भलोल
भाग -8
सेना में भर्ती
1962 की लडाई का दौर गुजर चुका था लेकिन देश में एमरजेंसी थी। पंजाब के मुख्य मंत्री साहब प्रदेश के नौजवानों को फौज में भर्ती होने का आवाहन कर रहे थे। पंजाब के हर परिवार से फौज में जा रहा था। मेरी उम्र 2 फरवरी 1963 को फौज में जाने लायक होनी थी। मैं रोज-रोज की आवारागर्दी से तंग आ चुका था। मैंने बहुत सोचा, फौज में सारी जिंदगी की रोटियाँ थीं। बाऊजी के पास गया और फौज में जाने की इच्छा जताई।
बाऊजी कुछ देर के लिए जाने कहाँ खो गए। उन्हें मेरे बड़े भाई का नेवी से लौट कर आने का कटु अनुभव था। बोले, “विकेश की तरह छोड़कर मत आना। क्लर्क भरती होने की कोशिश करना।”
“जी, बाऊजी। घर में रहकर भी तो मेरा कोई फ्यूचर नहीं है। सारा दिन मैं आवारागर्दी करता हूँ। आगे पढ़ाने के लिए आपने मना कर दिया है। मेरे लिए तो एक तरफ खड्डा है, दूसरी तरफ खाई है। मैं विकेश भाई की तरह छोड़कर नहीं आऊँगा।”
वे कुछ नहीं बोले थे। कुछ देर कहीं ख्यालों में खोए रहे। मैंने अपना मैट्रिक का सर्टिफिकेट लिया और ‘भर्ती दफ्तर’ में भर्ती होने वाले जवानों की लाइन में लग गया। तभी वहाँ के एक अधिकारी ने बाहर आ कर अपनी बुलंद आवाज में कहा, “आज सिर्फ रंगरूट क्लर्क भर्ती किए जाएँगे। जिन जवानों के नंबर मैट्रिक में इंग्लिश और मैथ में 45 प्रतिशत और उससे ज्यादा नंबर हैं, वे लाइन में खड़े रहें, बाकी जवान कल आएँ। उन्हें कल भर्ती किया जाएगा।”
लाइन बहुत छोटी हो गई थी। मैंने अपना सर्टिफिकेट निकाल कर देखा। अंग्रेजी में 70 प्रतिशत नंबर थे और मैथ में 85 प्रतिशत नंबर थे। मन में खुशी थी कि मैं जरूर भर्ती कर लिया जाऊँगा। अंग्रेजी में रट्टा मारकर नंबर लिए थे और मैथ पंजाब की घुट्टी में है। पंजाब के लड़के अंग्रेजी में पैदल होते
हैं। मैं भी पंजाबी के अतिरिक्त और कुछ नहीं बोल सकता था।
मेरा नंबर आया तो पहले उस अधिकारी ने मेरा सर्टिफिकेट देखा। कहा, “तेरे नंबर तो बड़े चंगे ने मुडिया।”
उसने मेरा नाम, पिता का नाम और घर का पता नोट किया और दूसरे अधिकारी के पास भेज दिया। उसने मेरी छाती नापी, कद नापा और हाथ-पैर चेक किए। मैंने पूछा, “सर, तुसीं पैरा च की चेक करदे हो, जी?”
“फुट फ्लैटनेस।”
मेरी समझ में कुछ नहीं आया। मैं चुप रहा। फिर अंदर बैठे एक अधिकारी ने मेरे सारे परटिकुलर नोट किए और बाहर एक तरफ बैठा दिया। मैंने उन से पूछा, “क्या हम भर्ती हो गए?”
“नहीं, अभी नहीं। आप सबको मेडिकल के लिए मिलिट्री अस्पताल भेजा जाएगा। वहाँ से फिट होने के बाद आप भर्ती समझे जाएँगे।”
कोई 50 जवान जो भर्ती दफ्तर की नजरों में फिट थे, एक बड़ी गाड़ी में भरकर मिलिट्री अस्पताल भेजे गए। वहाँ हमारी आँखें टेस्ट की गई। सभी के हाथ-पैर चेक किए गए। इस सारे प्रोसेस में सबसे खराब यह था कि सबको निर्वस्त्र करके चेक करना। बाद में बताया गया कि इससे बवासीर का पता चलता है। शाम 4 बजे तक सभी का मेडिकल पूरा हुआ। डॉक्टर ने साइन किए और हम ‘भर्ती दफ्तर’ लौट आए। केवल एक जवान को रिजेक्ट किया था। वह कलर ब्लाइंड था। उसे रंगों की पहचान नहीं हो पाती थी।
हमारे साथ आए व्यक्ति ने डॉक्टर के साइन किए सारे फार्म अपने अधिकारी को दे दिए। उस अधिकरी ने हमें पंक्तिबद्ध किया और कहा, “आप सब सेना के विभिन्न विभागों के लिए रंगरूट क्लर्क भर्ती किए गए हैं। हम अभी एक घंटे में आप सबको ट्रेनिंग सेंटरों में भेज देंगे। यदि अब भी कोई जवान भर्ती होना नहीं चाहता है तो वह एक कदम आगे आ जाए। उसका फार्म कैंसिल कर दिया जाएगा।”
उस अधिकारी ने अपनी बात की प्रतिक्रिया देखने के लिए सबके चेहरों को गौर से देखा। ‘गुड’ कह कर वह अधिकारी अंदर चला गया था। इतनी अच्छी नौकरी कौन छोड़ेगा? सेना में सब अच्छा ही अच्छा है। सभी देश-सेवा करना चाहते थे।
इतने में मेरा नाम पुकारा गया। मैं अंदर चला गया। उस अधिकारी ने एक बार मेरा नाम, पिता का नाम और पता पूछा। कहा, “आपको ए.ओ.सी. में भर्ती किया जाता है। आपको ए.ओ.सी. सेंटर सिकंदराबाद जाना है।”
“सर, यह ए.ओ.सी. क्या है? यह सेना का कौनसा विभाग है?”
“यह आपने अच्छा पूछा। ए.ओ.सी. का मतलब है आर्मी औरडनेस कोर।
यह सेना को राशन पैटोल, केरोसीन और मेडिसन को छोड़कर बाकी सब कुछ
सप्लाई करता है। यह सेना का सबसे अच्छा विभाग है। आपको नंबर अंग्रेजी और
मैथ में सबसे अच्छे हैं इसलिए आपको इस शानदार कोर में भर्ती किया गया।”
मैं डिटेल में नहीं जाना चाहता था। शाम को छोटे मामू जी आ रहे हैं, मैं उनसे पूछ लूँगा। वे पहले से आर्मी में हैं।
थोड़ी देर बाद उसी अधिकारी ने कहा, “अभी आपको मूवमेंट आर्डर, रेलवे वारंट, रास्ते के खर्चे के लिए 15 रुपए, एक कंबल और मच्छरदानी दी जाएगी। आप दस मिनट यहीं रुकें।
‘जी’ कह कर मैं वहीं खड़ा हो गया। दस मिनट बाद फिर मेरा नाम पुकारा गया। वह अधिकारी दूसरे कमरे में बैठा था। उसने मेरा नाम, पिता का नाम पूछा। तब उसने मुझे मूवमेंट आर्डर, रेलवे वारंट, 15 रुपए, एक कंबल और मच्छरदानी दी।
“सर, मुझे पता नहीं है कि यह सिकंदराबाद कहाँ है? तुसीं दसोगे कि सिकंदराबाद कैसे जाना है?” मैंने उसे पंजाबी में पूछा।
उसने कहा, “आप तो यहीं अमृतसर के रहने वाले हैं। आपको सिकंदराबाद पहुँचने के लिए पाँच दिन मिलेंगे। आप तीन दिन में वहाँ पहुँच जाएँगे। आप कल भी गाड़ी पकड़ सकते हैं। अमृतसर से फरंटियर मेल नई दिल्ली को चलती है। नई दिल्ली से मद्रास के लिए जी.टी. एक्सप्रेस चलती है। उसमें सिकंदराबद का एक डिब्बा लगता है। उसमें बैठ जाना। आप सिकंदराबाद पहुँच जाएँगे।”
“शुक्रिया सर, बस इक गल होर। इस रेलवे वारंट के लिए कुछ पैसे देने पड़ेंगे?”
“नहीं, बिल्कुल नहीं। यह बिल्कुल फ्री वारंट है। इसे ‘टिकट खिड़की’ से तुड़वा लेना। यह वाला भाग एक टिकट के साथ वापिस मिलेगा।” उसने वापिस करने वाला वह पोर्शन भी मुझे दिखाया, “जब भी कोई टिकट चेकर टिकट पूछे तो यह दोनों भाग उसे दिखाने हैं।”
जी, धन्यवाद।”
मैंने सब संभाल लिया। सर्टिफिकेट, मूवमेंट आर्डर, रेलवे वारंट वहाँ से मिले एक लिफाफे में रख लिया। कंबल और मच्छरदानी फोल्ड करके बगल में पकड़ लिए। यह सब लेकर घर के लिए जब मैं रिक्शा में बैठा तो मैं समझ नहीं पाया कि मैनें सेना में भर्ती होकर अच्छा किया अथवा नहीं? मन में देश सेवा से अधिक रोजी-रोटी की चिंता थी। परिवार का सहारा बनने की चिंता थी। असमय बूढ़े हो आए बाऊजी के हाथों की चिंता थी और थी जीवन में खुद को स्थापित करने की ललक। एक तसल्ली थी कि सेना में जब तक रहूँगा, मुझे रोटी, कपड़े और मकान की चिंता नहीं रहेगी।
घर में भी क्या करता? आवारागर्दी ही तो कर रहा था। बाऊजी, अपनी जगह मुझे कमेटी में लगवा सकते थे लेकिन वहाँ कोई पेंशन नहीं मिलनी थी। ‘रिटायरमेंट’ के बाद क्या करोगे? वे मेरे ‘भलोल’ होने की तरफ इशारा कर रहे थे।
मैं जब घर पहुँचा तो सबसे पहले मेरी मुलाकात मुझसे बड़े भाई विकेश से हुई। वे प्री-मेडिकल में पढ़ रहे थे, डॉक्टर बनने के लिए। नेवी से लौटने के बाद बाऊजी ने फिर उसे पढ़ने के लिए डाला था। सबसे बड़े भाई पहले ही किनारा कर चुके थे। माँजी, बाऊजी और बहन के बाद विकेश भाई ही सबसे बड़े थे। घर की बर्बादी में इनका भी बड़ा हाथ था।
मेरे हाथ में कंबल, मच्छरदानी देखकर छूटते ही बोले, “यह क्या है, निन्दी?”
घर में सब मुझे इसी नाम से पुकारते थे। आज उन्होंने मुझे मेरे किसी उपनाम से नहीं बुलाया था। मैंने कहा, “मैं फौज में क्लर्क भरती हो गया हूँ।”
“क्या?” वे अवाक खड़े मेरा मुँह देखते रह गए थे। फिर पूछा, “क्या माँ, बाऊजी को पता है?”
“माँजी को तो नहीं लेकिन बाऊजी को पता है।”
“उन्होंने कुछ नहीं कहा?”
“नहीं! कहते भी क्या? आप तो जानते हैं, मैं पढ़ने में कैसा हूँ? आगे पढ़ने का कोई चांस भी नहीं है। बड़े भाई की हालत आपको पता है। छोटे दोनों भी पढ़ रहे हैं। बाऊजी अकेले पड़ गए हैं। उन्हें कुछ सहारा ही मिलेगा।” मैं यह नहीं कह पाया था कि इस हालात के आप भी जिम्मेदार हैं।
“सत्रह साल की उम्र में बड़ी – बड़ी बातें करने लगा है,” विकेश भाई ने दूसरी तरफ मुँह फेर लिया था।