मेघा राठी का उपन्यास ‘वहाँ कौन है ‘ भाग -52

वहाँ कौन है? — भाग 52

वेलकार गहरी सोच में डूबा था। उसके सामने खड़े होकर भी लेविरा कुछ क्षण तक चुप रही। शायद वह शब्द खोज रही थी, या फिर अब उस स्थिति का सामना करने का साहस जुटा रही थी जो सच बताने के बाद सामने आने वाली थी

कुछ देर बाद उसने धीमे स्वर में कहा,“मुझसे नाराज मत रहो, वेलकार। तुम मेरे सबसे अच्छे मित्र हो। मुझसे गलती हुई मगर यकीन जानो… मैं तुम्हें बताना चाहती थी। उस दिन उत्सव के दिन…”

वेलकार ने अचानक आँखें खोल दीं। उसने लेविरा के दोनों कंधे पकड़ कर सीधे उसकी आंखों में झांका , “क्या हुआ था उस दिन?बताओ लेविरा।”

उसकी आवाज में बेचैनी थी, “मुझे उत्सव में सिर्फ इतना याद है कि तुमने रंगों की प्लेट मेरी ओर उछाली थी। उसके बाद का कुछ भी याद क्यों नहीं है?”

तभी रेवनोर की आवाज आई, “सिर्फ तुम्हें ही नहीं, वेलकार… किसी को भी कुछ याद नहीं।”

वेलकार की भौंहें सिकुड़ गईं, “क्या मतलब?”

“सभा में एलवारा के अंश के लुप्त होने के बाद जब सबको होश आया तो यही बात सामने आई थी। किसी को याद नहीं था कि उत्सव में रंग उड़ाने के बाद क्या हुआ। हमें बस इतना याद है कि एलवारा के क्षेत्र की ओर से एक करुण ध्वनि सुनाई दी थी। इतनी विचित्र ध्वनि कि पूरा उत्सव जैसे एक पल में थम गया। सभी उसी दिशा में भागे थे।”

रेवनोर की बात सुनते हुए लेविरा ने सिर झुका लिया ।

“वहाँ पहुँचने पर एलवारा के क्षेत्र के रक्षक बेहोश पड़े थे… और चेतना का वह अंश गायब था।”, रेवनोर भी कुछ सदमें में दिख रहा था शायद इसलिए इतनी बड़ी घटना के पीछे उसकी अपनी बहन का भी कुछ सहयोग था।

वेलकार ने लेविरा को कड़ी दृष्टि से देखा, “लेकिन तुम जानती हो कि क्या हुआ था।”

लेविरा चुप रही और जमीन देखती रही।

“मैंने तुमसे पहले भी पूछा था। तुम तब भी कुछ नहीं बता पाई थीं। तुम भी बेहोश हो गई थीं…मगर अब तुम सच बताओ। एलवारा के सामने तुमने जिम्मेदारी ली थी न… नैव की? और हम सभी जानते हैं कि तुम एलवारा की प्रियजनों में थीं इसलिए भी उसने तुम्हारी जिम्मेदारी पर भरोसा कर लिया। ”

लेविरा ने थूक निगला। उसके होंठ काँपे।तभी मायरा के भीतर जैसे कोई पुराना घाव फिर से जाग गया।उसे अम्भोर याद आया।
वह धोखा, जिस पर उसने विश्वास किया था। उसके कारण जललोक की नागमणि की शक्तियाँ कमजोर पड़ गई थीं और वहाँ की परिस्थितियाँ कितनी भयावह हो गई थीं। कितने लोगों को उसकी कीमत चुकानी पड़ी थी और अंत में अब वही थी जिसे सब कुछ ठीक करने के लिए आगे आना पड़ा था।

शायद इसी कारण वह लेविरा के चेहरे पर छिपे अपराधबोध को बाकी लोगों से अधिक समझ पा रही थी। पुरुष अपनी महत्वाकांक्षा पूरी करने लिए स्त्रियों के कोमल मन पर अपने झूठे प्रेम का वार कर, कैसे छल करते हैं …यह इस समय मायरा से अधिक कोई नहीं समझ सकता था।

मायरा धीरे-धीरे उसके पास गई और उसका हाथ पकड़ लिया।
“लेविरा… हर गलती धोखा नहीं होती लेकिन अगर तुम सच बताओगी तो शायद हम समझ पाएँगे कि वास्तव में हुआ क्या था।”

लेविरा ने उसकी ओर देखा।मायरा की आँखों में आरोप नहीं था सिर्फ सहानुभूति थी।लेविरा ने उसकी उँगलियाँ कसकर पकड़ लीं और फिर कहा,“नैव मुझे उसी गुफा के बाहर मिला था…”,सभी का ध्यान उसकी ओर टिक गया। “वही गुफा… जहाँ से तुम लोग इस लोक में आए थे। वह बुरी तरह घायल था। उसके शरीर पर ऐसे घाव थे जिन्हें देखकर मुझे लगा था कि वह शायद जीवित नहीं बचेगा।”

“तब उसका रूप कैसा था?” प्रभात ने पूछा।

“तुम लोगों जैसा नहीं,” लेविरा ने कहा, “उसका चेहरा, त्वचा और शरीर की बनावट हमसे बिल्कुल अलग थी लेकिन उसकी आँखों में ऐसी असहायता थी कि मैं उसे वहीं छोड़ नहीं सकी।”

वह उसे अपने घर ले आई। कई दिनों तक उसने उसकी देखभाल की। धीरे-धीरे उसके घाव भरने लगे मगरअपनी पहचान के बारे में पूछने पर उसके पास कोई उत्तर नहीं था।

“मुझे कुछ याद नहीं,” वह बार-बार कहता…उसे अपना घर याद नहीं था…अपना लोक याद नहीं था…यहाँ तक कि उसे यह भी पता नहीं था कि वह वहाँ तक पहुँचा कैसे था।

वेलकार ने लेविरा के कंधे छोड़ दिए थे और अब वह सिर्फ लेविरा को सुन रहा था। उसका चेहरा भाव विहीन था। लेविरा उसके चेहरे को देख कर सहम कर जैसे ही चुप हुई , वेलकार ने उसे बोलते रहने का इशारा कर दिया।

“नैव नाम भी मैंने ही उसे दिया था,” लेविरा अटकते हुए बोली। “क्योंकि जब उससे उसका नाम पूछा तो वह केवल मुझे देखता रहा था।”

“एक साथ रहते-रहते हम दोनों के बीच निकटता बढ़ती गई।फिर वह निकटता कब प्रेम में बदल गई, मुझे स्वयं पता नहीं चला।

एक दिन मैने नैव से कहा था,’तुम हमेशा के लिए यहीं क्यों नहीं रह जाते?’

नैव बहुत देर तक चुप रहा था फिर उसने कहा,’ मैं तुम्हारी दुनिया का नहीं हूँ, लेविरा। अभी तक किसी को मेरे बारे में पता नहीं है। लेकिन अगर मैं हमेशा यहाँ रहा तो एक दिन लोग सवाल करेंगे। मैं कौन हूँ? कहाँ से आया हूँ? मुझे यहाँ रहने की अनुमति किसने दी?’

उसकी बात सही थी। इसलिए मैं उसे लेकर एलवारा के पास गई।
और मैंने एलवारा से प्रार्थना की थी कि वह नैव को हमारे लोक का बना दे।
” ओह अब समझा… एलवारा ने उसकी कहानी सुनी और फिर वही किया जो वह हमेशा करती थी प्रेम पर विश्वास किया। क्योंकि वह सरल है …भोली है।”, वेलकार के होंठ व्यंग्य करते हुए तिरछे हो गए, ” फिर उसने नैव के शरीर और रूप को द्युति लोक के निवासियों जैसा बना दिया। है न?”

लेविरा ने चुपचाप सिर हिला दिया। उसकी आँखें अब भी झुकी हुई थी और उंगलियां मायरा की उंगलियों में फंसी हुई थी।

” यही कारण था नैव अब किसी बाहरी व्यक्ति की तरह दिखाई नहीं देता था।वह हमारे बीच रह सकता था।..कोई उसे देखकर यह नहीं कह सकता था कि वह किसी दूसरे लोक से आया है।”, वेलकार बुरी तरह झुंझला गया और उसने प्रकाश की दीवार पर इतनी जोर से हाथ मारा कि कुछ पल के सभी प्रकाश बिंदु अपने स्थान से अस्त व्यस्त होकर कमरे में घूमने लगे और फिर धीरे– धीरे पुनः उसी दीवार का हिस्सा बन गए।

प्रभात और सुक्खी इस दृश्य को बहुत विस्मय से देख रहे थे।
तभी उदय ने पूछा, “एलवारा ने उससे कोई कठोर प्रश्न नहीं किया?”

लेविरा के चेहरे पर एक कड़वी मुस्कान आई, “यही तो उसकी सबसे बड़ी खूबी है… और कभी-कभी उसकी सबसे बड़ी कमजोरी भी। उसने नैव के प्रेम और सम्मान को देखा और उसी को पर्याप्त मान लिया।”

कुछ क्षण वह चुप रही।“नैव एलवारा के बारे में बहुत प्रश्न करता था। वह अक्सर उससे मिलने जाता था मेरे साथ। वह उसकी शक्ति के बारे में जानना चाहता था। एलवारा को लगा कि वह केवल उत्सुक है क्योंकि वह बहुत विनम्रता से झुक कर कृतज्ञ होकर उससे बात कर रहा था।”

“और फिर?” मायरा ने पूछा।

“फिर एक दिन वह मेरे साथ जब उससे मिलने गया तो उसने बहुत सामान्य ढंग से पूछा..अगर एलवारा की चेतना इतनी विशाल है तो क्या उसकी शक्ति का कोई ऐसा हिस्सा भी है जो अलग होकर किसी दूसरे कार्य में लगाया जा सके?”

अब सभी पूरी तरह लेविरा की बात सुन रहे थे। प्रभात और सुक्खी ने भी दीवार से दृष्टि हटाकर लेविरा पर टिका दी।

लेविरा आगे बोली,“ न जाने कैसे एलवारा उससे इतनी प्रभावित हो गई कि उसने उसे बता दिया कि उसकी चेतना एक ही रूप में नहीं रहती। उसके कुछ अंश पूरे संसार की जीव-स्मृति की धाराओं को संतुलित रखते हैं। जीवों की स्मृतियाँ, उनकी चेतना, जन्म और मृत्यु के बीच बनने वाले संबंध… इन सबके बीच जो सूक्ष्म संतुलन है, उसमें उसके एक विशेष अंश की भूमिका है।”

सुक्खी ने धीरे से पूछा,“यानी अगर वह अंश गायब हो जाए तो सिर्फ द्युति लोक पर असर नहीं पड़ेगा?”

“नहीं,” लेविरा ने सिर हिलाया। “पूरा संसार प्रभावित हो सकता है।”

कमरे में अचानक सन्नाटा छा गया।

“अगर वह अंश किसी ऐसे व्यक्ति के हाथ लग जाए जो उसकी प्रकृति को समझता हो,” लेविरा ने कहा, “तो वह व्यक्ति जीवों की स्मृति-धाराओं को प्रभावित कर सकता है। वह किसी जीव की स्मृति को कमजोर कर सकता है, किसी पुरानी स्मृति को वर्तमान में खींच सकता है और सबसे खतरनाक बात… अलग-अलग जीवों की चेतना के बीच बने संतुलन को बिगाड़ सकता है।”

उदय ने गंभीर होकर पूछा,“क्या वह व्यक्ति शक्तिशाली हो जाएगा?”

“सिर्फ शक्तिशाली नहीं,” लेविरा ने कहा, “वह उन सीमाओं को छू सकता है जिन्हें सामान्य चेतना कभी नहीं छू सकती। उसे यह जानने की क्षमता मिल सकती है कि किसी जीव की स्मृति कहाँ से बनी, कौन-सी चेतना किससे जुड़ी है और किस बिंदु पर उस संबंध को बदला जा सकता है। वह स्मृतियों को भी बदल सकता है।”

प्रभात ने धीमे स्वर में कहा,“और अगर कोई व्यक्ति गलत इरादे वाला हो, इसका गलत उपयोग करे तो?”

“तब लोग अपनी स्मृतियों पर भरोसा करना खो सकते हैं। जीव अपने अनुभवों को गलत ढंग से याद कर सकते हैं। कुछ चेतनाएँ अपने पुराने संबंधों से कट सकती हैं। जन्म लेने वाली नई चेतनाओं तक पर उसका प्रभाव पड़ सकता है।”

मायरा की आँखें फैल गईं, “तो एलवारा ने उसे यह सब बता दिया?”

लेविरा ने सिर झुका लिया,“हाँ और नैव ने बहुत चालाकी से पूछा कि वह अंश कहाँ है?” उसकी आवाज में पछतावा था।

“उसने कभी ऐसा नहीं जताया कि वह उसे पाना चाहता है… वह एलवारा की प्रशंसा करता। उसकी शक्ति को समझने की कोशिश करता कि उसकी शरण में जाने से उसकी चेतना को वह किस स्तर पर ले जा सकता है।”

वह धीरे-धीरे बोलती रही, “फिर उसने एक दिन पूछा,‘अगर कोई उस अंश तक पहुँच भी जाए तो उसे पहचान कैसे पाएगा? क्या वह बाकी ऊर्जा से अलग दिखाई देगा?’”

लेविरा ने आँखें बंद कर लीं, “एलवारा ने उसे बताया कि वह अंश उसके क्षेत्र की हरी प्रकाश-परतों में सुरक्षित रहता है। वह सामान्य प्रकाश नहीं था। वह जीव-स्मृति की धाराओं से जुड़ा हुआ एक विशेष क्षेत्र था। वहाँ पहुँचने के लिए बाहरी व्यक्ति को केवल रास्ता जानना पर्याप्त नहीं था।”

“फिर?” उदय ने पूछा।

“नैव ने पूछा था—‘अगर कोई सचमुच एलवारा की सेवा करना चाहे और उस अंश का ध्यान कर अपनी चेतना को सशक्त करना चाहें तो वह कैसे वहां तक पहुँचेगा?, उसे बिना देखे उसका ध्यान किस रूप में कर पाएगा?’”

लेविरा ने मायरा की ओर देखा, “एलवारा को जरा भी संदेह नहीं हुआ। उसे लगा नैव अपनी आध्यात्मिक चेतना के विस्तार के लिए यह सब जानना चाहता है।”

यहीं नैव ने सबसे महत्वपूर्ण जानकारी हासिल कर ली।

उसने जान लिया कि उस सुरक्षित क्षेत्र तक पहुँचने के लिए केवल सामान्य मार्ग पर्याप्त नहीं था। वहाँ जाने वाले को एलवारा की चेतना से जुड़ी एक विशेष प्रकाश-धारा का अनुसरण करना पड़ता था जो सामान्य आँखों को दिखाई नहीं देती थी। वह धारा केवल तब स्पष्ट होती थी जब कोई जीव-स्मृति के कंपन से स्वयं को एक निश्चित लय में जोड़ पाता था।

और उस लय को पहचानने का तरीका भी नैव ने बड़ी सहजता से पूछ लिया था।

“वह रास्ता किसी नक्शे पर नहीं था,” लेविरा बोली। “एलवारा ने बताया था कि उस क्षेत्र की पहचान स्थान से नहीं, उसकी प्रतिक्रिया से होती है। वहाँ पहुँचने वाला व्यक्ति जब उस विशेष प्रकाश-परत के सामने खड़ा होगा तो उसकी अपनी चेतना में हल्का कंपन उत्पन्न होगा। वही संकेत मार्ग को प्रकट करेगा।”

सुक्खी ने धीरे से कहा,“मतलब नैव ने रास्ता भी जान लिया… और पहचानने का तरीका भी।”

कुछ देर तक कोई नहीं बोला।वेलकार बिल्कुल स्थिर खड़ा था।
फिर उसने बहुत धीमे स्वर में कहा,“तुमने मुझसे यह सब क्यों छिपाया, लेविरा?”

लेविरा की आँखें भर आईं।“क्योंकि मैं प्रेम में थी।”

“तुमने मुझे अपना सबसे अच्छा मित्र कहा था। हम बचपन से साथ थे। हमने एक-दूसरे से कभी कुछ नहीं छिपाया, फिर भी तुमने मुझे यह नहीं बताया कि वह कौन है… कहाँ से आया है… और एलवारा से क्या जान रहा है।”

लेविरा ने सिर झुका लिया,“प्रेम ने मुझे अंधा कर दिया था, वेलकार।”

वेलकार की आँखों में पीड़ा उतर आई,“हमारे ग्रह पर किसी के भीतर दुराव, छल या झूठ जैसे भाव थे ही नहीं।”

उसने धीरे से आसपास देखा,“हमने कभी इनके बारे में सोचा तक नहीं था। इसीलिए द्युति लोक इतना प्रकाशमान है,” उसने कहा, “क्योंकि यहाँ का प्रकाश केवल बाहर नहीं है। वह हमारे भीतर के सत्य से भी जुड़ा है।”

वह कुछ क्षण रुका, “जब किसी के मन में छल जन्म लेता है, तो उस व्यक्ति के आसपास का प्रकाश मंद पड़ने लगता है। मैंने तुम्हारे घर के आसपास भी एक बार ऐसा महसूस किया था। लेकिन मैंने उस पर ध्यान नहीं दिया।”

उसने लेविरा की ओर देखा,“क्योंकि मुझे तुम पर विश्वास था।”

लेविरा के पास इस बार भी कोई उत्तर नहीं था।कमरे में फिर वही भारी चुप्पी उतर आई लेकिन अब एक बात स्पष्ट थी।एलवारा का वह अंश केवल द्युति लोक की शक्ति नहीं था।वह पूरे संसार की जीव-स्मृति और चेतना के संतुलन से जुड़ा था।

और नैव…वह केवल किसी दूसरे लोक से आया हुआ अजनबी नहीं था, वह उस रहस्य के बहुत करीब पहुँच चुका था, जिसकी रक्षा के लिए एलवारा ने न जाने कितनी व्यवस्थाएँ बनाई थीं।

लेकिन उसने वह अंश पाया कैसे?इस प्रश्न का उत्तर अभी बाकी था।
Megha

WhatsApp Image 2026-06-26 at 18.05.06 (1) — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment