तुम्हारे लिए
*************
भाग चौदह
***********
ऐसा पहली बार हुआ कि तन्मय की कोई बात सुन कर मजिस्ट्रेट साहब का मुंह खुला का खुला रह गया था, अपनी पिछली गलतियों का तन्मय कभी इस तरह अज़ाला करेगा, इसका उन्हें यकीन नहीं था , मतलब तन्मय के दिल में कहीं
न कहीं उनकी अपेक्षा का ख्याल तो हमेशा से था..” सच
कह रहे हो ,यार तुमने कमाल कर दिया , तुम तो छुपे रूस्तम निकले,ईश्वर तुम्हें अपने इस मकसद में कामयाब करे….”
तन्मय ने स्पष्ट देखाकि यह कहते हुए हुए उनका गला भर आया था..” देखा,मैं न कहती थी ,आपका बेटा है, कुछ कमाल तो जरूर कर के.दिखायेगा,मैं अभी बताती हूं मेघा
को उसे तो कुछ पता ही नहीं होगा…”
” नहीं ,मम्मी.अभी नहीं.,एक बार मेरा इंटरव्यू हो जाए रिजल्ट आजाए ,ठीक सी प्लेसमैंट मिल जाए ,आप तभी सब को बताइयेगा,कभी तो काफी कुछ होना बाकी है,चलिए , मैं तैयार हो जाता हूं , एक बार पता तो लगे ऑफिस जा कर
यहां कैसा माहौल है….”
तन्मय तो चला गया पर प्रभा जी को आज पहली बार मौका मिला था ,अपने बेटे के पक्ष में खुले तौर पर खड़े होने का….” देखा आपने , कैसा कमाल कर दिखाया है ,और देख
लेना मेन में ही सिलैक्शन होने वाला है उसका ,आपसे मगर
वो इतना डरता है कि रिटन क्लियर करने से पहले तक उस
ने कभी हवा तक नहीं लगने दी,सोचा होगा, पहले अगर यह बताऊंगा तो सफा हंसी उड़ायेंगे मेरी,आज भी पता नहीं कैसे कह दिया….”
मजिस्ट्रेट साहब भी यही सोच रहे थे कि हुआ क्या है इस लड़के को, इस एग्जाम के लिए तो बिल्कुल अलग तरह
से तैयारी करनी होती है ,कब और कैसे किया होगा इसने यह सब , दिमाग में तो बहुत कुछ चल रहा था पर पत्नी की बात सुन कर मजिस्ट्रेट साहब प्रगटतः बोले..” हां ,हां ,मान लिया , बहुत होनहार है तुम्हारा बेटा ,पर क्या इस खुशी में मुझे एक बढ़िया सी चाय नहीं पिलाओगी,और हां इतनी जल्दी आप पाला मत बदला कीजिए, पता लगे दल बदलते ही पटखनी
लग गयी…..”
तन्मय ने सब कुछ अपने पापा से कह दिया तो वो
खुद को रिलेक्स महसूस कर रहा था, कल की घटना ने उसे अंदर तक हिला दिया था, समझ में ही नहीं आ रहा था कि अंदर का दबाव वो बाहर कैसे निकाले और सुबह पता नहीं कैसे उसने अचानक वो सब कह दिया ,जिस बात को उसे
कम से कम अभी कहना ही नहीं था, शायद आंतरिक्त दबाव का ही एक और परिणाम रहा होगा यह।
अपने शहर के गो डाउन्स पहली बार देखे थे तन्मय ने,
पर यहां कुछ भी वैसा नहीं था जैसा उस ने पहले देखा था,न
ही वो एकान्त था ,न ही वो रेल की पटरियां और न सामने का वो दूर तक खुला हुआ, आंखों को सुकून देता हुआ वो छोटी छोटी पहाड़ियों तक फैला हुआ दृश्य ।
यहां तो पास में एक बंद पड़ी हुई ग्लास फैक्ट्री थी, और दूसरे छोटे मोटे उद्योग, एक बिस्किट बनाने वाली कंपनी, एक डिस्टलरी और न जाने क्या क्या,एक छोटे मोटे कोलाहल के बीच बसा था उसका यह नया कार्य स्थल,उसने इस जगह को देखा तो उसे हठात् विकास नगर का वो किराए का घर
और शहर से कोसों दूर वो गोडाउन्स फिर याद आ गये।
आज यहां आ कर उसे ऐसा लग रहा था कि उसकी जिंदगी ने उसे एक साथ दुहरा झटका दिया है,एक तरफ उस
की आंखों से उसका वो अनजाना ख्वाब छीन लिया और
साथ ही उसकी आगे आने वाली जिंदगी कितनी बेरंग होने वाली है , उसका उसे एक छोटा सा नमूना भी दिखा दिया था,काम तो यहां भी वही था ,अपने स्टॉफ से काम लेना ,जो
भी भंडारण यहां मौजूद है उसकी देखभाल और उसे नुकसान से बचाने के उपाय और उसके आने जाने के लिए कम खर्च ट्रांसपोर्ट की पूरी व्यवस्था,बहुत मुश्किल से उसका आज यह पहला दिन गुजरा था।
शाम को तन्मय सीधा मोहित के घर चला गया था ,
घर पर पहले ही फोन कर दिया था उसने,और गनीमत यह
रही कि मोहित भी तबतक अपने घर पहुंच चुका था।
” अरे ,तन्मय ,आजा , कितने मौके से आया है तू , आज ही फोन करने.वाला था तुझे,तेरी इन्टर व्यू कॉल आ
गयी है ,अगले संडे को है,देख निकाल ही रखा है टेबुल पर “
आज की यह शाम कितनी भारी लग रही थी तन्मय को ,मोहित के घर में मिली इस पहली खबर ने ही जैसे उसमें जान सी फूंक दी ,आर. ए. एस.में अपने फॉर्म में उसने पता मोहित के घर का ही दे रखा था ,और इसलिए ही एक दिन पहले वो उसके घर जाना चाहता था और आज जब वह यहां पहुंचा तो उसे कदम रखते से ही एक अनुकूल खबर मिल
गयी थी।
” यह तो यार ,बहुत अच्छा हो गया , मैं कल भी तेरे
पासआना चाहता था ,पर कल तो घर से निकलना ही नहीं हुआ..दीदी ,जीजाजी ,मामा ,चाचा सब ही एक साथ आ गये थे …” सुन कर मोहित भी हंसने लगा था..उसे तन्मय के घर
की पूरी जानकारी थी ,वो मजिस्ट्रेट साहब और उनकी फित
रत से भी भली भांति परिचित था।
” छोड़ ,पहले मैं तुझे बढ़िया सी चाय पिलाता हूं
और साथ में कुछ खिलाता हूं ,वैसे तू आज मुझे कुछ ज्यादा
ही परेशान सा लग रहा है , क्या हुआ कहीं शादी वादी तो तय नहीं हो रही तेरी….”
” नहीं यार ,अभी तो ऐसी कोई बात नहीं है ,और किसी दिन तो यह होना ही है , आज यहां ड्यूटी ज्वाईन की है तो वहां माहौल कुछ अच्छा सा नहीं लगा ,स्टॉफ लोकल है तो
एक अलग ही पेश बंदी है उनकी ,व्यवस्था भी बहुत खराब है ,खुले में अनाज तो सड़ रहा है और गवर्मैंट की डिस्टलरी
के हजारों.कास्केट्स को अंदर जगह.दे रखी है,यहां तो बहुत पॉलिटिक्स है ,कहा वो शांतिपूर्ण माहौल और कहां यह माथा पच्ची,पता नहीं मैं यह सब कैसे कर पाऊंगा….”
” यही प्रॉब्लम है तेरी ,हर बात को दिल से लगा लेता है ,ये सरकारी काम काज हैं ,ऐसे ही चलते हैं मेरे भाई,यहां अकेला चना भाड़ नहीं फोड़ सकता ,तू बस रोज का काम
रोज निपटा ,एक पूरा दादी मां का मटका होता है , सरकारी गोरख धंधा ढूंढते रहो,ढूंढते रहो कुछ नहीं मिलने का,और
फिर गधे घोड़े सब एक भाव बिकते हैं यहां, तू तो तेरे इंटरव्यू की तैयारी कर,पर याद रखना, चाहे कोई सा भी लैवल हो ,
बात वही की वही रहती है,कल को आर ए एस बन जायेगा
तो तौर तरीका वहां भी ऐसा ही रहना है, ले चाय पी और गर्मागर्म पकौड़ियां खा और भूल जा ,नौकरी है यह,और इसे नौकरी की तरह ही करता रह,नौकरी को आंदोलनकारी की तरह करने की कोशिश करेगा तो जल्दी ही शहीद हो जायेगा। *************************************
(शेष आगे)
अजय कुमार