अजय कुमार का उपन्यास ‘तुम्हारे लिए’- भाग 6

 

 

तुम्हारे लिए
***********
भाग छः
*********
ट्रेन से नीचे प्लेटफार्म पर उतर कर एक लंबी गहरी
सांस ली थी ,तन्मय ने।आज तीन साल का उसका वनवास
जैसे खत्म हो गया था, एक बार फिर से उसके पास नये सिरे
से सोचने का वक्त था।
‌अपने नये मकान में बहुत मेहनत से लगाए पेड़ पौधों को संभालने का ,उनके साथ अपना समय बिताने का वक्त था,
घर में अपने स्टडी रूम मजे से पढ़ने का ,और उस लड़की
के बारे में आखिरी तौर से कुछ पता करने का भी।
पिछले तीन सालों का भी हालांकि उसने अपनी
तरह से तो जमकर उपयोग किया था, काफी समय मिल
जता था उसे अपनी इस बोझिल सी नौकरी में।उसने बहुत मेहनत से तैयारी करके सब से छुपे चोरी अपने राज्य की प्रशासनिक सेवाओं की मुख्य परीक्षा भी दे डाली थी ,उसे
पता था कि उसके पापा मन ही मन हमेशा से यही चाहते
थे कि उनका बेटा भी उन्हीं की तरह किसी दिन प्रशासन
का हिस्सा बने और उसने भी यह सोच कर रखा था कि वो कामयाब हो गया तो वो सभी को एक सप्रराइज देगा।बाप
बेटा के बीच यह एक चूहे बिल्ली का सा खेल था ,जिसमें
चूहा बिल्ली को खुश कर के लिए कुछ भी कर सकता था
बस किसी तरह वो उसकी जान को बख्शे रखे।
प्लेटफार्म से बाहर से निकल कर आया तो तन्मय को
एक नया झटका लगा।सड़क के दूसरी पार से उसकी दीदी
मेघा उसे बाहर आया देख कर जोर जोर से हाथ हिला रही
थी।ओह ! तो दिनकर जीजा भी उससे आने से पहले ही
घर में पहुंच चुके हैं।मतलब साफ है कल फिर से घर में दिन
भर वही शादी की चर्चा जोर पकड़ने वाली है।यह सोच कर
तन्मय का घर पहुंचने का स्वाद उसका जैसे कुछ खट्टा हो
गया था।
” अरे ! तेरा तो रंग ही बदल गया है ,वहां दिन भर धूप
में बैठा रहता था क्या..” तन्मय ने अभी अपना सामान
डिक्की में ठीक से रखा भी नहीं था और उसकी दीदी मेघा
चालू भी हो गयी थी।तन्मय ने मगर मेघा के सवाल का जवाब
न दे कर , खुद उसी से सवाल पूछ लिया था..” आप बताइये, आप को कैसे फुरसत मिल गयी यहां चले.आने की ,और
जीजू को समझा मना कर साथ ले आईं….”
” भाई नादान हो न तो समय निकालना ही पलता है , वरना उसे दुनिया की हर ऊंच नीच कौन समझाएगा, पर चल , अभी नहीं करती तेरी मैं  खिंचाई ,तेरा मूड खराब न हो जाए , पहले घर चल, मां ने बहुत तैयारियां कर रखी हैं तेरे लिए ,
बाद में , अकेले में,खाऊंगी तेरा सिर,आ अब जल्दी से अंदर बैठ जा….”
तन्मय ने फिर अपनी दीदी की किसी बात का जवाब.
नहीं दिया था ,वो समझ गया था कि उसके लिए अगले दो
दिन बहुत कठिन रहने वाले हैं, सोम वार के बाद ही आयेगी उसकी असली आजादी की सुनहरी सुबह,चुपचाप अगली
सीट पर बैल्ट अपनी लगा कर बैठ गया था तन्मय और कार थोड़ी ही देर बाद रेल्वे लाईन के पुल के ऊपर से गुजर रही
थी।दूसरी तरफ रीजेन्ट माल की शीशों के.रंगीन पैनल्स से आवरित चिरपरिचित बिल्डिंग दिखाई दे रही दी, जिनमें रह रहकर उतरती हुई धूप अब पर छाइयों के धब्बों की मानिंद चमक रही थी।
क्या पता अब भी वो लड़की वहीं कॉफी शॉप में अकेली बैठी उसी का इंतजार कर रही हो,उसे अपने इस बचकाना से सोच पर खुद ही हंसी आ गयी ,किताबें पढ़ पढ़ कर कितने शेखचिल्लियों से ख्याल आनेलगे हैं उसके दिमाग में, घर में किसी को पता लगे कि वो किस तरह से सोचता
रहता है तो यकीनन वो लोग कहने लगेंगे कि तन्मय अभी
सच मुच कितना इमैच्योर है,पढ़ लिख तो गया है पर अभी
उसे जिंदगी जीने का सलीका सीखना बाकी है।
तन्मय ने जल्दी से अपनी नज़र उस मॉलसे हटा कर अब सामने रेंगते हुए ट्रेफिक पर जमा ली थी,उसे घर में भी अपने ऊपर पूरी तरह से काबू रखना होगा।
शाम को प्रभा जी ने टेरेस पर इंतजाम किया था सब
के लिए चाय नाश्ते का ,शीशे के स्लाइडिंग गेट्स को खेंच
कर, उनके ठीक पीछे। जिससे मक्खी मच्छर खामाख्वाह परेशान न कर सकें।
इससे पहले बहुत इमोशनल हो गयी थी वो तन्मय को अपने गले लगा कर ,पर उन्होंने खुद को रोने से बामुश्किल
रोक रखा था, मजिस्ट्रेट साहब मगर अपने बेटे को गौर से देखरहे थे,और दिनकर हमेशा की तरह इस बोझिल से हुए
जा रहे दृश्य में अप्रभावित दिखाने की कोशिश में लगे थे।
मेघा उस वक्त अपने पिता की चेयर के पीछे खड़ी हो
कर अपनी मां की इस समय की मन की स्थिति को समझने
में लगी थी ,पर चाय के समय तक तो माहौल एकदम बदल चुका था।
मजिस्ट्रेट साहब साना के साथ लूडो खेलने में लगे थे और तन्मय अपने जीजाजी को अपने पिछले तीन साल का अनुभव सुना रहा था , मेज पर सब कुछ लग गया था और
मेघा अभी गर्मागर्म चाय की केतली ले कर आ गयी थी ।
” अब सब यहां आ जाइये…चाय आ गयी है… पापा लूडो एक तरफ रख दीजिए और साना,कम हियर , युअर
चीज सैंडविज इज रैडी…”
घर में आई इस गति और चहल पहल सेआज बहुत मगन थी प्रभा जी ,पर यह चहल पहल हमेशा कहां रहने
वाली है ,सोमवार से तो सब कुछ फिर वैसा ही हो जायेगा,
पर अब एक उम्मीद जरूर हो गयी है, तन्मय घर लौट आया
है तो शायद कुछ नया हो जाए।
*************************
(शेष आगे…)

अजय कुमार

 

WhatsApp Image 2026-06-03 at 13.23.29 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment