भलोल
भाग -61
मैंने धारचुला की कॉल बुक की हुई थी। इंटरकॉम की घंटी बजी। उठाया तो दूसरी ओर ऑपरेटर ने कहा, “सर, आपकी धारचुला की कॉल।”
“सर, गुड मार्निंग, मैं सूबेदार सतनाम सिंह बोल रहा हूँ।”
“गुड मार्निंग साहब, मैं इस समय 20 दिन छुट्टी पर हूँ। मुझे 15 तारीख को बरेली में गाड़ी चाहिए। 15 तारीख सुबह मैं बरेली पहुँच जाऊँगा। अभी से कागजी कार्रवाई करके समय पर गाड़ी भेज देना।”
“राइट सर, गाड़ी समय पर पहुँच जाएगी। दूसरे, सर, आपके कोर्स का रिजल्ट आ गया था। आर्मी हेडक्वार्टर ने आपके प्रोमोशन की रिक्मेंडेशन मांगी थी। मेजर डडवाल साहब ने सिग्नल से रिक्मेंडेशन भेज दी थी।”
“ओके, थैंक्स साहब।”
कहकर मैंने फोन काट दिया। राजी ने पूछा, “सूबेदार साहब क्या कह रहे थे?”
“कह रहा था, कोर्स का रिजल्ट आ गया था और प्रोमोशन रिक्मेंडेशन चली गई। तैयारी करके आऊँ।”
“बधाई, यह तो खुशी की बात है।”
“खुशी की बात तो है लेकिन मेरी पोस्टिंग आ जाएगी। मेरा फील्ड पूरा नहीं हुआ है, इसलिए पोस्टिंग फील्ड की आएगी।”
“कोई बात नहीं। क्वार्टर तो यही रहेगा।”
“हाँ, क्वार्टर यही रहेगा, केवल स्टेशन हेडक्वार्टर को नई यूनिट का फील्ड का सर्टिफिकेट देना पड़ेगा।”
“कोई नहीं, अभी मेरी छुट्टी काफी पड़ी है। ठीक महसूस करूँगी तो छुट्टी खत्म होने से पहले मैं फैक्ट्री ज्वाइन कर लूँगी।”
“अभी ऐसा मत करना। मुन्ना को तुम्हारी फीड की जरूरत रहेगी। कैसे मैनेज हो पाएगा? जब मुन्ना ऊपर की फीड लेने लगे, तब फैक्ट्री जाना।”
“हाँ जी, यह भी ठीक है। मैं ऐसा ही करूँगी।”
…
राजी अभी बाहर नहीं निकल सकती थी इसलिए झाईजी-पापाजी और भाई-भाभी स्वयं मिलने आए। सारा दिन रौनक रही। पंजीरी वे पहले भी बनाकर दे गए थे और 5 किलो पंजीरी दे गए। मुझे 14 रात को ट्रेन पकड़नी थी। मैं समय पर स्टेशन पहुँच गया था। मैंने मम्मी जी को 5 हजार रुपए दिए और राजी को 10 हजार। राजी ने कहा, “अलॉटमेंट तो आ रही है, फिर इनकी क्या जरूरत है? मम्मी जी को दिया, बहुत अच्छा किया।”
“राजी, पैसों की जरूरत हमेशा पड़ती है। तुम्हें या सुमन को बैंक से पैसा निकलवाने की जरूरत नहीं रहेगी।”
14 तारीख को मैं ट्रेन पकड़ कर 15 की सुबह 10 बजे बरेली पहुँच गया। सुमन ने डिनर पैक करके दे दिया था। उस समय ट्रेन में डिनर नहीं दिया जाता था। हाँ, चाय जरूर मिलती थी।
मेरे लिए ड्राइवर और एक जवान जीप लेकर आए हुए थे। मैंने कुली से सामान उठवाया और वह जीप में रख कर चला गया। ड्राइवर ने जीप में बैठते ही मुझे बता दिया था कि मेरा प्रोमोशन और पोस्टिंग दोनों आए हुए। पोस्टिंग ईस्टर्न कमांड में थी।
“कोई बात नहीं, मैं जानता था कि ऐसा होने वाला है। पहले बनवासा में डिटैचमेंट देखेंगे, लंच करेंगे, फिर आगे चलेंगे।”
“ठीक है, सर।”
डिटैचमेंट पहुँचे। संतरी कड़क यूनिफार्म में राइफल लिए ड्यूटी दे रहा था। उसने मुझे सैल्यूट किया। मैंने पूछा, “कैसा है, जवान?”
“ठीक है सर “
“
जे.सी.ओ. इंचार्ज भी बाहर आए, सैल्यूट किया। मैंने कहा, “अब अकोमोडेशन ठीक है।”
कहते हुए मैं गार्डरूम में चला गया। जो जवान ऑफ ड्यूटी थे उन्होंने भी खड़े होकर सैल्यूट किया। मैंने गोला-बारूद का कमरा देखा। वह खाली था।
“सर, कल ही सारा स्टोर शिफ्ट किया है।”
“साहब, जवानों को क्वार्टर मिले?”
“हाँ सर, जो जवान फैमिली लाना चाहते थे, उन्हें क्वार्टर दिए गए हैं। शेष तीन जवान हैं जो फैमिली नहीं लाए। वे ए.एस.सी. यूनिट में खाने के लिए अटैच हैं। मैं भी खाने और रहने के लिए ए.एस.सी. जे.सी.ओ. क्लब में अटैच हूँ।”
मैं सारी डिटैचमेंट देखकर ऑफिस आकर बैठ गया। मैं संतुष्ट था। फिर भी पूछा, “अब कोई फैमिली झुग्गी-झोंपड़ी में तो नहीं रह रही?”
“नहीं सर। सब क्वार्टरों में हैं और सुरक्षित हैं। खुश हैं। मेरी सख्त नजर उन पर है कि कोई भी गाँव में गंदी औरतों के पास न जाए।”
“गुड, आपके पास एल.आर.सी. फार्म हैं?”
“हैं, सर।”
“दो फार्म दे दो। मैं अफसर-मेस में लंच कर लूँगा और जवान जवानों की मेस में लंच कर लेंगे।”
“सर, अफसर-मेस के कैप्टन राजीव को पहले बताना पड़ेगा।”
“मैं अभी बता देता हूँ। क्या है उनका नंबर?”
“सर, 379”
मैंने फोन मिलाया और अपना परिचय दिया, “सर, मैं आपके मेस में लंच कर सकता हूँ?”
“वेलकम लेफ्टिनेंट निंदर, आपको एल.आर.सी. देनी होगी।”
“एल.आर.सी. मेरे पास है।”
“मैं मेस-हवलदार को बोल देता हूँ। वह आपको लंच सर्व कर देगा। एल.आर.सी. भी आप उसे दे दें।”
मैंने ‘थैंक्स’ कहा और फोन काट दिया।
“सर, मैं मेस में एल.आर.सी. देकर जवानों का खाना यहीं मंगवा दूँगा। आप आराम से लंच करके आएँ। मेरी गाडी आपको अफसर मेस छोड़ देगी”
… मेस में खाना खाते मुझे एक घंटा लग गया। डिटैचमेंट में आया और आगे का सफर शुरू किया। टनकपुर से आगे निकले तो सर्दी एकदम बढ़ गई थी। मैंने बैग से कोट-पारका और केप-बलकालावा पहन लिया। जवानों ने पहले ही पहन लिया।
धारचुला पहुँचते-पहुँचते रात के 8 बज गए थे। बारिश और चढ़ाई के कारण गाड़ी तेज नहीं चल रही थी। कमरे में जाकर फ्रैश हुआ। मेरा सेवादार रम और पानी ले आया। साथ में पकौड़े थे। मैंने पूछा, “सोडा है?”
“है. सर।”
“सोडे की एक बोतल ले आओ।”
मैं रम में सोडा मिलाकर पीने लगा। एक्सचेंज को बोला, “क्वार्टर पर फोन मिला कर दो।”
जवाब मिला, “सर, मौसम बहुत खराब है। मैं कोशिश करता हूँ।”
थोड़ी देर बाद फोन की घंटी बजी और राजी की आवाज सुनाई दी। मैंने कहा, “मौसम बहुत खराब है। बारिश भी हो रही है। लाइन डिस्टर्ब है। मैं ठीक से यूनिट में पहुँच गया हूँ।”
राजी ने कहा, “ओके, गुड नाइट।”
मैंने रम का एक पेग और सोडा डाल कर पीने लगा। शरीर में गर्मी आ गई। रम रामबाण है, यह सत्य है। रम न हो तो इतनी सर्दी में जीना मुश्किल हो जाए। 10 बजे डिनर लिया और सो गया। दूसरे दिन ऑफिस में आकर बैठा ही था कि मेजर डडवाल साहब का फोन आया। कहा, “आप तुरंत यहाँ आ जाओ। प्रोमोशन के साथ पोस्टिंग अरजेंट निकलना है। प्रोमोशन लगाएँगे और बड़ा खाना करेंगे।”
“राइट सर, मैं आज टी.सी.पी. के लिए जीप के डाकूमेंट पुटअप करता हूँ और कल आ जाता हूँ।”
“ओके, यही ठीक है।”
मैंने फोन बंद कर दिया। हेडक्लर्क साहब को बुलाया और जीप की टी. सी.पी. के लिए ब्रिगेड हेडक्वार्टर भेजने के लिए बोला। वे गए तो मैंने ब्रिगेड मेजर से बात की। कहा, “सर, गुड मार्निंग।”
“गुड मार्निंग, कैप्टन निंदर! बहुत-बहुत बधाई।”
“तो सर, आपको पता चल गया है? थैंक्स सर।”
“हाँ, आपके ओसी का लेटर आया था। उसमें लिखा था कि आते ही आपको मेन यूनिट में भेजें।”
“हाँ सर, मैंने इसी सिलसिले में आपको फोन किया है। मैंने जीप की टी.सी.पी. भेजी है। कृपया साइन करके दीजिएगा।”
“ओके फाइन।”
मैंने सूबेदार इंचार्ज को बुलाया, “सेक्शन का चार्ज आपके पास ही रहेगा। मैं कल सुबह मेन यूनिट में जा रहा हूँ। वहाँ से पोस्टिंग चला जाऊँगा। दोबारा यहाँ नहीं आ पाऊँगा।”
“ओह, सर सोचा था, आपके साथ लंबी सर्विस करने का मौका मिलेगा। सेना में ऐसा होता है। सर, हम आपको बड़े खाने के बिना जाने नहीं देंगे।”
“साहब जो कुछ करना है, आज ही कर लें। कल सुबह फर्स्ट-लाइट में मुझे निकलना है। ड्राइवर से कहें कि वह पेट्रोल डालकर जीप तैयार कर ले। एक्स्ट्रा पट्रोल भी रख ले। मेरा ब्रेकफास्ट और लंच पैक करवा कर रख ले। अपना भी ले ले।”
“राइट सर, जयहिंद सर।”
सैल्यूट करके सूबेदार साहब चले गए। मैंने एक्सचेंज को क्वार्टर में बात करवाने के लिए बोला। दिन में काफी रश रहता है। कोई आधे घंटे बाद राजी से बात हुई। मैंने सब बताया। उसने बेस्ट विशिज कहा। मैंने पूछा, “तुम ठीक हो? मुन्ना, मम्मी जी और सुमन ठीक है?”
“जी, सब ठीक है, अपना ख्याल रखें।”
“ओके बाय।”
मैंने फोन काट दिया। उसी समय सेवादार 11 बजे की चाय और स्नैक्स ले आया। साथ में ‘बड़े खाने’ का इंवीटेशन कार्ड भी था। यहाँ जल्दी अंधेरा हो जाता था इसलिए ‘बड़े खाने’ का टाइम 6 बजे ठीक था।
मैं लंच के बाद ऑफिस आया तो कुछ जवान छुट्टी जा रहे थे उनके लीव सर्टिफिकेट और रेलवे वारंट साइन करने के लिए मेरे पास आए। मैंने हेडक्लर्क साहब से कहा कि सूबेदार साहब से साइन करवाएँ। मेरे पास यूनिट का चार्ज नहीं है। कल सुबह वैसे भी मैंने चले जाना है।
शाम को ठीक 6 बजे ‘बड़े खाने के लिए सूबेदार साहब मुझे एस्कोर्ट करने आए। सेना में यही परंपरा है। सभी को सावधान करके मुझे सैल्यूट किया गया। मैंने सबको आराम से बैठने के लिए कहा। रम का दौर शुरू हुआ। रिवाज के अनुसार सूबेदार साहब ने मेरी उपलब्धियों के बारे में बताया। विशेषकर डिटैचमेंट को मिलिट्री एरेना में जगह दिलाना और जवानों को फैमिली क्वार्टर दिलाना। बना-बनाया खाना मिलना। परमानेंट गाड़ी दिलाना। यह बहुत बड़ी उपलब्धि थी।
उन्होंने आगे कहा कि सिपाही सुरेश छुट्टी से लेट आया। उसका रिकार्ड खराब करने की बजाय उसे बार-बार छुट्टी भेज कर सजा का एहसास दिलाना, एक अलग सोच थी, नहीं तो सेना के अफसर जवानों का रिकार्ड खराब करने में देर नहीं लगाते। हम सब इस तरह बार-बार छुट्टी भेजने के विरोधी थे लेकिन साहब ने कहा था कि मैं इसे तुरंत 28 दिन की क्वार्टर-गार्ड भेज सकता था। इसे क्वार्टर-गार्ड में भी खाना मिलता। इतने दिन की सैलरी न मिलने से इसके परिवार का क्या होता? इसके डाकूमेंट में ‘रेड एंट्री’ हो जाती। प्रोमोशन आता तो एक साल तक प्रोमोशन नहीं मिलता।
मुझे याद आया था कि यह तो प्रोमोशन कोर्स करके आया हुआ है। ऐसी सजा मैंने सैनिक जीवन में नहीं देखी थी। उसे अपनी बीवी से भी अच्छी तरह मिलवाया और प्रोमोशन भी दिया। ऐसी सजा के बारे में बहुत देर तक सोचता रहा था। इनकी दूरदर्शिता को सलाम करता रहा।
वे जा रहे हैं, नहीं तो ऐसे अफसर के अंडर नौकरी करने में बहुत कुछ सीखा जा सकता था लेकिन सेना के आदेश और नियम हैं। उन्हें मानना पड़ता है। यह ईस्टर्न कमांड की छोटी यूनिट में ओ.सी. बन कर जा रहे हैं। इनका भविष्य उज्ज्वल हो, ऐसी कामना के साथ मैं अपनी बात समाप्त करता हूँ।”
बहुत देर तक जवान तालियाँ बजाते रहे। तालियों की आवाज खत्म हुई तो मैंने कहा, “सूबेदार साहब ने मेरी कुछ ज्यादा ही तारीफ कर दी है। मैं आपके बीच से अफसर बना हूँ। मुझे जवानों की तकलीफों का पता है, इसलिए मैं यह सब कर पाया। मैं और भी बहुत कुछ करता लेकिन मेरी पोस्टिंग और प्रोमोशन आ गया। अब वहाँ सुधार करूँगा।” सर्दी बढ़ रही थी इसलिए मैंने और कुछ नहीं बोला।
।
खाने के बाद मैं अपने कमरे में लौट आया। ड्राइवर को बोल दिया कि 6 बजे अपना ब्रेकफास्ट और लंच ले लेना। मेरा ब्रेकफास्ट और लंच यहाँ का कुक बनाकर हॉटकेस में दे देगा। पानी की बोतल भी रख देगा।” ड्राइवर ‘यस सर’ कहकर चला गया।
सुबह हम ‘मेन यूनिट’ के लिए निकले काफी दिन चढ़ आया था। शाम तक ‘मेन यूनिट’ पहुँचना था। रानीखेत में एक ढाबे में ब्रेकफास्ट गर्म करवाया और जीप में बैठे-बैठे ही खा लिया। ड्राइवर ने ढाबे के बेंच पर बैठ कर ब्रेकफास्ट किया। दो कप लेकर चाय पी और आगे का सफर शुरू किया। चाय के पैसे मैंने दिए थे। लंच हमने कर्णप्रयाग में किया।
मैंने वहाँ के एस.टी.डी. बूथ से राजी से बात करने की कोशिश की लेकिन लाइन नहीं मिली। मौसम खराब हो गया था। थोड़ी-थोड़ी बारिश भी शुरू हो गई थी। कर्णप्रयाग से चमोली तक रास्ता साफ था। वहाँ चेकपोस्ट वालों ने बताया कि थोड़ी देर पहले पीपलकोटी में स्लाइडिंग हुई थी लेकिन रास्ता क्लिीयर कर दिया गया है। सड़क चालू है।
पीपलकोटी से जब हम जोशीमठ के लिए निकले तो रात के 8 बज चुके थे। 9 बजे हम यूनिट पहुँचे। ड्रिंक लिया, डिनर किया और सो गया। सुबह बेड-टी के समय उठा। आज ‘बड़ा खाना’ था और परसों मुझे कोलकाता के लिए निकलना था। देहरादून से कोलकाता के लिए मेरी फ्लाइट बुक थी। दिल्ली एक घंटा रुक कर आगे जाना था। नई यूनिट में कोलकाता एयरपोर्ट पर ट्रांसपोर्ट के लिए बताया था। ब्रिगेड कमांडर साहब ने मुझे कैप्टन का रैंक लगाया था और सुंदर भविष्य की कामना की थी।
जब गाड़ी ने मुझे देहरादून एयरपोर्ट पर छोड़ा तो रात के 9 बज चुके थे। 11 बजे की फ्लाइट थी। लग्गेज काऊंटर पर सामान जमा करके ड्राइवर सैल्यूट करके चला गया। उसने हरिद्वार ट्रांजिट कैंप में रात रुक कर सुबह जोशीमठ के लिए निकलना था। मैंने एसटीडी बूथ से राजी से बात की। खुश थी, कह रही थी, वह बिल्कुल ठीक है और सोमवार से फैक्ट्री जा रही है। सुमन मुन्ना को संभाल लेगी। उसने ‘हैप्पी जर्नी’ कहा और फोन काट दिया।
क्रमशः
राघवेंद्र सैनी