उपन्यास -भलोल
भाग – 1
टेलीफोन की घंटी लगतार बज रही थी। मैंने फोन उठाया तो दूसरी ओर अमृतसर के मशहूर रियल ऐस्टेट एजेंट मि. चोपडा का स्वर था, “सर, तहसीलपुरा गली नंबर 1 के जिस मकान के लिए आपने बोला था, वह अब बिक रहा है।”
“उसके सारे कागज देख लो और मुझे बताओ कि वह क्या मांगता है।”
“सर, कागज मैंने देख लिए हैं लेकिन वह 40 की बजाए 42 लाख माँग रहा है। कोशिश करूँगा कि 41 में बात बन जाए।”
“ठीक है, बात पक्की कर लो फिर बताओ। मैं आ कर ब्याना दे जाऊंगा।”
“ठीक है, सर।”
यह तीन साल पहले की बात है। बाऊजी ने 1950 में इसे 1710/-रुपए में खरीदा था जिसके लिए मुझे 41 लाख खर्चने पड़ रहे थे। 41 लाख में मैंने वह मकान खरीद लिया था जिसमें हम बचपन में रहा करते थे। बाऊजी की धरोहर थी। मकान, फैमिली डिसप्यूट की भेंट चढ़ गया था। मैं वहाँ का मोह कभी छोड़ नहीं पाया था। मन से मैं दृढ़ था कि मौका मिलेगा तो मैं फिर से उस मकान को खरीद लूँगा।
उसे नए सिरे से बनवाने में 3 साल और लग गए। मैं परिवार में अकेला रह गया था। दो बेटे थे, विदेश में बस गए थे। पत्नी का पहले ही देहांत हो चुका था। मैं जब उस तिमंजिला शानदार मकान में शिफ्ट हुआ तो वह अमावस की सर्द रात थी। मैं रात के अंधेरे में ही शिफ्ट होना चाहता था। मैं तब भी इसी घर के दरवाजे पर खड़ा रोता रहा था जब इसे छोड़ा था। शायद उस समय मैं 10 साल का था।
दिन के उजाले में मैं उनका सामना नहीं करना चाहता था जिनके सामने हमारा परिवार घास के तिनकों की तरह बिखर गया था। समय का अंतराल भी तो बहुत था। 55 साल हो गए थे। शायद ही मुझे पहचानने वाले बचे हों। पर मन है न, भ्रमित करता रहता है।
वह भी अमावस की रात थी जब सबसे बड़ा भाई अफीम खाकर जनको के दरवाजे पर पड़ा मिला था। बाऊजी उठा कर घर ले आए थे। जनको गली में रहने वाले एक ट्रांसपोर्टर की लड़की थी। उससे भाई को प्यार हो गया था। भाई 16 साल का था। मैट्रिक पास की ही थी। यह प्यार भी एकतरफा था। जनको भाई से 2-3 साल बड़ी थी। कोई मेल भी नहीं था पर वही सोलहवें साल का प्यार था। भूत की तरह पीछे पड़ जाता है।
पुलिस-केस बना। थानेदार समझदार था। बच्चा समझ कर अस्पताल में इलाज करवा कर केस रफा-दफा कर दिया। लेकिन दूसरी बार अफीम खाई तो डाक्टर ने उसका इलाज तो किया, लेकिन कहा, ‘यह पागल हो गया है, इसे पागलखाने ले जाओ।’
चाहे उस समय मुझे इतनी समझ नहीं थी लेकिन हमारे परिवार की बर्बादी की शुरूआत हो चुकी थी। पागलखाने में जगह नहीं थी। बाऊजी को चण्डीगढ़ मुख्यमंत्री ऑफिस से स्पेशल परमिशन लेकर आना पड़ा था। बहुत पैसा बरबाद हुआ था। वास्तव में वह पागल था ही नहीं, प्यार में पागल था, पर अस्पताल में जब आदमी चला जाता है तो फिर सारी प्रक्रियाएँ अपनाई जाती हैं। भाई पर भी अपनाई गई। दो महीने बाद डिस्चार्ज कर दिया गया।
बाऊजी से गलती यह हुई कि उन्होंने उसे कालेज में आगे पढ़ने भेज दिया। उसे पढ़ने नहीं भेजना चाहिए था। जैसे मुझे मैट्रिक के बाद कह दिया गया था, “बंसे के कारखाने में काम करो, आगे पढ़ाने के लिए हमारे पास पैसे नहीं हैं।”
बड़ा लड़का था, उसे ऐसे कैसे छोड़ सकते थे। उसने बी.ए. तो की लेकिन उस समय की सारी खराब आदतें ले कर कालेज से निकला, जिसमें सिगरेट प्रमुख थी। वे चारमीनार जैसी तीखी सिगरेट पीते थे। बाऊजी ने सोचा था कि पढ़ कर नौकरी करेगा और उनकी कुछ मदद करेगा। उसे अच्छी सरकारी नौकरी मिली लेकिन उसने परिवार को धेले की मदद नहीं की, न शादी से पहले और न शादी के बाद। ऊपर से भाई की उधारी भी बाऊजी को चुकानी पड़ी थी।
बाऊजी अकेले कमाने वाले थे। बड़ा परिवार था। उनके दिल को बहुत धक्का लगा था। वे दुःखी रहने लगे थे।