भलोल
भाग -16
बाहर शोर हुआ तो मैं जगा। गाड़ी नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर खड़ी थी। मैं अपने में इतना खोया हुआ था कि सफर का पता ही नहीं चला। मैंने अपने बैग से खाने का पैकट निकाला। नाश्ते की सब्जी के साथ चार पूरियाँ निकालीं।
खाकर गर्म-गर्म चाय पी। यहीं से मैंने सिकंदराबाद की ट्रेन पकड़ी थी। अपनों ने मुझे खाने को कुछ नहीं दिया था। आज भी मुझे बेगानों ने ही खाना पैक करके दिया था चाहे यह सरकारी आदेश से हुआ था। मेरे अपनों ने तो मुझे बिना खाने के भेज दिया था।
गाडी चली तो मैं फिर ऊंघने लगा था। मन में खुशी थी। मैं अपने बचपन के दोस्तों से मिलूँगा। चाहे दोनों के पास कम टाइम होगा। बंसा अपने कारखाने में व्यस्त होगा और धरमू आगे पढ़ रहा होगा। मैं अकेला ही आवारागर्दी करूंगा।
तकरीबन एक साल बाद मैं घर जा रहा था। मैं माँ से लेकर सब भाइयों और बहन के चेहरों के भाव देखना चाहता था। जेब में पड़े चार सौ रुपए मुझे एहसास दिला रहे थे कि अब मैं माँ का ‘निखट्टू पुत्तर’ नहीं हूँ। ‘कमाऊ पुत्तर’ होने के कारण उनके व्यवहार में कुछ तो अंतर पड़ेगा।
अंबाला आया तो मैंने फिर चाय पी। अंबाला मिलिट्री स्टेशन है। यहाँ से बहुत से जवान उतरे और चढ़े। मेरे पास एक सरदार जी आए और पूछा, “तुसों किथ्थों तक जाओगे?”
“जी, अमृतसर तक।”
“ऐह मेरी कुड़ी ऐ। ऐवी अमृतसर जा रही है। अग्गे ऐदे मामा जी आ के लै जानगे। ऐना दा ख्याल रखना।” एक अत्यंत खूबसूरत लड़की प्याजी रंग के सूट में सामने की सीट पर बैठ गई। प्याजी रंग का ही स्वेटर पहन रखा था। उसकी उम्र शायद 16-17 साल की होगी।
“कोई गल नहीं जी। तुसीं बेफिक्र हो घर जाओ। ऐना दा पूरा ख्याल रखा जाएगा।”
गाड़ी चलने लगी तो सरदार जी ने उतरकर अपनी बेटी से कहा, “भुख लग्गे तां लंच कर लई।”
“चंगा, पापा जी। सत श्री अकाल।”
गाड़ी प्लेटफार्म से निकली तो उसने सिर से चुन्नी निकाल कर बैग में रख दी। बात उसी ने शुरू की, लेकिन हिंदी में, “आप भी आर्मी में हैं?”
“जी, मैं भी आर्मी में हूँ।”
“किस डिपार्टमेंट में?”
“मैं आर्मी औरडनेंस कोर में सिपाही स्टोरकीपर हूँ।”
“ओह, बहुत बढ़िया। मेरे पापा जी ई.एम.ई. में हैं। टैंकों के मैकेनिक हैं। आपका डिपार्टमेंट बहुत चंगा है। पापा जी भी स्पेयरपार्ट्स आपके स्टोर से लेते हैं।”
“जी।” मुझे खुशी हो रही थी कि अमृतसर तक बात करने के लिए एक सुंदर साथी मिल गया था।
“छुट्टी जा रहे हो?”
“जी, मैं दो महीने की छुट्टी जा रहा हूँ।”
फिर वह बहुत देर तक कुछ नहीं बोली। लुधियाना में लंच करने लगी तो उसने मुझे लंच के लिए पूछा। मैंने कहा, “मेरे पास लंच है।”
मैंने भी पूरी और सब्जी निकाल ली और खाने लगा। लंच के बाद उसने पूछा, “आपके पास पानी है?”
“है, जी।”
मैंने उसे पानी की बोतल निकाल कर दे दी। उसने पानी पिया और बोतल वापिस कर दी।
“तुसीं अमृतसर में अपने नानके छुट्टी मनाने जा रहीं होगी?”
“नहीं जी, मैं अमृतसर गवर्नमेंट कालेज फार वूमेन में फर्स्ट ईयर की
स्टूडेंट हूँ। मुझे अंबाला में सीट नहीं मिली थी। फिर पापा जी ने यही सोचा कि अमृतसर में दाखिला लिया जाए। उसमें मेरी कजिन भी पढ़ती है। दोनों एक साथ चली जाती हैं।”
“अच्छा किया।”
बहुत देर दोनों चुप रहे। फिर उसी ने पूछा, “अमृतसर में आप कहाँ रहते हैं?”
“तहसीलपुरा गली नंबर 1 में हमारा घर है।”
“तहसीलपुरा गली नंबर । में तो मेरी एक फ्रेंड रहती है, ऊषा महाजन।
उसने भी मेरे साथ एडमिशन ली थी।”
“ओह, ऊषा महाजन को तो मैं बहुत अच्छी तरह जानता हूँ। ऊषा मुझे भी बहुत अच्छी तरह जानती है। मेरा निन्दी नाम है। कहेंगी तो वह तुरंत पहचान जाएगी। हमारे से दो घर छोड़कर उनका घर है। वैसे आपका क्या नाम है?”
“मैं हरजीत कौर हूँ।”
“बहुत सोहना नाम है। जीत को हरने वाली। हर एक के मन को
जीतने वाली।”
वह कुछ नहीं बोली थी। जालन्धर आया तो मैंने पूछा, “हरजीत, चाय पिओगी?”
“जी।”
कह कर वह पैसे निकालने लगी। मैंने रोक दिया, “हरजीत, ऊषा की फ्रेंड को मुझ से एक कप चाय पीने का तो अधिकार है।” वह मुस्कुराई और पैसे नहीं निकाले।
चाय वाला डिब्बे में आ गया था। मैंने दो चाय ली और उसके पैसे दे दिए। चुपचाप चाय पीते रहे। जालन्धर से गाड़ी चली तो अब अमृतसर ही आना था। सुरानुसी, हमीरा, रइया, करतापुर ब्यास होते हुए जब गाड़ी जंडियालागुरू पहुँची तो सभी अपना-अपना सामान नीचे उतारने लगे। जंडियाला और अमृतसर के बीच केवल दो छोटे छोटे स्टेशन थे। दुबुर्जी और मानावाला।
मानावाला निकला तो मैंने हरजीत का बैग उतार कर उसे दे दिया और अपना बैग और बिस्तरबंद भी उतार कर नीचे रख लिया। सीट पर बैठा तो 40 खूह निकल रहे थे। अपनी मैट्रिक की परीक्षा के टाइम मैं यहाँ आकर पढ़ा करता था। रेल का ‘जोड़ा फाटक’ निकल गया। गाड़ी की स्पीड कम हो गई थी। शायद ‘शिवाला भाइयाँ’ के रेल फाटक का सिग्नल क्लियर नहीं था। गाड़ी खड़ी हो गई थी। तहसीलपुरा, शरीरफपुरा और हुसैनपुरा की बहुत सी सवारियाँ उतर गई थी। अगर मेरे पास सामान नहीं होता तो मैं भी उतर जाता। हरजीत भी उतर जाती अगर उसके मामू ने स्टेशन पर न आना होता।
जल्दी ही क्लियरेंस मिल गया। कंपनीबाग का रेल फाटक भी निकल गया था। अब गाड़ी ने प्लेटफार्म पर ही खड़े होना था। गाड़ी खड़ी हुई तो हरजीत ने अपने मामू को देख लिया था। जल्दी से उसने ‘सत श्री अकाल’ की और चली गई। मैं समझ सकता था, वह मामू के सामने कोई बात नहीं करना चाहती थी।
कोई बात नहीं करना चाहती थी।
गाड़ी एक नंबर प्लेटफार्म पर खड़ी थी। मैंने भी अपना सामान उतारा और कुली से रिक्शे तक ले आया। कुली ने 10 रुपए माँगे, मैंने दे दिए। रिक्शे वाले ने कहा, “बैठो बाऊजी। तुसीं तहसीलपुरा जाना है न?”
मैं हैरान था, बिना बताए रिक्शे वाले ने कैसे जाना कि मुझे तहसीलपुरा जाना है। मैंने उसे ध्यान से देखा। अरे, यह तो चमन है। मेरे साथ चौथी तक पढ़ा था। फिर जाने कहाँ गुम हो गया था। आज देखा तो रिक्शा चला रहा है। चारों तरफ गरीबी-ही-गरीबी थी। मैं फौज में चला गया तो मेरी हालत सुधर गई, नहीं तो मैं भी कहीं धक्के खा रहा होता। मैंने पूछा, “चमन, आगे नहीं पढ़ पाए थे?”
“नहीं, बाऊजी। दो जून की रोटी जुटाना ही मुश्किल था। बचपन से ही मजदूरी करने लगा था। बच्चा समझकर मजदूरी भी नहीं मिलती थी। फिर रिक्शा चलाने लगा। दो जून की रोटी मिल जाती है,” थोड़ी देर बाद बोला, “तुसीं कहाँ हो?”
बात पंजाबी में हो रही थी। अपनी थोड़ी-सी बातचीत में वह अपने मन की पीड़ा कह गया था। मैंने कहा, “मैं दसवीं पास करके फौज में चला गया था। अब ट्रेनिंग पूरी करके दो महीने की छुट्टी आया हूँ।”
“बहुत चंगा जी। जिंदगी भर रोटी, कपड़े और मकान की चिंता नहीं रहेगी। मैं भी भर्ती होने गया था पर मैं एक आँख से भैंग मारता था इसलिए मुझे लिया नहीं गया था।”
“हाँ चमन, फौज में हर तरह से फिट आदमी चाहिए।”
उच्चे पुल से मैं रिक्शे से उतर गया और पीछे से धक्का लगाने लगा था। चमन ने कहा भी कि बैठे रहो लेकिन यह इंसानियत नहीं थी। उच्चे पुल से उतराई थी। तब मैं रिक्शे पर बैठा। हुसैनपुरा चौक से आगे बढ़े तो पहले पाथी ग्राऊंड आया। बाई तरफ शरीफपुरा का गेट था। वहीं से हम तहसीलपुरा को हो लिए। गली में मुड़े तो मुझे कोई दिखाई नहीं दिया। घर पर उतरा तो मुझे पड़ोस की बेदो की माँ दिखाई दी। मैंने उन्हें नमस्कार किया।
उसने कहा, “आ गए, निन्दी।”
“हाँ, मौसी जी आ गया हूँ।”
क्रमशः
राघवेंद्र सैनी