वहां कौन है?
भाग – 4
मायरा चौंककर बालकनी की रेलिंग तक आ गई। उसने एक बार फिर आकाश की ओर देखा।उसकी आँखें फैल गईं। चाँद का रंग बदल चुका था। वह दूधिया सफेद नहीं बल्कि गहरे रक्त जैसा लाल दिखाई दे रहा था।
“ब्लड मून…” उसके होंठों से अनायास निकला।
उसे याद था कि विज्ञान की भाषा में पूर्ण चंद्र ग्रहण के समय पृथ्वी सूर्य और चंद्रमा के बीच आ जाती है। उस समय पृथ्वी का वायुमंडल सूर्य के लाल प्रकाश को मोड़कर चंद्रमा तक पहुँचा देता है, जिससे चंद्रमा रक्त जैसा लाल दिखाई देता है। इसी कारण उसे ब्लड मून कहा जाता है।
लेकिन ऐसी खगोलीय घटनाएँ अचानक नहीं होतीं। उनके बारे में खगोल वैज्ञानिक महीनों पहले जानकारी दे देते हैं। आज तो किसी समाचार चैनल, वेबसाइट या खगोलीय कैलेंडर में इसका कोई उल्लेख नहीं था।
“फिर… यह कैसे संभव है?” उसने तुरंत कमरे में जाकर अपना मोबाइल उठाया और वापस बालकनी में आ गई। लगातार कई तस्वीरें खींचीं। एक तस्वीर देखकर वह कुछ क्षण के लिए ठिठक गई। उसे ऐसा लगा मानो लाल चाँद के सामने किसी धुँधली काली आकृति की परछाईं उभर आई हो।उसने स्क्रीन को ज़ूम किया। आकृति धुँधली थी।
इतनी कि वह तय ही नहीं कर पा रही थी कि सचमुच कुछ था या कैमरे का कोई दोष। “शायद मेरी आँखों का भ्रम होगा…”
उसने स्वयं को समझाया और तुरंत उदय का नंबर मिलाया। फोन बजता रहा…कोई उत्तर नहीं।
“उमि… फोन उठाओ न…”, उसने दोबारा कॉल किया। इस बार भी कोई जवाब नहीं मिला। “थक गया होगा। दिनभर ड्राइविंग की है।”
उसने मोबाइल बंद किया और मुस्कुरा दी। “कोई बात नहीं… सुबह सबको फोटो दिखाऊँगी।” , इतना सोचकर वह कमरे में लौट आई।
अगली सुबह गाड़ी फिर अपने सफर पर निकल चुकी थी। कुछ देर बाद मायरा ने पिछली रात की पूरी घटना सबको बताई।
“आजकल तो अखबार, टीवी और सोशल मीडिया वाले चाँद के आने से पहले ही इतना शोर मचा देते हैं कि बेचारा चाँद खुद हाथ जोड़कर कहे…भाई, अब बस भी करो… मैं आकर वापस भी चला गया।”
कुमार की बात सुनते ही पूरी गाड़ी ठहाकों से गूँज उठी। सिर्फ मायरा चुप थी।
“ठीक है…” उसने थोड़ा नाराज़ होकर कहा। “तुम लोगों को मेरी बात पर विश्वास नहीं है न? लो… खुद देख लो।”
उसने मोबाइल कुमार की ओर बढ़ा दिया। कुमार ने तस्वीरें देखीं।
उसके चेहरे की मुस्कान धीरे-धीरे गायब हो गई।बिना कुछ बोले उसने मोबाइल प्रभा को पकड़ा दिया। प्रभा ने तस्वीरें देखीं और फिर सुक्खी को।सुक्खी ने प्रभात को दिया। अंत में मोबाइल उदय तक पहुँचा।
उदय ने कुछ क्षण तस्वीरों को देखा फिर पूरी गंभीरता से बोला, “हाँ… मायरा बिल्कुल सच कह रही है।”
मायरा के चेहरे पर संतोष झलकने ही वाला था कि उदय आगे बोला, “चाँद तो है… बस लगता है उसका लाल रंग रास्ते में सबके हाथ लग-लगकर उतर गया।”
बस एक पल की ही खामोशी रही …और अगले ही क्षण पूरी गाड़ी हँसी से गूँज उठी।मायरा ने झट से मोबाइल वापस लिया।उसकी आँखें आश्चर्य से फैल गईं।हर तस्वीर में चाँद अब सामान्य सफेद दिखाई दे रहा था।
उसने जल्दी-जल्दी सारी तस्वीरें देखीं।वही परिणाम। लाल रंग…
गायब और जिस धुँधली काली आकृति को उसने रात में देखा था…उसका भी कोई निशान नहीं था।उसके माथे पर अनायास शिकन पड़ गई, “ये… कैसे हो सकता है?”
“मायरा…” प्रभा मुस्कुराई। “सच-सच बताना… कहीं नींद की गोली एक की जगह दो तो नहीं खा ली थी?”
मायरा ने उसे घूरकर देखा लेकिन किसी की हँसी पर उसका कोई असर नहीं पड़ा आख़िरकार उदय को ही सबको शांत कराना पड़ा।
सूर्य पश्चिम की ओर झुकने लगा था जब उनकी इनोवा कटंगी–जबेरा की सीमा में पहुँची। घने जंगल…ऊँची-नीची पहाड़ियाँ…दूर-दूर तक बहते झरने…पूरे क्षेत्र में एक अनछुई प्राकृतिक सुंदरता बिखरी हुई थी।
“जगह तो कमाल की है…”,सुक्खी खिड़की से बाहर देखते हुए बोला। “घूमने आते तो मज़ा आ जाता।”
“हम घूमने नहीं आए हैं।”,उदय ने मुस्कुराकर कहा। “पहले रुकने का इंतज़ाम करते हैं। उसके बाद आगे की योजना बनाएँगे।”
करीब एक घंटे तक आसपास घूमने के बाद भी उन्हें कोई होटल या लॉज नहीं मिला।
तभी कुमार ने सड़क किनारे खड़े दो स्थानीय युवकों से पूछा, “भाई, यहाँ ठहरने की कोई व्यवस्था मिलेगी क्या?”
उनमें से एक ने उन्हें गौर से देखा, “यह छोटी-सी जगह है साहब। यहाँ बाहर से आने वाले ज़्यादातर लोग रिश्तेदारों के यहाँ ही रुकते हैं। होटल-वोटल कुछ नहीं मिलेगा।”
फिर उसने उत्सुकता से पूछा, “वैसे आप लोग आए किस काम से हैं?”
“जंगलों में थोड़ा रिसर्च का काम है।”
“तो फिर होटल क्यों ढूँढ़ रहे हैं?”,उस युवक ने तुरंत कहा, “वन विभाग का गेस्ट हाउस है न। अगर कमरे खाली हों तो वहीं मिल जाएगा।”
“अच्छा!”उदय ने राहत की साँस ली, “धन्यवाद।”
वे सीधे वन विभाग के विश्राम गृह पहुँच गए।सौभाग्य से उस दिन दो कमरे खाली थे। उदय ने अपना और साथियों का पहचान पत्र जमा किया, आगंतुक रजिस्टर में पूरी जानकारी दर्ज की और निर्धारित शुल्क जमा करने के बाद उन्हें वहाँ रुकने की अनुमति मिल गई।
कमरे बहुत बड़े तो नहीं थे, लेकिन साफ-सुथरे और आरामदायक थे।
हाँ…कमरे में मौजूद मच्छरों ने मानो पहले से ही उनका स्वागत करने की पूरी तैयारी कर रखी थी।
कमरों में सामान रखकर सभी लोग थोड़ा तरोताज़ा हुए। प्रभा और मायरा एक कमरे में थीं, जबकि दूसरे कमरे में उदय, कुमार, प्रभात और सुक्खी ठहरे थे।
लंबे सफ़र की थकान के बावजूद किसी की आँखों में नींद नहीं थी। सबके मन में बस एक ही प्रश्न था—क्या वे सचमुच उस जागृत मंदिर तक पहुँच पाएँगे?
रात का भोजन करने के बाद सभी गेस्ट हाउस के बरामदे में रखी लकड़ी की मेज़ के चारों ओर बैठ गए। सामने घना जंगल अँधेरे में डूबा हुआ था। झींगुरों की आवाज़ें वातावरण को और भी रहस्यमय बना रही थीं।
प्रभात ने चुप्पी तोड़ी। “यहाँ तक तो आ गए… लेकिन अब?”
उसने उदय की ओर देखा। “मान लो मंदिर सचमुच मिल भी गया… तो हमें वहाँ मिलेगा क्या?”
उदय कुछ क्षण सोचता रहा, “पता नहीं।” उसने शांत स्वर में कहा, “हो सकता है वहाँ कुछ भी न मिले… और यह भी हो सकता है कि हमारी अब तक की सारी धारणाएँ बदल जाएँ। लेकिन यदि वह मंदिर वास्तव में अस्तित्व में है तो उसे दुनिया के सामने लाना ही अपने आप में बहुत बड़ी उपलब्धि होगी।”
“और उसका रहस्य?” प्रभा ने तुरंत पूछा।
“रहस्य किताबों में नहीं मिलेगा।”उदय मुस्कुराया। “अगर वह मंदिर मिला… तो उसके उत्तर भी वहीं मिलेंगे।”
“बशर्ते…” कुमार बोला, “वह हमें अपने भीतर जाने दे।”
सब एक-दूसरे का चेहरा देखने लगे।उसी समय पीछे से किसी की आवाज़ आई,
“क्या आप लोग उसी मंदिर की बात कर रहे हैं… जो खुद लोगों को बुलाता है?”
सबने एक साथ पलटकर देखा।करीब पचपन-साठ वर्ष का एक व्यक्ति हाथ में चाय की ट्रे लिए खड़ा था। साँवला रंग, चेहरे पर गहरी झुर्रियाँ, सफ़ेद होते बाल और आँखों में एक अजीब-सी चमक। वह गेस्ट हाउस का कर्मचारी था।
मायरा ने उत्सुकता से पूछा, “हाँ… आप उसके बारे में जानते हैं?”
वह हल्का-सा मुस्कुराया, “जानता तो उतना ही हूँ जितना यहाँ का हर आदमी जानता है।”
उसने सबके सामने चाय रखते हुए कहा,”बचपन से यही सुनते आए हैं कि जंगल के भीतर कहीं एक जागृत मंदिर है। लोग उसे खोजते रहे… लेकिन कोई रास्ता कभी नहीं मिला।”
“तो क्या किसी ने कभी देखा भी है उसे?” प्रभा ने पूछा।
“देखा है…”,वृद्ध ने धीरे से कहा।”ऐसा लोग कहते हैं।”
“फिर?”
“फिर क्या…”
वह मुस्कुराया, “जो लौटकर आए… उन्होंने कभी रास्ता नहीं बताया।”
बरामदे में कुछ क्षणों के लिए सन्नाटा छा गया।
वृद्ध ने फिर कहा, “एक सलाह दूँ?”
“ज़रूर।” उदय बोला।
“समय बर्बाद मत कीजिए।”उसने पूरी गंभीरता से कहा,”जब तक मंदिर स्वयं न चाहे… तब तक कोई भी वहाँ नहीं पहुँच सकता।”
सुक्खी हँस पड़ा।”क्या पता…”उसने कुर्सी पर पीछे टिकते हुए कहा,”मंदिर ने हमें ही बुलाया हो।”
वृद्ध की मुस्कान धीरे-धीरे गायब हो गई।उसने सुक्खी को सिर से पाँव तक ध्यान से देखा।इतनी देर तक देखा कि सुक्खी भी असहज हो गया। फिर उसके होंठों पर एक अजीब-सी मुस्कान उभरी।
“अगर सचमुच बुलाया है…”,उसने धीमे स्वर में कहा, “तो पहुँच भी जाओगे।” वह थोड़ा रुका,”और अगर नहीं बुलाया…”उसने जंगल की ओर देखा। “…तो यह जंगल तुम्हें बहुत देर तक भटकाए रख सकता है।”
उसने उँगली से दूर अँधेरे की ओर इशारा किया।
“यह इलाका शेरों, तेंदुओं और भालुओं का है। जंगल में प्रवेश करने से पहले वन विभाग से अनुमति लेनी होगी। आपको एक आवेदन देना होगा, पहचान पत्र जमा करना होगा, किस क्षेत्र में जाना है यह बताना होगा और अपनी ज़िम्मेदारी पर प्रवेश का घोषणा-पत्र भी भरना पड़ेगा।”
उदय ने सिर हिलाया, “हम सुबह सबसे पहले सारी औपचारिकताएँ पूरी कर देंगे।”
“अच्छा रहेगा।”,वृद्ध ने कहा।
“जंगल नियम तोड़ने वालों को जल्दी माफ़ नहीं करता।”
वह ट्रे उठाकर जाने लगा।उदय ने पीछे से आवाज़ दी, “वैसे आपका नाम?”
वृद्ध रुका।धीरे से पलटा, “रामसेवक…”उसने सहज स्वर में उत्तर दिया। “…लोग इसी नाम से बुलाते हैं।”
इतना कहकर वह अँधेरे गलियारे की ओर बढ़ गया।कुछ देर बाद सब लोग अपने-अपने कमरों की ओर लौटने लगे।लेकिन जाते-जाते वे एक बात नहीं देख पाए।रामसेवक गेस्ट हाउस की पिछली खिड़की तक पहुँचा।उसने धीरे से खिड़की खोली।बाहर चारों ओर गहरा अँधेरा फैला हुआ था।उसने अपनी दो उँगलियाँ आकाश की ओर उठाईं…फिर उन्हें धीरे-धीरे जंगल की दिशा में मोड़ दिया।ऐसा लगा…मानो वह किसी अदृश्य उपस्थिति को संकेत दे रहा हो।
कुछ क्षण तक वह उसी मुद्रा में खड़ा रहा।फिर उसके होंठ बहुत धीमे से हिले।” शायद ये वही हैं, वे आ गए हैं…”
जंगल वैसा ही शांत था लेकिन अगले ही पल..दूर कहीं…घने वृक्षों के बीच से किसी अनजान पक्षी की तीखी आवाज़ गूँजी।
रामसेवक के चेहरे पर हल्की-सी मुस्कान फैल गई।उसने खिड़की बंद की…और बिना पीछे देखे अँधेरे गलियारे में विलीन हो गया।
Megha
( कौन है यह रामसेवक और किसे बता रहा था उनके आने का। क्या यह कुछ जानता है या फिर बहुत कुछ जानता है। क्या सचमुच मंदिर उनको बुला रहा है? जानने के लिए साथ बने रहिए।)