लवलेश दत्त का उपन्यास ‘दर्द न जाने कोई ‘ भाग -9

दर्द न जाने कोई
भाग -9
परीक्षा का परिणाम आया और देबू कक्षा छह में फेल हो गया। देबू ने जब कक्षा में यह सुना तो वह सन्न रह गया। उसकी स्थिति ऐसी हो गयी कि काटो तो खून नहीं। उसे विश्वास ही नहीं हो रहा था कि वह फेल हो गया है। जब सारे बच्चे अपने पास होने की खुशी मना रहे थे, वह धीरे-धीरे टीचर के पास गया और उनसे पूछने लगा, “मैडम क्या मैं…?”
“पढ़ाई नहीं करोगे तो और क्या होगा?मैंने पहले भी कहा था कि पढ़ा करो वरना फेल हो जाओगे…हो गए ना।” टीचर ने देबू की पूरी बात बिना सुने ही अपना भाषण दे डाला। देबू अपनी सीट पर आ गया। उसके दिमाग ने काम करना बन्द कर दिया था। वह थोड़ी देर यूँ ही सुन्न दिमाग लिए बैठा रहा। उससे न कुछ सोचा जा रहा था, न बोला जा रहा था और न ही कुछ किया जा रहा था। उसकी आँखें बन्द हो रही थीं और एक ही दृश्य उसकी आँखों में घूम रहा था कि ‘उसका भाई राजेन्द्र उसे बेल्ट से बुरी तरह पीट रहा है’। वह सोच रहा था कि ‘काश आज छुट्टी न हो। वह घर कैसे जाएगा? कैसे बताएगा कि वह फेल हो गया है? माँ कितनी दुखी होगी?राजेन्द्र तो मार ही डालेगा। मैं क्या करूँ?’ हर विचार के साथ उसके मन में घबराहट बढ़ती जा रही थी। आज उसे कुछ भी अच्छा नहीं लग रहा था। वे लड़के भी नहीं जिन्हें वह पसन्द करता था और मौका मिलने पर कनखियों से देखकर उनके साथ घूमने, नाचने और गाने के दिवास्वप्न देखा करता था। उसे लग रहा था कि ‘वह घर से दूर बहुत दूर भाग जाए। अगले ही पल उसे लगता कि वह जाएगा कहाँ? किसके पास? राजकुमार का एक सहारा था, लेकिन उसने भी…’ एकाएक उस रात की बात याद करके वह काँप उठा ‘…नहीं नहीं, उसके पास तो बिल्कुल भी नहीं।’ मन में ऐसे अनेक प्रश्नों का उतार-चढ़ाव चल ही रहा था कि छुट्टी की घंटी बज गयी। आज घंटी की आवाज़ से उसके दिल पर चोट कर रह थी। घबराहट के कारण पैर काँपने लगे। शरीर ठंडा पड़ने लगा। होंठ सूखने लगे। गला खुश्क हो गया और पेट में मरोड़ें उठने लगीं।
स्कूल के गेट से बाहर आते हुए वह इसी उधेड़-बुन में था कि क्या करे, तभी कुछ लड़कों ने उसकी तरफ अश्लील इशारे करते हुए कहा, “क्यों बे छक्के…सुना है तेरी मर गयी,” यह कहकर वे लड़के जोर-जोर से हँसने लगे। देबू का चेहरा सफेद पड़ गया। उसे ऐसा लगा कि‘उसकी ज़िन्दगी में सबकुछ खत्म हो गया है। ये लड़के जो इशारे कर रहे हैं उससे लग रहा है कि राजकुमार ने उन्हें सबकुछ बता दिया है। उसके साथ धोखा हुआ है। जिसे वह इतना प्यार करता था, उसी ने उसे धोखा दिया। अब ये लड़के इस बात को पूरे गाँव में फैला देंगे। उसकी बदनाम करेंगे और जब भैया को पता चलेगा तो…उनके हाथों मरने से अच्छा है कि वह खुद मर जाए…हाँ यही सही रहेगा कि वह मर जाए’ उसके अन्तर्मन से बार-बार यही आवाज़ आ रही थी‘…देबू तू मर जा, मर जा तू…तेरी जिन्दगी में अब कुछ नहीं रहा। जिससे प्यार किया उसने धोखा दिया, पढ़ाई की उसमें भी फेल हो गया, डांस किया तो भाई ने बुरी तरह पीटा…मर जा देबू…’ यह सोचते हुए वह घर कीओर न जाकर जंगल की तरफ चला गया। जंगल का एक रास्ता सामने पहाड़ी पर जाता था। वह पहाड़ी जो उसके घर से भी दिखती थी।वह अक्सर पहाड़ी को देखकर स्वप्न देखा करता था कि राजकुमार के साथ वहाँ जाकर गाना गा रहा है, नाच रहा है। जिस पहाड़ी को देखकर उसे मन में प्रेम की कोमल भावनाएँ उठती थीं वही आज उसकी मरणस्थली बनने जा रही थी। उसने सोचा कि उसी पहाड़ी से नीचे कूदकर जान दे दूँगा।
कभी तेज तो कभी धीमे तो कभी दौड़करकरीब सवा घंटे में वह पहाड़ी पर पहुँच गया। अब तक उसे भूख-प्यास भी लगने लगी थी। पहाड़ी पर पहुँच कर उसने कई जगह से कूदने की चेष्टा की लेकिन हर जगह जाकर उसे यही लगता कि यहाँ से गिरा तो काँटे चुभेंगे, वहाँ से गिरा तो पत्थरों पर गिरूँगा, उधर से गिरा तो नदी में गिरूँगा…ऐसा सोचते-सोचते उसके दिमाग में एक विचार कौंधा कि ‘अगर नहीं मरा और हाथ पाँव टूट गये तो और मुसीबत होगी। इससे अच्छा है कि मैं घर छोड़कर भाग जाता हूँ।’ उसने अपनी जेबें टटोलीं उसके पास करीब बीस रुपये थे जो आज सुबह घर से चलते समय दीदी ने यह कहते हुए दिए थे कि ‘पास होने का रिजल्ट लेकर मिठाई लेते हुए आना’। ‘हाय वह अब दीदी को क्या मुँह दिखाएगा? कैसे बताएगा कि वह फेल हो गया है?’देबू को रोना आ रहा था, वह फफक पड़ा। लगभग पन्द्रह मिनट तक वहीं बैठकर रोता रहा फिर मरने का विचार त्यागकर पहाड़ी से नीचे उतर आया।
उतरते-उतरते उसने सोच लिया था कि वह अपनी मौसी के घर चला जाएगा तथा किसी को पता भी नहीं चलेगा। वह पहाड़ी से उतरा और पैदल ही उस गाँव की ओर चल पड़ा जिसमें मौसी रहती थी। मौसी का गाँवबानगाँव, उसके गाँव से लगभग तीस किमी दूर था। थोड़ी दूर चलने पर उसे एक ऑटो मिल गया। ऑटो में सवार होकर वह बानगाँव के बाहर की मुख्य सड़क तक पहुँच गया। वहाँ से गाँव के अन्दर तक पैदल ही आगे बढ़ने लगा। मुख्य सड़क से गाँव तक की दूरी पाँच किलोमीटर के आसपास थी और वहाँ तक जाने के लिए सड़क से ही ताँगे चलते थे लेकिन देबू के पास पैसे नहीं बचे थे। पहाड़ी से उतरकर उसने सबसे पहले अपनी भूख मिटाने के लिए केले और मिठाई ली और बाकी बचे पैसे ऑटो वाले को दे दिए। देबू को अचानक आया देख मौसी को आश्चर्य हुआ। देबू ने किसी को कुछ नहीं बताया और मौसी से लिपट कर रोता रहा।
शाम तक जबदेबू घर वापस नहीं लौटा तो दीदी और भैया को चिन्ता हुई। राजेन्द्र और मनु ने उसे हर जगह ढूँढ़ा। सबसे पहले तो वे स्कूल गये, फिर प्रिंसिपल के घर जहाँ वह पढ़ने जाता था। उसके बाद एक-एक करके उन सभी लोगों से पूछा जहाँ देबू के जाने की संभावना थी लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। तब तक माँ भी बाजार से आ गयी देबूके लापता होने की खबर से वह बहुत परेशान हो गयी। व्याकुल मन और रोनी सूरत लिए वह गाँव भर में देबू के बारे में पूछती हुई फिरने लगी। उसकी हालत विक्षिप्तों-सी हो गयी। बेतरतीब कपड़े और बिखरे बालों से वहघर-घर जाकर देबू के बारे में पूछती। आस-पड़ोस के लोग,स्कूल साथ जाने वाली  लड़कियाँ, दूकानदार जो भी उसने मिलता वह देबू के बारे में ही पूछ रही थी। लेकिन यह किसी को नहीं पता था कि देबू स्कूल से कहाँ गया? हाँ अब तक माँ और भाइयों को यह पता लग चुका था कि देबू फेल हो गया है।
हताश होकर माँ घर लौट आई। देबू का कहीं कुछ पता नहीं चला। दोनों भाई भी पूरे गाँव में कई-कई चक्कर लगा चुके थे लेकिन देबू का पता लगाने में असफल रहे। घर में मातमी सन्नाटा पसरा था। सभी परेशान और चिंतित थे। राजेन्द्र रह-रहकर गुस्से से दाँत पीस कर कहता था, “एक बार मिल जाए…हड्डी-पसली तोड़ दूँगा…पढ़ने से ज्यादा नाचने-कूदने में दिमाग लगाएगा तो पास कहाँ से होगा?”
“तुम्हारा गुस्सा तो हर समय सातवें आसमान पर ही रहता है। इस समय गुस्सा करने से अच्छा है कियह सोचो कि वह गया कहाँ होगा?” मानवेन्द्र ने राजेन्द्र को टोका फिर दीदी से कहा, “तुझसे कुछ कहकर गया था क्या?”
“नहीं मुझसे तो कुछ नहीं कहा…बोला कि आज मेरा रिजल्ट मिलेगा। मैंने उसे पास होने की दुआ दी और बीस रूपये दिए मिठाई लाने को,” दीदी ने दुखी माँ को देखते हुए कहा।
माँ जो अब तक माथे पर हाथ रखे सिसक रही थी, एक आह लेती हुई बोली, “मेरे लाल को कहीं से भी ढूँढ़कर लाओ…जब तक वह नहीं आएगा मैं कुछ खाऊँगी-पियूँगी नहीं,” और इतना कहकर वह फफक पड़ी। दीदी उसे दिलासा देने लगी, “आ जाएगा…कहाँ जाएगा…तू चिन्ता मत कर।” दीदी की आँखें भी भर आईं थीं।
अब तक पूरे गाँव में यह बात फैल चुकी थी कि देबू घर से भाग गया है। पड़ोस की दो औरतें आकर माँ के पास बैठ गयीं और उसके दुख को कम करने के लिए दिलासा देने लगीं। दिलासा देने के साथ-साथ औरतें अपने-अपने घर की राम कहानी भी कहती जाती थीं। इतने में अज्जु चाचा घर में आए और राजेन्द्र से बोले, “बेटा, चल मेरे साथ थाने चल, देबू की गुमशुदगी की रिपोर्ट लिखवा दे, कहीं ऐसा न हो कि किसी ने उसको अगवा कर लिया हो…कम से कम हम अपना काम तो करें।”
अगवा करने की बात सुनकर माँ और जोर से बिलख पड़ी। औरतें उसे दोनों हाथों से थामे समझा रही थीं। राजेन्द्र और मनु थाने चले गये।सबसे बड़े भाई महेन्द्रप्रताप के पुलिस में होने के कारणथाने मेंसब उन्हें जानते थे। अतः थाने में उन्हें किसी भी बात की परेशानी नहीं हुई।देबू का हुलिया बताते हुए सारी लिखा-पढ़ी के साथ देबू का एक फोटो भी दिया गया। अभी पुलिस से बातचीत चल ही रही थी कि एक सिपाही ने फोटो हाथ में लेते हुए कहा, “अरे इस बच्चे को तो आज बानगाँव में मैंने देखा है…अकेला जा रहा था।”
“ओह…पहले याद क्यों नहीं आया,”मनु ने कहा, “वहाँ तो मौसी रहती है…लगता है फेल होने पर पिटाई के डर से वह मौसी के घर चला गया।” कहते हुए मनु ने राजेन्द्र की तरफ घूरा।राजेन्द्र की नज़र नीची हो गयी लेकिनइस बात पर सबने संतोष की साँस ली और वापस घर की ओर चल दिए। चलते समय थाना इंचार्ज ने कहा, “तुम लोग सुबह बानगाँव जाकर देखो, अगर न मिले तो बताना फिर मैं देखता हूँ।”
सारी बातें खुल चुकी थीं।राजेन्द्र तो उसी समय उसे वापस लाने के लिए जाने को तैयार था लेकिन माँ नेउसे को सख्त हिदायत दी कि उसके अलावा देबू को लेने कोई नहीं जाएगा। उसने जैसे घोषणा जैसी कर दी कि कल सुबह ही वह अकेली बानगाँव जाएगी और देबू को वापस लेकर आएगी।
बानगाँव के लिए पहली टैक्सी सुबह छह बजे चलती थी। माँ उसी टैक्सी से जाना चाहती थी जिससे देबू को खबर न लगे और वह वहाँ से कहीं और न भाग जाए। माँ सुबह ही तैयार होकर टैक्सी स्टैण्ड पहुँच गयी और टैक्सी में सवार होकर बानगाँव जाने वाली मुख्य सड़क तक पहुँची। वहाँ उस समय तक कोई तांगा न देख वह पैदल ही आगे बढ़ने लगी। माँ मन-ही-मन ईश्वर से प्रार्थना कर रही थी कि देबू वहाँ मिल जाए क्योंकि उस सिपाही के कथनानुसार अभी तक सब यही आशा कर रहे थे कि देबूबानगाँव में ही है। माँ को भी पूरी उम्मीद थी कि वह वहीं जा सकता है क्योंकि सबसे निकट वही गाँव है और मौसी उसे प्यार भी बहुत करती है।
अभी बानगाँव में सूर्य की किरणें फैल ही रही थीं कि माँ खरंजे वाली सड़क पर तेजी से आगे बढ़ती जा रही थी। मानो माँ सूर्य की किरणों से भी तेज़ रफ्तार से देबू के पास पहुँचना चाहती हो इसलिए तेज चाल के साथ-साथ माँ में एक अलग ही आवेग था। चेहरे पर पड़ी सूर्य की किरणें उसे चमका रही थीं। माँ के चेहरे पर चिन्ता, दुख, आशा, उलझन, व्यग्रता आदि-आदि भाव दिख रहे थे। लेकिन उन सभी भावों का केन्द्र देबू ही था। देबू को लेकर वह पहले ही बहुत परेशान थी। एक तो उसका लड़कियों जैसा व्यवहार उस पर पढ़ाई में मन न लगाने के साथ-साथ उसका लड़की बनकर नाचना, लड़कियों के साथ दोस्ती करना, गुड्डे-गुड़ियों से खेलना सबकुछ माँ के दिल में फाँश की तरह जब तब कसकता रहता था। भला कौन माँ चाहेगी कि उसका अच्छा-भला लड़का, लड़कियों जैसी हरकतें करे। अगर लड़का बनकर पैदा हुआ है तो लड़कों जैसा रहे वरना लड़की बनकर ही पैदा होता। माँ उसे अक्सर समझाया करती है, “देख तू लड़कियों के साथ मत खेला कर, वरना लड़कियों जैसा हो जाएगा।” कहीं उसकी आशंका सही तो नहीं कि ‘वह लड़कियों जैसा…नहीं-नहीं…उम्र बढ़ेगी तो खुद-ब-खुद सुधर जाएगा’, माँ मन ही मन खुद को समझा लिया करती थी।
सुबह सुबह द्वार खटकने से मौसी को आश्चर्य हुआ। ‘इतनी सुबह कौन आ गया भला’ सोचते हुए मौसी अपनी खाट से उठी और दरवाजे की ओर बढ़कर दरवाजा खोल दिया। अपनी बहन को सामने देख वह आश्चर्य और प्रसन्नता के मिले-जुले भाव से उसके गले लग गयी। घर में प्रवेश करते हुए ही मौसी ने बता दिया कि देबू कल आया था। माँ के चेहरे पर व्यग्रता, परेशानी, चिन्ता, भय आदि भाव धीरे-धीरे कर लुप्त होने लगे। उसने चैन की साँस ली। मौसी ने इशारे से बताया कि देबू अन्दर पिंकी के साथ सो रहा है। चाय की चुस्कियों के साथ दोनों बहनें उसी के बारे में बातें करने लगीं।
“देबू को समझाओ जिज्जी…कैसी अजीब-सी हरकतें करने लगा है”
“क्या करूँ, बहुत मना करती हूँ, पर उसमें कोई सुधार नहीं…दो चार दिन ठीक रहता है फिर वैसे ही…”
“डर लगता है जिज्जी, कहीं ऐसा ही रहा तो…”
“अरे बड़ी मार पड़ती है इसकी…मैं सोचती हूँ अभी बच्चा है…थोड़ा बड़ा होगा तो सुधर जाएगा”
“बचपन में पड़ी आदत जिन्दगी भर चलती है जिज्जी, कहीं ऐसा न हो कि अच्छा-भला लड़का कोई दूसरी ही राह पकड़ ले…समझ रही हो ना?”
“सब समझती हूँ, लेकिन क्या करूँ…” माँ रुआँसी हो गयी।
“सब्र करो जिज्जी, ऐसे रोने से वह सुधर थोड़े ही जाएगा…थोड़ी सख्ती करो और नजर रखो कि लड़कियों का साथ न करे…अभी सँभाल लोगी तो ठीक रहेगा, वरना…”
मौसी जो बात कहते-कहते रुक गयी, माँ उस बात कोमाँ मन-ही-मन समझ रही थी। एक माँ के लिए बच्चे का लिंग महत्त्वपूर्ण नहीं होता। लड़का या लड़की दोनों ही उसके कलेजे के टुकड़े होते हैं। लेकिन यदि किसी बच्चे में शारीरिक विकलांगता होती है, तो माँ उसके प्रति अधिकदयालु हो जाती है। माँ कीस्नेहउसके हिस्से में कुछ अधिक ही आता है। माँ सबकुछ जानते हुए भी अपने बच्चे की शारीरिक कमी को स्वीकार नहीं करती तो इसलिए कि वह खुद अपने बच्चे को उसकी शारीरिक कमी का अहसास करवाकर उसे कमजोर बनाना नहीं चाहती। वह तो चाहती है कि उसका बच्चा अपनी सारी कमजोरियों के बावजूद भी समाज में अपनी पहचान बना सके। उसकी विकलांगता उसपर कभी हावी न हो…ऐसा ही देबू की माँ भी सोचती थी। वह जान रही थी कि देबू के मन और तन में सामंजस्य नहीं बैठ रहा था। देबू पुरुष का तन और स्त्री का मन लेकर पैदा हुआ है। पर, मन तो  बदला जा सकता है, तन का बदलना अपने हाथ में नहीं। जैसे परिवेश में हम रहते हैं, हमारा मन भी उसी के अनुरूप आचरण करने लगता है। माँ मन-ही-मन सोच रही थी, ‘कैसे भी हो मैं देबू को सुधार कर ही रहूँगी। भले ही उस पर और सख्ती करनी पड़े।’
अचानक माँ के शरीर में बिजली-सी दौड़ी और उसने कमरे में सो रहे देबू के पास जाकर उसका हाथ पकड़कर एक झटके से उठाते हुए एक थप्पड़ लगाया, “यहाँ कैसे पहुँचा तू…”देबू हड़बड़ाकर जाग गया। आँख खुलते ही उसने देखा कि गुस्से से उबलती आँखें लिए माँ खड़ी थी, एक बार तो उसे लगा कि वह कोई सपना देख रहा है लेकिन जैसे ही दूसरा थप्पड़ उसके गाल पर पड़ा, उसे विश्वास हो गया कि माँ यहाँ पहुँच चुकी है और उसके सामने खड़ी है। उनींदी आँखें पानी से भर गयीं, कोमल गाल पर माँ की अँगुलियों के निशान उभर आए। एक हाथ तो माँ ने कस कर पकड़ा हुआ था। दूसरे हाथ से उसने गाल सहलाना शुरू कर दिया। आँखें नीचीं हो गयीं, दोनों आँखों से बहते आँसू उसके गालों से होते हुए कमरे की कच्ची ज़मीन पर गिरने लगे। अब तक मौसी भी अन्दर आ चुकी थी।
“अरे जिज्जी…सोते हुए बालक को एकदम क्यों मारने लगीं…”देबू का हाथ छुड़ाते हुए मौसी ने कहा।
“रहने दे…ज्यादा प्यार मत दिखा…मुझे इसकी अक्ल ठिकाने लगानी है” कहकर माँ देबू से बोली, “यहाँ क्यों आया बिना बताए” माँ ने एक और थप्पड़ देबू के गाल पर मारा। यह थप्पड़ पिछले दोनों थप्पड़ों से अधिक जोर से पड़ा था क्योंकि मौसी की तानाकशी और दोगली बातों ने माँ की क्रोधाग्नि को हवा दे दी थी। थप्पड़ पड़ते ही देबू का मुँह घूम गया और उसके मुँह से लार निकल पड़ी। अब तक पिंकी भी जाग चुकी थी और अपनी मौसी का यह रौद्र रूप देखकर पलंग पर एक कोने में दुबक गयी।
“ओह्हो…बस भी करो क्या मार ही डालोगी?” मौसी ने देबू को माँ की पकड़ से जबरदस्ती छुड़ा लिया और अपने से चिपका लिया। दुखी माँ बाहर आकर सुबकने लगी। सुबक-सुबकर वह कभी खुद को तो कभी देबू को कोसती, “पैदा होते ही मर जाता तो अच्छा था…इसके कारण मुझे क्या-क्या सुनना पड़ता है…अरे लड़का है तो लड़कों की तरह रहे…किस माँ को अच्छा लगेगा कि सब उसे ‘हिजड़े’ की माँ कहें, पर इसे क्या फर्क पड़ता है? यह तो अपनी मस्ती में डूबा हुआ है, इसे क्या पता कि मेरे कलेजे पर क्या बीतती है जब कोई इसे ‘छक्का’, ‘हिजड़ा’, ‘जनखा’ कहकर ताली बजाकर हँसता है” माँ बुरी तरह बिलख रही थी।न जाने कबसे उसके मन में काँटों की तरह चुभते ये शब्द आज आवेश में एक के बाद एक मुँह से निकल रहे थे और देबू के कलेजे को चीर रहे थे।‘अब तक तो बाहर वाले उसे इन शब्दों से पुकारते थे और आज माँ भी…’देबू ने सोचा, ‘इससे तो अच्छा मर ही जाता…कोई बात नहीं अब मर जाऊँगा,’ उसकी आँखों से आँसू नहीं रुक रहे थे। वह जब भी माँ को रोता देखता तो मन-ही-मन बहुत दुखी होता और उसके साथ-साथ खुद भी रोने लगता था। दोनों माँ बेटे बहुत देर तक अपनी-अपनी किस्मत को कोसते हुए रोते रहे।
माँ देबू को लेकर वापस चल दी।पहले देबू ने वापस जाने के लिए मना किया क्योंकि वह जानता था कि घर पहुँचकर उसकी खूब पिटाई होगी, पर माँ ने उसे शीघ्र ही विश्वास दिला दिया कि उसे कोई नहीं मारेगा। रास्ते भर उसनेदेबू से पूरे मन से बात नहीं की। लेकिन देबूउससे बातें करता हुआ वापस अपने गाँव आ गया। उसके मन से यह डर निकल चुका था कि उसे कोई पीटेगा, वैसे भी जब माँ ने वायदा कर ही दिया था तो उसे पीटने वाला फिर कौन था। माँ अपने बच्चे से कभी झूठ नहीं बोलती और बच्चा भी आँख बन्द करके अपनी माँ पर विश्वास करता है। पर देबू को एकबार फिर धोखे का सामना करना पड़ा, और इस बात तो अपनों ने ही उसके साथ छल किया। लेकिन बालमन यह बात कहाँ समझ सकता था कि यह धोखा, धोखा नहीं बल्कि उसकी खराब आदतों को सुधारने के लिए एक सबक था। घर में घुसते ही सबसे पहले माँ ने उसकी खबर ली और उसके बाद राजेन्द्र उस पर बरस पड़ा। राजेन्द्र पर तो जैसे कोई भूत सवार हो गया था। देबू की चीखें सुनकर वह उसे और पीटता और साथ-साथ गालियाँ बकते हुए कहता, “साला हरामी, घर से भागेगा…भाग कहाँ जाएगा भागकर…एक तो पढ़ने में तेरा मन नहीं लगतादूसरे लौंडिया बनकर सबके सामने नाचता फिरता है। पूरे गाँव में जहाँ जाओ यही सुनो कि तेरा भाई हिजड़ा हो गया है क्या…बता मैं क्या जवाब दूँ…बता साले…बता,” कहकर वह जोर-जोर से बेल्ट मारता रहा।
बुरी तरह बिलबिलाता हुआ देबूचीख रहा था, “मत मारो भैया…अब नहीं करूँगा…मत मारो…नहीं जाऊँगा…कुछ नहीं करूँगा…मत मारो भैया…मेरे भैया मत मारो।”
देबू की चीख से माँ का हृदय तार-तार हो रहा था। माँ के कानों में पड़ने वाली देबू की हर चीख उसके दिल के टुकड़े-टुकड़े कर रह थी। लेकिन वह अपना दुख दबाए अपने लाडले बच्चे पर लगे ‘हिजड़ा’ नाम के दाग को पूरी तरह छुड़ाना चाहती थी और उसके लिए वह किसी भी दर्द को सहने के लिए तैयार थी। देबू की चीख से आसपास के लोगों उसके घर में आ गए। पहले तो राजेन्द्र के विकराल रूप को देखकर किसी की हिम्मत नहीं हुई कि कोई बीच में बोले लेकिन जब देबू जमीन पर गिरकर बुरी तरह लोटने लगा तो दो-तीन लोगों ने मिलकर राजेन्द्र को रोक लिया और उसे समझा-बुझाकर शान्त कर दिया। बुरी तरह पिटे देबू को मूर्च्छा आ गयी थी। दूर बैठकर सुबकती माँ पहले तो देबूदेखती रही लेकिन जब दिल नहीं माना तो उसे उठाकरकमरे में बन्द कर दिया औरदिखावा करते हुएबोली, “पड़ा रहने दो इसे, कोई खाना-पीना नहीं देगा। दो दिन भूखा रहेगा तो अक्ल ठिकाने आ जाएगी।”
माँ ने देबू को खाना-पीना न देने की घोषणा तो कर दी लेकिन खाया खुद भी नहीं। दीदी जब भी उसे कुछ खाने को कहती तो “रहने दे मेरे मुँह में नहीं चलेगा”, कहकर अपना मुँह दूसरी तरफ फेर लेती। शाम को लगभग सात बजे मानवेन्द्र बाहर से आया। वह उस दिन किसी काम से शहर गया हुआ था। सारी घटना उसे पता लग चुकी थी। उसने देबू को कमरे से बाहर निकाला रोते, बिलखते और दर्द से कराहते देबूको देखकर माँ उससे लिपट गयी और फूट-फूट कर रोने लगी। दीदी और मानवेन्द्र ने दोनों को सँभाला। सबने मिलकर खाना खाया और माँ अपने प्यार देबू को सीने से लगाकर सो गयी।
घर में निर्णय लिया गया कि ‘देबू का स्कूल बदलवा दिया जाए’, नये माहौल में जाएगा तो खुद ही सुधार होगा नया स्कूल बड़ा था। उसमें विद्यार्थियों की संख्या भी ज्यादा थी। घर से थोड़ा दूर था। मानवेन्द्र के एक मित्र की उस स्कूल के प्रिंसिपल से अच्छी जान-पहचान थी। मित्र के साथ उसकी जीप में मानवेन्द्रदेबू के एडमिशन के लिए गए। रास्ते भर मनुदेबू को समझाता हुआ चल रहा था, “देख, अब ऐसा कोई काम मत करना जिससे तेरी मार पड़े। अब से तू सिर्फ और सिर्फ पढ़ाई पर ध्यान देगा। खूब पढ़ेगा…बोल पढ़ेगा ना?”
देबू हर बात की हामी भरताऔर मन-ही-मन डांस न करने, लड़कियों के साथ न रहने और लड़कियों जैसी हरकतें न करने की कसमें खाता। मनुभाई बातें करते समय प्यार से देबू के सिर पर हाथ फेरता तोदेबू उसके प्रति अपार समर्पण से भर जाता था। वह चाहता था कि भाई से कह दे कि, ‘भइया, मैं जानबूझकर कुछ नहीं करता, मुझसे खुद-ब-खुद हो जाता है, मैं जानबूझकर लड़कियों की तरह नहीं चलता बल्कि मेरी चाल ही ऐसी है, मेरा मन लड़कियों जैसा ही है…भइया मैं क्या करूँ…मैं तो खुद अपने आप से परेशान हूँ’ लेकिन देबू को अपने मन की बात किसी को बताने के लिए शब्द नहीं मिलते थे, उसे डर लगता था कि ‘कहीं किसी को पता चल गया तो लोग क्या कहेंगे? वैसे भी रास्ता चलते जो लोगउसे ‘छक्का’, ‘हिजड़ा’,‘मामू’ बोलते हैं, वे सचमुच मान लेंगे कि मैंहिजडा हूँ और फूलवती को जाकर बता देंगे…’ फूलवती का ध्यान आते ही उसके रोंगटे खड़े हो जाते थे क्योंकि एकबार माँ ने उस डराने की गरज से कहा था, “अगर तू लड़कियों की तरह हरकतें करेगा तो फूलवती उसे अपने साथ ले जाएगी”,ऐसा सोचकर देबू मन ही मन घुट कर रहा जाता था। इस बात को अभी भलीभाँति वह नहीं समझ पा रहा था कि एक पुरुष के तन मेंवह नारी का हृदय, भावनाएँ, इच्छाएँ, भाव-भंगिमाएँ, लज्जाशीलता, कोमलता, त्याग और समर्पण लेकर पैदा हुआ था। बारह-तेरह साल की कच्ची उम्र में उसे यह समझ नहीं आ रहा था कि उसके तन और मन में तालमेल नहीं है।
बातचीत करते हुए वे स्कूल पहुँच गये। चूंकि देबूकक्षा छह में फेल हो चुका था, अतः प्रिंसिपल ने देबू की पाँचवी की रिपोर्ट देखी और उसे अपने स्कूल में कक्षा छह में एडमिशन दे दिया। देबू नये स्कूल में आ चुका था। नयी ड्रेस, नयी किताबें, नये टीचर, नये दोस्त सबकुछ नया था।देबू ने मन-ही-मन सोचा, ‘अब मैं लड़कियों से बात भी नहीं करूँगा। मैं तो लड़का हूँ, तो मैं लड़कों से ही दोस्ती करूँगा।’लगभग रोज़ ही यह दृढ़ निश्चय करके वह स्कूल जाने लगा और पढ़ाई में मन लगाने लगा। उम्र बढ़ने साथ-साथ समझ भी बढ़ती है और सबसे पहले शरीर के रहस्य खुलते हैं।देबू भीधीरे-धीरे अपने तन और मन को समझने लगा था। उसके अन्दर की स्त्री जब-जब अँगड़ाई लेती तो वह घर से दूर नहर पर चला जाता। वहाँ बैठकर बहते पानी को देखता और मन-ही-मन अपने अन्दर की स्त्री से कहता,‘मैं कभी-न-कभी तुम्हें बाहर लाऊँगा…देख लेना एक दिन मैं खुद को बदल दूँगा। तन और मन का भेद मिटा दूँगा…देखना, एक दिन ऐसा जरूर होगा।…बस मुझे थोड़ा समय दो।’
क्रमशः
लवलेश दत्त
WhatsApp Image 2026-08-10 at 16.21.47 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment