भलोल ‘ भाग -12’
तीन महीने की ट्रेनिंग
“अंकल जी, तुसीं कहाँ खो जाते हो, पता ही नहीं चलता,” रंजना की आवाज से मैं अपने अतीत से वापिस आया।
“इस घर में मेरी बहुत सी यादें जुड़ी हुई हैं। मैं उनमें खो गया था। यादें, बचपन की, यादें, जवानी की। यादें हैं कि पीछा नहीं छोड़ती हैं।”
“यादों का क्या है, अंकलजी, वे आती रहेंगी। उन्हें कभी भी याद कर लें। पर पेट-पूजा भी तो जरूरी है। आप मुझे बताएँ कि रात के खाने में सब्जी क्या बनाऊं?”
“सब्जी क्या-क्या बची है?”
“भिण्डी है, फूल गोभी है, करेले हैं।”
“भरवां करेले बना लो। सुबह नाश्ते के साथ भी हो जाएँगे।”
“ठीक है, अंकल जी, बना लेती हूँ।”
मैंने रंजना की बात का कोई जवाब नहीं दिया। मैं फिर अपने अतीत में खो गया था। जीवन में चाहने से कुछ हुआ है? जीवन का यह सत्य मुझसे अधिक और कौन जान सकता है।
सिकंदराबाद पहुँचने पर लंबे सफर की थकान के बाद भी हम तीनों ने अपना-अपना सामान प्लेटफार्म पर रखा और सोचने लगे कि अब हमें क्या करना है? मैंने दूर तक प्लेटफार्म पर देखा। कई लड़के अपना सामान लिए खड़े थे।
तभी एक वर्दीधारी जवान अपनी बुलंद आवाज में बुला रहा था, “ए.ओ. सी. सेंटर जाने वाले जवान मेरे पास आ जाएँ।”
देखते-देखते 50-60 जवान इकट्ठे हो गए। वर्दीधारी जवान ने सभी को अपने पीछे आने के लिए कहा। स्टेशन के बाहर ए.ओ.सी.सेंटर की छह गाड़ियाँ खड़ी थी। चार गाड़ियाँ पहले से जवानों से भरी हुई थी। हम सबको आधे-आधे के हिसाब से दो गाड़ियों में बैठा दिए गए। यह अच्छा हुआ कि बलबीर, सीताराम और मैं एक ही गाड़ी में बैठे।
हमारे बैठते ही छहों गाडियाँ चल दीं। वे अनजान रास्तों से आगे बढ़ती रहीं। बाद में एक खुले मैदान के नजदीक सभी गाडियाँ रुक गई और हमें उतरने के लिए कहा गया। हम सब अपना-अपना सामान लेकर उतर गए। सभी को तीन-तीन की पंक्तियों में खड़ा किया गया। मैंने अपने आसपास खड़े लडकों को देखा। कुछ ही लड़के पैंट, कमीज और बूटों में थे। कुछ कैंची चप्पलों में थे। बाकी सभी प्रायः बनियान धोती और नंगे पांव थे। देखकर आश्चर्य हुआ। देश की गरीबी का पता चला। फिर मन में आया कि मैं तो इनसे लाख दर्जे अच्छी हालत में हूँ। वे सभी दक्षिण भारत के रहने वाले थे।
पचास-पचास की तीन प्लाटूनें बन गई। प्लाटून नंबर: 71, 72 और 73, सबसे मूवमेंट आर्डर ले लिए गए। बलबीर, मुझे, सीताराम को प्लाटून नंबर 72 में रखा गया था। इकट्ठे रखे जाने से हम तीनों ही खुश थे।
तभी एक बुलंद आवाज ने हमें आकर्षित किया। बोलने वाले व्यक्ति के दोनों कंधों पर एक लाल-पीली चिंदी और दो-दो स्टार लगे हुए थे।
“मैं, सूबेदार गंगाराम इन तीनों प्लाटूनों का प्लाटून कमांडर हूँ। आप इस समय ए.ओ.सी. सेंटर की थर्ड बटालियन की ‘जी’ कंपनी में खड़े हैं। आप कंपनी में मेरे और अन्य उस्तादों के अधीन रहकर 12 हफ्तों की ट्रेनिंग करेंगे। यह फिजिकल ट्रेनिंग है। इन तीन महीनों में हम आपको पक्का सिपाही बनाएँगे जिसमें सैल्यूट करना, पी.टी., परेड, हथियारों की ट्रेनिंग, फायरिंग आदि मुख्य रहेंगी। जिस ट्रेनिंग को आज तक हम 9 महीने में करते आए हैं, एमरजेंसी के कारण उसे तीन महीनों में ही समाप्त करना होगा। उसके बाद ट्रेड ट्रेनिंग के लिए ए.ओ.सी. स्कूल, जबलपुर भेजा जाएगा। अभी सब जवानों को ‘किट’ की आइटमें दिलाई जाएँगी। फिर ब्रेकफास्ट और फिर आगे की कार्यवाही बताई जाएगी। सभी उस्ताद अपनी-अपनी प्लाटून का चार्ज लें।”
“प्लाटून नंबर 72 के सभी जवान मेरी ओर देखें। मैं, नायक के.आर. आड़के आपका प्लाटून हवलदार हूँ। आप सब मेरे, लांसनायक सुरनायक सिंह और सिपाही उजाला सिंह के अधीन रहकर यह तीन महीने की ट्रेनिंग करेंगे। अभी आप उस्ताद उजाला सिंह के साथ जाकर अपना-अपना किट लेंगे।”
एक नाटे कद का आदमी आगे आया। सारी प्लाटून को ‘बायें मुड़’ और ‘तेज चल’ कहा। शायद यही उस्ताद उजाला सिंह थे।
“सभी जवान तीन-तीन की पंक्ति में ही चलेंगे। बस थोड़ी दूर ही जाना है।”
कुछ देर चलने के बाद हम एक बैरक के सामने थे। जिस पर ‘कंपनी क्वार्टरमास्टर’ लिखा था। सभी को एक लाइन में खड़े होने के लिए कहा गया। धीरे-धीरे लाइन छोटी होती गई। जब मेरा नंबर आया तो मेरा नाम पूछा गया। सभी को एक मग, मलेशिया कपड़े की कमीजें, दो खाकी नेकर, एक जोड़ी बड़ा बूट, एक जोड़ी पी.टी. शू. दो जोड़ी गर्म जुराबें, दो जोड़ी बड़ी गर्म जुराबें, दो अंडरवियर, दो बनियानें, दो एंकलेट, खाना खाने के लिए एक मेसटिन सेट, एक किट बैग, दो पाउच और एक दरी दी गई। अभी भी बहुत-सी वस्तुएँ नहीं मिलीं थीं जो ट्रेनिंग के लिए बहुत जरूरी थी। एक जोड़ी बूट और मिलने चाहिए थे। वेब बेल्ट मिलनी चाहिए थी। झोला पिट्टू मिलना चाहिए था। जंगल हैट मिलनी चाहिए थी। देश में सेना की बहुत ज्यादा भर्ती होने के कारण इन वस्तुओं की कमी हो गई थी।
सभी को किट मिल गया तो उस्ताद उजाला सिंह जी ने उन्हें किट बैग में भरने के लिए कहा। तीन-तीन की पंक्तियों में ही अपना-अपना बैग उठा कर हम उस बैरक में लौट आए जो हमारी प्लाटून के लिए निश्चित की गई थी। तीन-तीन के हिसाब से ही हमें अंदर भेजा गया। अंदर उस्ताद सुरनायक सिंह हमें बता रहा रहे थे कि कहाँ और कैसे अपने बिस्तर लगाने हैं। फिलहाल मग को छोड़कर बाकी सब ज्यों-का-त्यों रखने के लिए कहा गया।
हाथों में मग लिए सभी बैरक के बाहर आ गए। फिर तीन-तीन की पंक्तियाँ बनीं और हमें नाश्ते के लिए लंगर ले जाया गया। मैंने सोचा था, शायद मग पानी पीने के लिए ले जा रहे हैं। यह भी सोचा था कि नाश्ते के लिए प्लेटें मिलेंगी परंतु हाथ में चार पूरी, उन पर सब्जी और मग में चाय दी गई। पूरी और सब्जी दोनों ठंडी थी। सब्जी आलू की थी परंतु आलुओं के छिलके नहीं उतारे गए थे।
मैंने जैसे-तैसे चाय के घूंट संग दो पूरी खा ली। बाकी दो पूरी नहीं खाई जा रही थी। सब्जी भी बेस्वाद थी। मैंने छिलके वाले आलू की सब्जी कभी नहीं खाई थी। दो पूरियाँ खाने में ही चाय खत्म हो गई थी। नंगे पांव आने वाले लड़कों ने बड़े मजे से चारों पूरी और सब्जी खा ली थी।
दूर से उस्ताद उजाला सिंह जी मुझे देख रहे थे। वे धीरे-धीरे चल कर
मेरे पास आए और कहा, “क्यों, अच्छा नहीं लग रहा जवान?”
“जी. सब्जी चंगी नई ऐ ते चाय वी खत्म हो गई ऐ।” मैंने उन्हें टूटी-फूटी हिंदी-पंजाबी में कहा।
“कोई बात नहीं, यह स्थिति लगभग सभी आने वाले जवानों की है। एक हफ्ते की बात है, ट्रेनिंग शुरू हो जाएगी तो यही खाना अच्छा लगने लगेगा।” उन्होंने प्यार से कहा, “अगर और चाय चाहिए तो ले लो। कोशिश करो, सब खा लो। खाना वेस्ट नहीं होना चाहिए।”
“जी।”
भूख तो थी लेकिन बेस्वाद होने के कारण खाया नहीं जा रहा था। चाय दिलाने के लिए वे स्वयं गए। शायद वे जानते थे कि एक बार चाय मिलने के बाद दोबारा चाय नहीं मिलेगी। चाय के घूंट संग मैंने दोनों पूरी खा ली लेकिन सब्जी नहीं खाई गई। उसे मुझे फेंकना पड़ा।
नाश्ता करने के बाद हम सब अपनी बैरक में लौट आए। अंदर सुरनायक सिंह जी ने दो सैंपल बिस्तर लगाए हुए थे। एक का सिर यदि दीवार की ओर होगा तो दूसरे की टांगें। सभी को इसी प्रकार बिस्तर लगाने के लिए कहा। दीवार के दोनों ओर बिस्तर लगा दिए गए। दरवाजों के सामने की जगह और बीच की जगह आने-जाने के लिए रह गई। सोचा था, सोने के लिए चारपाइयाँ मिलेंगी लेकिन दूर-दूर तक कहीं चारपाई नहीं थी। बिस्तर जमीन पर लगाने का आदेश मिला।
अभी हम बिस्तर लगा कर हटे ही थे, सोच रहे थे कि किट की इतनी आइटमें कहाँ रखें? बहुत से जवान उन्हें किट बैग में भर रहे थे। मैं अभी किट बैग में भरने की तैयारी कर ही रहा था कि हमारे प्लाटून हवलदार उस्ताद के. आर. आड़के ने छोटी-सी विसल बजाई। हम सब उनकी ओर मुड़े।
वे कह रहे थे, “अभी सबको एक-एक लोहे का बक्सा, एक ताला, और एक-एक सुराही मिलेगी। इन तीनों की कीमत 16/- रुपए है जो आपके वेतन से कट जाएँगे।”