ज्योत्सना कपिल का उपन्यास ‘उर्वशी’ – भाग -3

 

(3)

उर्वशी को देखकर एक बार पुनः उसने सिर से पाँव तक निरीक्षण किया और फिर अपना दांया हाथ आगे बढ़ा दिया। प्रतिउत्तर में उसका हाथ आगे बढ़ा तो दीपंकर ने गर्मजोशी से उसका हाथ थाम लिया।

गतांक से आगे –

” अद्वितीय सुंदरता और भावप्रवण अभिनय का ऐसा सम्मिश्रण कठिनाई से ही देखने को मिलता है। आप इसका अप्रतिम उदाहरण हैं। आपको देखकर लगा, वास्तव में मालव देश की राजकुमारी, राह भूलकर रंगमंच पर उतर आयी है। उसपर आपका अभिनय, क्या कहने, आपका चेहरा, आपकी आँखें, बोलती हैं। “
” बहुत शुक्रिया, मेरा हौसला बढ़ाने के लिए। ” इतनी प्रशंसा सुनकर उसका मुखड़ा आरक्त हो उठा।
” बहुत समय से मुझे ऐसे ही एक चेहरे की तलाश थी । आज देखकर लगा कि वह तलाश पूरी हुई। अगले वर्ष से अपना ड्रीम प्रोजेक्ट शुरू करने वाला हूँ। नायिका प्रधान फ़िल्म होगी, उसमें आपको मुख्य अभिनेत्री का चरित्र देना चाहता हूँ। “
सुनकर वह आश्चर्य चकित रह गई। एक पल को कुछ न कह पाई। दीपंकर ने कहा कि वह जल्दी ही स्क्रिप्ट पर काम करके उसे साइनिंग अमाउंट के साथ भिजवा देंगे। तब तक वह फ़िल्म में अभिनय के लिए अपना मन बना ले। वहाँ उसकी प्रतिभा को नए आयाम मिलेंगे, एक विशाल दर्शक वर्ग मिलेगा। वह प्रसिद्धि के शिखर पर होगी। उन्होंने उसे साइनिंग अमाउंट व उसकी फ़ीस की राशि बता दी। अपेक्षा से कम धनराशि की बात सुनकर वह कुछ मायूस हो गई । कहाँ तो प्रमुख अभिनेता अभिनेत्री का पेमेंट काफ़ी ज्यादा होता है, और कहाँ उसे नया समझकर इतना कम अमाउंट ! वह अपने मन को यह कहकर समझाने लगी कि अभी उसकी मार्केट वैल्यू शून्य है, और उसे पहला अवसर प्रदान करके दीपंकर उसपर अहसान ही कर रहे हैं। वह सोच में पड़ गई कि प्रस्ताव स्वीकार करे या नहीं। उसे कश्मकश में डूबा देखकर आशुतोष को उसकी उलझन का आभास हो गया. अब वह उसे समझाने लगे कि ऐसा सुअवसर उसे भाग्य से ही मिला है। इसे ठुकराने की भूल वह बिल्कुल न करे। अब वह समय आ ही गया है कि उसे अपनी प्रतिभा को विस्तार देने के विषय में सोचना ही चाहिए। सिम्मी ने भी प्रस्ताव के समर्थन की ओर ही अपना रुझान दिखाया।
उसे फ़िल्म का प्रस्ताव मिला है , यह सूचना आग की तरह फ़ैल गयी। कहीं ईर्ष्या हुई, तो कहीं प्रसन्नता, कहीं आश्चर्य , तो कहीं उपहास। ये बात और है कि मुँह के सामने केवल प्रसन्नता व्यक्त की गई। कई लोगों ने पार्टी की माँग भी की। उसके निर्देशक आशुतोष बहुत प्रसन्न थे, कि उनकी एक अभिनेत्री मुख्यधारा में पहचान बनाने वाली है। उर्वशी ने अपनी ऊहापोह उनके समक्ष व्यक्त की, तो वह पुनः उसे समझाने लगे, कि इसमें असमंजस किस बात का ? इस प्रस्ताव को अस्वीकार करने की कोई तुक नहीं है। ऐसा अवसर बार बार नहीं मिलता। भाग्य केवल एक बार दरवाजे पर दस्तक देता है। उस पर दीपंकर जैसा जीनियस निर्देशक, वह भाग्यशाली है जो उनकी दृष्टि उस पर पड़ी। यानी अब दिल्ली छूटने का वक़्त क़रीब आ गया है। उसकी कर्मस्थली, अब कोई औऱ शहर होने वाला है।
उधर फूलों का गुलदस्ता शुभकामनाओं के साथ, आ चुका था। उसपर दृष्टि पड़ी तो वह पुनः सोच में पड़ गई। क्या उसे इस व्यक्ति को जाने बिना ही दिल्ली से प्रस्थान करना होगा ? क्या यह राज, सदा राज ही रहेगा, कि कौन है यह शिखर, जो उसे हमेशा सुंदर फूल भेजा करता है ? काश एक बार उससे मुलाकात हो जाती ! देर रात तक वह यही सोचती रही। भोर से कुछ पहले ही उसे नींद आयी।

* * * * *

अखबारों में उसके फिल्म के प्रस्ताव की चर्चा प्रकाशित हो चुकी थी। जिससे यकायक ही वह चर्चित हो गई थी। लोग उसे विशेष दृष्टि से देख रहे थे। कोई उसकी उपलब्धि पर प्रसन्न हो रहा था तो कोई ईर्ष्या में फुँक रहा था। अफवाहें उड़ रही थीं कि अब वह काफी अभिमानी हो गई है। मुख्य पात्र के अतिरिक्त साधारण भूमिकाओं में उसकी कोई रुचि नहीं रही है। यह सब खबरें उसके कानों में पड़ रही थीं और वह मौन थी। उसने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी और मन ही मन मुस्कुरा रही थी। वह बस देखकर हैरान हो रही थी, कि कितना कुछ नमक मिर्च मिलाकर फ़ैलाया जा सकता है !
समय यूँ ही उड़ा जा रहा था, वह अपने अध्ययन व रंगमंच में व्यस्त थी। अपने समूह के साथ कुछ चक्कर दूसरे शहरों व दूर दराज के कस्बों में भी लग चुके थे। बस अब लग रहा था कि स्नातकोत्तर का अंतिम वर्ष भी निकल जाए तो कुछ राहत मिले। पढ़ाई के साथ रंगमंच की सक्रियता के मध्य तालमेल बैठाने में खासी दिक्कत महसूस हो रही थी। उस पर मन अब एक अलग ही दुनिया मे विचर रहा था। अब उसमें कुछ रूमानी रंग घुलने लगे थे। एक ओर अनजाना नाम था ‘ शिखर ‘, दूसरी ओर एक परिचित चेहरा था राणा साहब का। जो उसे तेजी से अपनी ओर खींच रहा था। वह डोर में बंधी पतंग सी उनकी ओर खिंची जा रही थी।

* * * * * * * * *

उस दिन उसके एक सहपाठी की बहन का विवाह था, जहाँ बहुत इसरार के बाद समय निकाल कर वह जा पाई थी। व्यवसायी परिवार के उस विवाह में, शहर की बड़ी बड़ी हस्तियाँ नज़र आ रही थीं। वह सिम्मी व दूसरे मित्रो के साथ चुहल में व्यस्त थी कि सिम्मी ने चुपके से उसका हाथ दबाया। उसने प्रश्नवाचक दृष्टि से सिम्मी की ओर देखा, जो एक ओर देख रही थी। उर्वशी की दृष्टि ने उसकी नज़रों का पीछा किया तो देखकर पल भर को उसका दिल दुगुने वेग से धड़कने लगा। सामने गहरे नीले रंग के बन्द गले का सूट पहने राणा साहब कई लोगों से घिरे खड़े हुए थे। उर्वशी को महसूस हुआ कि अचानक ही सारा माहौल बहुत दिलकश हो उठा है। हवाओं ने मुहब्बत के तराने छेड़ दिये हों, और सब कुछ गुलाबी हो उठा। तभी अकस्मात राणा साहब की दृष्टि उससे मिली और वह सम्मोहित से उसे देखते रह गए। उर्वशी की नजरें संकोच से झुक गईं। तभी सिम्मी ने उसे खींचा और स्नैक्स के काउंटर की ओर चल दी। एक बार उसने पलट कर देखा , तो राणा साहब की दृष्टि उसका ही पीछा कर रही थी। कुछ ही देर वह वहाँ ठहरे, और जब तक रहे कनखियों से उसे ही निहारते रहे। उनके जाते ही उसे महसूस हुआ जैसे वातावरण में नीरवता छा गई। उसके बाद वहाँ रुके रहना उसे भारी लगने लगा।

* * * * * *

उसके कुछ दिनों पश्चात एक विदेशी राष्ट्राध्यक्ष के समक्ष शूद्रक रचित ‘ मृच्छकटिकम ‘ का मंचन किया गया। जिसे अतिथि द्वारा बहुत सराहा गया और उन्होंने निर्देशक आदित्य और वसन्तसेना का किरदार निभाने वाली उर्वशी की बहुत प्रशंसा की । अगले दिन सभी समाचारपत्र उसकी तारीफ़ में कसीदे पढ़ रहे थे। तत्पश्चात एक दिन निर्देशक आदित्य को राणा साहब की ओर से एक संदेश प्राप्त हुआ। उन्होंने अपने सभी साथियों के समक्ष उसे पढ़कर सुनाना शुरू किया-

श्रीमान आदित्य जी, सादर नमन
हमें इस बात की बेहद खुशी है कि आप व आपके कलाकारों ने, विदेशी अतिथि के सम्मुख भारत का सिर गर्व से ऊँचा उठा दिया। हमें आप सभी की योग्यता पर नाज़ है। खुशी के इस अवसर पर हम आपकी पूरी टीम को मौर्या में रात्रिभोज के लिए आमंत्रित करते हैं। शनिवार को शाम सात बजे हम, आप सभी साथियों के स्वागतोत्सुक रहेंगे।
राणा ग्रुप्स

लेखिका-ज्योत्सना कपिल

क्रमशः

WhatsApp Image 2026-06-16 at 13.30.59 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment