तुम्हारे लिए
***********
भाग इक्कीस
***********
जाह्नवी और तन्मय में एक यही बड़ा फर्क था,जाह्नवी
हर बात सोच समझ कर करती थी , वो कभी कुछ भी दूसरे
के भरोसे छोड़ना नहीं चाहती थी। अगर सच पूछा जाए तो
उसे किसी पर भी विश्वास नहींं था, अब भी उसने इसलिए तन्मय के साथ चलना मंजूर कर लिया था कि वो इस मुआमले को अन्त तक पहुंचाना चाहती थी, उसे इस बात का पता था कि तन्मय जब तक खुद सब कुछ अपनी आंखों से देख नहीं लेगा तब तक अपने दिल में एक वसवसा पाले रहेगा,और यह इसलिए नहीं कि उसे उसकी कही गयी बातों पर विश्वास नहीं था बल्कि इसलिए कि उसके दिल में अभी तक शायद यह उम्मीद थी कि अगर अपर्णा को आज उसकी जरूरत है , तो
वो कम से कम इसी बहाने उससे फिर से जुड़ सकता है,अपने दिल के साथ साथ बहकर जीने वाले शायद ऐसे ही होते होंगे जो कभी भी अपनी उम्मीद का दामन नहीं छोड़ते, पता नहीं कब कहां से यार से जुड़ी कोई खबर आ जाए,जाह्नवी अब बहुत अच्छे से तन्मय को ,उसके सोचने के ढंग को समझने लगी थी।
” ठीक है ,कल ही चलते हैं पर कल सुबह हम जल्दी चल पड़ते हैं,करीब सात बजे…”
” ठीक है ,मैं कार ले कर.आ जाऊंगा,आप बता दीजिए मुझे आपको कहां से पिक करना है…”
सब कुछ तय कर तन्मय तो अपने घर चला गया
था, पर जाह्नवी को वो अपनी एक ऊहापोह में छोड़ गया था,
तन्मय जो कुछ सोचता है वो तो ठीक है ,पर क्या जो आज उसने किया है, वह सही है या वो खुद चला कर राह भटक
रही है , अजमेर जाना,वहां अपर्णा से मिलना , इसमें कोई दिक्कत नहीं है,पर यह तन्मय के लिए करना ,और इसलिए करना कि उसके दिल में अपने लिए एकजगह बना ले ,और
वो भी सब कुछ जानते हुए ,यह शायद एकदम गलत है, इस
से तो कहीं बेहतर होता कि वो सीधे तन्मय के सामने उसके लिए अपने दिल की बात कह देती , और तब देखती कि वो क्या कहता है।उसने भी तो कितनी साफगोई से उसके सामने अपर्णा के लिए अपने प्यार को कबूल किया था ,वो खुद प्यार में पड़ चुका है तो दूसरे की मन की बात को भी जरूर समझ जायेगा,फिर उसे अपनी इस बात को इतना घुमा फिरा कर
क्यूं करना है।
इससे पहले कि कल वो अजमेर जा पहुंचे , जरूर
उसे उसका मन टटोलना चाहिए,इस काम में अब और देर करना उचित नहीं होगा, क्या होगा ,ज्यादा से ज्यादा तन्मय इन्कार कर देगा और मान लिया जाए कि वो इन्कार ही कर देता है तो कम से कम वो अपनी इस रोज की उधेड़बुन से तो छुटकारा पा जायेगी और फिर अगर वो तब भी ऐसी लड़की
के पीछे जाना चाहता है जो पहले ही किसी और के साथ है
तो वो बेशक जाए ,तब यह सिद्ध हो जायेगा कि वह अपनी जिंदगी में यही डिजर्व करता है, बल्कि इससे तो यह और ज्यादा साबित हो जायेगा कि तन्मय उसके लायक कभी था
ही नहीं, आखिर वो किस तरह अपर्णा से कम है ,सोचते हुए उसने सिर हिलाया,हां ,उसे खुद को अब किसी और मुगालते
में नहीं रखना चाहिए उसे कल के कल ही अजमेर जाते हुए तन्मय से इस बारे में बात कर लेनी चाहिए , और फिर उससे
जो कुछ निकल कर आए उसे वो मंजूर होगा, इस पार या
उस पार, वो जैसी है उसे वैसा ही रहना चाहिए,किसी दूसरे
के लिए खुद से किसी तरह का भी समझौता बिल्कुल ठीक
नहीं है। जाह्नवी ने तय कर लिया था ,अगले दिन उसे अजमेर जाते हुए क्या करना है।
सुबह कार में बैठते वक्त,जाह्नवी मन ही मन पूरी
तरह तैयार हो कर आई थी ,आज वो तय करके आई थी कि अब इस मुआमले को और लंबा नहीं खेंचना है और अपने मन
की बात को आज ही कह डालना है। जैसे ही कार शहर से
निकल कर हाइवे पर आई वह शुरू हो गयी।
” तन्मय एक बात पूछूं तुमसे,मुझे सच बताओ ,तुम अपर्णा के पास अब क्यूं जाना चाहते हो, माने तुम्हें पता लग गया है कि उसने क्या किया है और जैसा मैंने तुम्हें पहले ही बताया था कि मेरी तो गट फीलिंग ही यही थी कि किसी दिन वो अपने किए पर जरूर पछतायेगी,और शायद आज वो दिन आ गया है,अब उसे यह लगने लगा होगा कि उसने जो भी किया वो कभी भी सही नहीं था,पर मुझे तुम यह बताओ कि तुम इस पिक्चर में कहां फिट बैठते हो, मतलब तुम क्या कर सकते हो ,तुम्हारे लिए अब यह टॉपिक खत्म नहीं हो जाना चाहिए था….”
“आप सही कह रही हैं,अब होना तो यही चाहिए ,मैं कोशिश भी करता हूं इस सब से अपना ध्यान हटाने की ,पर कुछ है ,जो मुझे फिर से उनके बारे में सोचने को विवश करता है,मैं शायद अब उनसे अधिक उनकी तकलीफ़ से जुड़ गया हूं उन के निचाट अकेलेपन की तकलीफ ,और सिर्फ तकलीफ नहीं,उनकी बेबसी ,जो भी परिस्थितिवश मिल जाए ,साथ आ जाए ,उससे जुड़ जाने की बेबसी ,क्योंकि शायद दूसरा कोई विकल्प आपके पास कभी था ही नहीं, हमारी जिंदगी में जो यह सीमित ऑप्शन होते हैं न यह भी एक किस्म की तकलीफ
ही है,आपने कभी सोचा है हम खुद कुछ भी नहीं चुनते ,सब कुछ हमारी स्थितियां अपने आप चुन लेती हैं ,और हमें बस
देर सवेर अपनी हां कहनी होती है,मैं शायद खुद आज एक
ऐसी ही स्थिति में हूं इसी लिए उनकी तकलीफ को बेहतर समझ रहा हूं….”
” आगे बात करने से पहले मैं एक बात और कहना चाहती है,हम अब दोस्त हैं, मैं तुम्हें तुम तुम कहे जा रही हूं , और तुम आप की दुम बने हुए हो,अबसे तुम मुझे भी तुम ही कहोगे,समझ गये न,हां,और अब बताओ तुम वैसी ही स्थिति
में हो ,अब इस बात का क्या मतलब ,मैं यह बात समझ.नहीं पाई….”
” समझाता हूं ,मुझे कुछ सालों से किताबें पढ़ने का शौक है ,इंजनियरिंग कॉलिज के जमाने से ,मैंने कुछ किताबें पढ़ कर ,और कुछ कल्पना से अपने लाइफपार्टनर की एक अस्पष्ट सी तस्वीर बनाई थी दिमाग में ,जैसे शायद हर लड़का बनाता होगा , और फिर एक अजीब बात हुई ,मैंने जैसे उसी तस्वीर की रेखाओं को , अपने समक्ष जिंदा खड़े देखा ,वही
रूप माधुर्य ,वही कमनीयता ,वही सरल निर्दोष चेहरा और
वही हाव भाव,जो कुछ कल्पना में था ,यकायक मेरे सामने था,और फिर एक नहीं,दो नहीं,तीन बार उससे मेरा सामना हुआ,कल्पना के रंगों को जैसे जीवनही मिल गया, और फिर उसके बाद पता लगा कि वो सारे रंग तो तितली के परों के
रंगों की तरह मेरी उंगलियों पर ही छुटे रह गये,सब कुछ जैसे एक सपना था ,और उसके बाद आपको पता है क्या हुआ ,
मैंने अपने हथियार डाल दिए ,मैंने सब कुछ घरवालों पर ही छोड़ दिया,सोचा अपनी नहीं तो सबकी खुशी सही,पर वह
भी नहीं हुआ ,आपको पता है ,मैने बताया भी था आप… मतलब तुमको ,जिस दिन हमारी कॉफी डेट थी ,उसी दिन लड़की वाले आये थे मुझे देखने,मै उस लड़की से मिला भी , बातें भी की उससे ,पर तब पता लगा वो तो मेरे यहां मजबूरी
में आई थी ,उसे तो किसी और से शादी करनी थी,बस वो अभीतक अपने मन की बात अपने घर पर कह नहीं पाई थी और मुझ से चाहती थी कि मैं उसे अपनी तरफ से अस्वीकार कर दूं….”
” और तुम ने यही किया होगा ,उसके कहने के मुता बिक ही कर दिया होगा उसे अस्वीकार…”
“और क्या करता, किसी को तो अपनी जिंदगी में ऐसा अवसर मिले कि वो अपने मनपसन्द साथी तक पहुंच जाए,मुझे तो अच्छा ही लगा उसे इन्कार कर के, हम बहुत
बार अपनी इच्छा पूर्ति दूसरों के जीवन में देख कर खुश हो
लेते हैं….”
“वाह , अगर ऐसा है तो फिर से तुम्हारे पास एक
और अवसर है…उसकी जिंदगी में उसे अपनी चाहत की
मंजिल तक पहुंचाने में…” जाह्नवी को गर्म लोहे पर हथौड़ा मारने का अवसर मिल ही गया था।
******************************
(शेष आगे…)
अजय कुमार