भलोल
भाग -7
मैं स्कूल से बाहर आ गया। पैदल ही मैं शरीफपुरा को चल दिया। बस अड्डे के बीच से निकल जाऊँगा तो 15-20 मिनट में घर पहुँच जाऊँगा। सब बिखर गया है। मेरे परिवार की तरह, न स्कूल ही रहा और न ही मैं।
मैं उस रोज स्कूल से ही घर आया था। माँ-बाऊ जी से सबसे बड़े भाई का खूब झगड़ा हो रहा था। भाई खूब गालियाँ दे रहा था। बाऊजी भी गुस्से में थे। उन्होंने भी कह दिया कि दफा हो जा मेरे घर से। माँ को ‘कुत्ती’ और बाऊजी को ‘कुत्ता’ कह कर भाई घर से निकल गए थे। बाद में पता चला कि बहन जी की एक सखी एक रात घर में रुकने आई थी। भाई रात भर उसे छेड़ता रहा था। सुबह रोकर सखी ने बाऊजी को बताया था। बाऊजी को भाई की यह हरकत बर्दाश्त नहीं हुई थी। बाऊजी ने सीधे उसे घर से चले जाने के लिए कहा था। वह गालियाँ देते हुए घर से निकल गया था।
बाद में पता चला, वह नमक मंडी के पास हमारे गाँव के ट्रांसपोर्टर के पास जा कर रहने लगा है। बाऊजी को ट्रांसपोर्टर ने बता दिया था। कुछ दिनों बाद भाई को ए.जी. राजस्थान, जयपुर में ऑडिटर ज्वाइन करने का लेटर आया। केंद्र सरकार की नौकरी थी। बाऊजी ने फिर अपने पिता होने का फर्ज निभाया। उन्होंने माँ से कहा था, “भलिए लोके, पुत्तर-कुपुत्तर हो सकते हैं लेकिन मापे-कुमापे नहीं हो सकते।”
बाऊजी ने भाई को रास्ते के किराया और दो सौ रुपए लेटर के साथ भिजवा दिए। भाई ऐसा घर से गया फिर लौट कर नहीं आया। शादी के समय आया। शादी करके घर की कोई सुध नहीं ली। घर का बड़ा बेटा गाड़ी के इंजन की तरह होता है। अच्छा निकले तो गाड़ी को मंजिल तक पहुँचा देता है, नहीं तो परिवार डूबने में देर नहीं लगती। ऐसे बेटे से कोई उम्मीद नहीं थी।
यही भाई माँ के मरने पर नहीं आया था। हम माँ की अस्थियाँ हरिद्वार में प्रवाहने के लिए अहमदाबाद एयरपोर्ट पर खड़े थे। परंपरा तो यह थी कि बड़ा बेटा माँ की अर्थी को कंधा देता। साथ होकर संस्कार करता। आना तो दूर, ऊपर से कहा कि वह विकेश भाई को मारने के लिए संदीप के साथ पच्चीस आदमी हरिद्वार भेज रहा है। संदीप विकेश भाई का बेटा था जिसकी विकेश भाई से नहीं बनती थी। संदीप विकेश भाई को पहले भी मारने का प्रयास कर चुका था। विकेश भी कम कमीना नहीं था। उसने पूरे परिवार को बेहद नुकसान पहुँचाया था। जो अपने बीवी-बच्चों को नहीं संभाल सका उससे बड़ा कमीना कोई और हो नहीं सकता।
बड़े भाई ने इस शोक के समय जो रास्ता अपनाया वह निकृष्ट था, गंदा था। उसने संदीप को हरिद्वार भेजने का निर्णय माँ की अस्थियों को प्रवाहने के समय लिया।
मुझे इतना गुस्सा आया था कि मैंने अपने छोटे भाई से फोन लेकर कहा, “दुरफिट्टे मुंह तुहाड़ा। हमारे साथ खड़ा होने की बजाय ऐसी गंदी हरकत कर रहे हैं। भेजो संदीप को। होने दो खून-खराबा। अगर माँ की अस्थियाँ प्रवाहने में रुकावट पड़ी तो माँ कसम, मैं भूल जाऊंगा कि आप मेरे बड़े भाई हैं। आपके घर में घुस कर इतना मारूँगा कि आप जीने लायक नहीं रहेंगे। मांइड इट, यह धमकी नहीं है, इसे करके दिखाऊँगा।”
मेरा पूरा शरीर आक्रोश और गुस्से से काँप रहा था। विकेश और छोटे भाई को मुझे संभालने में दिक्कत हुई थी। हम अस्थिायाँ लेकर दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरे। आगे मेरा बड़ा बेटा कार लेकर आया हुआ था। हम हरिद्वार में सारे क्रियाकर्म करके लौट आए। अच्छा हुआ कि कोई दुर्घटना नहीं हुई। शायद मेरी धमकी काम कर गई थी। मैं सोच रहा था, ऐसे भाई और बेटे का होना दुर्भाग्यपूर्ण है। काश! हम एक परिवार के न होते। आज उनके बच्चों से बात करो तो वे अपने पिता की इन हरकतों को स्वीकार करने के लिए तैयार ही नहीं हैं।
…
मुझे तो हर किसी ने पीड़ा दी। मैट्रिक के रिजल्ट आने तक कोई काम नहीं था। यूँ ही सारा दिन आवारागर्दी करता रहता। धर्म अपने पिता की दुकान पर बैठने लगा था। बंसा अपने कारखाने में काम करने लगा था। मुझे बाऊजी कहने लगे, “जा, तू भी बंसे के कारखाने में लग जा, काम कर। कुछ पैसे हाथ आएँगे।”
मैं भी आवारागर्दी से तंग था। एक रोज बंसे के कारखाने में चला गया। कारखाने में दो पार्टनर थे। एक बंसे के बापू जी, दूसरे कोई कुलदीप सिंह थे। मैं बंसे के साथ तानी भर रहा था। कुलदीप सिंह ने मुझे देखा तो पूछ लिया, “यह कौन है?”
बंसे ने बताया, “यह मेरा दोस्त है, जी। हमारी गली में ही रहता है। इनके बाऊ जी कमेटी में काम करते हैं। यह भी कारखाने में काम करना चाहता है। रख लो, जी।”
कुलदीप सिंह ने मेरे बाऊजी का नाम पूछा। मैंने बताया तो कुलदीप सिंह जी बंसे से बोले, “ओए, बंसे तूने कारखाना बंद करवाना है। जानते हो, इनके बाऊजी कमेटी के बहुत बड़े अफसर है। अमृतसर दे सारे कारखाने उनके अंडर हैं। सारे टैक्स हम उनके ऑफिस में भरते हैं।” वे मुझे अपने ऑफिस में ले गए, बैठाया और चाय पिलाई। कहा, “अपने बाऊजी को मेरा ‘सत श्री अकाल’ कहना। कहना कि आपके लायक हमारे कारखाने में काम नहीं है।”
शाम को मैं घर आया। मैंने बाऊजी को सब बताया। वे कुछ नहीं बोले। दूसरे रोज से मैं फिर आवारागर्दी करने लगा। मेरा मैट्रिक में साइंस का पेपर अच्छा नहीं हुआ था। मुझे पास होने की भी उम्मीद नहीं थी। जिस रोज मेरा रिजल्ट था, मैं दोस्तों के साथ रेलवे स्टेशन अपना रिजल्ट देखने भी नहीं गया था। रेलवे स्टेशन पर रात 12 बजे अखबार आ जाता था। रात को एक बजे स्कूल के दोस्तों ने घर का दरवाजा खटखटाया, “ओए, निन्दी ओए। तू पास हो गया। थल्ले आ जा।”
मैं नीचे आया। सबने मुझे बधाई दी। मैं भी खुश था। हम सारे दोस्त पूरी रात अमृतसर की गलियों में घूमते रहे थे। सुबह दरबार साहिब जाकर मत्था टेका और नाश्ता भी लंगर में किया। फिर घर आया।