कहानी एक रात की
भाग 2
राजवीर सोच रहा था कि गाड़ी किस ओर मोड़े। घर जाने का उसका कतई मन नहीं था। उसकी गाड़ी एक पार्क के बाहर जाकर रुकी। अक्सर वो इस पार्क में आया करता था अपनी माँ के साथ…..
” अम्मा… झूला झूलना है, चलो ना उस तरफ…राजवीर को अपना बचपन दिखाई दे रहा था।
“चलो मेरे राजकुमार लाडेश्वर…. आराम से चढ़ो, गिर मत जाना….. कहकर अम्मा झूले पर बैठा देती ओर झूला झूलाते हुए गाती
” छोटा बच्चा, एकदम सच्चा
करें शैतानी और मनमानी
पढ़े पढ़ाये, खेल खिलाये
एक टॉफी दूँ, जो नाम बताये “
” माँ का वीर….. राजवीर हॅसते हुए कहता।
वही हसीं झूला झूलते हुए आज भी उसके चेहरे पर थी। बस माँ नहीं थी।बच्चा कितना भी बड़ा हो जाए लेकिन माँ की ज़रूरत उसे हमेंशा होती है। राजवीर को भी थी…. भूत और वर्तमान में उलझें राजवीर की सोच को विराम फ़ोन की घंटी से मिला…..
“हे दुख भंजन मारुती नंदन सुन ले मेरी पुकार… घंटी बज रही थी।
“हेलो, जी डॉक्टर,
” राजवीर हॉस्पिटल आ जाओ, तुम्हारा बयान भी हो जाएगा….. कहकर डॉक्टर रविश ने फ़ोन काट दिया।
राजवीर के हाथ स्टेयरिंग पर घूम रहे थे…. उसका चश्मा बार बार उसकी नाक पर आ जाता। और फिर वो अपना कान खुजाने लगता। जब जब राजवीर अधिक टेंशन में होता उसके कान के पिछले हिस्से में खुजली होने लगती। हॉस्पिटल आ गया था। उसने एक बार फिर चश्मा नाक से ऊपर सरकाया।क्लच से पैर हटाकर गाड़ी न्यूटल की। गाड़ी ऑफ़ की हैंडब्रेक लगाया और बाहर आकर गाड़ी के शीशे से खुद को देखा, बाल सही किए, एक बार फिर करीब से देखा…. उसके चेहरे पर पसीने की बूंदे थी…. जेब से रुमाल निकालकर उसने अपना आत्मविश्वास चमकाया और अन्दर चला गया।
” आओ राजवीर, ये इंस्पेक्टर विक्रम है, मेरे मित्र है, तुम्हारा बयान लेना चाहते है… डॉक्टर रविश ने कहा।
” हेलो, मिस्टर राजवीर तो क्या हुआ था आज सुबह… जो कहिएगा सच ही कहिये…. दोनों का समय बचेगा।
” जी इंस्पेक्टर…. आज सुबह मै घर से ऑफिस के लिए निकला था। कालीमंदिर वाली रोड पर मेरी गाड़ी दौड़ रही थी। रफ़्तार बिल्कुल भी तेज़ नहीं थी। अचानक ये लड़की मेरी गाड़ी के सामने आ गई और….
” क्या आपने ड्रिंक की हुई थी…. इंस्पेक्टर ने पूछा।
” नहीं, मै ड्रिंक नहीं करता….
” आप परेशान ना हो, उस लड़की ने अपना बयान दे दिया है, वो सुसाइड के इरादे से आपकी गाड़ी के सामने आई थी। उसने कह दिया कि सारी गलती उसकी है, आप बेगुनाह है….. इसीलिए आप चिंता ना कीजिये… आपको कोई परेशानी नहीं होंगी…. इंस्पेक्टर ने कहा।
” धन्यवाद इंस्पेक्टर…. मै सुबह से काफ़ी स्ट्रेस में था… राजवीर ने माथे से पसीना पूछते हुए कहा।
” राजवीर, डॉक्टर सोमेश से तुम्हारा अपॉइंटमेंट फिक्स कर दिया है परसों शाम छः बजे आ जाना…. डॉक्टर रविश ने कहा.।
” ठीक है, मै परसों आता हूं, लेकिन क्या मै उस लड़की से मिल सकता हूं…..
” परसों मिल लेना, अभी उसकी मानसिक अवस्था ठीक नहीं…. रविश ने कहा।
” ओके डॉक्टर…..
राजवीर हॉस्पिटल से बाहर आ गया… उसे लगा रहा था जैसे जेल से छूटा हो। फिर उसके भीतर के सवाल सिर उठाने लगे। कौन थी वो लड़की? मरना क्यों चाहती होंगी? क्या मुझसे ज्यादा भी कोई दुखी होगा? क्या हुआ होगा उसे? सोचते सोचते घर आ गया।
राजवीर कुछ देर गाड़ी में ही बैठा रहा, उसका अंदर जाने का मन नहीं था…. लेकिन कब तक वो गाड़ी में बैठता। दरवाजा खोलकर अन्दर गया तो घना अंधेरा था। राजवीर का हाथ सीधे स्विच पर गया। उसने लाइट और ऐसी ऑन किया सोफे पर बैग रखकर शॉवर लेने चला गया। शावर लेते हुए उसे याद आया कि आज उसने ब्रेकफास्ट के बाद से कुछ नहीं खाया….. लेकिन खुद बनाना तो बेहद मुश्किल काम था। लेकिन भूख तेज़ लगी थी तो उसने खाना आर्डर कर दिया।
गीले बालो में राजवीर किसी फ़िल्मी हीरो सा लगा रहा था। ब्लैक टीशर्ट उस पर खूब जचती थी। डोर बैल बज रही थी।गेट खोला तो सामने डिलीवरी बॉय था जो खाना लाया था। उसके पैसे देकर राजवीर ने गेट बंद कर लिया।
खाना खाने बैठा ही था कि फ़ोन की घंटी बजने लगी….
” हाँ बोलो…. हाँ जानता हूं तुम्हे पैसे चाहिए, इसीलिए तो तुम फ़ोन करती हो…… हाँ सब तुमने किया है…. नहीं अब मुझे कुछ समझ नहीं आता…. मै और बेवकूफ बनने वाला नहीं हूं……. हाँ… हाँ ठीक है…. जो चाहो करो….. मेरा पीछा छोडो….. कहकर राजवीर ने फ़ोन काट दिया…. घंटी फिर से बज रही थी….. लेकिन इस बार उसने फ़ोन नहीं उठाया…. उसने रोटी के बड़े बड़े कौर बनाये और दो रोटी किसी तरह पेट में भर ली। पानी पिया और सब ऐसे ही छोड़कर कमरे में चला गया। ऐसी अठारह पर किया। दवाई ली और सो गया…… शायद ये थोड़ी सी नींद ही उसके जीवन में चैन के पल थे। वरना दिन तो इसे काटने दौड़ता था। लेकिन अज़ीब बात ये थी कि सपने में उसे वही एक्सीडेंट वाली लड़की दिखाई दे रही थी….. राजवीर उसका चेहरा सपने में भी ना देख पाया।
राजवीर का क्या जुड़ाव था उस लड़की से??
राजवीर को किसका फ़ोन आया था?
राजवीर की फॅमिली कहाँ थी?
जानने के लिए पढ़िए अगला भाग
पारुल अग्रवाल मित्तल
Agarwalmittalparul@gmail.com