9–
सुबह बहुत शांत थी। ऐसा लगता था जैसे रात ने अपनी सारी आवाज़ें समेट ली हों और दिन अभी उन्हें खोलने की हिम्मत नहीं जुटा पाया हो। खिड़की के बाहर नीम के पत्ते हल्के-हल्के हिल रहे थे। हवा में एक हल्की ठंडक थी, जो त्वचा को नहीं, मन को छू रही थी। वह देर तक वहीं खड़ी रही, बिना किसी जल्दी के। आज कोई विशेष काम तय नहीं था, फिर भी भीतर कहीं एक बेचैनी हल्के से दस्तक दे रही थी।
उसने पानी गरम किया, चेहरे पर छींटे मारे। आईने में अपनी आँखों को देखा। उनमें कोई शिकायत नहीं थी, कोई विशेष खुशी भी नहीं — बस एक गहरा स्थायित्व था, जैसे जीवन को स्वीकार कर लेने की शांत सहमति।
रसोई में बर्तन धोते हुए उसने रेडियो चला दिया। पुराना गीत बज रहा था वही धीमा, थोड़ा उदास, थोड़ा मीठा। गीत सुनते-सुनते उसके हाथ अपने आप लय में चलने लगे। उसे लगा, संगीत उसके भीतर की जमी हुई परतों को धीरे-धीरे पिघला रहा है।
उसी भोर, वैशाली में भी आम्रपाली जाग चुकी थी। आम्रवन के भीतर सुबह की हवा बह रही थी। पक्षियों की आवाज़ें आपस में बातें कर रही थीं। आम्रपाली ने अपने बालों को खुला छोड़ दिया था। हवा उन्हें छू रही थी। उसे यह स्पर्श अपना-सा लगता था, जैसे कोई पुराना परिचित।
वह आम्रवृक्ष के नीचे बैठी और आँखें मूँद लीं। भीतर कुछ यादें तैरने लगीं – बचपन, अनाम चेहरे, अधूरे प्रश्न। उसने उन्हें रोकने की कोशिश नहीं की। उसे अब यह स्वीकार करना आ गया था कि स्मृतियाँ भी जीवन का हिस्सा हैं, चाहे वे स्पष्ट हों या धुँधली।
आज की स्त्री ने बालकनी में गमले ठीक किए। सूखी पत्तियाँ हटाईं। मिट्टी को उँगलियों से उलट-पलट दिया। मिट्टी की गंध ने उसे बचपन की ओर खींच लिया – गाँव की बारिश, नंगे पाँव दौड़ना, मिट्टी से सने घुटने, माँ की डाँट और फिर हँसी। स्मृतियाँ मन में उतर आईं, बिना बुलाए।
वैशाली में आम्रपाली भी मिट्टी को छूना पसंद करती थी। आम्रवन की मिट्टी उसके लिए केवल धरती नहीं थी, वह एक आश्रय थी। जब भी मन भारी होता, वह नंगे पाँव वहाँ चलती, जैसे धरती से अपने भीतर का बोझ उतार रही हो।
दोपहर तक धूप तेज़ हो गई। उसने परदे आधे खींच दिए। कमरे में हल्की-सी सुनहरी रोशनी भर गई। उसने किताब उठाई, पर पढ़ नहीं पाई। शब्द आँखों से गुजरते रहे, मन कहीं और भटकता रहा। कभी सहेली का चेहरा सामने आता, कभी माँ की आवाज़, कभी किसी अनकहे सपने की झलक।
आम्रपाली भी कभी ग्रंथों को खोलती थी, पर शब्दों में मन नहीं लगता था। उसे लगता था कि जीवन केवल लिखे हुए अक्षरों में नहीं समाता, वह साँसों, दृष्टियों और मौन में भी बसा होता है।
शाम को वह छत पर गई। पड़ोस की महिलाएँ कपड़े समेट रही थीं। कोई अपने बच्चे को आवाज़ दे रही थी, कोई किसी से हँसकर बात कर रही थी। उनके बीच खड़ी होकर उसे लगा जैसे वह भी उस सामूहिक स्त्री-स्वर का हिस्सा है , अलग होकर भी जुड़ी हुई।
वैशाली में भी स्त्रियाँ कुओं के पास मिलती थीं। जल भरते हुए बातें करती थीं -घर की, बच्चों की, चिंताओं की, उत्सवों की। आम्रपाली उन्हें दूर से देखती थी। उसे उनके बीच एक सहजता दिखती थी, जो उसके अपने जीवन में कम थी।
सूरज ढलने लगा। आसमान गुलाबी होने लगा। उसने आसमान को देर तक देखा। रंग बदलते देख उसे भीतर एक शांति उतरती महसूस हुई। जैसे कोई कह रहा हो , परिवर्तन ही स्थिरता है।
आम्रपाली भी संध्या के रंगों को देखती थी। उसे लगता था कि दिन और रात का मिलन किसी मौन प्रणय जैसा है बिना शब्दों के, बिना स्पर्श के।
रात आई। घर में हल्की रोशनी थी। उसने भोजन बनाया, धीरे-धीरे खाया। टीवी बंद रखा। आज उसे शोर नहीं चाहिए था। बस अपने विचारों की धीमी आहट सुननी थी।
वैशाली में भी रात का भोजन सादा था। आम्रपाली ने सेविकाओं से जल्दी विदा ले ली। वह अपने कक्ष में अकेली बैठी रही। दीपक की लौ को देखती रही। लौ का काँपना उसे अपने मन की हलचल जैसा लगा।
आज की स्त्री ने खिड़की खोली। बाहर कहीं दूर ट्रेन की सीटी सुनाई दी। आवाज़ हवा में फैलकर खो गई। उसे लगा जैसे कोई पुकार आई और फिर मौन में विलीन हो गई।
आम्रपाली ने भी कहीं दूर नगाड़ों की ध्वनि सुनी थी। कोई उत्सव, कोई घोषणा। पर वह उस ध्वनि से अलग ही रही अपने भीतर की आवाज़ के पास।
दोनों स्त्रियाँ अलग-अलग युगों में, एक ही अनुभूति से जुड़ी थीं भीतर की धीमी जागृति, जो शब्द नहीं माँगती, केवल स्वीकार चाहती है।
रात गहरी हो गई। कमरे में साँसों की आवाज़ साफ़ सुनाई देने लगी। मन धीरे-धीरे शांत होने लगा। धारा बिना किसी उतावलापन के आगे बढ़ती रही – स्थिर, सजीव, अपने स्वभाव में।
क्रमशः
मनोरमा जैन पाखी