भलोल
भाग -23
छुट्टी के बाद आज स्टोर में मेरा पहला दिन था। जिस हवलदार जी से मुझे स्टोर का चार्ज लेना था, मैं उसके साथ जुट गया था। मुझे एक दिन में समझाया और चार्ज देकर वे पोस्टिंग चले गए। मैं जानता था, मुझे एक दिन में कुछ नहीं आएगा। स्टोर में जब तक मैं खुद काम नहीं करूँगा, तब तक मुझे कुछ पता नहीं चलेगा। ‘इश्यू रिसीट’ तो मैंने एक दिन में जान लिया था लेकिन मेरे स्टोर में है क्या, मेरे लिए यह जानना जरूरी था। उसके लिए मैंने फिजिकल चेकिंग शुरू की। सारा स्टोर लोकेशन पर था इसलिए मुझे चेक करने में मुश्किल नहीं हुई थी। मुझे एक हफ्ते में ही स्टोर का पता चल गया था।
एक रोज मेजर यंग साहब विजिट पर आए। मैं ‘इश्यू वाउचर’ से ‘लेजर’ में पोस्टिंग करने की कोशिश कर रहा था। उन्हें देख कर मैंने कहा,
“सर, गुड मार्निंग।”
“गुड मार्निंग। क्या कर रहे हो जवान?”
“सर, ‘लेजर पोस्टिंग’ कर रहा हूँ।”
“आता है?”
“सर, कोशिश कर रहा हूँ।”
मेजर साहब मेरे साथ स्टूल लेकर बैठ गए। मैंने उन्हें कहा भी, “सर, आप कुर्सी पर बैठें, मैं स्टूल पर बैठता हूँ।”
उन्होंने मेरे दोनों कंधों पर हाथ रखकर मुझे कुर्सी पर बैठा दिया। पहले करवाई और बताया कि कई बार आइटम आते ही इश्यू हो जाती है। लेजर में बैलेंस नहीं दिखेगा। काम करते-करते आपको पता रहेगा कि क्या आया-गया है। ऐसी हालत में पहले वह आईटम ‘लेजर चार्ज’ पर लेनी है फिर उसका इश्यू दिखाना है।
मुझे इस तरह प्यार से समझाया कि फिर पूरी जिंदगी मुझे स्टोर की कागजी कार्रवाई पूछने की जरूरत नहीं रही।
उसी समय कैप्टन गुजराल साहब भी आ गए। उन्होंने मेजर साहब को ‘गुड मार्निंग’ कहा। गुड मार्निंग का जवाब देते हुए कहा, “लड़का बहुत होशियार है। जल्दी सीख गया है।”
मेजर साहब वर्कशॉप के दूसरे सेक्शनों में चले गए। कैप्टन साहब ने पूछा, “नरेंद्र, इस समय स्टोर में क्या कर रहे हो?”
“सर, मैं स्टोर की फिजिकल चेकिंग कर रहा हूँ ताकि मुझे पता चले कि मेरे स्टोर में है क्या?”
“गुड, केरी ऑन।”
धीरे-धीरे मैं स्टोर में रम गया। कैप्टन गुजराल साहब और पूरा स्टाफ मुझसे बहुत खुश था।
रात को डिनर के बाद चारपाई पर आया तो बाऊजी की चिट्ठी आई हुई थी, लिखा था, “विकेश घर आ गया है। उसे यहाँ वी.जे. अस्पताल में दिखाया है। वी.जे. अस्पताल का पूरा नाम है, विक्टोरिया जुबली अस्पताल था। अब ठीक है, उसे उसकी मॉडल टाऊन वाली मॉसी ने पढ़ने के लिए डाला है।”
मैंने लिखा था, “बाऊजी, मौसी भी उस पर पैसा बर्बाद कर रही है। उसने पढ़ना-वढ़ना कुछ नहीं है।”
बात आई-गई हो गई। 1964 की वार्षिक छुट्टी का जाने का अग्रिम कार्यक्रम बना तो मैंने नवम्बर-दिसंबर में छुट्टी जाने का प्रोग्राम दिया। जवान इसी के अनुसार दो महीने की छुट्टी जाते रहते हैं। अगर यह छुट्टी पर जाना जरूरी न होता तो मैं कभी छुट्टी न जाता। लगा, मेरा घर अमृतसर नहीं है, मेरी यह यूनिट है, जहाँ मुझे पूरा सम्मान मिलता है बिना किसी स्वार्थ के।
मैं अपने स्टोर में व्यस्त हो गया था। उसी समय एक्सरसाइज का आदेश आया। यह एक्सरसाइज तीन महीने चलनी थी। पूरे डिव ने भाग लेना था। यह एक तरह से लड़ाई की प्रैक्टिस होती है। सिर्फ गोलियाँ नहीं चलती हैं। बाकी लड़ाई के सारे उपक्रम अपनाए जाते हैं।
इस एक्सरसाइज का नाम ‘बेतवा एक्सरसाइज’ दिया गया था। इसमें गाड़ियों से लेकर टैंकों और जवानों के शरीर पर पड़ने वाले प्रभाव के टेस्ट होते हैं। इस नकली लड़ाई में डिव के हर विभाग को पता चलता है कि अगर असली लड़ाई होगी तो हम कहाँ कमजोर पड़ेंगे। हम भी गाड़ी में बिनज फिट करके स्टोर लेकर साथ-साथ चलते हैं। हमें यह सीखने को मिलता है कि रास्ते में चलते-चलते भी कैसे कलपुर्जे इश्यू करने हैं। और यह भी कि गाड़ियों में, टैंकों में, लगातार चलने पर क्या-क्या पुर्जे खराब होते हैं। उनका प्रबंध करके चलना है। उनका स्टॉक हमेशा मैनटेन करते रहना है।
मध्यप्रदेश के जंगलों में कितनी तरह के चैलेंज थे। उनसे कैसे लड़ना है, मोर्चे खोदने की प्रैक्टिस, साँप और बिछुओं से कैसे बचना है, उनके मोर्चे खोदने की प्रैक्टिस, खुद को और स्टोर गाड़ियों को एयरअटैक से कैसे केमाफलाइज करना है, उसकी प्रैक्टिस। चंबल घाटी के उन जंगलों में डाकुओं से अपने हथियारों को बचा कर रखने का चैलेंज था। वैसे डाकू फौज पर अटैक करने की हिम्मत नहीं करते थे। पहले की एक्सरसाइज में हथियारों के लूटने की घटनाएँ हुई थी तब उन्हें उसी समय सबक सिखा दिया गया था। तब से वे फौजी यूनिटों से दूर रहते थे।
क्रमशः
राघवेंद्र सैनी