वहां कौन है?
भाग–8
मायरा के बेहोश होते ही सब उसकी ओर दौड़ पड़े। प्रभा ने तुरंत उसका सिर अपनी गोद में रख लिया और उसके गाल थपथपाते हुए घबराई आवाज़ में पुकारा,
“मायरा… मायरा, आँखें खोलो।”
प्रभात ने फुर्ती से पानी की बोतल निकाली और उसके चेहरे पर हल्के-हल्के छींटे मारे, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई।
“अचानक इसे क्या हो गया?” उदय की आवाज़ में चिंता साफ झलक रही थी। “कहीं ब्लड प्रेशर तो लो नहीं हो गया?”
“अभी देख लेते हैं।”सुक्खी ने बैग से डिजिटल बीपी मॉनिटर निकालकर उसकी जाँच की। कुछ ही क्षण बाद स्क्रीन पर रीडिंग आ गई।
“बीपी बिल्कुल सामान्य है।”
“पल्स?”
प्रभा ने उसकी कलाई पकड़कर नाड़ी देखी, “नाड़ी भी ठीक चल रही है।”
उदय ने तुरंत पल्स ऑक्सीमीटर उसकी उँगली में लगाया। “ऑक्सीजन लेवल भी सामान्य है… फिर बेहोश क्यों हुई?”
कुमार बिना कुछ बोले लगातार मायरा के चेहरे को देख रहा था। उसके माथे पर धीरे-धीरे शिकन उभर आई। “तुम लोगों को… इसका रंग थोड़ा अलग नहीं लग रहा?”
सबने ध्यान से उसकी ओर देखा।सचमुच…मायरा की त्वचा पर जैसे हल्की-सी नीली आभा उतरती जा रही थी।
“प्रभा, पूरा शरीर चेक करो। कहीं किसी जहरीले कीड़े या ततैये ने तो नहीं काट लिया?”
प्रभा ने सावधानी से उसकी पिंडली, टखने और बाजुओं का निरीक्षण करना शुरू किया।
कुछ ही क्षण बाद वह ठिठक गई, “यह देखो…”
सबकी नज़र उसकी उँगली की ओर गई। मायरा की पिंडली के पीछे दो-तीन मिलीमीटर जितना छोटा लाल बिंदु था। उसके चारों ओर हल्की सूजन दिखाई दे रही थी।
“लगता है किसी बड़े जंगली ततैये या विषैली चींटी ने डंक मारा है… लेकिन…”
“लेकिन क्या?” उदय ने पूछा।
“इतने छोटे डंक से पूरे शरीर पर ऐसा नीलापन नहीं फैलता।”
“इतनी बार कहा है इसे कि जंगल में जींस पहनना सही होता है लेकिन इसे तो शॉर्ट्स पहनना ही पसंद है।”,उदय भुनभुनाया मगर यह वक्त गुस्सा करने का नहीं था।
उदय ने तुरंत फर्स्ट-एड किट खोल दी।घाव को एंटीसेप्टिक वाइप से साफ किया गया।सूजन कम करने के लिए ठंडी पट्टी रखी गई।एलर्जी की दवा दी गई।
साथ ही यह तय हुआ कि यदि कुछ ही देर में उसे होश नहीं आया तो वन विभाग की सहायता लेकर तुरंत अस्पताल ले जाया जाएगा।
लेकिन दवा देने के बाद भी मायरा के शरीर पर छाई हल्की नीली आभा वैसी ही बनी रही। एक पल के लिए वहाँ अजीब-सा सन्नाटा छा गया।
“यार… मुझे अच्छा नहीं लग रहा।” सुक्खी धीरे से बोला।
उदय भी असमंजस में दिखाई दिया।
उधर कुमार स्तब्ध था,’यह सामान्य विष नहीं है… और जो मैंने अभी देखा… क्या उसका इससे कोई संबंध है?’लेकिन उसने अपने मन की बात किसी से नहीं कही।
उधर…मायरा को ऐसा लगा जैसे उसके चारों ओर का सारा संसार पानी में घुल गया हो।उसके हाथ-पैर फिर से कसकर बाँध दिए गए थे।वह गहरे जल में नीचे… और नीचे… खिंचती चली जा रही थी।
चारों ओर नीला अंधकार था।जल का दबाव लगातार बढ़ रहा था।उसे लगा अब उसके फेफड़े फट जाएँगे…लेकिन आश्चर्य!उसे साँस लेने में कोई कठिनाई नहीं हो रही थी।अचानक उसका शरीर किसी कठोर सतह से टकराया।वह तलहटी थी।
उसने सिर उठा कर देखा। सामने वही चेहरा खड़ा था जिसे उसने अपने पिछले स्वप्न में देखा था।लंबे काले-सुनहरे बाल जल में धीरे-धीरे लहरा रहे थे।
बड़ी-बड़ी आँखेंलेकिन इस बार उनमें करुणा नहीं क्रोध था।वह कुछ क्षण मायरा को देखती रही फिर बिना कुछ कहे उसके बंधन खोल दिए।उसने हाथ के हल्के इशारे से अपने पीछे आने को कहा।
तभी मायरा की नज़र अपने शरीर पर पड़ी।उसकी चीख निकलते-निकलते रह गई।उसकी टाँगें गायब थीं।उनकी जगह चमकीले नीले-रजत शल्कों से ढकी एक लंबी, शक्तिशाली मत्स्य-पूँछ थी, जो जल में स्वयं ही धीरे-धीरे लहरा रही थी।
उसने घबराकर अपने हाथों को देखा।वे वैसे ही थे।लेकिन उसकी त्वचा पर भी हल्की नीली चमक थी।”यह… यह कैसे…?”
उसके होंठ हिले पर आवाज़ शब्दों में नहीं, जल के बुलबुलों में बदल गई।
उसे आश्चर्य हुआ कि वह बिना प्रयास के जल में साँस भी ले पा रही थी और तैर भी रही थी।
सामने खड़ी रहस्यमयी युवती आधी मानव और आधी मत्स्य थी।उसकी पूँछ गहरे नीले रंग की थी जिस पर गुलाबी आभा पड़ते ही ऐसा लगता था मानो असंख्य छोटे रत्न चमक उठे हों।
उसने फिर इशारा किया।इस बार मायरा बिना विरोध किए उसके पीछे तैरने लगी।कुछ दूर आगे जल के भीतर ही एक झरना बह रहा था।
उसका जल साधारण नहीं था।वह पारदर्शी नीले क्रिस्टल जैसा चमक रहा था।ऐसा लगता था मानो हजारों नीलमों को पिघलाकर जल बना दिया गया हो।मत्स्य कन्या बिना रुके उस झरने को चीरती हुई आगे निकल गई।मायरा कुछ पल ठिठकी।फिर उसने भी झरने के भीतर प्रवेश किया।
बर्फ जैसी शीतल धार उसके शरीर से टकराई लेकिन अगले ही क्षण…उसे लगा जैसे उसके मन का कोई अदृश्य बोझ बह गया हो।उसकी सारी घबराहट…सारा भय…क्षणभर के लिए कहीं विलीन हो गया।वह झरना पार कर दूसरी ओर पहुँची…
और जो दृश्य उसके सामने था, उसे देखकर उसकी आँखें विस्मय से फैल गईं।उसके सामने जल के भीतर एक पूरी दुनिया बसी हुई थी।
झरना पार करते ही मायरा स्तब्ध रह गई।उसके सामने जल के भीतर एक ऐसी दुनिया थी जिसकी कल्पना उसने कभी सपनों में भी नहीं की थी।
चारों ओर ऊँची-ऊँची प्राकृतिक शिलाएँ थीं जो मेहराबों और पुलों का आकार लिए एक-दूसरे से जुड़ी हुई थीं। उनके नीचे गहरे नीले जल की शांत धाराएँ कल-कल करती बह रही थीं। ऐसा लगता था मानो प्रकृति ने स्वयं किसी महान शिल्पकार की तरह इस पूरे नगर को गढ़ा हो।
उन प्राकृतिक संरचनाओं के बीच कई भवन बने थे। वे साधारण पत्थरों से नहीं बल्कि नीले और गुलाबी क्रिस्टलों से निर्मित थे। पारदर्शी क्रिस्टलों के भीतर से निकलती हल्की नीली और गुलाबी आभा पूरे जललोक में एक अद्भुत संध्या का भ्रम उत्पन्न कर रही थी। कहीं कोई दीपक नहीं था फिर भी पूरा नगर मृदु प्रकाश से आलोकित था।
श्वेत और लाल मूंगों की विशाल चट्टानों पर अनगिनत जलीय पुष्प खिले हुए थे। उनके फूल जल की लहरों के साथ धीरे-धीरे झूम रहे थे। रंग-बिरंगी छोटी-बड़ी मछलियाँ उन पुष्पों के बीच ऐसे तैर रही थीं जैसे आकाश में तितलियाँ उड़ रही हों।
मायरा की दृष्टि फिर दूर खड़ी मूर्तियों पर जाकर ठहर गई। वे सभी श्वेत संगमरमर से निर्मित थीं। कहीं मत्स्य कन्या वीणा जैसी कोई वाद्य धारण किए थी, कहीं कोई मत्स्य कुमार त्रिशूल सदृश दंड पकड़े था, कहीं दो प्रतिमाएँ एक-दूसरे का हाथ थामे थीं। सभी प्रतिमाओं पर मोती, मूंगे और विभिन्न रत्नों से बने आभूषण सजे हुए थे। ऐसा लगता था जैसे वे अभी जीवित होकर चलने लगेंगी।
मायरा मंत्रमुग्ध होकर चारों ओर देखती हुई आगे बढ़ती रही।’जल के नीचे… ऐसी भी कोई दुनिया हो सकती है?’उसका रोमांच हर क्षण बढ़ता जा रहा था। ‘अगर उदय…मेरी टीम के सब लोग इसे देख लें तो…!’
विचार पूरा भी नहीं हुआ था कि वह अचानक रुक गई, ‘लेकिन… मैं यहाँ आई कैसे?’
उसने नीचे देखा।उसकी मत्स्य-पूँछ अब भी जल में धीरे-धीरे लहरा रही थी ,’और… मैं वापस जाऊँगी कैसे?’
उसके कदम जैसे वहीं थम गए।
आगे चल रही रहस्यमयी मत्स्य कन्या ने पीछे मुड़कर देखा। वह कुछ क्षण मायरा को देखती रही, फिर उसके पास लौट आई।
उसने कुछ कहा।भाषा बिल्कुल अपरिचित थी।
मगर आश्चर्य! मायरा उसका एक-एक शब्द समझ रही थी।
“रुक क्यों गई?”
मायरा स्वयं भी उसी भाषा में उत्तर दे बैठी, “हम… कहाँ जा रहे हैं? यह कौन-सी जगह है? और… मेरे साथ यह सब कैसे हो गया?”
बात पूरी होते ही वह स्वयं चौंक गई, ‘मैं… यह भाषा कैसे बोल रही हूँ?’
उसने कई बार अपने होंठों को छूकर देखा।यह भाषा उसने कभी नहीं सीखी थी फिर भी वह सहज रूप से बोल रही थी।
रहस्यमयी मत्स्य कन्या ने उसकी किसी बात का उत्तर नहीं दिया।वह केवल हल्की-सी मुस्कुराई फिर मुड़कर आगे तैरने लगी।मायरा के पास उसके पीछे चलने के अलावा कोई दूसरा विकल्प नहीं था।कुछ देर बाद वे दोनों एक विशाल मूंगे की चट्टान पर पहुँचीं। वहीं एक भव्य महल खड़ा था।
उसकी दीवारें नीले और गुलाबी क्रिस्टलों से बनी थीं। उन पर मोतियों और सुनहरी धातु की महीन नक्काशी थी। छतों से पारदर्शी क्रिस्टलों की लंबी झालरें लटक रही थीं जो जल की हल्की लहरों के साथ झूम रही थीं।
महल भव्य अवश्य था, लेकिन उसमें अनावश्यक वैभव नहीं था।उसकी सुंदरता उसकी सादगी में छिपी थी।वे भीतर पहुँचीं।महल के विशाल कक्ष में अजीब-सी शांति थी।इतनी गहरी कि मायरा को अपनी धड़कनों की आवाज़ तक सुनाई देने लगी।
अचानक पूरा कक्ष हल्की नीली आभा से भर उठा।जल की लहरें जैसे एक साथ थिरक उठीं।
मायरा ने विस्मय से सामने देखा जहाँ कुछ क्षण पहले खाली स्थान था अब वहाँ कई आकृतियाँ खड़ी थीं।
बीच में एक मत्स्य कुमार था।उसके चारों ओर कई मत्स्य कन्याएँ मौन खड़ी थीं।मायरा ने उनका चेहरा देखने का प्रयास किया लेकिन जितनी बार भी वह ध्यान केंद्रित करती, उनके चेहरे हल्के धुँधले हो जाते।
मानो कोई अदृश्य शक्ति उन्हें स्पष्ट देखने से रोक रही होकेवल उनकी आँखें साफ दिखाई दे रही थीं।उन आँखों में एक साथ कई भाव थे, दुःख…प्रतीक्षा…हल्का-सा क्रोध…और एक अजीब-सा अपनापन।
मायरा का हृदय तेज़ी से धड़कने लगा।उसे पहली बार भय का अनुभव हुआ।उसने एक कदम पीछे हटते हुए पूछा,”कौन हो तुम लोग?”
कोई उत्तर नहीं मिला।उसने फिर पूछा,”मुझे यहाँ क्यों लाया गया है?”
मगर सन्नाटा वैसा ही रहा।
अब उसकी आवाज़ ऊँची हो गई, “मेरे साथ यह क्या किया है तुम लोगों ने?”उसने अपनी चमकती मत्स्य-पूँछ की ओर इशारा किया। “मैं ऐसी क्यों हो गई हूँ?”
इस बार भी कोई उत्तर नहीं मिला।मध्य में खड़ा मत्स्य कुमार कुछ क्षण तक उसे देखता रहा फिर उसने बहुत धीरे-धीरे अपना दाहिना हाथ उसकी ओर बढ़ाया।उसके होंठ हिले मानो वह कुछ कहने वाला हो…
उसी क्षण—
मायरा को लगा जैसे किसी ने दूर कहीं उसका नाम पुकारा हो।
“मायरा…!”आवाज़ बहुत धुँधली थी लेकिन पहचान में आने वाली।उसके सामने खड़ा पूरा दृश्य लहरों की तरह डगमगाने लगा।नीले और गुलाबी क्रिस्टलों की चमक धुँधली पड़ने लगी।
महल…प्रतिमाएँ…मत्स्य कन्याएँ…सब धीरे-धीरे जल में घुलते प्रतीत होने लगे और मायरा ने उस रहस्यमयी मत्स्य कुमार की आँखों में देखा,वे अब भी उसी गहन प्रतीक्षा से उसे देख रही थीं मानो सदियों से किसी अधूरे उत्तर की प्रतीक्षा कर रही हों।
Megha
( हाँ जी, कैसा लगा यह भाग आपको? क्या इस जादुई जलीय संसार में आपको भी चलना है मगर तय कर लीजिए मत्स्य कुमार या कन्या बनकर या फिर किसी पनडुब्बी में…पर दिक्कत यह है कि पनडुब्बी का उस संसार में आना मना है तो बचती हूं मै…मगर मेरे साथ आगे बढ़ने के लिए आपको ढेर सारे लाइक कमेंट्स भी देने होंगे। बहुत ज्यादा कंजूसी कर रहे हो इसमें आप लोग।)