ज्योत्सना कपिल का उपन्यास ‘ उर्वशी’ भाग -10

 

भाग -10

इस बाधा को कैसे पार किया जाए, वह सोच में पड़ गए। न जाने कितनी मनौतियां मना डालीं की वह अपनी स्वीकृति दे दे। शायद ईश्वर ने उनकी सुन ली और उसने स्वीकार कर लिया। उसकी हाँ सुनकर उन्हें थोड़ा झटका सा भी लगा। यह क्या हुआ ? बेशक सब कुछ उनके अनुसार ही हो रहा था पर यह बात न जाने क्यों अच्छी नहीं लगी।

गतांक से आगे –

उसका अपलक उनकी देखना क्या महज दिखावा था, या उनकी गलतफहमी ? यदि वह उन्हें पसन्द करती थी तो शौर्य के साथ विवाह को तैयार क्यों हुई ?
एकदम खिला हुआ उनका मन जैसे बुझ सा गया। बहुत भारी मन से, उन्होंने शिप्रा से कंगन निकालने का इशारा किया। जैसे ही शौर्य को कंगन पहनाने को कहा गया उर्वशी के चेहरे पर, हतप्रभ रह जाने का भाव आया। इसका अर्थ है कि उसे इस बात की खबर नहीं थी कि उसका प्रस्ताव शौर्य के लिए आया है। पर यह तो सम्भव ही नहीं , कि उसके पिता ने इस विषय में उसे बताया ही न हो। शायद उसने ठीक से समझा ही नहीं था। वरना इतनी बुरी तरह चौंकती नहीं। इसका अर्थ है कि वह गलत नहीं थे। वह सचमुच उन्हें चाहती है। उनके मन को तसल्ली मिली। इसके बाद अचानक उसकी तबियत बिगड़ जाना, परिचायक था कि वह इस बात को आसानी से पचा नहीं पाई है।
अब कहीं वह इनकार न कर दे। वह फिर चिंतित हो उठे। उसकी खैरियत जानने को उसके कमरे में गए, तो गहरी निगाह से उसे देखा । उसके चेहरे पर दुःख के भाव नज़र आ रहे थे। यानी वह खुश नहीं है। यह देखकर जैसे मन को बहुत सुकून मिला, पर चिंता भी बढ़ गई। कहीं अब न मना कर दे। उसका मन टटोलने के लिए उन्होंने उससे शौर्य से बात करने व उसके साथ थोड़ी देर कहीं जाने को पूछा, जिस पर उसने इनकार कर दिया। उसका इनकार सुनकर उन्हें थोड़ी तसल्ली हुई, फिर भी वह कुछ आशंकित मन से चल दिये।

* * * * * * *

रोके की रस्म के बाद उर्वशी के माता- पिता व उमंग उसके ससुराल गए। वहाँ उनका भव्य स्वागत किया गया। परिवार के सभी सदस्यों से मुलाकात हुई। उनके ऐश्वर्य व वैभव को अपनी आँखों से देखा। वह सब देखकर एक ओर जहाँ उन्हें प्रसन्नता हुई वहीं एक दहशत सी भी महसूस हुई। ‘ माँ सा ‘ उन्हें ममतामयी लगीं। उन्हें यकीन हो गया कि उनसे बेटी को कोई दिक्कत न होगी। ऐश्वर्या थोड़ी अभिमानी लगी, पर उसके स्वभाव से ज्यादा फ़र्क नहीं पड़ने वाला था। क्योंकि उर्वशी का वास्ता तो शौर्य व माँ सा से ही अधिक पड़ेगा। वे लोग उर्वशी को स्वयं माँगकर ले जा रहे थे, तो उसकी कद्र भी करेंगे और सुख सुविधा का ख्याल भी रखेंगे। शौर्य भी स्वभाव से अच्छा ही लगा था। शालीन, शिष्ट, विनम्र, देखने मे सुदर्शन, अब भला किसी भी बेटी के माता पिता और क्या चाहेंगे ? वापसी के समय माँ सा ने, उर्वशी के लिए ढेरों कीमती तोहफ़े भी भेजे।
विवाह का मुहूर्त दो माह बाद का निकला। उर्वशी की प्रतिदिन राणा परिवार के सदस्यों से बात होती थी, परन्तु आश्चर्य की बात यह, कि शौर्य ने उससे एक बार भी बात करने का प्रयास न किया था। उसे नहीं पता था कि वह क्या सोच रखता है, उसे पसन्द करता है या नहीं । क्या उसकी विवाह में रुचि नहीं या उर्वशी ही उसे पसन्द नहीं ? परन्तु यदि विवाह में रुचि न होती तो आता ही क्यों ? यदि उर्वशी नापसन्द थी, तो उसी समय मना कर देता। क्या पता जैसे वह इनकार न कर पाई ऐसे ही वह भी न कर पाया हो। पता नहीं इस मामले में उसका दृष्टिकोण क्या है। वह किसी को पसन्द न आये ऐसा होने की गुंजाइश तो लगती नहीं। हर कोई उसकी खूबसूरती की तारीफ़ में कसीदे पढ़ने लगता है तो शौर्य को क्या ऐतराज़ होगा ? बाकी सभी उससे शौर्य के स्वभाव व रुचि अरुचि के विषय में जानकारी देते रहते। सभी इस बात पर एकमत थे कि वह बहुत शिष्ट, शालीन व विनम्र है। उमंग व मम्मी पापा ने भी उसकी प्रशंसा ही की थी। फिर और क्या चाहिए उसे ? किस बात का संशय है ? अब उसने अपने मन को साधने का काम किया। जबरन शिखर के विचारों को उसने धो पोंछकर बाहर निकाल दिया। अब उसने अपने हृदय में शौर्य के लिए स्थान बनाना शुरू किया। उसमें ऐसा कुछ न था कि उसे नापसन्द किया जाए । उच्च शिक्षित, देखने मे सुदर्शन, गुणवान, और क्या चाहिए एक लड़की को अपने जीवनसाथी से। उसकी बहुत इच्छा हुई शौर्य से बात करने की, पर वह पहल नहीं करना चाहती थी। न जाने वह उसे लेकर क्या धारणा बनाए । बाकी सबसे पता लग चुका था कि वह व्यवहार में अच्छा है। पर फिर भी यदि वह उससे समय- समय पर बात कर लेता तो उसे आसानी होती उसके प्रति अपने मन में कोमल भाव जगाने में। एक दो बार शिखर ने उससे बात करनी चाही, पर उसने कोई रुचि नहीं दिखाई । हर बार कोई न कोई बहाना बनाकर टाल दिया। अब वह उनसे दूर रहना चाहती थी।
उसका विवाह तय हो जाने का समाचार उसके मित्र परिचितों, और सभी के लिए एक ब्रेकिंग न्यूज़ की तरह था। हर कोई चमत्कृत रह गया, उस ऊँचे परिवार से उसका रिश्ता जुड़ जाने पर। कितने ही लोग उसकी किस्मत पर फुँक गए । नाते रिश्तेदारों में उन लोगों का कद बहुत ऊँचा हो गया। बड़ा भाई उत्कर्ष भी विवाह से चार दिन पूर्व आ गया था । आखिर इकलौती बहन का विवाह था , आता कैसे नहीं। विवाह के भव्य आयोजन का सारा प्रबंध शिखर ने, उनके परिवार की प्रतिष्ठा के अनुरूप किया । उसके लिए एक से बढ़कर एक दामी वस्त्र, आभूषण व उपहारों का ढेर लग गया। उसकी मम्मी उन सब वस्तुओं की सुरक्षा की चिंता में ही दुबली हुई जा रही थीं। दिल्ली के एक शानदार फार्म हाउस में विवाह का आयोजन था। जहाँ शहर के गणमान्य राजनेताओं, व्यवसायियों तथा इष्ट मित्रो को ही आमन्त्रित किया गया था। सौंदर्य प्रसाधिका ने उसका श्रृंगार करके आभूषण व परिधान पहनाए तो उसे लगा जैसे आभूषणों के वजन से उसकी देह दोहरी होती जा रही है।
प्रसिद्ध ड्रेस डिज़ाइनर संदीप खोसला के कलेक्शन से आया, उसका गुलाबी रंग का लहँगा, जिसमें सोने के तारों का बारीक काम और कई तरह के स्टोन्स जड़े थे। पारम्परिक आभूषण, जिसमें नाभि तक का रानी हार, फिर वक्ष तक का हार उसके बाद कंठ से लगा हुआ हार, कमरपेटी, हाथों में कंगन, हथफूल, पैरों में सोने की पायलें, बिछिये। नाक में बड़ी सी नथ, माँग टीका, यह सब पहनकर लगा जैसे किसी अपराध के दंड के रूप में उसे वजनी हथकड़ी, बेड़ियाँ पहना दी गई हैं। बाप रे, इतना तामझाम उसे हमेशा तो नहीं करना पड़ेगा? वह उन सब वस्तुओं से मुक्ति पाने को व्याकुल हो उठी।

क्रमशः

WhatsApp Image 2026-06-16 at 13.30.59 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment