राघवेंद्र सैनी का उपन्यास ‘भलोल’ भाग – 10

भलोल

भाग -10

मुझे याद है. चाहे मैं बूढ़ा हो चला हूँ। जीवन के अंतिम पड़ाव पर पहुँच पर पहुँच कर जिस व्यक्ति ने मुझे सिकंदराबाद के डिब्बे में बैठाना था, उसने कर भी मैं इसे विस्मृत नहीं कर पाया था कि उस रोज नई दिल्ली रेलवे स्टेशन अपना फर्ज पूरा किया था। वह तब तक नहीं गया था जब तक उसने मुझे सिकंदराबाद के डिब्बे में बैठा नहीं दिया था। बाद में उसने कहा था, “अब मैं चलता हूँ. आप सिकंदराबाद पहुँच जाएँगे।”

मैंने उसे नमस्कार किया लेकिन उसने मुझसे हाथ मिलाया। वह मेरे देखते-देखते आँखों से ओझल हो गया था। मैं अकेला रह गया था। दूर-दूर तक मुझे कोई अपना दिखाई नहीं दे रहा था। माँजी, बाऊजी और अन्य सब मुझे याद आ रहे थे। परिवार के हालात के कारण 17 साल की कम उम्र में घर से निकलना पड़ेगा, मुझे अनुमान नहीं था। शायद इसके मूल में परिवार की सेवा करने की उत्कट इच्छा थी।

डिब्बे के बाहर की भागदौड़ से उदासीन मैं भीतर की उदासनीता से उबरने की कोशिश कर ही रहा था कि इतने में दो लड़के मेरे सामने की सीट पर आकर बैठ गए। एक सरदार जी और एक अन्य कोई। मुझे पंजाबी बोलने के अलावा और कुछ नहीं आता था। मन में तसल्ली हुई थी कि कम-से-कम सरदार जी से मैं पंजाबी में बात कर सकूँगा। क्या ये दोनों भी सिकंदराबाद जा रहे हैं? इसी बात को जानने के लिए मैंने सरदार जी से पंजाबी में पूछा, “की तुसीं वी सिकंदराबाद जा रहे हो?

“हाँ जी, ए.ओ.सी. सेंटर सिकंदराबाद।” सरदार जी ने कहा।

“मैं भी वहीं जा रहा हूँ, रंगरूट क्लर्क भर्ती होकर और आप?” साथ बैठे लड़के ने कहा था।
“मैं वी ओथे जा रहया हाँ।”

तीनों की आँखों में खुशी की चमक थी। खासकर मुझे बहुत अच्छा लग रहा था। कुछ देर पहले मन के भीतर जो उदासी थी वह एकदम रफूचक्कर हो गई।

तीनों ने अपना परिचय दिया, “मैं बलबीर सिंह करनाल तों भर्ती होकर आया हूँ।”

बलबीर की भाषा हिंदी पंजाबी मिक्स थी। ‘तो’ पंजाबी में था और ‘होकर आया हूँ’ हिंदी में। इस प्रकार की हिंदी पंजाबी सुन कर बड़ा अजीब लग रहा था।

“मैं सीताराम एक हिंदुस्तानी हूँ और रामपुर से भर्ती होकर आया हूँ।”

“हिंदुस्तानी? हिंदुस्तानी तो हम भी हैं।” बलबीर ने हैरानी से पूछा था।

“हिंदुस्तानी का मतलब उत्तरप्रदेश। सभी उत्तरप्रदेश के रहने वालों को हिंदुस्तानी कहते हैं।” सीताराम ने मेरे और बलबीर की हैरानी का समाधान किया था।

“मैं नरेंद्र कुमार अमृतसर तों भर्ती होके आया हाँ।”

हम तीनों ने हाथ मिलाया और एक-दूसरे के प्रति खुशी जाहिर की।

इससे मेरा अकेलापन दूर हो गया।

मैंने बात शुरू की, “और बलबीर जी घर च कौन-कौन ए?”

एकदम से उसने मेरी बात का जवाब नहीं दिया था। शायद सोच रहा हो कि बात कहाँ से शुरू करे। फिर कहा था, “मेरे बूढ़े माँ-बाप हैं। एक बहन थी जिसकी शादी बापूजी ने जमीन बेच कर कर दी थी। गाँव में इतनी जमीन भी नहीं बची थी कि हम तीनों का गुजारा हो सके इसलिए फौज में भर्ती हुआ कि बापूजी की कुछ मदद कर सकूँ,” और वह बाहर तेजी से जाते वृक्षों के पार जाने कहाँ खो गया था।

“मेरे पिता जी कपड़े के व्यापारी थे। पिछले महीने उनकी मौत हो गई। माँ तो मेरे जन्म लेते ही स्वर्ग सिधार गई थी। एक बड़ा भाई है, मुझसे दस साल बड़ा। उन्होंने व्यापार संभाल लिया और मुझे घर से बाहर।”

आगे वह कुछ बोल नहीं पाया था। शायद वह रुआंसा हो गया था। मैं और बलबीर दोनों ही समझ गए थे कि फौज में भर्ती होने की क्या मजबूरी रही होगी। मैंने भी अपने बारे बताया। तीनों ही अपनी-अपनी सोच में डूब गए
थे। मैंने स्पष्ट रूप से महसूस किया था कि थोड़े से बदलाव के साथ हम तीनों के हालात एक जैसे हैं। तीनों ही पारिवारिक जरूरतों के कारण फौज में भर्ती हुए हैं। तीनों ही रोजी-रोटी के लिए घर से निकले हैं।

तभी दोपहर के खाने की बुकिंग के लिए एक कर्मचारी आया। दस रुपए की प्लेट थी। मैं पैसे निकालने ही वाला था कि बलबीर बोला था, “की करदे हो नरिंद्र जी, खाना मेरे पास बहुत है। बेबे ने इतना खाना बनाकर दिया है कि हम तीनों के लिए दो दिन चलेगा।”

“मेरे पास भी खाना है। मेरे दूर के चाचा जी जो मुझे रेलवे स्टेशन छोड़ने आए थे, उनकी पत्नी ने जबरदस्ती डाल दिया था”, सीताराम ने कहा था।

मुझे किसी ने कुछ नहीं दिया था। केवल बाऊजी के बीस रुपए मेरे पास थे। चाहे माँ बहुत रोई थी परंतु उनके मन में भी यह बात नहीं आई थी कि रास्ते के लिए कुछ दे दूँ। मुझे लेकर माँ की उदासीनता बड़े कँटीले रूप से महसूस हुई थी। मेरे मन पर सदा इसका दंश रहा। मैं आज भी इससे मुक्त नहीं हूँ।

ग्वालियर से गाड़ी निकलते ही हम तीनों ने पेट भर खाना खाया। सीताराम अपने साथ एक सुराही लेकर आया था जिसे दिल्ली से भर लिया गया था। खाने के बाद पानी पिया। मैंने बलबीर से कहा, “जद वी तुसीं बेबे नू चिट्ठी लिखो, ऐस वदिया खाने लई ओना नू धनवाद देना और सीताराम जी तुसीं वी अपनी चाची जी नू एदां दा खत लिखना।”

दोनों ने हामी भरी थी। स्लीपिंग बर्थ रिजर्व नहीं थी। केवल बैठने की थी। खाने के बाद आई सुस्ती के कारण हम तीनों ऊंघने लगे थे। सीताराम तो गहरी नींद में चला गया था। उसके खुर्राटे सुनाई दे रहे थे। एक बार मैंने और बलबीर ने उसे देखा था फिर आँखें बंद कर लीं थीं।

शायद मैं और बलबीर भी सो गए थे। चाय चाय के शोर से हम तीनों की आँखें खुलीं। गाड़ी झांसी रेलवे स्टेशन पर खड़ी थी। सीताराम ने अंगड़ाई ली और पूछा, “चाय पी जाए?”

“हाँ, ऐथे दुध तां मिलना नईं, चा ही पिएँगे।” बलबीर ने कहा।

सीताराम ने चाय वाले को आवाज दी। वह तुरंत अंदर आया। उसके हाथ में चाय की केतली और मिट्टी के कप थे। मुझे बड़ा अजीब लगा था कि मिट्टी के कपों में चाय पी जाएगी पर सीताराम को अजीब नहीं लगा था, “अरे, कुल्हड़ में चाय कितने की दी?”
तीस पैसे की।”

“क्यों? और जगह तो पच्चीस पैसे की मिलती है?”

“इसमें इलाची पड़ी है। पिएँगे तो एक कप और माँगेंगे।”

“अच्छा, ला दे तीन कप।”

तीनों चाय पीने लगे। चाय सचमुच बहुत स्वाद थी। इलाची की महक भीतर तक छू गई थी। जीवन में बहुत कम चाय पी थी। गरीबी में भी बाऊजी ने कभी घर में दूध की कमी नहीं होने दी थी। आज कुल्हड़ में चाय पीकर बड़ा अजीब लग रहा था।

बलबीर ने सीताराम से कहा, “आधी चा तो कुल्हड़ ही पी जादां होएगा?” “नहीं ऐसी बात नहीं है,” सीताराम कहने लगा, “इन कुल्हड़ों को हम तक पहुँचाने से पहले रात भर पानी में भिगो कर रखा जाता है। जहाँ इनकी गंदगी साफ होती है, वहीं ये अपने में पानी भी सोख लेते हैं। हम तक साफ-सुथरा और चाय न सोखने वाला कुल्हड़ पहुँचता है।”

चाय पीकर सचमुच बड़ा अच्छा लगा था। पूरा शरीर स्फूति से भर उठा था। चाय वाला पैसे लेने आया तो सबने अपने-अपने पैसे दिए। जब कि मैं सबके पैसे देना चाहता था। बलबीर और सीताराम ने कहा, “घर के खाने की बात और है परंतु रास्ते के खर्चे के पैसे अपने-अपने देंगे।”

झांसी से चल कर गाड़ी बबीना, ललितपुर, बीना होते हुए भोपाल पहुँची तो रात के दस बजने वाले थे। हम तीनों ने फिर खाना खाया और अपनी-अपनी सीटों पर ऊंघने लगे। सोते जागते हम सुबह विजयवाड़ा पहुँचे।

“निरंदर भाजी, उठो। फ्रेश हो लो। नहीं तो टॉयलेट में भीड़ हो जानी है।”

बलबीर ने मुझे जगाया था।

मैंने छूटते ही पूछा, “की सिकंदराबाद आ गया?”

“नहीं, अभी नहीं आया। विजयवाड़ा आया है। तुसीं फ्रेश हो लो। कोई टिकट चेक्कर आता है तो उससे पूछते हैं।”

मैंने फ्रेश होने के लिए टॉवल, ब्रश, पेस्ट निकाला और टॉयलेट की ओर बढ़ा। टॉयलेट इतना अच्छा नहीं था। फिर भी जैसे-तैसे फ्रेश होकर बाहर निकला तो सीताराम अंदर घुसा। थोड़ी देर बाद वह भी आ गया तो हम तीनों ने चाय पी।

टिकट चेकर आया तो हमने उससे पूछा, “सिकंदराबाद कब आएगा?”
हिंदी-पंजाबी में पूछे गए प्रश्न को वह समझ नहीं पाया था इसलिए उसने जवाब भी नहीं दिया।

बलबीर ने टूटी-फूटी अंग्रेजी में पूछा तो उसने कहा, “टूमारो मार्निंग।” ओह, अभी पूरे एक दिन और रात का सफर बाकी था। दूसरे दिन सुबह 7 बजे के करीब जब हम सिकंदराबाद पहुँचे तो एक लंबे सफर की थकान से मैं बुरी तरह हिल चुका था। मेरा अंग-अंग दुख रहा था। बलबीर और सीताराम का भी यही हाल था। उनके चेहरों पर भी थकान साफ दिखाई दे रही थी। मन हो रहा था कि पेट भर खाना खाएँ और किसी गद्देदार बिस्तर पर लंबी तान सो जाएँ पर दूर-दूर तक ऐसा संभव नहीं था।

WhatsApp Image 2026-06-14 at 20.06.06 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment