अनिता रश्मि का उपन्यास ‘ गुलमोहर के नीचे’-भाग -1

 

प्रथम साहित्यिक कृति पुरस्कार प्राप्त लघु उपन्यास

गुलमोहर के नीचे
———————-
लेखिका : अनिता रश्मि

1

हॉस्टल नं. तीन के बागीचे में दोपहर को चार खूबसूरत बढ़ते हुए पैर। गुलमोहर के नीचे आकर रुक गए।
दोपहर बेहद खुशनुमा थी। हवा में शीतलता और वातावरण में मोहकता। रात में बारिश हुई थी। सुबह से काले बादल आकाश पर चंदोवा ताने लहरा रहे थे तो ग्रीष्म की दुपहरी में ठंडक रहनी ही थी। कभी-कभार धूप की आँख मिचौली के बावजूद दुपहरी तपी नहीं थी।
पेड़ के नीचे बैठते हुए सुगठित देहयष्टिवाली सुंदर पारुली का स्वर उभरा।
“बता।…बता, क्या बात है?”
उसने सैंडिल खोलकर वहीं एक ओर रख दिया। नीलिमा खड़ी ही रही।
“हूँ!”
कुछ सोचती हुई नीलिमा को पारुल ने कुरेदा,
“अब तो दो दिनों तक निश्चित ही तेरी बातों में विश्वास ही रहेगा। उसके साथ कहाँ घूम आई, क्या खाया-पिया बताए बिना तू मानेगी नहीं न।”
घास आधी सूखी, आधी हरी। पारुल ने सूखी घासों को तोड़ते हुए उसकी ओर ताका। फिर हाथ आगे बढ़ाए,
“बैठ तो पहले, कहाँ खोई है?”
नीलिमा पास बैठ गई लेकिन उद्विन। दुपट्टे का कोना होठों तले दबाया और मुस्कुराने की कोशिश की।
“हाँ, तो शुरू हो जा।”
पारुल अतरंग सहेली की आँखों में सपने ढूँढने लगी।
तभी गुलमोहर के दो फूल टप से टपके। नारंगी-ललहुन फूल इधर-उधर बिखरे थे। थोड़ी देर पहले ही हवा के तेज झोंके ने बिखेर दिया था। नीलिमा का ध्यान बिखरी पँखुड़ियों पर भी नहीं था। धूप में पारुल के माथे की बिंदिया चमक उठी। वह वहीं लेट गई।
“नीलिमा! कुछ बोलेगी भी?…विश्वास से मिली थी?”
“नहीं! जरूरत नहीं पड़ी।”
“फिर क्या बात है?”
धूप छन-छनकर आने लगी थी। शीतल हवा बहने लगी। घने पेड़ तले अच्छा लग रहा था। बहुत भली थी वह छाँव।
“पारुल! दिवा भी विश्वास को शायद बेहद प्यार करती है। और मैंने फैसला किया है, विश्वास दामाद मेरे घर का ही बनेगा। लेकिन उसके नाम की चुनरी मैं नहीं, दिवा पहनेगी।”
“अरे! क्या शानदार पागलपन है। प्यार करेगी तू उससे, वह प्यार करेगा तुझको। और उससे ब्याह कराएगी दिवा का?”
उसने पँखुड़ियों से खेलती हुई नीलिमा से फिर कहा,
“वाह! क्या घटिया मजाक हैं।”
“मैं सीरियस हूँ।”
“सीरियस है? तेरा दिमाग खराब है? हुँह!”
“पारुली, मैंने पहले भी तुम्हें बताया था। दिवा का आकर्षण विश्वास के प्रति स्पष्ट हो चला है। सोचती हूँ, पापा से विश्वास और दिवा के लिए बात करूँ।”
“अरे! सच में पागल हो गई है?”
“नहीं हुई। लेकिन दिवा उसे ज्यादा अपना समझने लगी है। मुझसे भी ज्यादा।”
“नीली दी ग्रेट! अब यह आपको किसने बताया?”
“मैंने उसकी किताब में विश्वास की तस्वीर देखी है।”
“आदर्श भी तो हो सकता है। इस उम्र में फिल्मी एक्टर ही नहीं, पिता, भाई, गुरु, नेता कोई भी आदर्श हो जाते हैं नीलिमा।”
“ऐसी बात नहीं है पारुली।”
“दिवा की छोड़, अपनी कह। कब का मुहुर्त?…एक्जाम के बाद न?”
“अब तो ये हाथ दिवा की शादी के बाद ही पीले होंगे।”
नीलिमा ने अपने हाथ नचाए। पारुल के दोनों हाथ थाम लिये और कहा,
“जिंदगी के मानी सब कुछ पा लेना नहीं होता पारुली। कुछ प्रिय चीजें छोड़नी भी पड़ती हैं।”
“ओह! किस मिट्टी की बनी है तू?”
“तुम नहीं जानती क्या? मैं उसके बिना बिखर जाऊँगी? नहीं। लेकिन दिवा मेरी जैसी नहीं है। विश्वास के बिना टूट सकती है।”
“अजब गोरखधंधा है। फिल्मी त्रिकोण… ओह! दिवा को बता दो और बस अपने हाथों में मेंहदी लगाने का उपाय करो नीली।”
चारों ओर बिखरी गुलमोहर की पखुँड़ियों को उसने गौर से देखा।
“और तुम्हारा विश्वास क्या बोला?”
“उसे तो पता भी नहीं।”
“बस, तू अब अपना थोबड़ा बंद ही रख। मुखारबिंद से ये फूल न झरा देना कहीं। तुम्हारी दिवा रानी तुम दोनों के बारे में जानती है या नहीं?”
“हाँ, जानती है।”
“अजब! नीली, बेकार बातें नहीं।”
“मैं जानती हूँ, मैं उसके अधिक निकट हूँ। पर कोई और भी तो उसको अपने अधिक निकट पा रहा है।”
पारुल उसका मुँह देखती रह गई। नीलिमा उठकर, उछल-उछल कर गुलमोहर की झुकी टहनी को पकड़ने की कोशिश करने लगी थी। बहुत मुश्किल से हाथ आई एक फूलों से भरी टहनी को तोड़ पाई। उसे हाथों से झुलाती फिर पारुल के बगल में जा बैठी।
पारुल के पैरों में जब टहनी लगी, वह वहाँ नहीं थी। कुछ सोचने में निमग्न पारुल को देखकर नीलिमा को बहुत प्यार आ रहा था। धीरे-धीरे टहनी से छूती रही उसे।
हाँ, नीलिमा की दृढ़ता अच्छी तरह पारुल जानती है। टूटना जैसे उसने जाना ही नहीं कभी।

******

प्रकाशन वर्ष -1990
पुनः प्रकाशन – 2025

WhatsApp Image 2026-06-22 at 12.07.12 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment