ज्योत्सना कपिल का उपन्यास ‘ उर्वशी’ भाग -13

 

भाग -13

उसने निश्चय किया कि वह शिखर से कोई बात नहीं करेगी। जब उन्होंने उससे, शुरू से हर बात छुपाई, तो वह भी अपने मन की बात उनसे क्यों करे ? बल्कि अब उसे उन पर क्रोध आ रहा था कि वह उसका जीवन खराब करने के दोषी हैं। अच्छी खासी ज़िन्दगी गुज़र रही थी, उन्होंने ही उसके लिये ढेरों परेशानियाँ खड़ी की। उनका सम्पर्क में आना उसके जीवन का अभिशाप बन गया।

गतांक से आगे –

दूसरे दिन उसे बेसब्री से भाई के आने का इंतज़ार था। जी चाह रहा था जल्दी से जल्दी वह इस स्थान से दूर चली जाए। आखिर वह समय आ गया और दोनो भाई ढेर सारे उपहारों व फल मिठाई के साथ आ गए। वह बेसब्री से भाइयों के आने की प्रतीक्षा करती रहज पर उनका काफी समय तो घर में सबसे मिलने जुलने और नाश्ते में ही निकल गया। जब उसके कमरे में आये तो वह उनसे लिपट कर रो पड़ी। दोनों भाई भावुक हो उठे उत्कर्ष उसके सिर और पीठ को को सहलाने लगा । उधर उमंग बड़े ध्यान से उसे देख रहा था। शायद उसके चेहरे को देखकर यह पता लगाने का प्रयास कर रहा था कि उसकी लाडली बहन के रोने का कारण क्या है। तभी सीमा ने आकर कई कीमती वस्त्र और आभूषण पैक कर दिए। उर्वशी उस घर से कोई सामान नहीं ले जाना चाहती थी, पर किसी ने उसकी नहीं मानी। न चाहते हुए भी, उसे काफी सामान लेकर आना पड़ा। जिसमें सबके लिए उपहार, मिठाइयाँ , फल ,मेवा आदि भी थे। बहुत कठिनाई से समय निकला और अंततः वह राणा पैलेस से निकल ली। वहाँ से बाहर आकर उसे महसूस हुआ कि उसकी दम घोटती साँसों को अब जाकर ऑक्सीजन मिली है। थोड़ी देर वह भाइयों के सवालों का अनिच्छा से जवाब देती रही, फिर नींद आ गई तो सो गई।
घर पहुँची तो दौड़कर पापा के गले लग गई और रो पड़ी। फिर मम्मी से मिली। उसे बुरी तरह रोते देखकर सब सकते में आ गए। पापा बार बार उससे पूछने लगे कि वह इतना क्यों रो रही है। एक बार सोचा कि उन्हें सब कुछ बता दे, पर फिर उसके मस्तिष्क ने उसे रोक दिया। एकदम से आते ही सब कुछ बताना ठीक नहीं। पापा मम्मी को गहरा सदमा लगेगा। पता नहीं वो कैसे रिएक्ट करें। भाइयों को पता लगेगा तो वे तैश में आ जाऐंगे। अभी उसे खामोश रहना चाहिए। बाद में सही समय व वातावरण देखकर बात करना ठीक रहेगा। वह मौन रह गई। पापा बार बार उसे गौर से देख रहे थे। मम्मी ने कुरेदने की कोशिश की तो उसने वहाँ के वैभव का वर्णन करके उन्हें चुप करा दिया। उसे दो दिन के लिए वहाँ भेजा गया था, उसके बाद वापस लौट जाना था ।
उसके पहुँचने के थोड़ी देर पश्चात उसकी बाल्यकाल की दो सखियाँ मिताली और निधि उससे मिलने आयीं। पहले तो सबके साथ साधारण बातचीत होती रही फिर जब वे तीनों उर्वशी के कमरे में आ गयीं तो मिताली ने तुरंत उससे सवाल किया कि वह खुश नहीं दिख रही। ऐसा क्या हुआ जो उसके हर हावभाव में परेशानी दिख रही है। जवाब में उसने धीमे स्वर में सब कुछ बता दिया। सुनते ही मिताली भड़क गई
” इतना बड़ा धोखा ? हद है …. क्या हैं ये लोग ?”
” फिर ? अब क्या सोचा है तूने ?” निधि ने उससे प्रश्न किया।
” मैं अब वहाँ वापस नहीं जाऊँगी। ” उसने जवाब दिया।
” तूने शिखर से पूछा क्यों नहीं, कि उन्होंने तेरे साथ इतना बड़ा धोखा क्यों किया ? वह तेरे प्रति जवाबदेह हैं। उन्हें तेरा जीवन खराब करने का कोई अधिकार नहीं था। ” मिताली बोली।
” एक बार सोचा उनसे बात करूँ, फिर लगा कि क्या फायदा। जिस शख्स ने इतनी बड़ी बात छुपाई, मेरे साथ ऐसा खेल खेला, उसका क्या भरोसा। ज़रूरी नहीं कि अपने परिवार के ख़िलाफ़ जाकर वह मेरा साथ दे। “
” जिस घर में उसके हुक्म के बिना कुछ नहीं होता, वहाँ जो कुछ हुआ उसके लिए पूरी तरह जिम्मेदार वही हैं। ” इस बार निधि बोली।
” बिल्कुल, बल्कि मैं तो कहती हूँ कि तू राणा फैमिली को कोर्ट में घसीट। उनसे अच्छी खासी एलिमनी वसूल कर। तेरी जिंदगी का मजाक बनाकर रख दिया। ” मिताली की इस बात पर उन दोनों ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।
” मक्कारी की हद है। इन दोनों भाइयों ने तेरे साथ खिलवाड़ किया है। एक भाई जबर्दस्ती तेरे साथ अपने भाई की शादी करवाता है। दूसरा …. बुज़दिल कहीं का। अगर वास्तव में उसे अपनी ग्रेसी डार्लिंग से इतना ही प्यार था, तो परिवार के विरोध में खड़ा हो जाता, नहीं मानता किसी की बात, और अगर हिम्मत नही थी तो उसका बदला तुझसे क्यों ले रहा है ? नामर्द कहीं का। फालतू में एक लड़की की ज़िंदगी खराब की ।”
” उर्वशी, जो करना बहुत सोच समझकर कदम उठाना। जीवन इतना आसान नहीं होता। छोटी सी गलती कई बार बहुत भारी पड़ जाती है। ” निधि का स्वर अब भी संयत था।
” क्या मतलब है तेरा ? ये कुछ न करे ?”
” देख मिताली, गुस्सा मुझे भी आ रहा है, पर भड़कने से क्या होगा ? जो होना था वह हो गया, अब चाहे जो करो पर जो बिगड़ना था वह बिगड़ ही गया। अब कोशिश यह होनी चाहिए कि कम से कम नुकसान उठाया जाए। ” निधि अब भी शांत थी।
” मतलब, ये अपनी किस्मत पर आँसू बहाती हुई वहाँ चली जाए और जो हो रहा हो उसे होने दे। “
” सबसे पहली बात, की अब विवाहिता का ठप्पा तो लग गया इस पर। अब अगर न जाए तो किस श्रेणी में रखोगे इसे ? तलाकशुदा, घर को छोड़ने वाली स्त्री ? अगर केस करे ,तो तरह- तरह की बातें बनेंगी। दूसरी बात, वो लोग पावरफुल लोग हैं। उनका राजनीति में भी दखल है और धन की भी कमी नहीं। केस करें तो शौर्य के अफेयर की बात उठानी पड़ेगी। तेरे पास इसका कोई सुबूत है नहीं। जबकि इस बात की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता कि वो लोग उल्टा इसके ही चरित्र पर कीचड़ उछाल दें। वो दस जाली सुबूत भी जुटा लेंगे। हम उनका कुछ नहीं बिगाड़ सकते। एलिमनी का दावा करे तो थोड़ा पैसा ज़रूर हाथ आ सकता है। पर क्या सिर्फ यही अपेक्षित है ? “
” मतलब कुछ न किया जाए ?”
” ये मैंने कब कहा ? बस यह चाहती हूँ की हर स्टेप सोच समझकर लिया जाए। अगर इसने शौर्य के विषय में सबको बताकर , उनके परिवार की प्रतिष्ठा को चोट पहुँचाई, तो शायद यह बर्दाश्त नहीं किया जाए। ” उर्वशी ध्यान से हर बात को सुन रही थी।
” एक तरफ हमें यह भी सोचना है कि जब अंकल आँटी को इस बात का पता लगेगा तो उन पर क्या गुज़रेगी ? जिस बेटी को बहुत उत्साह के साथ , जीवन भर की पूँजी लगाकर विदा किया, वह दो दिन बाद वापस आ जाती है, कभी न जाने के लिए। कैसा लगेगा उन्हें ?” अब मिताली भी सोच में पड़ गई।

क्रमशः

WhatsApp Image 2026-06-16 at 13.30.59 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment