आने दो।”

कुमार की उँगलियाँ कस गईं।उसके भीतर जैसे किसी बंद कमरे का दरवाजा हल्का-सा खुला।एक सिंहासन…मुखौटा…प्रकाश का विस्फोट…असंख्य चमकते चिह्न…एक विचित्र लोक…
एक बीज…फिर वही बाग…फिर उसके हाथ में रखा पारदर्शी पात्र।

कुमार ने अचानक आँखें खोल दीं।वह कुछ क्षण तक सामने देखता रहा,“बीज!.”

सभी चौंक गए।

“कौन-सा बीज?” उदय ने पूछा।

कुमार ने उसकी ओर देखा।और इस बार उसकी आँखों में उलझन नहीं थी।“वह मेरे पास है।”

लैविरा मुस्कुराई,“अब?”

“मैं कुमार हूँ… और मैं बेलकार भी हूँ।”

लैविरा की आँखों में संतोष उतर आया, “अब तुम तैयार हो।”

“किसलिए?”

लैविरा ने पांडुलिपि की ओर देखा, “जिसे तुम खोज रहे हो, उसके लिए।”

पांडुलिपि अब भी उनके सामने खुली थी—उस पृष्ठ पर, जहाँ उस शक्ति को जाग्रत करने की विधि लिखी थी।
Megha

WhatsApp Image 2026-06-26 at 18.05.06 (1) — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment