राघवेंद्र सैनी का उपन्यास ‘भलोल ‘ भाग –

भलोल

भाग -31

 

उस दिन के बाद से यह नियम बन गया कि हर शनिवार हम यहाँ खाना खाने लगे। एक बार पैसे वह देती, दूसरी बार मैं देता। उसकी व्यवहार-कुशलता अच्छी लगी। संडे के दिन कभी में बुआ जी के पास चला जाता तो कभी मॉडल टाऊन मौसी जी के पास जाता। बड़े मामाजी ने कहा, “आजकल दीपक भी लेह की एक वर्कशॉप में पोस्ट होकर गया है। वापिस जाओगे तो मिलना।”

मैंने मामाजी से कहा, “यह तो बहुत अच्छी बात है। मैं उन्हें जरूर मिलूँगा।”

मैं पूरी तरह अपनी पढ़ाई में लग गया था। बाऊजी ने एक दिन बताया, “विकेश की पंजाब के फूड एड सप्लाई विभाग में सब-इंस्पेक्टर की नौकरी लग गई है।”

“अच्छा, बाऊजी यह तो अच्छी बात है लेकिन देखो वह कब तक इस नौकरी में टिक पाता है?”

“क्यों नहीं टिकेगा? इतनी शानदार नौकरी है पंजाब सरकार की, क्यों छोड़ेगा?”

“नेवी तो इससे से भी शानदार नौकरी थी, क्यों छोड़ी थी? दो बार पढ़ने डाला था. पढ़ाई पूरी नहीं की। पैसा और टाइम दोनों बर्बाद हुए। इस भाई के दिमाग का कुछ पता नहीं है। पर बाऊजी, उसे इतनी शानदार नौकरी मिली कैसे?”

“एक्स सर्विसमैन कोटे से।”

माँ जाने कब से मेरी और बाऊजी की बातें सुन रही थी। बोली, “तू तो हमेशा विकेश का दुश्मन रहा है।”

मैं कुछ नहीं बोला था लेकिन बाऊजी बोले बिना नहीं रह पाए थे, “इतने कड़वे अनुभव और इतना पैसा बर्बाद होने पर भी तुम निन्दी को दुश्मन बता रही हो? तीनों बड़ों ने क्या किया है, तुम नहीं जानती हो? पूरे घर का बेड़ा गर्क करके रख दिया। मेरी नौकरी नहीं रही। आज घर को कौन संभाल रहा है? हर महीने तुम किसका मनीऑर्डर ले रही हो? मुझे दिल का दौरा पड़ा, किनकी टेंशनों के कारण? तुम्हें समझ ही नहीं है, जिसे तुम निखट्टू और भलोल कहती रही, वही आज मसीहा बना हुआ है। मुझे तीनों ने क्या दिया है, दिल का दौरा?” बाऊजी हॉफने लगे थे।

मैंने बाऊजी को बैठाया। पानी पिलाया और कहा, “बाऊजी, आप टेंशन न लें। क्या करती हो, माँ, सब कुछ जानते हुए भी आप बाऊजी को टेंशन देती हैं। एक बार दिल का दौरा पड़ चुका है। दूसरी बार पड़ा तो वे बच नहीं पाएगे।”

मैं बाऊजी को दूसरे कमरे में ले गया था और आराम करने के लिए कहा था। मैं बैठक में आकर पढ़ने लगा लेकिन पढ़ने में मन नहीं लगा था। घर के क्लेश में मन कहाँ लगता है? मैं कालेज के लिए तैयार हुआ और वाशरूम के लिए छत पर आया। देखा, परमा छत पर है। कपड़े सूखने डाल रही थी।

मैंने पूछा,” आज कालेज नहीं जाना है? “

“नहीं, दो दिन कालेज की स्टूडेंट यूनियन के चुनाव हैं। जिन्होंने वोट डालने हैं, वही कालेज जाएँगे और वोट देकर लौट आएँगे। मैं तो जा नहीं रही।”

“चलो, अच्छा है, पता चल गया।”

“तुसीं कालेज जा रहे हो?”

“मैं तो जाने के लिए तैयार हूँ। बस निकलने लगा हूँ।”

मैं नीचे आया, किताबें ली और घर से बाहर निकल आया। नाश्ते के लिए

न माँ ने पूछा और न मैंने कहा। आज मैंने अमृत टॉकी के पास से कुलचे-छोले का नाश्ता किया। कालेज पहुँचा तो क्लास लग चुकी थी।

एक बजे कालेज छूटा तो मैंने घर का रूख किया। मुझे बाऊजी की चिंता थी। बाऊजी ठीक मिले। पूछा, “आ गए?”

“आपकी तबियत कैसी है ?”

“मैं ठीक हूँ। तुम आज नाश्ता भी नहीं करके गए?”

माँ पास आ कर खड़ी हो गई थी। शायद यह जानने के लिए कि मैं क्या कहता हूँ? मैं बाऊजी को किसी तरह की टेंशन नहीं दे सकता था, कहा, “आज अमृत टॉकी के कुल्चे-छोले खाने का मन था।”

वे बहुत देर चुप रहे थे। फिर दूसरे कमरे में जाते हुए कहा था, “मैं जानता हूँ, उस समय नाश्ता तैयार भी नहीं था।”

बाऊजी ने माँ से बोला, “आगे से उसके आने-जाने के टाइम का ख्याल रखो। हर चीज उसे समय पर दो।”

कह कर कमरे में जाकर लेट गए थे। माँ ने कहा, “निन्दी, मुझे नाश्ते के लिए कह भी तो सकता था।”

“तुम्हें पता है, उसे कहने की आदत नहीं है। न उसने कभी शिकायत की है। तुम अपने इस बेटे को कभी समझ ही नहीं पाई। तुम्हें पता है, वह कालेज के लिए 9 बजे निकलता है। उससे पहले ही बना कर दे दिया करो।”

बाऊजी ने बड़े प्यार से माँ से कहा था। इसका असर यह हुआ कि चाहे मेरे प्रति माँ के मन में कितने ही विरोध रहे हों पर मुझे समय पर हर चीज मिलने लगी थी। जब परमा के साथ बाहर खाने का मन होता तो माँ को बोल कर जाता कि आज मेरा लंच बाहर है।

आज जब मैं कॉलेज के लिए निकला तो परमा मेरे साथ नहीं थी। उसे कल से कॉलेज जाना था। गली के बाहर जीटी रोड जाने के लिए मुड़ा तो रेहड़ी वाला मिला जो गली-गली घूम कर ‘श्रीराम छोले’ बोल कर अपना माल बेचा करता था। मुझे उसकी गुड़ की रेवड़ियाँ बहुत पसंद थी। वे रेवड़ियाँ मुँह में डालते ही घुल जाती थी। हालांकि मैं घर से नाश्ता करके निकला था लेकिन मैं रेवड़ियाँ खाने का मोह छोड़ नही पाया था। मैंने 50 पैसे की रेवड़ियाँ ली और चलते-चलते खाने लगा।

मुझे याद है, मैं तब शायद तीसरी में पढ़ता था। पाथी ग्राउंड के सामने जीटी रोड के किनारे ही हमारा स्कूल था। आधी छुट्टी हुई थी। उस समय जो बच्चे घर से जेबखर्च लाया करते थे, बाहर लगी रेहड़ियों से मूंगफली-रेवड़ियाँ खाया करते थे। जिनके पास पैसे नहीं हुआ करते थे, वे ललचायी नजरों से उन्हें खाते देखा करते थे। कोई किसी का दोस्त होता तो वह अपने दोस्त को भी कुछ मूंगफली-रेवड़ियाँ दे देता था।

मैं शुरू से बुद्ध था। मेरा कोई दोस्त नहीं था लेकिन बाहर आकर जरूर बैठता था। एक रोज यूँ ही बैठा हुआ था कि माँ ने मुझे 50 पैसे दिए। वह मॉडल टाऊन मौसी के पास जा रही थी। कहा, “तुम भी रेवड़ियाँ लेकर खा लो।”

मुझे बहुत अच्छा लगा था। माँ की मुझे लेकर मजबूरियाँ रही होंगी कि वह मेरा इतना ख्याल नहीं रख पाई थी, जितना रखा जाना चाहिए था। शायद कारण ज्यादा बच्चों का होना था। हर माँ-बाप के कुछ फेवरिट बच्चे हुआ करते हैं जो चाहे कितनी भी गलतियाँ करें, गलतियाँ नहीं लगती हैं। बड़े तीनों के लिए भी माँ का मोह इसी कारण था। उनसे हुई परिवार की बर्बादी उन्हें बर्बादी नहीं लगती थी।

मैं माँ के प्रति पिघलने लगा था। मुझे उनकी अभावुकता बुरी नहीं लग रही थी। कुछ भी हो, उन्होंने मुझे जन्म देकर 17 साल पाला था। वे मुझे कुछ भी कहें या समझें मैं उनके कर्ज से मुक्त नहीं हो सकता था।

दूसरे रोज परमा मेरे साथ चली तो मैंने महसूस किया कि वह और दिन की तरह नहीं चल पा रही है, धीरे-धीरे चल रही है। मैंने देखा, उसका चेहरा भी पीला पड़ गया था। मैंने उससे पूछा, “तुम्हारी तबियत तो ठीक है? तुम्हारे चेहरे का रंग कैसे उड़ा हुआ है?”
“कुछ नहीं, थोड़ी तबीयत ठीक नहीं है।”

“आराम करना था।”

कहा, “फिकर की बात नहीं है। मैं तीन-चार दिन में ठीक हो जाऊंगी।”

मुझे कुछ समझ नहीं आया। मैं चुपचाप चलता रहा। परमा ने पूछा, “आप फौज में कैसे भरती हो गए? आपने होम साइंस पढ़ी होती तो आपको मेरे चेहरे के पीलेपन से पता चल जाता।”

“परमा, मुझे भी समझ नहीं आती थी। मैंने साइंस में फेल होकर मैट्रिक पास की थी। फौज में, क्लर्क और स्टोरकीपर के लिए मैथ और अंग्रेजी में 45 प्रतिशत और उससे ज्यादा नंबर चाहिए थे। वे मेरे थे। और फिजिकल फिट चाहिए था इसलिए मैं भरती कर लिया गया था।”

वह चुपचाप मेरे साथ चलती रही। कोतवाली से अपने कालेज चली गई। एक बजे कालेज खत्म होने पर मैं घर लौट आया। लंच किया और होमवर्क करने बैठ गया। शाम के 4 बजे मैं पलंग पर लेटा और नींद की आगोश में चला गया

क्रमशः

राघवेंद्र सैनी

WhatsApp Image 2026-06-14 at 20.06.06 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment