अजय कुमार का उपन्यास ‘तुम्हारे लिए ‘ भाग -18

तुम्हारे लिए
***********
भाग अठारह
*************
कुछ समय पहले जिस घर ने यह मान लिया था
कि खुशी की चिर प्रतीक्षित घड़ी दहलीज तक आ पहुंची है ,
वो घर आज फिर से ठिठक कर मौन हो गया था।
एक बार फिर माहौल पहले जैसा था, अपने अंदर तमाम अनिश्चितताओं को समेटे हुए, बल्कि जो अप्रत्याशित
हो गुजरा था, अंदर से उससे स्तब्ध, और बाहर से एकदम
चिड़ी चुप्प ।
मेघा इस सारे प्रकरण के बाद वापस चली गयी थी , मजिस्ट्रेट साहब आज खुद अपने से क्षुब्ध हुए बैठे थे ,तन्मय
पर बिना सोचे समझे बरस पड़ने की नासमझी के बाद उन्हें ऐसा लग रहा था जैसे आज बेटे के सामने उनकी पोल खुल गयी हो ,उनके भीतर का पूर्वाग्रह आज एकदम स्पष्ट होगया
था कि चाहे गलती किसी की हो उन्हें तो अपने बेटे पर ही
दोष मंढना है,प्रभा जी ,मेरा सुंदर सपना टूट गया, वाली मुद्रा
में कमरे में एक अलग कोना पकड़े बैठी थी और तन्मय अपने कमरे में चला गया था।
आज के इस कार्यक्रम के कारण उसने अब तक अपना मोबाइल म्यूट रख छोड़ा था ,अब उसे देखा तो उसमें जाह्नवी की कई मिस कॉल पड़ी हुईं थी…” हैलो…आपने तो आज मुझे तीन बार फोन किया है…क्या हुआ…बताइये….”
” कुछ नहीं ,आपने कॉफी पिलाने की बात कही थी न
पर मुझे लग रहा है आप तो कहीं और बिजी थे ,और बिजी
भी इतने कि अपना फोन ही शायद म्यूट कर छोड़ा है…”
“नहीं ,फोन म्यूट चला कर नहीं किया था,वो इसलिए
था कि आज कुछ लोग आये हुए थे,अभी कुछ देर पहले ही
वो लोग यहां से निकले हैं..” तन्मय ने अपनी तरफ से सफाई देने की कोशिश की….
” तुम्हारे यहां मेहमान बहुत आते हैं,जब हम आखिरी बार मिले थे उस दिन भी कुछ ऐसा ही कहा था न तुमने…”
तन्मय को अचानक लगा कि जाह्नवी की आज टोन एकदम से अनौपचारिक हो गयी थी ,जैसे वो बरसों से उसे जानती थी…” हां ,बहुत दिनो बाद लौटा हूं न अपने शहर ,तो अभी मिलने मिलाने का सिलसिला चल ही रहा है, और मुझे याद है ,कहिए तो अभी आ जाऊं…आपको कॉफी पिलाने बताइये कहां है आप…”
” अब…” जाह्नवी ने कुछ.सोचने का सा अभिनय किया..”हां , अभी तो शाम के छः ही बजे हैं..आ,जाओ अगर ज्यादा दिक्कत न हो तो…मैं रीजेन्ट मॉल से ज्यादा दूर नहीं
बस दस मिनिट ही लगेंगे मुझे वहां तक पहुंचने में….”
” ठीक है ,मैं निकल रहा हूं ,आप आ जाइये वहां पर..” तन्मय ने हां तो कर दी पर उसे आज जाह्नवी का व्यवहार
कुछ अजीब सा लग रहा था,पर कह दिया है तो एक बार तो जाना ही पड़ेगा।
दोनो लगभग साथ साथ ही पहुंचे थे मॉल में। जाह्नवी का चेहरा खिल गया था ,तन्मयको आते देख कर।
यह सचमुच ही दूसरे लड़कों से कुछ अलग था, सिन्सियेर, केयरिंग और पढ़ा लिखा भी ,अपर्णा का दुर्भाग्य ही कहा जायेगा कि वो ऐसे लड़के से वंचित रह गयी,और कहीं उस नाकामयाब तबलची के साथ जाने कहां भटक रही है, ऊपर वाले के सिवा और कौन उलझा सकता है ऐसे टेढ़ा मेढ़ा।
” लीजिए मैं हाजिर हूं.,चलिए शुरू करते हैं अपनी कॉफी पार्टी ,बताइये कुछ खायेंगी आप….”
” अरे ! आप तो बहुत हड़बड़ी में हैं ,जैसे अब भी अपने मेहमानों को छोड़ कर आये हैं  यहां,अपने वादे की खानापूर्ति के लिए..वैसे मुझे पहले यह.बताइये कौन मेहमान आये थे आज आपके घर या सिर्फ दोस्त वगैरह ही थे..” जाह्नवी जब
सामने आ बैठी तो फिर से औपचारिक ढंग से बातें करने लगी थी।
तन्मय अब ऐसी बातें तो कदापि शेयर नहीं कर सकता था जाह्नवी से ,पर फिर उसे लगा कि वो इन बातों से अप्रत्यक्ष रूप से जाह्नवी के मन में पल रही किसी संभावना
को शुरू में ही समाप्त कर सकता है।
” अरे ! आप तो सोच में पड़ गये ,नहीं बताना चाहते
तो कोई बात नहीं ,वैसे तो आप कुछ भी शेयर कर सकते हैं..”
” नहीं ,छुपाने जैसी बात कोई नहीं है,लड़की वाले आये थे मुझे देखने ,नौकरी करते तीन साल हो गये हैं तो अब पापा और दीदी चाहते हैं कि मुझे.शादी कर लेनी चाहिए और मैं.अभी अभी इन्टरव्यू दे कर आया हूं ,और मुझे पूरी उम्मीद
है कि शायद मैं सिलैक्ट भी कर लिया जाऊं , तो फिर ट्रेनिंग वगैरह में जाना होगा ,फिर पोस्टिंग वगैरह का चक्कर रहेगा , पता नहीं कहां जाना पड़े तो मैं अभी कोई डिसीजन नहीं लेना चाहता,बात यह है कि शादी वादी तो अब मेरे दिमाग में ही
नहीं है ,पहले यह देख लेना चाहता हूं कि मैं अपने कैरियर में कुछ और बेहतर कर सकता हूं क्या…”
” मैं समझ सकती हूं ,शायद अपर्णा वाले मुआमले ने आपको कुछ ज्यादा ही परेशान कर दिया है,आप अपने लिए कुछ और समय चाहते हैं और शायद खुद को आजमाना भी चाहते हैं,जाहिर है कोई भी सैंसिबल आदमी होगा तो यही सोचेगा ,ऐसा ही कुछ रास्ता लेगा….”
कितने सरल शब्दों में जाह्नवी ने उसकी मनःस्थिति को व्यक्त कर दिया था ,ठीक यही बात तो है उसके दिमाग में वह खामाख्वाह इस लड़की को कुछ और ही तरीके से ले रहा था।
” अब छोडिए यह सब तो चलता ही रहेगा,चलिए हम कॉफी पीते हैं, आज ईथोपियन या फिर यह मैक्सिकन ट्राई करें…किसी बढ़िया से केक पीस के साथ..”
” ठीक है ,पर आज इस कॉफी से पहले एक रिच्युअल जरूरी है ,क्योंकि कॉफी वहीं लोग साथ पीते हैं जो पहले फ्रैंड्स बन गये होते हैं ,हम इस ऑर्डर के सर्व होने से पहले फ्रैंड्स बन जाते हैं,कोई प्रॉब्लम हो तो बता दीजिए….” यह कहते.हुए जाह्नवी ने अपना हाथ तन्मय की तरफ बढ़ा दिया था …
” नहीं ,कोई प्रॉब्लम नहीं ,वी आर फ्रैंड्स..” और यह कह कर उसने जाह्नवी से हाथ मिला लिया था…”चलिए फिर हो जाए मैक्सिकन कॉफी एंड ए पीस ऑफ चॉकलेट केक, ओ.के..” जाह्नवी ने तुरंत सहमति में अपना सिर हिला दिया था.. यह सोचते हुए कि इस आदमी के लिए तो सालों तक
भी वेट किया जा सकता है। कहते हैं कुछ घटनाएं और संयोग अज्ञात क्षेत्र में विचरते रहते हैं ,जो शायद किसी संकेत के बाद ही गोचर होना शुरू होते हैं ,अब यह बात न तो तन्मय जानता है न ही जाह्नवी और न ही फिरसे पशोपेश में पड़ा मजिस्ट्रेट साहब का घर।
तन्मय जब रीजेन्ट मॉल से वापस घर पहुंचा ,तब तक रात के नौ बज चुके थे।
**************************
( शेष आगे…)

अजय कुमार
 

 

 

 

 

 


WhatsApp Image 2026-06-03 at 13.23.29 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment