खेमकरण की लघुकथा -लड़कियाँ और रंग

लेखक - खेमकरण 'सोमन'

माता-पिता की मृत्यु ने उसके जीने के तौर-तरीके बदल दिए। अब वह घर आता तो घर को अपने प्रति उदास-हताश पाता। भइया-भाभी के नए स्वरूप उसे विचलित कर देते। ऐसे में अकेलेपन के कारण वह अनाथ की अनुभूति से भरने लगा। आंतरिक बेचैनी में दर्दभरे फिल्मी गीत सुनकर वह बहुधा रो भी पड़ता। इसी तरह मार्च का रंगीला माह आ जाने पर भी उसने घर जाना उचित नहीं समझा।

चार दिनों की लम्बी छुट्टी के दूसरे दिन, मकान मालकिन आ गईं, और आते ही साग-सब्जी, बिजली-पानी और मंहगाई का बोध करवाकर मकान के किराए में पाँच सौ रुपये की बढ़ोत्तरी के संकेत दिए। उसे चुप्प रहना अच्छा लगा, परन्तु मकान मालकिन की युवा लड़कियों के चेहरे देखकर अनुमान लगाना सरल था कि मम्मी का यह व्यवहार उन्हें अच्छा नहीं लगा। 

kahani-batuni-ladkiyan — Vcare Language Academy

तीसरे दिन मकान मालकिन और लड़कियाँ गाँव में होली खेलने चली गईं। पीछे अपने कमरे में अकेला रह गया वह, खिड़की से बाहर देखने लगा- बच्चे, बुजुर्ग और लड़के-लड़कियाँ होली में मग्न- झूम रहे थे।
उसने आईने में अपना चेहरा देखा- ओह… पूर्णतः सूखा हुआ। न चेहरे पर, न हाथों में रंग! न अगल-बगल की जेबों में, न शरीर के किसी अंग में रंग, ओह! उसने अखबारों के बीच से अबीर-गुलाल निकाला। उन्हें छुआ… ध्यान से देखा। फिर दोनों पैकिट अपनी जेबों में रखने लगा। परन्तु रंग क्या छुआ कि उसे अपने माता-पिता, प्रेमिका, भतीजा-भतीजी की याद आ गई! भइया-भाभी की याद आते ही वह व्यथित हो गया।

व्यथित हृदय उसने खिड़की के बाहर झाँका। सामने मंद हवा में झूमता हुआ आम का पेड़ उसे सकून न दे सका। पीछे की खिड़की से दिखता जंगल उसके हृदय को हरा-भरा न कर सका। खेतों में उगीं पीली सरसों भी उसके चेहरे पर मुस्कान न ला सकीं। सड़कों पर अब एक-दो लड़कियाँ ही दिख रही थीं। इसी बीच मकान मालकिन और लड़कियाँ भी होली खेलकर घर आ गईं। कुछ समय बाद उसने देखा कि मकान मालकिन नहा-धोकर कहीं जा रही है।

वह पुनः अपनी स्थिति पर लौट, अनुभूति करने लगा कि अब उसकी आत्मा भी होली का उत्सव मनाना चाहती है। चेहरे पर रंग लगवाना-लगाना चाहती है। वह दुख से सरोबार हो उठा। काश… सुबह ही होली खेलने कहीं निकल जाता! परन्तु अब तो कुछ भी नहीं हो सकता! ढाई-तीन भी बजने को है। उसके हाथ जेबों में जाते-जाते रह गए। उसने एक लम्बी आह भरी। काश… ये लड़कियाँ ही उसे रंग लगा देतीं!

तभी कमरे का दरवाजा खुला और ‘‘होली है…’’ कहती हुईं तीनों लड़कियाँ उसे रंग लगाने लगीं। तीन-चार बाल्टी रंगीन पानी भी उस पर उड़ेल दिए। पूरा कमरा रंग-पानी से भर उठा। क्या बिस्तर क्या किताबें, क्या कम्प्यूटर, सब जगह रंगीन पानी की छींटे!
यह सब अप्रत्याशित था। एक क्षण तो उसे समझ नहीं आया कि यह हो क्या रहा है? तभी बड़ी लड़की बोली- ‘‘कमरे में छुपकर रहेंगे तो क्या बच जाएँगे! अब देख क्या रहें हैं हमें, मम्मी न आ जाएँ… जल्दी रंग लगाइए!’’

वह खुशी से नाच उठा। दोनों जेबों से रंग निकालकर लड़कियों को और खुद को भी लगाने लगा, परन्तु क्षण बाद ही वह रूक गया! उसे अब एहसास हुआ कि कमरे में उसके अतिरिक्त अन्य कोई भी नहीं है।
–

खेमकरण ‘सोमन’
द्वारा श्री बुलकी साहनी,
प्रथम कुँज, अम्बिका विहार कॉलोनी, भूरारानी, वार्ड-32,
रूद्रपुर, जिला- ऊधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड-263153
मोबाइल- 09045022156
ईमेल: khemkaransoman07@gmail.com

प्रकाशित तिथि: 14 जून 2025