अजय कुमार का उपन्यास ‘तुम्हारे लिए’- भाग -19

तुम्हारे लिए
***********
भाग उन्नीस
************
जाह्नवी से बात करने के बाद तन्मय को एक फायदा जरूर हुआ था,अब उसने यह तय कर लिया था कि चाहे जो
हो वो अब अपने शादी के बारे में आर.ए.एस. के रिजल्ट के बाद ही कुछ सोचेगा,तब तक इस चर्चा को विराम दे देना ही उचित है,और मौका मिलते ही यह बात बता वो अपने घर में
भी बता देगा।
” खाना तो अभी खाओगे न…” प्रभा जी ने घर आते
ही तन्मय को टोक लिया था…”नहीं मम्मी ,आज इच्छा ही
नहीं है खाने की , बस थोड़ा दूध ही पीऊंगा…” प्रभा जी को
भी यह लग गया था ,वो तो बस तन्मय से बात करने का कोई सूत्र तलाश रही थी,तन्मय के जाने के बाद तो मजिस्ट्रेट साहब भी गुमसुम से हो गये थे,जैसे अब कुछ भी कहने सुनने को ही नहीं रह गया था। उन्हें अफसोस हो रहा था कि खामाख्वाह,
वो आज तन्मय की स्थिति को समझे बिना ही उस पर टूट पड़े थे ,और फिर प्रभाजी ने भी अपने मन का सारा क्षोभ उन्हीं
पर निकाल दिया था,इस बार मजिस्ट्रेट साहब दरअसल गलत पकड़ लिए गये थे।
” तेरे जाने के बाद मेघा का फोन आया था ,वो भी बहुत परेशान है ,कह रही है , अगली बार और ज्यादा छान
बीन कर ही कोई प्रपोजल लाऊंगी और आज जो हुआ है उसे ले कर तन्मू को भी ज्यादा परेशान होने की जरूरत नहीं है…”
” नहीं ,मैं तो बिल्कुल भी परेशान नहीं हूं, बल्कि मैं आपसे और दीदी से यह कहना चाहता हूं कि अब आगे आप लोग भी मेरी शादी के लिए कोई नया प्रयास मत कीजिएगा, महीने बीस दिन में मेरा रिजल्ट आने वाला है ,उसके बाद ही देखते हैं क्या नयी स्थिति बनती है ,अगर मेरा सिलैक्शन हो
गया तो फिर संभव है ट्रेनिंग वगैरह में बिजी हो जाना पड़े…”
मां बेटे की बातचीत की आवाज को सुन कर मजिस्ट्रेट साहब भी अपने कमरे से बाहर आ गये थे….” पर वो ट्रेनिंग
तो जयपुर में ही होनी है,और यह ट्रेनिंग पूरे दो साल चलती
है ,इस तरह से तो बहुत समय निकल जायेगा….”
” नहीं ठीक कह रहा है तन्मू , अब कुछ दिन के लिए खामोश रहना ही ठीक है.,कम से कम रिजल्ट आने तक,उस
के बाद ,तब की तब देखा जायेगा ,फिलहाल हम यह टॉपिक यहीं बंद कर देते हैं..” पिछले दो तीन घंटो का दबाव अब एक झल्लाहट भरे से सुर में बाहर निकला था,प्रभा जी के मुंह से और बात यहीं पर हवा में टंगे रह गये एक प्रश्नवाचक चिन्ह
के साथ खत्म हो गयी थी।
जाह्नवी मगर इसके विपरीत आज बहुत खुश खुश मूड में अपने घर पहुंची थी,अपने घर की सबसे बड़ी लड़की
थी जाह्नवी, और शुरू से ही वो बहुत कॉन्फिडेंट थी, अपने एटिट्यूड में भी और खुद को ले कर अपने निर्णयों में भी।उस
के पापा उसको ले कर शुरू से ही बहुत उदार रहे थे , उन्होंने
कभी उसे किसी काम के लिए रोका नहीं ,वैसे भी वो इनकम टैक्स ऑफिसर थे तो घर में पैसे की पूरी इफरात थी।
जाह्नवी भी अपनी जॉब में बहुत खुश थी और जहां तक उसकी शादी का सवाल है, वो किसी तरह की जल्दी में नहीं थी, उसे जल्दबाजी में गलत फंदे में अपना पांव नहीं डालना था, और आज उसे यह लग रहा था कि पहली बार कोई उसे अपनी तबियत के माफिक मिल गया है, इसीलिए वो आज
घर लौटने के बाद से बहुत खुश थी।
जाह्नवी पिछले दो साल से अपने कैरियर के लिए जी
तोड़ मेहनत कर रही थी,और पिछले कुछ दिनो में ही एक सही पैकेज तक पहुंच पाई थी,अब यह सही वक्त था,घर बसा कर सैटल हो जाने का, पर उसे आज यह भी अच्छे से समझ आ गया था कि तन्मय जैसे लड़के के मुआमले में पहले उसका
पूरा फेथ हासिल करके ही आगे बढ़ा जा सकता था,और
आज उसने बिल्कुल यही किया था, उसे तन्मय को देख कर
ही पता चल गया था कि उसे कॉफी पिलाने के लिए महज औपचारिकता वश ही वहां आया था,पर उसने फिर उसके
मूड को भांपते हुए तुरंत उसके मनः स्थिति के अनुरूप बात
चीत का रूख मोड़ते हुए,अन्ततः उसने तन्मय का ध्यान
अपनी तरफ आकर्षित कर ही लिया था ,बस ठीक इसी तरह
से उसे आगे भी हैंडल करना होगा,अभी अभी उसे अपर्णा के कारण एक आघात लग कर चुका है,पहले उसके टूटे हुए दिल को एक मुकम्मल मरम्मत की जरूरत है,तभी वो खुद को एक अगले विकल्प के रूप में आगे बढा सकती है।आखिर एक
कंपेटिबल रिश्ते के लिए जी तोड़ मेहनत तो करनी ही होती है।
इस घटना के बाद तीन चार दिन शांति से निकल गये , और फिर एक दिन तन्मय के पास जाह्नवी का फिर से फोन आया तब शाम के तीन बजे थे ,पहले जब कभी भी जाह्नवी
का फोन आता था तो तन्मय  को लगता था कि शायद उसके पास अपर्णा के बारे में कोई खबर है ,पर अब तो ऐसी हर उम्मीद खत्म हो हो चुकी थी   ” हैलो ,जाह्नवी जी,आज कैसे फोन कर लिया आपने…आज आप क्या छुट्टी पर हैं….”
“नहीं छुट्टी पर तो नहीं हूं…पर एक खबर है तुम्हारे लिए इसी लिए किया है मैंने फोन..”
” कैसी खबर…” एक अजीब सी कैफियत से घिर उठा था तन्मय का मन….” खबर यह है कि अपर्णा का रात फोन आया था मेरे पास ,वो आज कल अजमेर में है ,एक पब्लिक स्कूल में म्यूजिक टीचर है ,शायद विमलेश भी उसके साथ ही
वहां होगा, यह बताया तो नहीं उसने बस मेरा अंदाजा है,बहुत मन कर रहा था उसका मुझसे बात करने का ,वो केवल अपने
पापा के बारे में जानना चाह रही थी कि क्या वो उसे अभी
तक ढूंढ रहे हैं, फिर से मिले हैं क्या कभी मुझसे ,अब मैं क्या कहती उससे कि वो एक बीती हुई कहानी हो कर रह गयी है, कहीं कोई भी नहीं ढूंढ रहा है उसको….”
” क्या मैं आज शाम को आपसे मिल सकता हूं….” जाह्नवी की इस बात को सुनते सुनते ,बहुत व्यग्र हो उठा था तन्मय।कोई और उसे ढूंढ रहा है या नहीं यह तो उसे नहीं पता पर उसका दिल तो उसे आज भी देखना चाहता था,इसलिए नहीं कि उसे अब भी उससे जुड़ी अपने लिए कोई उम्मीद है
वो बस यह तसल्ली कर लेना चाहता था कि वो अपने फैसले
के बाद एकदम खुश तो है ना।
************************
(शेष आगे )

अजय कुमार
 

WhatsApp Image 2026-06-03 at 13.23.29 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment