प्रथम साहित्यिक कृति पुरस्कार प्राप्त
लघु उपन्यास
गुलमोहर के नीचे
———————
अनिता रश्मि
2
गणपत लाल की इकलौती बेटी नीलिमा। खूब मान-प्यार, लाड़-दुलार। पर माँ के गुजरते ही पिता द्वारा दूसरा विवाह करना, सौतेली माँ का क्रोधी मिजाज। बात-बात पर फूल में भी न छुई जाने वाली कोमलांगी, बड़ी होती समझदार लड़की की छड़ी से पिटाई। पिता के दब्यूपन, विमाता के आगे भीगी बिल्ली सी हालत। अच्छे कमानेवाले पिता की बेटी का पैसे-पैसे के लिए मोहताजी।
कितना कुछ झेला है नीलिमा ने। इससे बढ़ती नीलिमा के अंदर खुद-ब-खुद समझ और धैर्य समाता गया। मन की व्यथा मन में ही रखने की प्रवृत्ति बढ़ती गई। माँ का धैर्य तो था, पिता का अधैर्य भी साथ पनप आया था। पुष्पित-पल्लवित होने लगा था। वह नई मम्मी की कुछेक बातों का विरोध करने लगी थी। बहस भी।
“सजा तो मिलनी थी न पारुली, मिली।” एक बार नीलिमा ने कहा था।
“क्या? कैसी सजा?”
“यही…हॉस्टल गमन की सजा मिली मुझे। पहले भी माँ की गोद से वंचित थी, अब घर से भी।”
“नीलिमा! अच्छा है न, आत्मनिर्भर हो जाएगी।”
“वह तो माँ के जाने और मम्मी के आने के बाद भी हूँ।”
अंतरंग सहेली पारुल से बता दिया था काफी पहले ही।
नीलिमा की कौन-सी बात पारुल से छिपी है।
दोनों एक ही शहर में पैदा हुईं। पारुल के माता-पिता और नीलिमा के माता-पिता में अगाध प्यार था। प्रगाढ़ दोस्ती। पारुल तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ी, नीलिमा इकलौती थी।
नीलिमा की इसीलिए भरपूर जिद पूरी की जाती।
भरपूर लाड़-दुलार मिलता। बैलवेट के मखमली बेल-बूटेवाली फॉक पहननेवाली नीलिमा और बंगालन पारुल में दाँत-काटी दोस्ती उनके घरवालों के आपसी सबंधों की बदौलत परवान चढ़ती रही थी।
नीलिमा के पिता गणपत लाल कभी भी पैसे का गुरूर नहीं करते थे। अपनी माँ तो खैर गऊ थी ही। वे सरकारी नौकरी में थे। गणपत के बाबूजी ने शिक्षा के महत्व को काफी पहले पहचान लिया था। अपने बच्चों को भी पहले गाँव के स्कूल में, फिर शहर के कॉलेज में दाखिला दिलवा दिया था। खुद भी प्रौढ़ शिक्षा केंद्र में पढ़ाई कर चुके थे। बस, वे गाँव के बाहर जाकर नौकरी करने के पक्षधर नहीं थे।
उनकी अकाल मृत्यु के पश्चात बाकी भाई-बहनों की जिम्मेदारी बड़े चाचा पर आ गई। खेतों को खून-पसीने से सींचते हुए खूब धान, गेहूँ, आलू, प्याज उपजाए। बाजारों में उनके उपजाए उन्नत किस्म की फसलों की धूम मचती और हाथोंहाथ सारा माल उठ जाता। खेती के बल पर उन्होंने अपने दोंनो भाइयों को पढ़ाया था।
एक दिन गणपत बड़े भाई के सामने।
“भैया! एक बात बतानी है।”.
“हाँ… हाँ! कहो न, संकोच का क्या बात?”
“हमको एक ऑफिस में जॉब के लिए नियुक्ति पत्र मिला है।”
“कहा? कब फॉर्म भरे थे, बताया नहीं।”
उनकी आवाज में एक निराश सुस्ती पर अति उत्साह में गणपत सुन न पाए, निराश आवाज का इंकार।
“हम सोचे कि हो जाए, तब बताना ठीक रहेगा।”
“तुम जो सोचे, ठीके सोचे।”
आवाज और धीमी हुई और खैनी को हथेली पर मलकर दाढ़ में दबाते हुए बड़े भाई चुप हो गए। सामने बोझा के बोझा धान के बोरे थे। दालान के बाहर खलिहान में कई बैलगाड़ियाँ बोझा धोने के लिए तैयार खड़ी थीं।
वे बाहर खलिहान में निकल आए।
पीछे से गणपत भी।
“ज्वाइन करने जाएँ न भैया?”
“अब हमसे क्या पूछते हो।”
फिर गणपत के कंधे पर हाथ रखकर पीठ सहला दी।
“जाओ। हम यहाँ सब सँभाल लेंगे।”
तब से गणपत लाल बाहर ही बस गए। गर्मी में या शादी-विवाह, गमी के मौके पर अपने गाँव जरूर जाते। उच्च पदस्थ होने के बावजूद बच्चों की गर्मी की छुट्टियों में गाँव में पंद्रह दिन बिताना नहीं छोड़ा।
एक अच्छी बात हुई कि शादी अपने बड़े भैया के पसंद से की थी तो नीलिमा की माँ को भरपूर सम्मान मिलता था। भैया भी गणपत से खुश रहते।
“देखो गणपत! खाली हाथ नहीं लौटना है। आखिर एतना सब तुम्हारा और दुल्हिन, बुचिया का भी तो…।”
हौले से आँसू पोंछते हुए आगे कहते,
“हम तो बस चौकीदार हैं रे!”
आते समय कई बोरे साथ में भेज देते। बीजू, लंगड़ा, तोताफूली आम, पकी लीचियाँ देखकर नीलिमा भी बेहद मगन।
अमराई में घूमते समय हाथ से छू-छूकर देखती रहती थी। एकदम उसकी बचपनी, किशोरी या जवान हथेलियों की जद में। जमीन पर बैठे-बैठे तोड़ सकती थी लंगड़ा, फजली, तोताफूली को।
अमराई में घूमते हुए गिरे हुए बीजू आमों को चुनना उसे खूब भाता।
गणपत ने कभी बाजार से आम, लीची नहीं खरीदी। अचार के कच्चे आम भी। कच्ची अमिया लेकर अमराई का चौकीदार पहले ही पहुँचा जाता। कभी धान या गेहूँ भी।
******