गूँगी मोहब्बत
भाग -30
अंगोडा लोक्का की पोस्टमार्टम रिपोर्ट्स आ गयी थीं और जो भी जानकारी निकल कर बाहर आयी थी, हैरतअंगेज थी।क्राइम सेल ,तिरुचि के हेडक्वार्टर में, इंस्पेक्टर वेंकटेश अभी उन रिपोर्ट्स को ही पढ़ रहा था । रिपोर्ट्स के हिसाब से अंगोडा लोक्का की मौत पोलोनियम -210 नामक अत्यंत घातक जहर से हुई थी। पोटैशियम सायनाइड से भी कहीं अधिक घातक। इसकी खोज कर्ता नोबेल पुरस्कार विजेता मैडम क्यूरी ने अपने देश पोलैंड के नाम पर इस जहर का नाम पोलेनियम रखा था। उन्हें अपनी बेटी भी खोनी पड़ी थी जिसने मजे मजे में इसका एक कण चाट लिया था।इसी पोलेनियम की कुछ अधिक मात्रा अंगोला लोक्का के शरीर में कॉफी के माध्यम से पहुंचायी गयी थी। वेंकटेश ने पोलोनियम के बारे में सुन रखा था कि रूसी खुफिया एजेंसी के जी बी ने अपने किसी भगोड़े एजेंट को इसी के थ्रू मौत दी थी।
इतना तो तय हो गया था कि ये किसी छोटे स्तर के अपराधी का काम नहीं है।और अब पूरी टीम का फोकस वेदानाथन पर था। वह इस पूरे मसले की एक महत्वपूर्ण कड़ी सिद्ध हो सकता था। वेंकटेश का दिमाग दक्षा दंडवते में भी उलझा हुआ था। उसकी समझ में नहीं आ रहा था कि दक्षा इस शहर में क्या कर रही है।
दक्षा दंडवते : कहने को तो आय ०पी०एस० क्वालिफॉय किया था लेकिन ट्रेनिंग के दौरान ही बलदेव राजावत की पारखी नजर उस पर पड़ चुकी थी । और अब वह वास्तव में आय एस एस की एक महत्वपूर्ण एजेंट थी। खूबसूरत ,तेज दिमाग ,रेयर कॉम्बीनेशन ऑफ ब्यूटी एंड ब्रेन। उसे बलदेव राजावत की तरफ से सिर्फ ये कहा गया था कि अंगोडा लोक्का जाफना ग्रुप की बैक बोन है और इंडिया का पुराना कर्जदार है। हेलीपैड आपरेशन में लिट्टे की तरफ से स्नायपर के रूप में उसने अकेले शांति सेना के बीस से जादा जवानों को मारा हुआ था और पिछले बाइस साल से आय एस एस की हिटलिस्ट में था। इंटेलीजेंस इनपुट के आधार पर पता चला था कि लोक्का एक दो दिन में इंडिया आने वाला है और बलदेव राजावत ने मन्नार ,तूतीकोरिन और चेन्नई तीनों ही पोर्ट पर तुरंत फील्डिंग लगा दी थी। गुड लक था कि लोक्का जैसा मास्टरमाइंड लापरवाही कर गया था और नतीजे में मौत ने उसका इस्तकबाल किया था।
दक्षा ने वेंकटेश को रेस्टोरेंट में तफ्तीश करते हुये देखा था। वो उसे पहचान गयी थी। दक्षा को भी वेंकटेश की फील का अनुमान था लेकिन उसने कभी वेंकटेश पर जाहिर नहीं होने दिया था कि उसे थोड़ा सा भी आइडिया है। फिलहाल उसके पास कोई काम तो था नहीं तो उसने वेंकटेश से मिलने का प्लान बना लिया था ।एक नजरिया यह भी था कि पुलिस इस मसले पर कहां तक पहुंची है ,बातों बातों में ये सूचना भी निकाली जा सकती थी।
कुछ देर बाद एक लग्जरी कार तिरुचि क्रायम सेल की मेन बिल्डिंग के सामने रुकी थी।इस समय भी दक्षा ने ब्लैक जींस के ऊपर एक सफेद ढीली टीशर्ट डाल रखी थी । वो आराम से चलते हुये में बिल्डिंग के अंदर प्रवेश कर गयी थी और हेल्प डेस्क से इंस्पेक्टर वेंकटेश की केबिन पूछ कर उसकी केबिन के बाहर खड़े हो कर नेम प्लेट पढ़ रही थी।
आर० वेंकटेश( इंस्पेक्टर )
अर्दली से सूचना अंदर भिजवा दी थी।इस समय कुछ सोचकर दक्षा की आंखों मे एक शरारत सी नाच रही थी।तभी अर्दली ने बाहर आकर कहा,
” मेम ,आप अंदर जा सकती हैं। ” यूं तो अर्दली ने बहुत ही शिष्ट भाव से दक्षा को ट्रीट किया था लेकिन उसकी आंखों से टपकती रॉल को दक्षा आसानी से भांप गयी थी। स्त्रियों को वैसे भी नियत समझने की सहूलियत ईश्वर ने पहले से ही दे रखी थी। कोई और वक्त होता तो दक्षा कुछ करती जरूर लेकिन इस वक्त उसे कोई हंगामा करना उचित नहीं लगा था। दक्षा ने केबिन का डोर खोलकर अंदर जैसे ही कदम रखा,उसने वेंकटेश को किसी फायल में उलझा पाया।
” में आय कम इन सर ।” एक शहद सी मखमली आवाज वेंकटेश के कान में पड़ी थी । वेंकटेश ने सर उठाकर देखा तो एक दम अपनी चेयर से उठ कर खड़ा हो गया था । अंधा क्या चाहे, दो आंखें..
” दक्षा , आप यहां .. बैठिये ।” एक कुर्सी की तरफ इशारा करते हुये वेंकटेश ने बहुत ही पोलायट वे में कहा । दक्षा को एकदम सामने देखकर वेंकटेश हड़बड़ा गया था ।
दक्षा सामने वाली चेयर पर बैठ चुकी थी। वेंकटेश ने अपनी कॉफी बहुत इंसिस्ट करके दक्षा को ऑफर कर दी थी। वास्तव में यह कॉफी अर्दली अभी अभी वेंकटेश के लिये रखकर गया था।
” क्या मैं ये कॉफी निश्चिंत होकर पी सकती हूं ?आजकल तुम्हारे शहर की कॉफी बहुत ख़तरनाक हो रखी है। ” दक्षा ने इस लहजे में पूछा था कि वेंकटेश को समझ ही नहीं आया कि ये कोई मजाक था या व्यंग। वो कुछ कहता उससे पहले ही अच्छी तरह से लिपिस्टिक किये गये होंठ कॉफी मग को जूठा कर चुके थे।
” तुम्हें यहां देखना वाकई बहुत सुखद है ।”
“यहां मतलब पुलिस की क्रायम सेल में ? ” प्रश्नवाचक नजरों से देखते हुये दक्षा ने फिर एक बाउंसर फेंक दी थी ।इस बार वेंकटेश हड़बड़ा गया था । जाने क्यों वो दक्षा को देखकर हमेशा ही नर्वस हो जाया करता था और दक्षा कभी भी बिना मजा लिये उसे जाने नहीं देती थी।
” आय मीन तिरुचि में। कहां रुकी हो? और कौन है साथ में ? कब आयी ? ..” हड़बड़ाहट में एक साथ बहुत सारे सवाल पूछ डाले थे। यह देखकर दक्षा की हंसी छूट गयी थी। उसके हाथ में थामे कॉफी मग को अगर वह तुरंत टेबल पर नहीं रख देती तो उसकी टी शर्ट खराब होना तय थी।उसकी इस एक खिलखिलाहट ने आठ साल की एक लंबी दूरी को समेट कर लम्हों में बदल दिया था। अब एकदम ऐसा लगने लगा था जैसे वो अभी क्लास अटेंड करके बाहर किसी कॉफी शॉप पर बैठे हों।
” सर अगर धीरे धीरे पूछोगे तो मुझे आंसर करने में थोड़ा आसानी रहेगी । ” दक्षा ने थोड़ा शरारती लहजे में कहा था।
” कोई नहीं , आप कॉफी फिनिश कीजिये। मैं यहां से निकलने ही वाला था। बाहर ही चलते हैं। बाहर क्या घर ही चलते हैं..।” वेंकटेश अब तक अपनी हड़बड़ाहट पर काफी हद तक नियंत्रण पा चुका था।
दक्षा का इंस्पेक्टर वेंकटेश से मिलने का वास्तविक उद्देश्य क्या है?
क्या वेंकटेश दक्षा की हकीकत जान पायेगा।
वेदानाथन का क्या होगा ?
क्या दक्षा वेंकटेश को कोई सरप्राइज देने वाली है?
सवाल तो हैं,जबाब भी मिलेंगे लेकिन साथ चलना पड़ेगा मेरे दोस्तों। चलते हैं अगले पड़ाव की ओर ..
इमरोज अशील