भाग -3
सुबह बहुत धीरे खुली थी। जैसे रात अभी पूरी तरह जाने को तैयार न हो। खिड़की से आती धूप फर्श पर हल्की-सी लकीर खींच रही थी। अन्वी देर तक उसी लकीर को देखती रही। मन में कोई स्पष्ट विचार नहीं था, बस एक भारी-सी तरल उदासी थी बिना कारण, बिना नाम।
माँ रसोई में बर्तनों को सहेज रही थी। प्लेटों की खनखनाहट रोज़ जैसी ही थी, पर आज उसमें एक अलग-सी थकान घुली हुई थी। पिता कमरे में अख़बार फैलाए बैठे थे। टीवी बंद था, यह अपने आप में असामान्य था। जब टीवी बंद रहता, तब घर की आवाज़ें ज़्यादा सुनाई देती थीं खाँसी, कुर्सी खिसकने की चरमराहट, पन्नों की सरसराहट।
“आज जल्दी निकल जाऊँगी,” अन्वी ने कहा।
माँ ने सिर हिलाया।
“कुछ खा ले… खाली पेट मत जा।”
अन्वी ने आधी रोटी ली, बस औपचारिकता निभाने के लिए। खाते हुए उसका मन कहीं और भटक रहा था – आम्रवन, आम्रपाली, वह सपना, वह छाया।
पिता ने बिना ऊपर देखे कहा, “आज शाम को रिश्तेदार आ रहे हैं।”
“कौन?” अन्वी ने सहजता से पूछा।
“तू जानती नहीं, बस आ रहे हैं।”
स्वर में आदेश था, सूचना नहीं।
अन्वी ने कुछ नहीं कहा। उसे लगा, जैसे उसकी ज़िंदगी के छोटे-छोटे फैसले भी किसी और की मेज़ पर तय होते हैं।
कॉलेज पहुँचते-पहुँचते हल्की बारिश शुरू हो गई। सड़क की धूल गीली मिट्टी में बदल गई। हवा में मिट्टी की खुशबू थी वही गंध जो बचपन में खुश कर देती थी, आज अजीब-सी उदासी जगा रही थी।
क्लास में प्रोफेसर किसी प्राचीन शिलालेख पर चर्चा कर रहे थे। शब्द अन्वी के कानों में जा रहे थे, पर मन पकड़ नहीं पा रहा था। उसे बार-बार वही आम्रवन याद आ रहा था , पेड़, हवा, छाया।
ब्रेक में वह लाइब्रेरी की ओर चली गई।
आरव पहले से वहाँ था। खिड़की के पास बैठा नोट्स पढ़ रहा था।
“आज बहुत बारिश की खुशबू आ रही है,” अन्वी ने यूँ ही कहा।
आरव मुस्कुराया।
“मिट्टी की खुशबू हमेशा कुछ याद दिलाती है।”
“किसे?” उसने पूछा।
“पता नहीं… शायद किसी पुराने जीवन को,” उसने हँसते हुए कहा, जैसे मज़ाक कर रहा हो, पर आँखों में क्षण भर के लिए गंभीरता उतर आई।
अन्वी चुप हो गई।
कुछ पल बाद उसने पूछा, “तुमने कभी सोचा है कि इतिहास में जो लिखा है, वो पूरा सच होता भी है या नहीं?”
आरव ने किताब बंद की।
“अक्सर नहीं होता। जो सत्ता लिखवाती है, वही इतिहास बन जाता है।”
“तो जो दबा दिया गया… वो?”
“वो स्मृति बनकर कहीं-कहीं जीवित रह जाता है।”
अन्वी के भीतर कुछ काँप गया।
दोपहर में वह अकेली आम्रवन चली गई। बारिश के बाद पत्तों पर बूँदें चमक रही थीं। हवा ठंडी थी। पेड़ जैसे आपस में धीमे-धीमे बातें कर रहे हों।
वह उसी पुराने पेड़ के नीचे बैठी। आँखें बंद कीं। साँस भीतर ली।
एक पल को उसे लगा, जैसे कोई उसके पास बैठा है। उसने आँख खोली कोई नहीं था। पर दिल की धड़कन तेज़ हो गई थी।
मन के भीतर एक आवाज़ उभरी –
“तुम यहाँ क्यों आती हो?”
अन्वी चौंक गई।
“मुझे नहीं पता,” उसने मन ही मन कहा। “शायद यहाँ शांति मिलती है।”
“या शायद कोई अधूरी बात,” आवाज़ फिर आई।
उसके रोंगटे खड़े हो गए। हवा तेज़ हो गई। पत्तियाँ सरसराईं।
फिर सब शांत।
बहुत पहले…
आम्रपाली उसी आम्रवन में बैठी थी। उसके सामने एक दर्पण रखा था। दासी उसके केश सँवार रही थी। बाहर से नगर की आवाज़ें आ रही थीं घोड़ों की टाप, बाज़ार की चहल-पहल।
“देवी, आज राजसभा में फिर वही लोग आएँगे,” दासी ने कहा।
आम्रपाली ने आईने में अपनी आँखों को देखा।
“वे लोग नहीं आते, इच्छाएँ आती हैं,” उसने कहा।
“आप थक जाती होंगी…”
“थकान शरीर की नहीं होती,” आम्रपाली ने धीमे कहा। “आत्मा की होती है।”
उसने दर्पण एक ओर रख दिया।
“क्या कभी ऐसा होगा कि मुझे केवल मनुष्य की तरह देखा जाएगा?”
दासी चुप रह गई।
उदयन की स्मृति उसके भीतर जागी। उसकी आँखों में सम्मान था, डर भी।
“कुछ रिश्ते सिर्फ़ देखे जाते हैं, जिए नहीं जाते,” आम्रपाली ने खुद से कहा।
शाम को घर में रिश्तेदार आ चुके थे। बैठक में हँसी की आवाज़ें थीं, चाय की खुशबू थी, औपचारिक बातचीत थी।
“बिटिया क्या करती है?” किसी ने पूछा।
“कॉलेज में पढ़ाती है,” पिता ने गर्व और अधिकार दोनों के साथ कहा।
“अच्छी बात है… अब उम्र भी हो चली है,” वह मुस्कुराए।
अन्वी को यह वाक्य हमेशा चुभता था।
माँ चुपचाप चाय परोस रही थी। उसकी आँखें ज़मीन में गड़ी थीं।
एक महिला ने धीमे से माँ से कहा, “आजकल लड़कियाँ बहुत ज़्यादा आज़ाद हो गई हैं।”
माँ ने कुछ नहीं कहा।
अन्वी ने सब सुन लिया।
उसके भीतर कोई धागा धीरे-धीरे कस रहा था।
रात को कमरे में लौटकर अन्वी ने खिड़की खोली। बाहर हल्की हवा चल रही थी। कहीं दूर कोई ट्रेन सीटी बजा रही थी।
उसने डायरी खोली।
इस बार शब्द अपने आप उतरने लगे।
“अगर किसी स्त्री को बार-बार चुप कराया जाए, तो क्या उसकी आत्मा भी चुप हो जाती है? या वह किसी और समय में बोलने लगती है?”
कलम रुक गई।
उसने आँख बंद की।
उसे लगा, जैसे किसी ने बहुत दूर से उसका नाम पुकारा हो।
अन्वी नहीं कोई और नाम।
शायद आम्रपाली।
मनोरमा जैन पाखी