अजय कुमार का उपन्यास ‘ तेरे लिए ‘ – भाग -28

तुम्हारे लिए
***********
भाग अट्ठाईस
**************
तन्मय जाह्नवी की बात सुन कर थोड़ा सा सकपका
कर बोला,” बात यह है जाह्नवी जी, कल तक मुझे चिन्ता थी, लग रहा था कि अपर्णा जी के साथ कुछ बहुत बुरा हो गया है पर आज बात दूसरी है ,आपकी बातों से मुझे लग रहा है कि अपर्णा जी अब अपनी उस कमजोर मानसिकता से बाहर निकल आई हैं और अब वो अपने दम कुछ करने के लिए भी पूरी तरह से तैयार हैं ,और ऐसे में मेरा इस तरह उनके सामने बेवजह आना उचित नहीं है, जो भी कुछ नया पता लगे आप
ही मुझे बता दीजिएगा , पहले उन्हें ठीक से अपनी इस व्यथा
कथा से उबर जाने दीजिए ,मैं किसी और दिन ,सही मौके पर मिल लूंगा उनसे..”
जाह्नवी इस बार कुछ नहीं कह सकी ,पर तन्मय
के आज के व्यवहार ने उसे चकित अवश्य कर दिया था,और
उसे अपने इस तरह सख्त लहजे में बात करने से भी खुद पर थोड़ी शर्म भी आ गयी थी।
तन्मय ने भी बहुत सोच समझ कर ही यह निर्णय किया था रात में तो वो बहुत ज्यादा उद्वेलित था यह सोच कर कि वो चार दिनों में क्या ही ऐसा कर सकता है कि उसके दिल की बात किसी तरह से अपर्णा तक पहुंच जाए,पर आज सुबह उसे लगा कि उसे इस बार कोई भी गलती नहीं करनी चाहिए, अभी इतना ही बहुत है कि अपर्णा उसे आखिरकार मिल गयी है और आस पास ही है ,आगे उसे किस तरह से मिलना है ,वह कुछ न कुछ सोच ही लेगा,पर इस बार उसकी किसी भी जल्द बाजी से कुछ ऐसा न हो जाए कि अपर्णा को लगे कि विमलेश गया तो अब यह दूसरा विमलेश उसके पीछे पड़ गया।
अपर्णा की रिकॉर्डिंग एकदम परफैक्ट हुई थी, स्टेशन डायरेक्टर सुजय घोष बहुत खुश थे,और बहुत प्रभावित हुए
थे अपर्णा की परफारमेंस से।उन्होंने आश्वासन भी दिया था
कि वो युवा उभरते हुए कलाकारों की श्रेणी में उसे प्रमोट
करने की पूरी कोशिश करेंगे आकाशवाणी से निपट जाने के बाद ,अपर्णा ने जाह्नवी को फोन किया था..” हैलो ,मैं अब फ्री हूं , बता कहां पर आऊं….”
” घर पर ही आजा ,आज मैंने वर्क फ्रॉम होम लिया है ,
और बस थोड़ा सा ही काम बचा है, वैसे तू आज मेरे साथ ही रूकने वाली है न ,ठीक है फिर तो जल्दी से आजा..”
जाह्नवी कल से आज तक एक ही बात सोच रही
थी कि अब इस स्थिति में उसे क्या करना चाहिए ,तन्मय ने
तो अपनी हर बात से एक ही संदेश दिया था कि उसने आज
तक अगर किसी भी लड़की के बारे में सोचा है तो वह केवल अपर्णा ही है ,अब वह चाहे गलत है या सही ,पर बात तो यही है ,और अपर्णा का तो इस स्थिति का इल्म भी नहीं है ,वो तो विमलेश के साथ जीवन बिताने के लिए तैयार थी,पर विमलेश
का अपनी ही पत्नी के साथ धोखा करने से और खुद अपर्णा
से अपनी शादी की बात छुपाए रखने से, अपर्णा का अब उसे छोड़ने का फैसला भी एकदम वाजिब है, तो उससे तो किसी भी बात पर नाराज हुआ ही नहीं जा सकता,इसलिए जाह्नवी
ने अब यही सोचा था कि वो जो कुछ भी हो रहा है ,उसे होने देगी ,उसने तन्मय से जो कहा था, उसे भी अब यह भूल जाना चाहिए, वह बात खुद ब खुद खत्म हो चुकी है,चाहे अब जो
हो जाए ,वो वही रहने वाली है जो वो वास्तव में सही है,अपने को किसी और के द्वारा नियंत्रित होना उसे कतई मंजूर नहीं होगा।
लगभग एक घंटे बाद अपर्णा उसके घर में थी , पहले भी वो कितनी ही बार इस घर में आ चुकी थी पर आज
बात कुछ और थी उसे यहां आते हुए मन में एक संकोच था , जाह्नवी की मां को भी अब तक शायद यह जरूर मालूम हो गया होगा कि अपर्णा किसी तबलची के साथ भाग गयी है ,
पता नहीं आज वो अगर सामने पड़ गयीं तो उससे क्या पूछ
लें, मैडम फ्रांसिस ने कहा था गलती तो हर इन्सान से होती
है, बात यह है कि वो उस गलती के बाद क्या करता है, एक तरीका है अपनी गलती के भार से वो झुक जाए, शर्मिन्दा तो हो,पर अपनी गलती को कभी ना माने, एक के बाद दूसरी गलती करता जाए और दूसरा रास्ता है कि वो अपनी गलती
को दिल से मान ले, उसका पश्चाताप करे और फिर कभी भी दूसरी गलती के लिए कोई रास्ता न छोड़े।
पूरे ढाई साल लग गये थे ,अपर्णा को अपनी गलती से पैदा हुई उस मनहूस जलालत के घेरे से विश्वास पूर्वक बाहर निकलने में ,आज यह पहला दिन था जब वो किसी दूसरे के
घर में आई थी, अपने मन को पूरी तरह मजबूत करके,अपने भीतर नये उग आए इस विश्वास को आजमाने।
“अरे ! अपर्णा तुम !! कितने दिन बाद नजर आई हो ,
कहां रहती हो आजकल…” अपर्णा को जिस बात का डर था , बिल्कुल वही हुआ ।जाह्नवी की मम्मी दरवाजे में घुसते ही उसे मिल गयी थी…” जॉब लग गयी है मेरी आंटी ,ऐबनेजर कान्वेंट स्कूल अजमेर में., म्यूजिक टीचर हूं मैं वहां….”
” मैंने तो सुना था , तुम्हारी शादी हो गयी है, किसी म्यूजिशियन के साथ..क्या यह सच नहीं है…”
“नहीं आंटी , होने को तो थी पर वो म्यूजिशियन तो ऑलरेडी मैरिड निकला, मुझे बाद में मालूम हुआ ,एक्च्युली ही वाज चीटिंग ऑन मी..”
“ओह., यह तो बहुत बुरा हुआ ,पर बेटा अच्छा हुआ तुझे समय रहते पता लग गया…”
” क्या मम्मी.,उसे ठीक से अंदर तो आने दो , आपने तो उस पर सावालों की बौछार ही कर दी, अर्पू तू ऊपर आ जा
मेरे कमरे में और मम्मी आप, जरा उस जसोदा से कहिए की जल्दी से कुछ चाय वगैरह ले आए,और तुम ऊपर आ जाओ, अर्पू..”
अपर्णा की आवाज सुन कर अपने कमरे से बाहर
आ गयी थी जाह्नवी..” सॉरी , अर्पू , बुरा मत मानना ,मम्मी ने
तो तुझे देखा और बस ऐसे ही पूछने लगी…”
” नहीं ,इसमें सॉरी की क्या बात है ,जो उन्होंने सुना था,वही तो पूछा ,आई एम ऑलराइट,चल तेरे कमरे में चलते हैं…” जाह्नवी ने देखा ,सच में ,अपर्णा के चेहरे पर किसी भी तरह की परेशानी या उलझन के निशान नहीं थे..” तू तो यार सच में बदल गयी है , लगता है जैसे तुझसे मैं पहली बार मिल रही हूं ,खैर ! यह बता कुछ बना तेरा जयपुर रहने का ,याकि वापस अजमेर ही जाना होगा….”
” आज तो नहीं पर कल शाम तक जरूर पता चल जायेगा ,वहां आकाशवाणी में भी बात बनती नजर आ रही है ,पर जो भी हो ,अब तो मुझे बस इसी.फील्ड में आगे बढ़ना है…और अपने पैरों पर भी खड़े रहना है…”
” यहां आई है तो अपने पापा से नहीं मिलेगी क्या ,उन्हें
तो शायद कुछ पता ही नहीं होगा…”
” नहीं ,कल मैंने उन्हें भी सब कुछ बता दिया है, बहुत नाराज हो रहे थे मुझ पर ,पर अब जो हो गया उसे तो मैं अब बदल नहीं सकती, गलती की है तो सजा भी भुगतनी पड़ेगी इसलिए मैंने चुप करके सुन लिया सब कुछ,और यह भी कह दिया अभी तो तीन चार दिन यहीं पर हूं, अगर आप मुझसे मिलना चाहें तो आ जाइये,बस आने से पहले मुझे फोन जरूर कर लीजिएगा….”
जसोदा बस तभी चाय ले आई थी , और जाह्नवी ने उससे चाय की ट्रे ले कर दरवाजा अंदर से बोल्ट कर लिया था..” यार ! अब तो तेरी बातों को सुन कर मुझे अचरज होने लगा है,कोई आदमी इतना भी बदल सकता है ,यकीन नहीं होता,लगता प्यार के इस खेल ने तुझे बहुत कुछ सिखा दिया
है, या फिर यह तेरी फ्रांसिस मेम की सोहबत का परिणाम है , पर जो भी है , कमाल है….”
अपर्णा जाह्नवी की बात सुन कर हंसने लगी, ” भगवान करे ,कभी तुझ पर ऐसा वक्त न आए ,यह प्यार व्यार आपको बहादुर बनाने से पहले जम कर आपको कमजोर बनाता है , बहुत डराता भी है,सारे कस बल निकाल लेता है, और फिर विदा होते वक्त आपको एक पत्थर बना कर छोड़ जाता है…”
” मतलब अब प्यार तेरे जीवन से हमेशा के लिए खत्म ,संन्यासिन ही बन जायेगी क्या ,मुझे तो लगता है यह
सब फ्रांसिस मैम का ही असर है….”चाय का सिप लेते हुए जाह्नवी ने अपर्णा के मन के भीतर झांकने का यत्न किया।
“मेरी बात छोड़ ,पहले तू बता यह तन्मय जी क्या चक्कर है ,क्यूं आए थे तेरे साथ ,कहीं मेरी तरह तू भी तो
अब इस प्यार के चक्कर में नहीं पड़ गयी, सच बता ,तन्मय
तुझे पसन्द आ गये हैं न….”
*******************
(शेष आगे )

अजय कुमार
 

WhatsApp Image 2026-06-03 at 13.23.29 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment