भलोल
भाग -5
सच पूछे तो उस समय मुझे समझ नहीं थी। जो मिलता पहन लेता था। 7वीं में जाकर मन को धक्का लगा था। आज पता चलता है कि बड़ा परिवार इसका मुख्य कारण था। हम अच्छे कपड़े न पहन पाए। उस समय बड़े परिवारों का रिवाज था। माँ-बाऊजी ने हमें आमदन के हिसाब से सब-कुछ दिया था। बाऊजी ने अपने जिन बच्चों से उम्मीद लगा रखी थी उन्होंने निराश किया था। शायद वे इसी गम में चलाना कर गए थे।
आज समझ में आती है कि किसी से उम्मीद रखनी ही नहीं चाहिए। अच्छा हुआ वे पहले चले गए, नहीं तो पीछे से मची लूट को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं कर पाते।
ख्यालों में पता नहीं कब मैं अमृतसर रेलवे स्टेशन पार करके नहर के दफ्तर पहुँच गया था। बस आगे बाई तरफ एक पुल है। उसे पार करते ही सड़क के दूसरी तरफ मॉडल टाऊन की गलियाँ शुरू हो जाती हैं। एक नंबर गली में मौसी जी का घर था। मैं उनकी गली में मुड़ा तो मुझे नई कोठियाँ बनी हुई तो मिली लेकिन और कोई परिवर्तन दिखाई नहीं दिया। हाँ, मौसी जी की कोठी मुझे वही पहले जैसी दिखाई दी।
मौसी की मौत हो चुकी है। उनका बेटा डॉक्टर है और सीआरपीएफ से निदेशक मेडिकल की उच्ची पोस्ट से रिटायर हुआ था। गुरुग्राम में स्थापित हुआ। मेरी गुरदासपुर बाली भी के बेटे भी अपनी सारी पैतृक जमीन बेच कर आमदाबाद में सैटल हो गए थे। मेरा सारा नाना परिवार बिखर गया था। मेरा दाया परिवार भी इस बिखराव से मुक्त नहीं था। बुजुर्गों की जमीने विक गई। सब घर से बेघर हो गए। केवल एक मेरे बाऊजी का बनाया मकान सुरक्षित रहा। मैंने अपने भाई के आगे मकान के अपने हिस्से को नहीं बेचा। आज उसी का परिवार उस मकान में रह रहा है। वे स्वयं अहमदाबाद में जीवन गुजार रहे हैं।
इन परिवारों की बर्बादी के पीछे उनकी धोखेबाजियाँ हैं और बेईमानियाँ हैं। मेरा छोटा बेटा इसे पितृदोष मानता है। मैं उससे सहमत नहीं हूँ।
मौसी जी के परिवार से हमारे परिवार की इसलिए बिगड़ी कि इसी बहन की, जहाँ मैं जा रहा हूँ, हेल्दी होने के कारण शादी नहीं हो रही थी। इनके पति ने इस शर्त पर शादी करना स्वीकार किया कि उसकी बहन के लिए लड़का बताया जाए। बाऊजी ने उन की बात मान ली। चलो घर की लडकी की शादी हो जाएगी। बाऊजी ने अपने सबसे बड़े बेटे से उसकी बहन की शादी करना स्वीकार कर लिया। शादी की डेट भी फिक्स हो गई। फिर पता नहीं क्या हुआ, किसके मन में क्या बेईमानी थी, शादी करने से मुकर गए। भाई के लिए और बाऊ जी के लिए इज्जत का सवाल था। बाऊजी ने उसी डेट को एक कम पढ़ी-लिखी लड़की से भाई की शादी करा दी।
मैं जब अपनी इस कजिन के घर में प्रविष्ट हुआ तो मुझे बाहर के बड़े आंगन में कोई दिखाई नहीं दिया। घर के भीतर मुझे एक युवा लड़की दिखाई दी। माँग में सिंदूर था। शायद उनकी बहू होगी। मैंने उससे अपनी बहन का नाम लेकर कहा कि मुझे उनसे मिलना है। मेरे बारे पूछने पर कहा, “मैं उनकी मौसी जी का बेटा हूँ।”
उसने मुझे ड्राइंगरूम में बैठाया। जब बहन जी आईं तो मैं एकाएक पहचान नहीं पाया। मानता हूँ, वे मुझ से उम्र में बहुत बड़ी थी लेकिन इतनी बूढ़ी दिखेंगी, यकीन नहीं हुआ। मोटे चश्मे से नजदीक से देखने पर भी वे मुझे पहचान नहीं पाई। दुख हुआ। यह हमारे नाना परिवार की सबसे सुंदर लड़की थी। यह हेल्दी हो गई थी, नहीं तो इन से शादी करके कोई भी धन्य हो जाता। ज्यादा पढ़ाया नहीं गया। शायद 8वीं पास थी। अमीर थे। इनके रिश्ते के लिए डाक्टर और इंजीनियर लड़के ढूंढे जाने लगे। इतने पढ़े-लिखे लड़के किसी 8वीं
पास लड़की से शादी क्यों करेंगे? जब कहीं बात नहीं बनी तब भाई के बदले इनकी शादी हुई।
मैं बहन जी के शरीर के बिखराव को स्पष्ट देख रहा था, जब मैंने बताया कि मैं निन्दी हूँ तब उठकर उन्होंने मुझे प्यार किया, पूछा कि यहाँ कैसे? मैंने बताया कि मैंने तहसीलपुरा के उसी घर को वापस खरीद लिया है। मेरी पत्नी की तो डैथ हो गई है और दोनों बेटे बाहर के देश में बस गए हैं।
बाऊजी वाले मकान के बारे सुनकर बहुत खुश हुई। कहा, “तेरे बाऊजी की उस मकान में आत्मा बसती थी। तेरी पत्नी की डेथ बारे काके ने बताया था, अफसोस है।”
इतने में उनकी बहू चाय लेकर आ गई। बहनजी ने मेरा परिचय करवाया। उसने मेरे पाँव छुए और मैंने उन्हें आशीर्वाद दिया।
काका, वह अपने भाई को कहती है। हम सब भी उसे काका ही कहते हैं। मैंने पूछा, “अभी काका भाई साहब आते होंगे?”
“कहाँ आता है। कोठी में आधा हिस्सा उसका है। सभी किराएदार उसके अकाऊंट में पैसा डाल देते हैं। मुझे किराया यहाँ मिल जाता है। बस जिंदगी बीत रही है।”
बहन जी कहीं दूर खो गई थी। उनके भीतर के बिखराव को मैं जान न पाया था। मैंने कहा, “अच्छा बहन जी, मैं चलता हूँ।”
“ठीक है, आता रहा कर, पर यह फल लाने की फारमैलिटी न किया कर।”
“आप मेरी बहन हैं। मैं खाली हाथ कैसे आ सकता था?”
उन्होंने मेरा माथा चूमा। मैंने कहा, “बहन जी, मेरे घर को भी आकर पवित्र करें। मुझे बता देना, मैं आकर ले जाऊँगा।”
मैंने अपना मोबाइल नंबर दे दिया। मैंने फिर उनके पाँव छुए। उन्होंने सिर पर हाथ रखकर आशीर्वाद दिया। मुख से निकला, “वर्षों बाद मेरे मायके से कोई आया है।”
मैं वहाँ से निकला तो बहन जी की आँखें नम थी। शायद वे अपने विगत के हमारे मधुर संबंधों को लेकर भावुक थी। वे अपने मायके की कोठी में ही रह रहीं थी। फिर भी कोई मायके परिवार से न आए तो किसी का भी भावुक होना स्वाभाविक है, चाहे औरत की उम्र कितनी ही क्यों न हो जाये।
मैंने सड़क पर आकर दरबार साहिब में माथा टेकने का मन बनाया। पैदल चलने की बजाय मैंने ऑटो लिया। बीस रुपए में वे मुझे कोतवाली पर छोड़ देंगे। सालिम आटो नहीं मिल रहा था। ऑटो वाले ने मुझे अपने साथ बैठा लिया।
ऑटो में भी गुरबानी के शबद लगे हुए थे।
“सब किछ घर में, बाहर नहीं
बाहर जो ढूंढे भूल भुलाई
गुर परसादी तिन अंतर पाया।”
गुरबानी कभी भी किसी को भ्रम में नहीं डालती है। हमारे गुरुओं ने ही नहीं बल्कि किसी भी सच्चे संत-महात्मा ने भ्रम में नहीं डाला है। सबने अपने अंदर की ओर इशारा किया है।
अपने ख्यालों में इतना खोया कि कब हाल बाजार में ऑटो ने ऐंट्री की, पता नहीं चला। जॉनसन स्पोर्ट्स की दुकान पर एक सवारी उतरी। इसी गली में मेरी जीवनसंगिनी रहती थी, जो चोला छोड़ गई थी। मैं बीच मझधार में अकेला रह गया था। मेरी आँखें नम हो गईं थीं।
वहाँ तक मैं ऑटो में अकेला रह गया था। ऑटो चलाने वाला बुजुर्ग सरदार था। शीशे से मेरी आँखें नम देखी तो पूछ लिया, “की होया बाऊजी? अखाँ च हंजू?”
“कुछ नहीं सरदार जी, इस ‘राम गली’ में मेरी पत्नी रहती थी, जो चोला छोड़ गई।”
“वाहेगुरु उनकी आत्मा नू शान्ति देवे। जीवन साथी दा चले जाना बड़ा दुखदाई हुंदा ऐ। तुसीं अपने ससुराल नहीं गए?”
“अब वे गोपाल नगर में रहते हैं।”
कोतवाली पर ऑटो वाले ने छोड़ा। मैंने उसे बीस रुपए दिए और पैदल ही दरबार साहिब की ओर चल पड़ा। कोतवाली से आगे कोई गाड़ी नहीं जा सकती थी। वहाँ से दरबार साहिब को जाने वाली सारी संगत पैदल ही जाती थी। कोतवाली के पास ही बड़े भाई का स्कूल था। वहाँ अब दरबार साहिब की कार पार्किंग बन गई है। मैं उसे पार कर जाता हूँ। मल्लिका के बुत के चौक से फव्वारे वाला चौक की ओर बढ़ जाता हूँ। चाहे इस चौक का नाम बदल गया है, फिर भी बहुत सारे लोग इसे मल्ल्किा के बुत का चौक ही कहते हैं।
फव्वारे वाले चौक से बिल्कुल टक्कर पर ऐतिहासिक जलियांवाला बाग का एंट्री गेट हैं। वहाँ पहुँच कर मैंने शहीदों को नमन किया और दाहिने मुड़ गया। सामने दरबार साहिब है।
मैंने ‘जूता घर’ में बूट जमा किए। टोकन लेकर जाने लगा तो एक जेंटलमैन मेरे बूट लेकर चला गया। मैंने ‘जूता घर’ वाले से पूछा, “यह मेरा बूट कहाँ ले गया है?”
उसने हाथ जोड़कर कहा, “बाऊजी, फिक्र न करो। बूट पोलिश करने ले गया है। ऐथे 24 घंटे बूट पोलिश की सेवा चलती है। बड़े-बड़े अधिकारी यहाँ आ जूते पोलिश की सेवा करते हैं।”
जानता था, जूता पोलिश करने की सेवा चलती है। गर्दिश के दिनों में या कहें आवारागर्दी के दिनों में मैं कभी बूट पहन कर आया नहीं था। मैं, मेरे दोस्त बंसा और धर्म हमेशा कैंची चप्पल में आते थे।
मैं मत्था टेक कर बाहर निकला तो सीधा चौक प्ररागदास की ओर रूख किया। वहीं गली मंगलसिंह है जहाँ राजी की सखी शन्नो रहती थी। शन्नो, राजी से पहले चोला छोड़ गई थी। शन्नो मुझे जानती न होती तो राजी मेरी जीवनसंगिनी कभी नहीं बनती। राजी को याद कर के मैं फिर भावुक हो उठा था। इसी गली में मेरी बुआ रहती थी। शन्नो मेरी बुआजी के जेठ की लड़की थी।
राघवेंद्र सैनी
क्रमशः