दर्द न जाने कोई
भाग -10
देबू का स्कूल नया और बड़ा था। लेकिन समस्याएँ पुरानी ही थीं। यहाँ भी आये दिन वह अपमान, छीटाकशी, तानाकशी, मजाक, छेड़छाड़ का पात्र बनता ही रहता था। यह सब जैसे देबू के जीवन के अंग बन चुके थे। एक परिवर्तन अवश्य था कि अब देबू भी बड़ा हो रहा था। उसके शरीर के बाहरी हिस्सों में पुरुषोचित चिह्न उभर रहे थे तो भीतर अँगड़ाई लेती युवती भी बाहर आने को आतुर थी। देबू के हाव भाव दुनिया के सामने और अधिक मुखर हो रहे थे। परिणामतः उसे रास्ता चलते लोगों की तीखी और मन को चुभने वाली बातें सुननी पड़ती थीं। अपने लिए अश्लील संबोधन सुनने पड़ते थे।
उस दिन दोपहर में वह स्कूल से वापस आ रहा था कि एक दुकान पर रुका। उसे एक कॉपी चाहिए थी। उसने दूकानदार से कॉपी ली। कॉपी का मूल्य उसके अनुमान से अधिक निकला और उसके पास पूरे पैसे नहीं थी। उसने कॉपी लौटानी चाही लेकिन अगले ही पल स्कूल में दिया गया होमवर्क न करने पर सजा मिलने तथा टीचर से खरीखोटी सुनने के कारण वह कॉपी लौटाना नहीं चाहता था। उसने दूकानदार से विनती की, “काका…यह कॉपी मैं ले जाऊँ बाकी के दो रूपये कल दे दूँगा। अभी मेरे पास नहीं है और होमवर्क भी करना है। कल स्कूल से आते समय मैं दो रूपये दे दूँगा।”
“नहीं-नहीं, तुम स्कूल के लौंडों का कोई भरोसा नहीं। आज कॉपी ले जा रहे हो फिर पता नहीं स्कूल आओ या नहीं…वैसे भी एक-दो रूपया ही तो बचत है उसे भी गँवा दूँ…लाओ वापस करो…कल पूरे पैसे ले आना और कॉपी ले जाना,” दूकानदार ने सख्त होते हुए कहा।
“पर…काका…कॉपी लेना बहुत जरूरी है…अगर कॉपी नहीं ली तो…”
“तो ऐसा कर कि घर से पूरे पैसे ले आ और फिर आकर ले जाना,” दूकानदार ने हाथ से कॉपी छीनते हुए कहा।
“घर दूर है काका…आने-जाने में समय बहुत लगेगा…मैं कह रहा हूँ कि बाकी के दो रूपये कल दे दूँगा, आप मुझे कॉपी दे दो,” देबू ने फिर मिन्नत की।
“क्या है…क्या मामला है…लड़के को कॉपी क्यों नहीं दे रहे हो,” इससे पहले कि दूकानदार कुछ बोलता, पास खड़े पुलिस वाले ने तम्बाकू मसलते हुए कहा।
“अरे साहब…ये स्कूल के छोकरे एक दो रूपया उधार कर जाते हैं और फिर लौटकर नहीं आते…न जाने कितने रूपये ऐसे ही गँवा चुका हूँ,” दूकानदार ने दीनभाव से कहा।
“यह कह तो रहा है कि कल दे जाएगा बाकी के दो रूपये,” तम्बाकू मुँह में डालते हुए देबू को देखकर पुलिसवाले ने कहा।
“हाँ भैया! मैं कल बाकी के दो रूपये दे दूँगा,” देबू ने उसकी ओर देखते हुए कहा।
“साहब, अगर आप कहते हैं तो दे दे रहा हूँ लेकिन मैं जानता हूँ कि मेरे यह दो रूपये भी मारे जाएँगे” बेमन से दूकानदार ने कॉपी देबू के हाथ में पकड़ा दी। देबू ने दस का नोट उसे दिया और इतने में दो रूपये पुलिस वाले ने दूकानदार को ऊपर से देते हुए कहा, “यह लो…तुम्हारे पैसे पूरे” और फिर चिटूं की ओर देखते हुए बोला, “कल भी मेरी ड्यूटी यहीं पर है, तुम मुझे दे देना…ठीक है,” पुलिस वाले ने मुस्कुराते हुए देबू के सिर से पीठ तक हाथ फेरा। कॉपी मिलने और पुलिसवाले के अच्छे व्यवहार से देबू खुश था। उसने उसे दो रूपये कल ही देने का वादा किया और अपने रास्ते पर चल दिया।
अगले दिन वापसी में वह पुलिस वाले को ढूँढ़ता रहा लेकिन वह नहीं मिला। उसने उसी दूकानदार से पूछा, “काका…वह अंकल नहीं आए जिन्होंने कल मेरी कॉपी के रूपये दिये थे।”
“नहीं बेटा…आज तो सुबह से ही नहीं दिखे,” दूकानदार ने उत्तर दिया।
कुछ मिनट वहीं रूककर देबू ने उसका इन्तज़ार किया, फिर वह घर की ओर चला दिया। इसी तरह चार-पाँच दिन गुजर गए। एक दिन स्कूल से घर वापसी के समय देबू ने देखा कि वही पुलिस वाला अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर सामने आ रहा था। उसने तुरन्त रोक लिया और उसे दो रूपये वापस करने लगा। रूपये देखकर पहले तो पुलिसवाला हँसा फिर बोला, “अरे रख ले…मैंने तुझे छोटा भाई समझ कर ही दिए हैं…आ बैठ मैं तुझे घर छोड़ दूँ।” देबू खुशी-खुशी उसकी मोटरसाइकिल पर बैठ गया। इस तरह छुट्टी के समय देबू को वह अक्सर रास्ते में मिलता और वह उसे घर तक छोड़ देता। कुछ ही दिनों में उनमें अच्छी दोस्ती हो गयी। देबू को पुलिसवाले के रूप में एक दोस्त मिल गया था। देबू को अक्सर पेन, पेन्सिल, कॉपी, रजिस्टर, स्केचपेन आदि-आदि की जरूरत पड़ती थी और पुलिसवाला दोस्त उसकी यह ज़रूरत दो-चार, दस रूपये से यह कहकर पूरी कर दिया करता था कि ‘बड़े भाई की तरफ से रख ले’। पहले तो देबू को रूपये लेने में बहुत संकोच हुआ लेकिन घर की माली हालत दिन-ब-दिन बिगड़ती जा रही थी। उसे भी आए दिन स्कूल की छुट्टी करके कभी तेंदू पत्ते तोड़ने, कभी लकड़ियाँ बीनने, कभी महुआ या साग-सब्जियाँ तोड़ने के लिए माँ के साथ पहले जंगल और फिर उन्हें बेचने के लिए बाजार जाना पड़ता था। कभी-कभी तो हालत इतनी खराब हो जाती कि आधा ही पेट भर पाता। ऐसे में देबू की कापी, किताब, पेंसिल का खर्च घर से मिल पाना तो अंसभव था। घर से पैसे माँगने पर डाँट खाने और स्कूल जाने को मना किए जाने की भी पूरी संभावना थी और देबू नहीं चाहता था कि वह स्कूल जाना छोड़े। वह खूब पढ़ना चाहता था। वह अक्सर सोचा करता था, ‘मैं पढ़लिखकर एक अच्छी-सी नौकरी करूँगा और फिर माँ को अपने पास रखूँगा, उसे कोई काम नहीं करने दूँगा। उसकी बहुत सेवा करूँगा।’ ऐसे में उसका पुलिसवाला दोस्त मानो देवदूत बनकर उसके जीवन में आया था। पुलिस वाले दोस्त से मिली सहायता से छोटी-छोटी ज़रूरतें पूरी हो रही थीं और घर से माँगना भी नहीं पड़ रहा था। देबू को अपना पुलिसवाला दोस्त अच्छा लगने लगा था।
देबू अक्सर रात में अपने कमरे से बाहर चाँद देखा करता था। उसे वह आधा चाँद बहुत अच्छा लगता था। वह सोचता था, ‘मैं भी तो ऐसा ही आधा हूँ…बाहर यानी रोशनी में कुछ और उधर दूसरी तरफ जो अँधेरे का हिस्सा है उसमें कुछ और…लेकिन मेरी सच्चाई इन दोनों से मिलकर भी नहीं बनती है क्योंकि मैं दिखता कुछ और हूँ और हूँ कुछ और,’ इस तरह की बातें देबू को परेशान कर देतीं। वह सोचता, ‘अगर मैं लड़का हूँ तो और लड़कों जैसा क्यों नहीं हूँ? क्यों मैं और लड़कों के रहने में शरम महसूस करता हूँ और यदि मैं लड़की हूँ तो और लड़कियों सा क्यों नहीं? उनकी तरह न तो मेरी आवाज़ है और न मेरा शरीर…मैं अलग क्यों हूँ?’ अचानक उसे वह दिन याद आया जब वह स्कूल के ग्राउंड में पाकड़ के पेड़ के नीचे बने चबूतरे पर बैठा अपना काम कर रहा था। कुछ लड़के उसके पास आए और उसे दूर से देखकर एक लड़का कहने लगा, “वह देखो यारो, वह बीच वाला बैठा है…बीच वाला यानी…” और उसके ‘यानी’ पर सब बोल उठे “हिजड़ा”। “हिजड़ा” शब्द उसके कानों से सीधे दिल में उतरकर नश्तर की तरह चुभ गया। उसका मुस्कुराता चेहरा निस्तेज हो गया। बुझी आँखों से उसने उनकी ओर देखा तो वे सब ताली बजाकर यह कहत हुए हँसने लगे कि, “अब हमारे स्कूल में हिजड़े भी पढ़ेंगे।” यह याद आते ही देबू को घबराहट होने लगती है। वह खुद से पूछने लगता है, ‘क्या वह हिजड़ा है? क्या वह फूलवती की तरह हिजड़ा है जो अपनी टोली के साथ घर-घर जाकर नाचती गाती है? क्या वह भी उसी की तरह ही बन जाएगा? क्या मोहल्ले की औरतें माँ से सच कहती हैं कि यदि फूलवती और उसके साथियों को पता चल गया तो वह उसे अपने साथ ले जाएँगे?’ घबराहट में देबू का गला सूख जाता है। दिल की धड़कनें बढ़ जाती हैं और पेट में मरोड़ें-सी उठने लगती हैं। वह निश्चय करता है कि ‘वह किसी को पता नहीं लगने देगा कि वह लड़का नहीं है। वह हर हाल में खुद पर नियंत्रण करेगा।’ मन की कसमसाहट को मुश्किल से काबू कर वह तकिये को बाहों में कसकर भींचता है और सोने की कोशिश करता है। अकेले में अक्सर इसी तरह के ख्याल उसे डराया करते हैं।
क्रमशः
लवलेश दत्त