( 5 )
” उर्वशी बेटा , तुम किसी शिखर को जानती हो ? ” इस प्रश्न को सुनते ही वह बुरी तरह चौंक उठी। उसका पीछा करते हुए यह नाम आगरा तक कैसे आ गया ? उसने पिता की ओर प्रश्नवाचक दृष्टि उठाई
गतांक से आगे –
” आपने यह नाम कहाँ सुना पापा ?”
” तुम जानती हो या नहीं ?” जवाब में उन्होंने उससे पूछा।
” जानती हूँ भी , और नहीं भी। “
” मतलब ?”
” सिर्फ नाम से परिचित हूँ, चेहरे से नहीं, कभी मुलाकात नहीं हुई। पर आपको यह नाम कैसे पता लगा ? किसी ने कुछ कहा क्या ?”
” हाँ कोई सज्जन आये हैं , और तुमसे मिलना चाहते हैं । कह रहे हैं कि तुम उन्हें जानती हो। “
” यहाँ ? हमारे घर मे ?” आश्चर्य से वह उछल ही पड़ी थी। इससे पहले की पापा कोई उत्तर दें, वह लगभग दौड़ती सी बैठक में आ गई। शिखर पर दृष्टि पड़ी तो अवाक रह गई , कुछ पल को वह अपनी चेतना जैसे खो बैठी थी। आँखें फाड़े बस देखती रही। शिखर ने सुर्ख गुलाब का सुंदर सा गुलदस्ता उसकी ओर बढ़ा दिया। उन्होंने उससे क्या कहा, उर्वशी के कानों तक आवाज़ ही नहीं गई।
” क्या हुआ ? हैलो ” उनके चुटकी बजाने पर वह चैतन्य हुई। उसकी यह स्थिति राणा साहब को शिखर के रूप में अपने समक्ष पाकर हो गई थी।
” आप ….. शिखर ….” उसे अब भी समझ नहीं आ रहा था कि वह क्या कहना चाहती है ,और क्या कह रही है।
” जी हाँ- हम शिखर प्रताप सिंह राणा , लोग हमें राणा साहब के सम्बोधन से पुकारते हैं । “
” मैंने कभी सोचा भी … मतलब आप … मैं यह जानने को कितना …” वह हड़बड़ाहट में न जाने क्या क्या अनाप शनाप बोले जा रही थी।
” यानी आपको बहुत परेशान किया है हमने। ” वह मंद मंद मुस्कुरा रहे थे।
” अ … आप यहाँ कै…?”
” नहीं आ सकते क्या ?” उन्होंने गहरे स्वर में पूछा।
” नहीं, मेरा वह मतलब नहीं … ” कहते हुए वह कट कर रह गई। अब जाकर वह पूर्ण रूप से चैतन्य हुई। हे भगवान, इन्हें आज ही आना था ? आज क्या कार्टून बनी हुई हूँ मैं ? उसे अब याद आया कि वह इस समय कम से कम इस अवस्था में बिल्कुल नहीं थी कि उनके सामने आती। उस चेहरे को देखने की उत्सुकता में वह बिना विचार किये दौड़ी चली आयी थी। अब जाकर उसे होश आया कि वह इस वक़्त उपयुक्त परिधान में नहीं है। सुबह स्नान करके आयी तो गर्मी बहुत लग रही थी। अतः उसने एक बहुत पुरानी और घिसी हुई गुलाबी रंग की कैपरी पहन रखी थी,जो उसने घुटने से ऊपर चढ़ा रखी थी । उसपर गोल गले की एक काली टीशर्ट, जिसमे लिखा था रॉकस्टार। सुबह सिर धोया था, इसलिए केश गीले होने के कारण यूँ ही उलझे और खुले पड़े थे। जिन्हें सूखने के बाद बाँधना था, पर उपन्यास के रहस्य – रोमांच में ऐसा डूबी की सुलझाने , समेटने का ख्याल ही न रहा था । अब भी उसके बाल बुरी तरह उलझे और बिखरे हुए थे। यह सब याद आते ही वह लज्जा से गुलाबी पड़ गई। शिखर बहुत दिलचस्पी से उसे देखे जा रहे थे।
” कोई काम था आपको ? “
” आप इतनी परेशान क्यों हैं ?” शिखर मुस्कुराए।
” नहीं, वो बात नहीं, आप हमेशा … मतलब कभी सामने नहीं आये तो …” सत्यानाश, यह क्या बोले जा रही हूँ मैं ? उसने स्वयम को डपटा।
” हमें नहीं पता था कि आप हमें लेकर इतनी बेचैन हैं ।” उसके अपदस्थ हो जाने पर शिखर मन ही मन उसकी मानसिक स्थिति का मजा ले रहे थे।
वह और भी न जाने क्या बोलती पर तभी उसे उबारने को पापा वहाँ आ गए। उसे लगा जैसे उसकी साँस वापस आ गई।
” एक्सक्यूज़ मी ” कहकर वह वहाँ से अपने कक्ष में आ गई। सबसे पहले उसने दर्पण में अपना हुलिया देखा। ओ ईश्वर, उन्होंने आज किस भेष में देख लिया मुझे। क्या सोच रहे होंगे, कितनी फूहड़ लड़की है। तमीज ही नहीं कि बाहर वालों के सामने कैसे जाते हैं। अजीब ही हालात हैं, ऐसा अक्सर होता है। शायद सबके साथ होता है। कभी घर बहुत बिखरा हो तो ज़रूर कोई आ जाता है, जब ढंग के कपड़ों में न हो तो वो आता है , जिसके आने का गुमान स्वप्न तक में भी न हो। यह तो बिल्कुल ही न सोचा था कि शिखर और राणा साहब एक ही व्यक्तित्व होंगे। यह मुझे हमेशा फूल क्यों भेजते थे ? इनके यहाँ आने का मकसद क्या है ? इन्हें मुझ में इतनी दिलचस्पी क्यों है , कि मेरे घर का पता लगा कर यहाँ तक चले आये ? इससे पहले तो कभी बात नहीं की। जबकि दिल्ली में मिलना अधिक सुविधाजनक था। अपना सारा काम छोड़कर यहाँ तक आये। इनमें और मुझमें कहीं कोई तालमेल नहीं। क्या यह भी मुझे चाहते हैं ? हर बार फूल भेजने का अर्थ क्या था ? यह हावभाव जताते तो यही हैं कि इन्हें कोई खास दिलचस्पी है। कहाँ ये, शाही खानदान के वारिस, एक बड़े उद्योगपति, और कहाँ मैं, एक मध्यम वर्गीय ,साधारण लड़की ।
सोच विचार करते हुए उसने वार्डरोब से अपना कॉटन का एक सूट निकाला और पहन लिया। इसके बाद वह दर्पण के सामने जाकर बाल सुलझाने लगी। बाल भी नामुराद इस कदर उलझ गए थे कि सुलझाना मुश्किल लग रहा था। किसी तरह बाल बनाकर वह बैठक में आयी तो देखा की वहाँ उसकी मम्मी और पापा बैठे हुए बातचीत कर रहे थे तथा चाय नाश्ता चल रहा है। राणा साहब काली चाय पी रहे थे और बाकी सब साधारण दूध वाली चाय। वह आयी तो सबकी नज़रें उसकी ओर उठ गईं और मम्मी पापा ने उसे गहरी दृष्टि से देखा। पापा ने उसे बैठने का इशारा किया। वह बैठ गई और बातचीत का सिरा तलाशने लगी। राणा साहब ने थोड़ी देर उससे इधर उधर की बातें की और फिर चले गए।
वह उनके यहाँ आने का मकसद नहीं समझ सकी। उन्हें कोई विशेष कार्य नहीं था, उन्होंने कोई खास बात भी उससे नहीं की थी । फिर भी उसके घर का पता जानने की कोशिशें की, वहाँ आये भी, पर क्यों ? वह इन्ही विचारों में दिन भर डूबती उतराती रही। रात में उसकी इस जिज्ञासा का समाधान हो गया। उमंग ने आकर बताया कि राणा साहब उसके विवाह का प्रस्ताव लेकर आये थे। यह सुनकर वह बुरी तरह से चौंक गई। क्या यह भी सम्भव है ? कहीं मैंने गलत तो नहीं सुना ? ऐसा कैसे हो सकता है ? कहाँ मैं और कहाँ उनका ऊँचा खानदान। जिस बेलगाम मन को उसने नियंत्रण के चाबुक से साध रखा था वह अब फिर से दौड़ पड़ा। क्या कभी ख्वाहिशें यूँ भी परवान चढ़ती हैं ! बिल्कुल किसी परिकथा की तरह। चमकीली चाँदनी रात में, सिंड्रेला का हवा के रथ पर सवार, अपने सपनों के राजकुमार से मिलना, राजकुमार का सिंड्रेला के हाथ थाम लेना, हमेशा के लिए। क्या ऐसा हक़ीक़त में भी होता है ! मिल्स एन्ड बून की स्टोरी है या सच ? अनजाने में ही उसने खुद की चुटकी ली। पर यह सब कुछ तो वास्तविकता है।
क्रमशः