लवलेश दत्त का उपन्यास ‘दर्द न जाने कोई ‘ भाग -11

दर्द न जाने कोई
भाग -11
देबू की पढ़ाई अच्छी चल रही थी। वह अपनी पढ़ाई से संतुष्ट था। प्रत्येक विषय में उसके नंबर अच्छे आने लगे थे। उसने डांस करना तो बिल्कुल बन्द कर दिया था। लेकिन घर का काम और लड़कियों से हाव-भाव का वह क्या करे? न चाहकर भी वे अपने आप झलक जाते थे। उसके ये हाव-भाव उम्र बढ़ने के साथ-साथ और भी मुखर हो रहे थे। अब एक बात अच्छी यह थी कि उसके दोस्तों में लड़के भी थे और वह अब देवेन्द्र के नाम से पुकारा जाने लगा था। केवल स्कूल ही नहीं घर और मोहल्ले में भी उसे सब देवेन्द्र कहने लगे थे। जो उसका असली नाम था—देवेन्द्रप्रताप सिंह।
इन्हीं दिनों स्कूल में ही उसे राकेश मिला। राकेश, उसी राजकुमार का रिश्तेदार था जिसने उसके साथ उस रात वह घिनौनी हरकत की थी और जिसका दर्द वह अभी तक महसूस कर रहा था। व्यवहार और स्वभाव से राकेश, राजकुमार से एकदम उलट था। उसके दिल में देवेन्द्र के प्रति प्रेम था। उसके अच्छे व्यवहार ने देवेन्द्र का दिल जीत लिया। उसे राकेश का साथ अच्छा लगने लगा था। जल्दी ही दोनों में घनिष्टता हो गयी। पता नहीं कैसे देवेन्द्र के मन में राकेश के लिए प्रेम पनपने लगा और उसके लिए राकेश का साथ बहुत महत्त्वपूर्ण होता जा रहा था। वह उसका सच्चा दोस्त, साथी और उसकी दृष्टि से कहें तो प्रेमी बन चुका था। वह अधिकांश समय राकेश के साथ ही रहता। उसके साथ घूमता, बातें करता, खाना खाता यहाँ तक कि कभी-कभी वह राकेश को पढ़ाई करने के लिए अपने घर रोक भी लेता था और दोनों देर रात तक पढ़ाई करते रहते थे।
जन्माष्टमी की रात थी। गाँव भर में रात खूब रौनक थी। गाँव के छोटे-बड़े सभी मंदिरों में खूब सजावट थी। उस रात राकेश, देवेन्द्र के घर ही रुका हुआ था। राकेश कुछ काम कर रहा था कि देवेन्द्र ने पीछे से उसे पकड़ लिया और उसका गाल चूम लिया। राकेश ने उसका हाथ पकड़कर उसे अपने पास बैठा लिया और बोला, “क्या यार… तू ऐसी हरकतें क्यों करता है? क्या प्राब्लम है तुझे?”
देवेन्द्र ने उत्तर दिया, “मैं तुझे बहुत चाहता हूँ…सच में मेरे अलावा किसी और का न हो जाना,” और ऐसा कहते-कहते उसकी आँखों में आँसू आ गए।
राकेश ने उसकी मजाक बनाकर हँसते हुए कहा, “अबे…कैसा लड़कियों जैसा बोलता है…हम दोस्त हैं…अच्छे दोस्त हैं।”
देवेन्द्र ने अपने जज्बातों को छुपा लिया और अपने किशोर मन में उठे प्यार के तूफान को सप्रयास दबाकर राकेश की बातों में दिखावटी रुचि लेने लगा। यह पहला समय था जब देवेन्द्र को अहसास हो रहा था कि ‘यदि वह लड़की होता, तो भी क्या राकेश उसकी बात को मज़ाक में टालता?’ आज उसे अपना लड़का होना बहुत खल रहा था। उसे अपने ही शरीर से चिढ़ हो रही थी। प्रेम का आवेग रह-रहकर उसके अन्दर जोर मार रहा था और न जाने क्यों उसे ऐसा लग रहा था कि यह पैंट-शर्ट उतारकर साड़ी पहन ले और सज-सँवर कर अपने राकेश के साथ प्यार के गानों पर नाचे, झूमे…पर मजबूर देवेन्द्र ने अपने अन्दर उमड़ती स्त्रीत्व की धारा को मन की अतल गहराई की ओर मोड़ दिया और बेमन से राकेश के साथ बातें करने लगा। मन में उमगते प्रेम के दरिया की बूँदें रह-रहकर उसकी आँखों में छलक पड़ती थीं।
देवेन्द्र स्कूल से वापस आ रहा था। उस दिन बादल घिरे हुए थे, रुक-रुक कर बारिश हो रही थी। थोड़ा भीगने के कारण सफेद कमीज उसके शरीर पर चिपक गयी थी। उसे खुद से ही बहुत शर्म आ रही थी। लजाता सकुचाता वह धीरे-धीरे घर की ओर बढ़ ही रहा था कि एक मोटरसाइकिल बिल्कुल उसके पास आकर रुकी। वह ठिठक गया। उसने देखा पुलिसवाला दोस्त था। देवेन्द्र मुस्कुरा दिया।
“घर जा रहा है” उसने पूछा।
“हाँ”
“आ बैठ…मैं छोड़ देता हूँ।”
“नहीं…मैं चला जाऊंगा।”
“अरे आ ना…उसी तरफ जा रहा हूँ छोड़ दूँगा तुझे…” पुलिसवाले ने हाथ पकड़ उसे अपनी ओर खींचकर मोटरसाइकिल पर बैठने के लिए कहा।
उसके स्पर्श से देवेन्द्र के शरीर में झुरझुरी होने गयी। उसके रोंगटे खड़े हो गये। एक अनजाना लेकिन गुदगुदाने वाला नशा उसकी आँखों से छलकने लगा। एक पल को उसका मन हुआ कि वह कस कर उससे लिपट जाए। बिना कोई आनाकानी करे वह मोटरसाइकिल पर बैठ गया। यूँ तो मोटरसाइकिल पर बैठते  ही वह दोनों बीच में बस्ता रख लेता था लेकिन उस दिन उसने बीच में बस्ता नहीं रखा। उसे अपने शरीर में ऐंठन-सी महसूस हुई। उसके अंग सख्त होने लगे थे। अभी मोटरसाइकिल कुछ ही दूर चली थी कि उसने कहा, “कहीं घूमने चलें?”
“घूमने…कहाँ चलेगा?”
“जंगल की तरफ…आज मौसम बहुत मस्त है…नाचते हुए मोर मिलेंगे,” कहते हुए उसने अपना शरीर उसकी पीठ से सटा दिया और पीछे से हाथ डालकर उसे पकड़ लिया।
“क्या बात है…बहुत रोमांटिक हो रहा है…हा..हा..हा,” कहकर उस दोस्त ने मोटरसाइकिल की गति बढ़ा दी। लगभग एक किलोमीटर आगे जाने के बाद सड़क दो हिस्सों में बँटी हुई थी—एक उसके घर की और जाती थी और  दूसरी जंगल की ओर। मोटरसाइकिल जंगल की ओर जाने वाली सड़क पर बढ़ने लगी। बारिश बूँदे जो अभी तक शरीर पर हल्की-हल्की पड़ रही थीं, मोटरसाइकिल की गति बढ़ते ही वे चोट करने लगी थीं। दोनों के शरीर एक दूसरे से चिपके हुए थे। देवेन्द्र के शरीर में कँपकँपी आने लगी। उसके कंपन से पुलिसवाले दोस्त का शरीर भी रोमांचित हो रहा था। लगभग पन्द्रह मिनट चलने के बाद वे जंगल में थे। रास्ता सुनसान था। दोनों ओर घने पेड़ और गहराते बादलों से अँधेरा-सा प्रतीत हो रहा था। एकाएक मोटरसाइकिल रुक गयी और उसके दोस्त ने देवेन्द्र के हाथों को पकड़ लिया। दोनों मोटरसाइकिल से उतर गए। दोस्त ने देवेन्द्र को कसकर अपने सीने से लगा लिया। देवेन्द्र तो यही चाहता था। उसने भी अपनी बाहें पुलिस वाले पर कस दी। दोस्त ने उसकी ठोढ़ी ऊपर उठाई और उसे चूमने लगा। चूमते-चूमते उसके मुँह से निकला, “तू लड़की होता तो तुझे अपना बना लेता।” देवेन्द्र के मन में हिलोर उठी और उसने भी अपने दोस्त को चूम लिया। इसके साथ ही दोनों एक-दूसरे में खो गए। आकाश पर गहराए बादल बरस रहे थे। पेड़ों पर पड़ने वाली बूँदें और मोर की आवाज़ दोनों के शरीरों को तरंगित कर रही थीं। दोनों की बाहों ने एक दूसरे के शरीरों को कसकर जकड़ा हुआ था। बारिश की ठंडी बूंदों में भी जादू होता है। शरीर को ऊपर से ठंडा और अन्दर से सुलगाने लगती हैं। बाहर की बारिश में दोनों के भीतर आग सुलग रही थी जिसे वे दोनों बुझाने का प्रयास कर रहे थे।
देवेन्द्र बहुत खुश था। उसे पहली बार ऐसा दोस्त मिला था जिसके दिल में उसके लड़की होने की तमन्ना थी। उसे अहसास हुआ कि ‘उसके अन्दर जो लड़की है, यदि वह बाहर आ गयी तो उसका यह दोस्त उस पर हँसेगा नहीं, अश्लील बातें नहीं कहेगा, मजाक नहीं उड़ाएगा, बल्कि प्यार करेगा…जैसा जंगल में किया था।’ यह सोचकर देवेन्द्र का चेहरा लाल हो जाता। आँखें नशीली होकर झपकने लगतीं। उस दिन के बाद वह पुलिसवाला दोस्त उसे कभी नहीं मिला। स्कूल से आते-जाते वह अक्सर सड़क पर देखा करता। व्याकुल मन से उसकी प्रतीक्षा करता लेकिन उस दिन के बाद फिर कभी उससे मिलने का अवसर नहीं मिला। ‘शायद उसका ट्रांसफर हो गया हो,’ यह सोचकर निराश देवेन्द्र ने खुद को तसल्ली दे दी और उसका किशोर मन जल्द ही दूसरे लड़कों की ओर आकर्षित होकर पूर्ववत् हो गया और पुलिसवाले दोस्त की यादों पर धूल जमने लगी।
क्रमशः
लवलेश दत्त
WhatsApp Image 2026-08-10 at 16.21.47 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment