कहानी एक रात की भाग 22
विद्या समझ रही थी कि किशोरवस्था में बहुत कुछ बदलता है बस वो चाहती थी ऐसा कोई बदलाव ना हो जिसके कारण उसे पछताना पड़े। रोहन के स्वभाव को भी विद्या समझती थी। अचानक उसका अच्छा हो जाना, वीर से दोस्ती कर लेना विद्या को संदेह में डाल रहा था।
एक दिन विद्या कॉफ़ी लेकर जब रोहन के कमरे में गई तब उसे कुछ अज़ीब सी गंध आई….. कमरे में कुछ धुंआ सा था….. वीर भी वही था। दोनों मोबाइल में कुछ देख रहे थे। विद्या बिना कुछ कहे लौट गई। लेकिन उसके दिमाग़ में कुलबुलाहट शुरू हो गयी थी। किस चीज़ की गंध थी वो…… थोड़ी देर बाद दोनों बच्चे बाइक पर कही निकल गए। विद्या फिरसे कमरे में गई। उसने सब अलट पलट के देखा लेकिन कुछ ना मिला फिर वो बाथरूम में गई। वहां डस्टबिन में सिगरेट के कुछ अधजले टुकड़े पड़े थे। वो उन टुकड़ो को साथ ले आई…. वहां बियर की कैन भी थी। विद्या के तो होश फाकता हो गए। ये सब क्या है? बहुत सारे सवालों ने विद्या को घेर लिया। क्या ये सब रोहन लेता है या फिर राजवीर भी? फिर सोचती राजवीर ऐसा नहीं कर सकता वो तो पढ़ाई में लगा रहता है, नहीं नहीं उसे इन सबसे कोई मतलब नहीं…… यूँ तो रोहन भी विद्या के लिए राजवीर जैसा था लेकिन फिर भी उसकी ज़िन्दगी में विद्या दखल नहीं दे सकती थी।विद्या का मन घबराने लगा। उसने राजवीर के पिछले कुछ समय के व्यवहार का आंकलन किया तो उसे लगा शायद उसकी ममता उसे सच नहीं देखने दे रही। उसे ममता का चश्मा उतार कर देखना होगा। उसे अपनी निगाह पैनी करनी होंगी। विद्या अब राजवीर पर निगाह रखती। उसके चेहरे के भावो को पढ़ने का प्रयास करती। विद्या ने नोटिस किया कि राजवीर अब उससे कम बात करता है।उसे हर वक्त रोहन के साथ रहना होता है। पिछले दिनों रोहन ने अपना पुराना फ़ोन राजवीर को दे दिया था। बचे हुए टाइम राजवीर उसी में लगा रहता। ऐसा क्या है इसमें विद्या यही सोचती। विद्या ने एक दिन अनुज से कहा।
” आपसे एक मदद चाहिए….
“कहो,
” आप एक बार अपने फ़ोन से मुझे इसे चलाना सिखा देंगे क्या?
” क्यों, तुम्हे क्या करना है विद्या? फ़ोन चाहिए तो मंगवा देता हूं….
” नहीं फ़ोन नहीं चाहिए, वो सुना है इसमें बहुत अच्छी अच्छी खाने की डिश आती है तो सोच रही हूं चलाना सीखकर वीर के फ़ोन को चलाकर सीख लूंगी….. वो बच्चे आजकल….. क्या कहते है वो….. नूडल्स, पिज़्ज़ा खाते है ना…..
” अच्छा, तो वीर से कहता हूं वो सिखा देगा….
” मैनें भी यही सोचा था, लेकिन फिर मै बच्चों को स्प्राइस कैसे दूंगी…… आप सिखा दीजिये यदि संभव को तो…….
” अच्छा ठीक है बैठो…..कहकर अनुज ने मेज़ से फ़ोन उठाया। और विद्या को समझाने लगे कि कैसे मोबाइल चलाते है…..कैसे सर्च करते है….. विद्या को बोलकर सर्च करना सिखाया। क्यूंकि वो बहुत पढ़ी लिखी नहीं थी। विद्या ने एक अच्छे विद्यार्थी की तरह सब सीखा। अनुज उसकी उत्सुकता देखकर मुस्कुरा रहे थे। पल भर को विद्या उन्हें बच्ची सी लग रही थी। विद्या एक सीधी सादी महिला थी। लेकिन आज विद्या कुछ बदली हुई लगी अनुज को। कुछ था उसकी आँखों में……
राजवीर के कॉलेज जाने के कुछ ही दिन बचे थे…… आज भी वो कमरे पर देर से लौटा।आते ही सो गया। बहुत गहरी नींद में सोया था वो जैसे बहुत थका हो। उसका फ़ोन बराबर वाली मेज़ पर रखा था। विद्या ने कभी इस तरह किसी पर शक करके जासूसी नहीं की थी। और अब उसे अपने बच्चे के साथ ऐसा करना पड़ रहा था। एक पल को विद्या को ग्लानि महसूस हुई। उसकी आँखों में आंसू आ गए। उसकी अंतरात्मा उसे धिक्कारने लगी। मानो अज रही हो
” माँ होकर अपने बच्चे पर भरोसा नहीं, विद्या ये तेरी ही परवरिश है, मासूम है तेरा बच्चा। इस पर शक करना मतलब खुद पर शक करना है….. विद्या प्यार से उसका माथा चूमना चाहती थी… जैसे ही वो उसके ऊपर झुकी अचानक उसके हाथ रुक गए। बड़े होते बच्चों पर निगाह रखना जरुरी होता है, ये अपराध नहीं…… विद्या तभी उससे दूर हो गई। बहुत धीरे से वो बिस्तर से उठी और उतनी ही आराम से उसने फ़ोन उठाया…..बटन पर ऊँगली रखते ही उसमे से लाइट निकली…. जैसा अनुज के फ़ोन से निकली थी….. अंधरे कमरे में हलकी सी रोशनी और आवाज़ काफ़ी तेज़ लग रही थी। विद्या धीरे से कमरे से बाहर आ गई। उसे लग रहा था मानो वो कोई चोरी कर रही हो…. उसने पीछे मुड़कर देखा…. वीर अब भी गहरी नींद में था। विद्या बाहर पड़ी कुर्सी पर आ बैठी। उसने फिर से फ़ोन ऑन किया। विद्या का दिल ज़ोर से धड़क रहा था…. वो मन मस्तिष्क के द्वन्द में उलझ गई थी…… कभी वो भगवान से प्रार्थना करती तो कभी खुद को हर बात के लिए तैयार करती।
एक फोल्डर के बाद दूसरा फोल्डर खोलते हुए विद्या के हाथ काँप रहे थे। उसे कुछ भी लिखा हुआ समझ नहीं आ रहा था। उसे लगा वो वीर पर नाहक ही शक कर रही है। उसका बच्चा ऐसा वैसा कुछ नहीं कर सकता। वो खुद पर झुंझलाते हुए फ़ोन रखने ही वाली थी कि तभी उसने जो देखा….. उसकी आँखे चौड़ी हो गई…. धड़कने तेज़ हो गई……
ऐसा क्या देखा विद्या ने?
क्या राजवीर के फ़ोन में कुछ मिलेगा विद्या को?
क्या राजवीर सच में कुछ छुपा रहा है?
जानने के लिए पढ़िए अगला भाग