भाग -11
जब उसे जयमाला के लिए लाया गया तो उपस्थित अतिथिगणों की आँखें उसके सौंदर्य को देखकर नतमस्तक हो गईं। प्रत्येक व्यक्ति को मानना पड़ा कि शौर्य को इससे सुंदर दुल्हन कोई और नहीं मिल सकती थी। उधर कामदार शेरवानी में शौर्य भी किसी देवपुरुष से कम नहीं लग रहा था। हर एक का कहना था, कि जोड़ी बहुत खूबसूरत है। मम्मी- पापा और दोनो भाई, उमंग और उत्कर्ष बेहद खुश थे। उसके वैभव को देखकर वह सब फूले न समा रहे थे। सभी रस्मों के सम्पन्न होने पर वह स्वजनों से विदा लेकर, वह आलीशान, वैभवशाली ‘ राणा पैलेस ‘ में आ गई।
लगभग बीस एकड़ के विशाल भूभाग पर बने राणा पैलेस की शोभा निराली थी. दूधिया सफ़ेद पत्थरों से बना राणा पैलेस वास्तव में एक राजमहल जैसा भव्य व विशाल था. उसके ऊँचे गुम्बज, नक्काशीदार मेहराबें और संगमरमर के स्तम्भ उसकी शानो शौकत में चार चाँद लगाते थे. उसका मुख्य द्वार बहुत विशाल था और उसमें महीन कलाकृतियाँ उकेरी गई थीं. वहाँ से भीतर प्रवेश करते ही संगमरमर का विशाल सहन, जिसके बीचों बीच बहता फव्वारा और उसके चारों ओर सुंदर फूलों के बाग थे जो हर मौसम में उस महलनुमा भवन की शान में कसीदे पढ़ते और रंग व सुगंध का जादू बिखेरते थे. विशाल गालियारे, सफ़ेद चमचमाते फर्श विशाल कीमती झूमर जो रात्रि होने पर अनगिनत दीपों की रौशनी से जगमगा उठते थे. वहाँ का प्रत्येक कक्ष वैभव व उत्कृष्ट रूचि का नमूना था. दीवार पर लगे सुंदर तैलचित्र, फर्श पर बिछे दामी ईरानी कालीन, जिन पर कदम रखते हुए ऐसा महसूस होता जैसे नर्म मुलायम पँखों पर कदम रखा हो. कहीं संगमरमर की मूर्तियाँ तो कहीं आबनूस की नक्काशी से बनी कलाकृतियाँ.कुर्सीयाँ, सोफे व बाकी फर्नीचर आबनूस, रोजवुड और महोगनी की लकड़ी से तैयार किये गए थे. कुर्सी व सोफे की गद्दियों पर मखमली आवरण था जिसपर रेशम व सोने के तारों का बारीक़ काम किया हुआ था. भोजनकक्ष में एक विशालकाय मेज काली आबनूसी लकड़ी की थी जिसपर महीन नक्काशी की गई थी. उसके चारों ओर रखी कुर्सियों के हत्थे पर चाँदी की नक्काशी थी. प्रत्येक शयनकक्ष में रखे पलंग सागौन और चंदन की लकड़ी के थे जिनके सिरहाने मोती और बहुमूल्य पत्थर जड़े थे.
उस आलीशान महल को देखकर उर्वशी संकुचित हो उठी. उसके भीतर गर्व और हीनता के भाव एक साथ जाग उठे. क्या यह स्वप्न सरीखा महल अब मेरा भी है! थोड़े विश्राम के पश्चात विवाहोपरांत की अन्य रस्मों को निबटाया जाने लगा। वहाँ के तामझाम देखकर वह व्याकुल होने लगी. उसका मन वहाँ से भाग निकलने को करने लगा. जी चाह रहा था इस सबसे दूर कहीं एकांत में चली जाए। जहाँ परिवेश बिल्कुल सादा हो, पर वह सब मिलना अब सम्भव नहीं था. रात्रि होते ही उसे पुनः तैयार करवाया गया. हर एक दृष्टि में उर्वशी के प्रति प्रशंसा थी, सभी बेहद प्रसन्न नज़र आ रहे थे बस शौर्य ही कुछ खिंचा- खिंचा सा लगा। जब उसे सुहाग सेज तक पहुंचाया गया तो वह कुछ अजीब मनःस्थिति में थी। थोड़ी सी घबराहट , थोड़ा सा संशय, थोड़ी फिक्र, थोड़ा खिंचाव। पूरा कक्ष फूलों की महक से ग़मक रहा था। किसी फिल्मी सेट जैसी सजावट, डिज़ाइनर मोमबत्ती की मद्धिम रोशनी, हल्का बजता हुआ वाद्य संगीत। सब कुछ मिलकर बहुत रूमानी माहौल बना रहा था।
काफ़ी देर हो गई प्रतीक्षा करते हुए, तब जाकर आहट हुई। कुछ नारी स्वरों की खिलखिलाहट , उपहार की माँग। उन सबसे निबटकर शौर्य ने कमरे में प्रवेश किया, तो उसके हृदय के स्पंदन तीव्र हो गए। वह कुछ पल बेचैनी से टहलता रहा। फिर वार्डरोब खोलकर उसने नाईट सूट निकाला और डिज़ाइनर शेरवानी उतारकर नाईट सूट पहन लिया।
” आप भी चेंज कर लीजिए ,और इन भारी भरकम कपड़ों से छुटकारा पा लीजिये। ” उसने अजनबी स्वर में कहा।
वह किंकर्तव्यविमूढ़ सी बैठी सोचती रह गई। इतना समय व श्रम लगाकर उसे जिसके लिए तैयार किया गया था उस निर्मोही ने तो उसे नज़र उठाकर देखा तक नहीं था । अब वह बेड के एक साइड में बैठा मोबाइल देखने लगा और उर्वशी उसके कुछ कहने का इंतज़ार करने लगी । जब लगा कि वह कुछ कहने को उत्सुक नहीं है, तो वह पेशोपेश में बैठी रही। क्या करे, क्या न करे। अब शौर्य ने उसे एक बार देखा और फिर कुछ सकुचाते हुए बोला
” आपको शायद हमारा व्यवहार अजीब लग रहा होगा, पर हम आपको बता देना चाहते हैं कि इस विवाह के लिए हम प्रस्तुत नहीं थे। “
” जी !” आश्चर्य से उसकी दृष्टि शौर्य की ओर उठी।
” जी हाँ, हम यह शादी नहीं करना चाहते थे। “
” तो आपने घर में कहा क्यों नहीं, कि आपका मन अभी इस दायित्व के लिए तैयार नहीं ? ” उसने पूछ ही लिया। अब उसे उसकी बेरुखी का कारण समझ में आ गया था।
” कहा था, पर सबको बहुत जल्दी थी । “
” क्या मैं आपको पसन्द नहीं ?”
” सच कहें तो इस निगाह से देखा ही नहीं। ” कहते हुए वह कुछ पल को रुका। ” सबका कहना है कि आप बेइंतहा खूबसूरत हैं। हम भी इस बात को मानते हैं, पर आपको अपने जीवन में वह स्थान शायद कभी नहीं दे पाएंगे जिसकी आपको अपेक्षा है। ” उसका स्वर कुछ कड़वा हो गया था ।
” मेरा दोष ?”
” आपका कोई दोष नहीं, हमारा ही भाग्य खराब है कि जिसे चाहा, उसे अपनी जीवनसंगिनी नहीं बना पाये। ” एक विस्फोट सा उसने कर दिया। उर्वशी हतप्रभ सी उसे देखती रह गई।
” आपने यह सब किसी को बताया नहीं ?”
” सब जानते हैं, पर कोई भी हमारे समर्थन में नहीं आया। क्योंकि वह अलग धर्म की है। परिवार की प्रतिष्ठा को इससे चोट पहुँचती। “
इस रहस्योद्घाटन से वह विचलित हो गई। उसे ऐसा पति मिला है जिसके मन मन्दिर में पहले से ही कोई और विराजमान है। अब क्या भविष्य होगा इस रिश्ते का ?
” आप कम से कम मुझसे कह सकते थे यह बात। “
” भाई सा की बात पत्थर की लकीर की तरह ही समझिए । वह जो निर्णय कर लें, उस पर कोई प्रश्न नहीं उठाता। “
” तो ? अब क्या सोचा है आपने ?”
” हम ग्रेसी को कभी नहीं भुला सकते, उसका स्थान हमारे जीवन में कोई नही ले सकता। परिवार को एक समजातीय सुंदरी बहु चाहिए थी, ले आये, पर इस रिश्ते के लिए हमारे मन में कोई आकर्षण नहीं । ” कहकर वह मुँह फेरकर लेट गया और आँखें बंद कर लीं।
उर्वशी को लगा जैसे उसके कदमों तले से जमीन खींच ली गई हो। वह अतल गहराइयों में गिरती जा रही है। उसके नारीत्व का ऐसा अपमान ! कहाँ तो वह कितनी मुश्किल से स्वयं को समझा बुझाकर एक अनजान व्यक्ति के संग, जीवन व्यतीत करने को राजी कर पाई थी। कितनी मुश्किल से शिखर के आकर्षण के प्रति अपने हृदय के कपाट बंद करने का प्रयास कर रही थी, और कहाँ उसे सिरे से ही नकार दिया गया। उसकी सारी मेहनत बेकार चली गई। उसकी भावनाओं का कोई मोल ही नहीं। उसकी आँखों में सूनापन बढ़ गया था। यह कैसा निर्णय ले लिया उसने ? न ख़ुदा ही मिला, न विसाले – सनम … जिसे चाहा, वह तो ख़ैर मिलना मुमकिन था ही नहीं । जिसके लिए अपनी जड़ों से कटकर आयी, वह भी उसका नहीं !
क्रमशः