भाग -16
राणा पैलेस में एक बहुत अच्छी लाइब्रेरी थी जिसमें उत्कृष्ट पुस्तकों का संग्रह था। उसने मोपांसा की एक पुस्तक निकाली और पढ़ने बैठ गई। काफी देर तक पुस्तक में डूबी रही, जब वह समाप्त हो गई, तो उठकर शावर लिया और नाइटी डालकर टीवी देखने बैठ गई। बार बार घड़ी की ओर उसकी दृष्टि जा रही थी। बेशक शौर्य से बात कम होती थी पर किसी के साथ होने का अहसास तो रहता ही था। नींद से पलकें बोझिल होने लगीं । उसने जागे रहने की कोशिश की , पर कामयाब न हुई और पलँग की पुश्त पर ही टिकी हुई ही सो गई।
उर्वशी ने जब पार्टी में जाने में रुचि नहीं दिखाई तो शौर्य अकेला ही चला गया। बल्कि कहना चाहिए कि उसके न आने से शौर्य ने राहत ही महसूस की। अगर वह भी आती, तो उसका ख्याल रखना पड़ता, और वह पूरी तरह से दोस्तों का साथ एंजॉय न कर पाता। इस समय वह ग्रेसी की बहुत कमी महसूस कर रहा था। काश वह भी होती, तो कितना अच्छा लगता। लिकर वह अधिक मात्रा में होल्ड नहीं कर पाता था इसलिए रेड वाइन के दो पैग से अधिक कभी नहीं लेता था , पर उस दिन मित्रो के जोर देने पर एक पैग और ले लिया था । अब वह थोड़े सुरूर में था और स्वयं के भीतर एक सुखद गर्माहट सी फ़ैलती महसूस कर रहा था।अपने आसपास सबकुछ बहुत सुखद और मीठा लग रहा था. हार्दिक वक़्त सम्हलकर बोलने वाला शौर्य अब खुलकर सबसे बात करने लगा था. जब वह घर की ओर चला तो कदमो में हल्की सी लड़खड़ाहट आ गई थी। गालों पर लालिमा और आँखों में हल्की सी चमक थी। घर आते -आते एक बज गया था।
शयनकक्ष में आया तो देखा टीवी खुला हुआ है और उर्वशी पलँग की पुश्त से टिकी सो रही है। उसने बिना कोई आवाज़ किये नाइट सूट पहना ओर टीवी बन्द कर दिया। फिर उर्वशी को पलँग से टिककर सोते देख सोचा, की उसे लिटा दे। वह उसके करीब आया तो दृष्टि उस पर टिक गई। आज वह पहली बार उसे नज़र भर के देख रहा था। इससे पहले जब भी वह कमरे में आया, तो उर्वशी जाग रही होती थी। अपने अहम में वह उसकी ओर देखता तक न था, पर आज उसके सो जाने के कारण पहली बार उसे देखने का अवसर मिला था। उसका इंतज़ार करते हुए शायद कुछ देर पहले ही उसकी आँख लगी थी। उसने सिल्क की गुलाबी रंग की , स्लीवलेस नाइटी पहन रखी थी। शौर्य की दृष्टि उसकी देह पर फिसलने लगी। उसकी सँगमरमरी बाहें आमंत्रण देती सी प्रतीत हुईं। उसका उजला रंग, आयत नयन, सुतवां नासिका, पंखुड़ियों से होंठ, लम्बी पतली गर्दन, साँचे में ढली देहयष्टि। वह उस पर से अपनी दृष्टि नहीं हटा पाया।
” ब्यूटीफुल ” वह बुदबुदाया।
वह सम्मोहित होकर उसे आपादमस्तक देखता रहा। कपोल पर छाई एक लट, साँसों का उठता गिरता स्पंदन। शौर्य की धड़कनों का शोर बढ़ता जा रहा था। उसकी देह से उठती मदिर सुगन्ध शौर्य के होश उड़ा रही थी। नशा बढ़ता ही जा रहा था। उसने उसके गालों पर अपनी उँगली फेरी। उसके स्पर्श से उर्वशी की आँख खुल गई। उसे अपने इतने करीब बैठे देखकर वह अचकचा गई। उसकी नींद काफ़ूर हो गई। शौर्य का चेहरा उसके करीब आता गया। उसके अधरों ने उसकी पलकों को छुआ। उर्वशी की आँखें बंद हो गईं। फिर उसके मस्तक, कपोलों को छूते हुए वे अधर उसके अधरों तक आये।
वह प्रथम स्पर्श उसके हृदय के स्पंदनों को तीव्र कर गया। उसने दूर होना चाहा, पर तब तक दो मजबूत बाजुओं ने उसे जकड़ लिया। पागलों की तरह वह उसके होंठ, आँखे, कपोल , गले को चूमता जा रहा था। उर्वशी ने स्वयम को छुड़ाने का प्रयास किया पर शिकंजा और कस गया। जब उसने कान की लौ चुभलाई तो वह सिहर उठी। हर चुम्बन के साथ उसमें कामना का चित्कार जागता चला गया। उसने ऐसा महसूस किया जैसे वह भीषण ज्वाला में झुलस रही हो। हर स्पर्श उसकी तृष्णा को बढ़ाता जा रहा था। तभी नाइटी उसके कंधों से सरक गई और उसकी बाहें भी शौर्य की पीठ पर कस गईं। उसके रोम रोम में मधुर संगीत सा बजने लगा।
* * * * *
सुबह उसकी आँख खुली तो स्वयं को शौर्य की बाहों में पाया। उसके होंठो पर एक मधुर स्मित खेल गया । उसके नारीत्व की जीत हो गई थी, पुरूष अहम, उसकी जिद, चूर चूर हो गई थी। स्त्री की शक्ति, उसका महत्व उर्वशी में गर्व का अहसास भर गया। अब वह पूर्ण स्त्री बन गई है। उसने प्रकृति का रहस्य जान लिया है। यह घर मेरा है, यह सारा वैभव, यह पुरूष, मेरा अपना है। उसने स्वयं में स्वामित्व का भाव महसूस किया। अब उसके जीवन में छा गए बादल छँट चुके थे। पत्नी के समक्ष किसी भी दूसरी स्त्री का कोई महत्व नहीं। ग्रेसी को शौर्य के जीवन से जाना होगा। अब इसमें अधिक समय नहीं लगेगा। उसका अधिकार, पूरे परिवार का साथ, यह सब उसमें आत्मविश्वास भर रहे थे। उसने धीरे से स्वयम पर से शौर्य का हाथ हटाया और उठकर बैठ गई। नींद में मुस्कुराते हुए वह बहुत आकर्षक लग रहा था। ऊर्वशी ने झुक कर उसका मस्तक चूम लिया।
स्नान के बाद ड्रेसिंग गाउन पहनते हुए आदमकद आईने पर उसकी दृष्टि गई तो गले, कन्धे आदि पर दन्त चिन्ह नज़र आये। एक मीठी सी सिहरन सारे शरीर मे दौड़ गई। गाउन को ठीक करके वह कमरे में आ गई। देखा शौर्य जाग चुका था और हैंगओवर से परेशान दिख रहा था। आहट सुनकर उसने उर्वशी की ओर देखा तो रात्रि की स्मृतियाँ मस्तिष्क में कौंध गईं। तभी वह मुस्कुरा दी, और न चाहते हुए भी शौर्य के होंठो पर मुस्कान खेल गई
” उर्वशी प्लीज़, थोड़ा गर्म पानी देंगी आप ?”
” ऑफकोर्स ” कहते हुए वह रसोई में चली गई। गुनगुनाते हुए उसने एक तरफ पानी गर्म करने के लिए चढ़ाया और दूसरी तरफ अपने लिए कॉफी चढ़ा दी। गर्म पानी में नींबू डालकर उसने शौर्य को दिया और स्वयं कॉफी पीने लगी। थोड़ी देर बाद देखा, तो लगा कि शायद अब भी शौर्य का सिर भारी है।
” सर दबा दूँ ?”
पहले वह थोड़ा हिचकिचाया फिर उसकी गोद में सर रखकर लेट गया। वह उसके सिर में मसाज करती रही। अब काफी आराम महसूस हो रहा था।
” कुछ … बुरा… तो नहीं लगा ?” उसने प्रश्न किया
” बुरा ? किस बात का ?” उर्वशी ने पूछा।
” वो हम थोड़ा …. वैसे हम ओकेज़नली ही वाइन लेते हैं। वह भी बहुत कम मात्रा में। पर कल थोड़ा ….”
” कोई बात नहीं ” उर्वशी ने यह कहकर उसके दिमाग पर जो थोड़ा सा बोझ रखा था , उतार दिया। वह आँख बंद करके लेटा रहा। उसकी उंगलियों के कोमल स्पर्श, शरीर से उठती भीनी भीनी सुगन्ध, शौर्य को पुनः बेचैन करने लगी। वह खुद पर नियंत्रण रखने की कोशिश करने लगा। पिछली रात के दृश्य पुनः उसके मस्तिष्क में हलचल मचाने लगे। दिमाग पर दिल हावी होने लगा। उसने आँखें खोलकर उर्वशी की ओर देखा।
उसके गीले केशों में तौलिया बंधा था। इस समय भी वह ड्रेसिंग गाउन में ही थी। गले के खुले हुए हिस्से में प्रणय चिन्ह नज़र आ रहा था। उसका सद्यस्नाता सौंदर्य उसे वशीभूत करने लगा।
क्रमशः