मेघा राठी का उपन्यास ‘ वहाँ कौन है ‘-भाग 3

 

वहां कौन है?

भाग 3

उदय ने अपने चचेरे भाई से हर प्रकार से मंदिर के रास्ते के बारे में जानने का प्रयास किया था, किंतु उसने शांत मुस्कान के साथ केवल इतना ही कहा था—

“मंदिर किसी रास्ते में आता ही नहीं… वह स्वयं उनके लिए राह बना देता है, जिन्हें वह बुलाना चाहता है।”

उदय हार मानने वालों में से नहीं था। उसने नील पुष्प के बारे में भी जानना चाहा, पर भाई ने मौन ओढ़ लिया। अगले ही पल उसने सहजता से विषय बदल दिया और उदय के विवाह की बातें करने लगा।

अब उदय के पास केवल एक ही ठोस जानकारी थी। मंदिर जाने से पहले उसका भाई कटंगी–जबेरा नामक स्थान पर गया था, जो जबलपुर के निकट था। उदय को विश्वास था कि मंदिर तक पहुँचने का पहला सुराग उसी क्षेत्र में कहीं छिपा है।

अगली सुबह, उम्मीद के अनुसार सबसे पहले मायरा ही पहुँची।
उदय ने इनोवा की डिक्की में पहले से ही ज़रूरी उपकरण रख दिए थे—ड्रोन, जी.पी.एस. रिसीवर, सैटेलाइट फोन, हाई-ल्यूमेन टॉर्च, नाइट विज़न कैमरे, थर्मल इमेजर, मेटल डिटेक्टर, फर्स्ट-एड किट, क्लाइम्बिंग रस्सियाँ, हार्नेस, पावर बैंक, सोलर चार्जर, लैपटॉप, कैमरा ट्रैप और कई दिनों के राशन के पैकेट। बाकी सामान कार के रूफ कैरियर पर बाँधना था, इसलिए उसने अपना और मायरा का ट्रैवलिंग बैग बाहर ही रख छोड़ा था।

“पता नहीं कौन-कौन आएगा?” मायरा ने दोनों हाथ कमर पर रखते हुए होंठ भींचे।

“सभी आएँगे।” उदय ने आराम से गाड़ी का साइड मिरर साफ करते हुए कहा। “मुझे उन सब पर भरोसा है। रोमांच उनके खून में है। यूँ ही वे लोग Arcane Research Group (A.R.G.) का हिस्सा नहीं बने।”

“आई होप।” मायरा ने मोबाइल की स्क्रीन पर नज़र डालते हुए कहा।

कुछ क्षण चुप्पी रही।फिर उसने धीरे से पूछा, “अगर यह मंदिर सचमुच है… तो तुम उसे खोजना क्यों चाहते हो?”

उदय का हाथ मिरर पर ही ठहर गया।कुछ पल बाद उसने बिना उसकी ओर देखे कहा, “क्योंकि मेरे परिवार का एक सदस्य वहाँ गया था…” उसने गहरी साँस ली , “…और लौटने के बाद वह पहले जैसा बातूनी कभी नहीं रहा।”

मायरा ने आगे कोई प्रश्न नहीं किया। उसने बस उदय को ध्यान से देखा और उसका कंधा थपथपा कर फिर से अपना मोबाइल देखने लगी।

ज़्यादा देर नहीं लगी। एक-एक करके सभी पहुँच गए। कुमार ने आते ही अपना बैग रूफ कैरियर में रखा और अंदर बैठते हुए घोषणा कर दी, “मैं खिड़की वाली सीट लूँगा।”

“और मैं सुक्खी के साथ सबसे पीछे बैठूँगा।” प्रभात ने सीट पीछे खिसकाते हुए कहा, “वरना मायरा रास्ते भर फैशन टिप्स देकर मुझे भी शॉर्ट्स पहनने पर मजबूर कर देगी।”

“सपने देखना अच्छी बात है।” मायरा ने मुस्कुराकर जवाब दिया।

प्रभा ने च्यूइंगम का बुलबुला बनाया, उसके फूटते ही काला चश्मा लगाया और सीट पीछे झुकाकर बैठ गई।

“प्लीज़… मुझे सोने देना। अगर गाने बजाने हों तो आवाज़ हल्की रखना।”

“मैडम, आप ट्रिप पर आई हैं या हॉस्टल में सोने?” सुक्खी ने हँसते हुए कहा।

“दोनों।”

सब ठहाका मारकर हँस पड़े।

मायरा आगे वाली सीट पर आकर बैठ गई। ड्राइविंग सीट पर हमेशा की तरह उदय था। उसने एक बार अपने साथियों को देखा फिर मायरा की ओर अर्थपूर्ण मुस्कान से देखा और गाड़ी सड़क पर दौड़ा दी।

सफ़र लंबा था। सुक्खी और प्रभात की हँसी-मज़ाक ने रास्ते को हल्का बनाए रखा। बीच-बीच में प्रभा नींद से जागती, दोनों से बहस करती और फिर दोबारा सो जाती। कुमार पूरे रास्ते खिड़की से बाहर फैले जंगलों, पहाड़ियों और बदलते आसमान को देखता रहा जबकि मायरा कभी गानों के साथ गुनगुनाती तो कभी बाहर गुजरते दृश्यों में खो जाती।

सब कुछ वैसा ही था जैसा किसी सामान्य ट्रिप में होता है…

लेकिन कहीं बहुत दूर…कुछ भी सामान्य नहीं था। घने जंगलों के मध्य, विशाल चट्टानों के नीचे छिपे उस जागृत मंदिर में जैसे कोई अदृश्य हृदय पहले से अधिक वेग से धड़कने लगा।

धक…धक..धक

प्रत्येक धड़कन के साथ आसपास खड़े प्राचीन वृक्षों की पत्तियाँ बिना हवा के ही काँप उठतीं।

जंगलों में बहता एक झरना अचानक थम गया। मानो गिरता हुआ जल भी किसी अदृश्य पुकार को सुनने के लिए ठहर गया हो, किसी का रुक कर इंतजार कर रहा हो।

चट्टानों पर फैली हरी काई और झाड़ियाँ किसी जीवित प्राणी की तरह हल्की-हल्की हिलने लगीं। ऐसा प्रतीत हो रहा था जैसे पूरा जंगल किसी आगमन की प्रतीक्षा कर रहा हो।

और मंदिर के गर्भगृह में…

मूर्ति पर पड़ा आवरण क्षणभर के लिए जैसे स्वयं हल्का-सा लहराया। या शायद…यह केवल भ्रम था क्योंकि उस दृश्य का साक्षी वहाँ कोई भी नहीं था।

रात तक सभी लोग रास्ते में पड़े एक छोटे-से लॉज में पहुँचे। खाना खाकर वे अपने-अपने कमरों में सो गए। अगली सुबह उन्हें फिर अपनी यात्रा आरंभ करनी थी।

सोने से पहले कुमार ने अपने इष्टदेव का स्मरण किया। उसे विश्वास था कि यदि कहीं से कोई संकेत मिल सकता है, तो वह स्वप्न के माध्यम से ही मिलेगा लेकिन नींद ने उसके साथ मज़ाक कर दिया।

वह अपने सपने में अपनी पसंदीदा लड़की को बाइक पर बिठाकर लंबी ड्राइव पर निकला हुआ था।

सभी गहरी नींद में थे सिवाय मायरा के। वह नींद में बेचैन होकर करवटें बदल रही थी।उसे लगा उसके हाथ-पैर किसी अदृश्य बंधन में जकड़े हुए हैं।

फिर अचानक…पैरों का एहसास बदल गया।उसे लगा जैसे उसके दोनों पैर एक विशाल मछली की पूँछ में बदल गए हों।

वह तपती हुई किसी चट्टान पर पड़ी थी।जबकि वास्तविकता में कमरे का तापमान एयर-कंडीशनर के कारण ठंडा था।उसकी बेचैनी बढ़ती जा रही थी।

वह चिल्लाना चाहती थी…पर आवाज़ नहीं निकल रही थी।अचानक उसका शरीर चट्टान से फिसलकर गहरे जल की ओर गिरने लगा। हाथ बँधे होने के कारण वह स्वयं को सँभाल भी नहीं पा रही थी।

उसी क्षण…जल की गहराइयों में किसी आकृति का आभास हुआ। लंबे काले-सुनहरे बाल…मादकता से भरी ,बड़ी..
सम्मोहित कर देने वाली आँखें…मगर चेहरा धुँधली लहरों के पीछे छिपा हुआ था। वह आकृति उससे कुछ कह रही थी।उसके होंठ हिल रहे थे पर उसकी भाषा मायरा की समझ से बिल्कुल परे थी।

एक पल के लिए ऐसा लगा जैसे वह उसे पुकार रही हो…या शायद…चेतावनी दे रही हो।और अगले ही क्षण…सब कुछ समाप्त हो गया।

मायरा हड़बड़ाकर उठ बैठी।उसने तुरंत अपने पैरों को छूकर देखा।वे बिल्कुल सामान्य थे। उसने राहत की साँस ली और चारों ओर नज़र दौड़ाई।सब कुछ वैसा ही था। कमरे के दूसरे बिस्तर पर प्रभा गहरी नींद में सो रही थी।

मायरा उसे देखकर बुदबुदाई, “कितनी नींद आती है इसे! दिन भर गाड़ी में सोई… और अब भी घोड़े-गधे-खच्चर सब बेचकर आराम से खर्राटे भर रही है।”

ऐसा उसके साथ पहली बार नहीं हुआ था।उसे कई वर्षों से ऐसे विचित्र स्वप्न आते रहे थे। हर बार वही जल…वही बंधन…और कोई अनजान स्त्री…

इन्हीं सपनों का रहस्य जानने के लिए वह A.R.G. से जुड़ी थी।
लेकिन आज तक उसने अपने इन स्वप्नों के बारे में किसी को कुछ नहीं बताया था।

उसे मालूम था कि अब दोबारा नींद नहीं आएगी। वह धीरे से उठी, बालकनी का दरवाज़ा खोला और बाहर रखी कुर्सी पर बैठ गई। रात असाधारण रूप से शांत थी।

चाँद की फीकी रोशनी दूर पहाड़ियों पर बिछी हुई थी।मायरा कुछ देर तक उसी ओर देखती रही…फिर अचानक…उसकी साँस जैसे रुक गई क्योंकि सामने जो दिखाई दे रहा था…उस पर इस समय वह बिल्कुल भी विश्वास नहीं कर सकती थी।
Megha

( क्या लगता है आपको? मायरा के सपनों में वह धुंधला चेहरा किसका है? कौन है जो उससे सपनों के माध्यम से संपर्क कर रहा है। और अब उसे क्या दिखाई से गया जिससे वह हैरान है।

WhatsApp Image 2026-06-26 at 18.05.06 (1) — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment