राघवेंद्र सैनी का उपन्यास ‘भलोल ‘ भाग -35

भलोल

भाग -35

मैंने लद्दाख में रहते हुए बी.ए. पास कर ली थी। वहाँ से मेरी पोस्टिंग जम्मू-कश्मीर की एक वर्कशॉप में हुई थी। यह जून 1970 का महीना था। बाऊजी को दूसरी बार दिल का दौरा पड़ा था। मुझे तार द्वारा सूचित किया गया था। मैं छुट्टी लेकर आया। वे 22 दिन अस्पताल में रहे लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका था। 07 जुलाई, 1970 को वे चोला छोड़ गए। मैं बिल्कुल अकेला रह गया था। घर में मेरा कोई अपना नहीं रहा था।

बाऊजी के स्वर्ग जाने के बाद के सारे कार्यक्रम खत्म होने पर मैं यूनिट में वापिस जाने लगा तो मेरे कानों में बहन, जीजा, विकेश भाई और माँ के बीच की खुसर-पुसर सुनाई पड़ी थी।

मैंने पूछा, “क्या बात है?”

जवाब माँ की बजाय बहन ने दिया था, “निन्दी, बात यह है कि बाऊजी नहीं रहे। तुम जानते हो, परिवार बड़े होने हैं। मैं और तुम्हारे जीजा जी भी चाहते है कि यह मकान बेच कर बड़ी जगह ली जाए, जहाँ सभी इकट्ठे रहें। यह घर बहुत छोटा है।”

“बिल्कुल नहीं, यह घर बिल्कुल नहीं बेचा जाएगा। छोटा है तो क्या? अपना तो है। माँ, जरा सोचो, यह बाऊजी की निशानी है। घरों के बीच घर है। सारी सुविधााएँ उपलब्ध हैं। सुरक्षित है। आसपास सभी जानते हैं। बाऊजी, इतना पैसा छोड़ गए हैं कि यहाँ के सारे खर्चे निकाल कर भी छोटे-बड़े आराम से पढ़ाई पूरी कर सकते हैं। आप इस घर की रानी हैं, माँ।”

सभी बहुत देर तक चुप रहे थे फिर बहन बोली, “मेरे ससुराल पक्ष के लोग भी कहते हैं कि घर बहुत छोटा है।”

“ओह, तो यह बात है। आपके ससुराल पक्ष को यह घर छोटा लगता है । 26 साल आप इस घर में रहीं तब आपको यह घर छोटा नहीं लगा था? आपके सास-ससुर को नहीं, वे तो केवल बाऊजी के मरने पर आए थे। फिर वे कभी आएँगे भी या नहीं किसको पता है। आएँगे हमारे जीजा जी। शायद उन्हें हमारे छोटे घर में आने में शर्म आती है।” मैं थोड़ी देर के लिए रुका फिर कहा, “ईश्वर ने आपको अच्छा पति, घर और ससुराल दिया है। आप उन्हें संभालें। यहाँ क्या करना है? हम माँ के साथ मिल कर देख लेंगे।”

बातें बहुत तीखी थी। माँ से लेकर सभी को बुरी लगी थी। “अब भलोल भी बोलने लगा है।” बहन और जीजा गुस्से में उसी रोज वापिस चले गए थे।

मैं अपनी यूनिट में लौट आया था। जब तक बाऊजी के सभी बच्चे माँ को ‘पावर ऑफ अटौरनी’ न देते तब तक वह मकान नहीं बिक सकता था। बैंक से बाऊजी का पैसा भी नहीं निकाल सकते थे। मुझे कहा गया, ‘तुम्हारे भेजे पैसों से गुजारा नहीं होता है। बैंक से पैसा निकलवाने के लिए ‘पावर ऑफ अटौरनी’ चाहिए।

विकेश भाई तब तक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में क्लर्क लग चुके थे। मैंने माँ से पूछा, “क्यों, विकेश भाई पैसे नहीं देते? फैसला तो यही हुआ था, सभी घर में पैसा देंगे।”

माँ ने उसका गोल-मोल उत्तर दिया था, “कभी देता है, कभी नहीं देता। नया-नया लगा है। उसके अपने भी खर्चे हैं।”

मेरी पोस्टिंग कुछ देर के लिए पहले आगरा हुई, फिर 1971 की लड़ाई को देखते हुए अंबाला की एक आर्ड यूनिट में हुई। मैं सुरक्षा कारणों से उस यूनिट का नाम नहीं लिख सकता।

मैं अंबाला सिटी गया और कोर्ट से ‘पावर ऑफ अटौरनी’ बनवा कर भेज दी। साथ में माँ को लिखा, “यह ‘पावर-ऑर्फ अटारनी’ सिर्फ बैंक के लिए भेज रहा हूँ ताकि बाऊजी का पैसा आपके नाम हो सके। यह अमृतसर का मकान बेचने के लिए नहीं है।”

पर जिन्होंने बेईमानियाँ और धोखेबाजियाँ करनी हैं, वे कहाँ बाज आते हैं? इनमें माँ, बहन, जीजा दोनों छोटे भाई शामिल थे। इनमें वह सबसे बड़ा भाई भी शामिल था जिसके पागलखाने जाने से हमारे घर की बर्बादी की शुरूआत हुई थी। उन्होंने भी घर को बेचने के लिए ‘पावर ऑफ अटौरनी’ दे दी थी।

माँ और उनके साथ मिले धोखेबाजों ने मेरी ‘पावर-आफॅ अटारनी’ का गलत इस्तेमाल किया। कोर्ट से अटैस्ट करवा कर पैसों के लिए इस्तेमाल किया और मकान को दस हजार में बेच दिया। खुद माँ छोटे भाइयों के साथ मॉडलटाऊन मौसी जी के घर के पास किराए पर आ गई। मुझे पता चला तो मन बहुत दुखी हुआ लेकिन कुछ नहीं कर सकता था। अपना घर होते हुए भी हम सब घर से बेघर हो गए थे। जीवन के इस बिखराव में बेईमानियों और धोखेबाजियों का जाल था। इसमें से मैं जितना निकलने की कोशिश करता, उतना ही फंसता चला जाता था।

कुछ दिनों बाद पता चला, अमृतसर की ‘नहर-अपरबारी दवाब’ से भी आगे जीटी रोड बाईपास के नजदीक 2100 गज का प्लॉट ले लिया है। जिसमें एक बड़ा कमरा बना हुआ है। माँ वहाँ शिफ्ट हो गई हैं। साथ में दोनों छोटे बेटे भी थे। विकेश भाई अमृतसर की ईस्ट मोहननगर की स्टेट बैंक ब्रांच में पोस्ट हो गया था। मन में तसल्ली हुई कि चलो परिवार फिर से एक हो गया है।

1971 की लड़ाई चल रही थी। मैं छुट्टी लेकर नहीं आ सकता था। लड़ाई चाहे 15 दिन में समाप्त हो गई थी लेकिन छुट्टी मुझे तब मिली, जब हम अंबाला वापिस आ गए थे।

मुझे जगह का पता नहीं था इसलिए मॉडलटाऊन से मामा जी मेरे साथ आए। नाना जी माँ के साथ रह रहे थे, माँ की सुरक्षा के लिए। जब मैं और मामा जी वहाँ पहुँचे तो नाना जी कमरे के अंदर थे और माँ बाहर बनाए गए किचन में काम कर रही थी। किचन के साथ ही पर्दा लगा कर वाशरूम बनाया गया था।

माँ को देखकर मैंने मामू से कहा, “मामू, माँ कहाँ स्वर्ग से नरक में आ गई है?”

मामू कुछ नहीं बोले थे। चुपचाप मेरे साथ चलते रहे। मैंने माँ को प्रणाम किया और अंदर कमरे में नाना जी को प्रणाम करने के बाद पास में बैठ गया था। मामू पीछे-पीछे आए और नाना जी को प्रणाम करके बैठ गए थे। माँ सबके लिए पानी लेकर आई थी।

पानी पीकर मैंने माँ से पूछा, “माँ, कैसी हो?”

माँ कुछ नहीं बोली थी लेकिन नाना जी बोले, “निन्दी, तुम्हारा यहाँ अब कुछ नहीं रहा है। सब तुम्हारी बहन और जीजा लूट कर ले गए हैं।”

“क्यों, कैसे नाना जी?”

“यह प्लॉट है न, तुम भाइयों के नाम नहीं है। तुम्हारे जीजे ने अपने नाम करवा लिया है।”

मैं हतप्रभ रह गया था। कुछ बोल ही नहीं पाया था। फिर कहा, “माँ यह क्या किया? मैंने मना किया था कि तहसीलपुरा का मकान न बेचना। मैंने बैंक से पैसा निकलवाने के लिए ‘पावर ऑफ अटौरनी’ दी थी, मकान बेचने के लिए नहीं, फिर मकान कैसे बिका?

“मैं बताता हूँ कि मकान कैसे बिका था।”, मामू ने कहा था, “तेरी ‘पावर ऑफ अटौरनी’ को कोर्ट से अटैस्ट करवा कर बैंक में दे दी और ओरिजनल मकान बेचने के लिए लगा दी थी।”

“मामू, यह तो धोखेबाजी है?”

“धोखेबाजी तुम कहते हो। बहन जी और विकेश ने खुद साथ होकर रजिस्ट्री करवाई थी।”

“माँ. तुम्हें या विकेश को यह नहीं पता था कि प्लॉट उसका होता है जिसके नाम रजिस्ट्री हो। विकेश भाई तो आपका बहुत समझदार और चालाक बेटा था। अब क्या करोगी? यहाँ जंगल में आकर बैठ गई हो, पैसों से भी खाली हो गई हो।”

“दस हजार कम पड़ गए थे। दामादजी कह रहे थे कि उनके पास पैसा नहीं है। प्लॉट उनके नाम होगा तो उन्हें लोन मिलेगा।”

“यह सब बकवासबाजी थी। सारा पैसा हड़पने का प्लॉन था। उन्होंने लोन लिया ही नहीं था। अपने पास से पैसा दिया था। उन्हें तहसीलपुरा का घर पसंद नहीं था। उन्होंने अपनी चालाकी और धोखेबाजी से सब कुछ अपने नाम करवा लिया। मकान बिक भी गया था तो रजिस्ट्री उनके नाम न करने देते। कम-से-कम पैसा आपके हाथ में रहता। छोटे को पठानकोट में पढ़ने डालते और आप गाँव के मकान में रहते।”

“तुम ठीक कहते हो, निन्दी। मैंने बहनजी को कहा था कि यह धोखा हुआ है पर मेरी बात भी उन्हें समझ नहीं आई थी,” मामू ने कहा।

“अब तुम क्या करोगी, माँ? छोटा कैसे पढ़ेगा? तुम्हारे सारे बेटे शादी करने लायक हैं। फरवरी में मुझे 28वां साल लग जाएगा। क्या मेरी शादी में सारा खर्चा आपकी बेटी-दामाद करेंगे? छोटे की पढ़ाई का भी खर्चा वे देंगे?

मैं 11 साल से घर में पैसा दे रहा हूँ। आपका बड़ा बेटा पहले ही किनारा कर गया है। काफी पैसा बड़े दोनों की शादी में लग गया था। विकेश भाई तुम्हें धेला देने वाले नहीं है। मैं भी अब पैसा भेज नहीं पाऊँगा। कल को मुझे अपनी शादी करनी है। आप लोगों से मुझे कोई उम्मीद नहीं है।”

“कुड़िए, निन्दी, बिल्कुल ठीक कहता है। अब तुम क्या करोगी? तुमने तो पूरे परिवार का सत्यनाश कर दिया।” नाना जी ने कहा था।

“मुझे नहीं पता था, निन्दी कि तुम 11 साल से घर में पैसा दे रहे हो। बहन जी, कुछ पैसा निन्दी की शादी के लिए बचाया है?”

…

“कहाँ वीर, घर के खर्चों में ही सब खर्च हो जाता था।”

“तो अब क्या करोगी, बहन जी?”

माँ के पास इसका कोई उत्तर नहीं था।

क्रमशः

राघवेंद्र सैनी

WhatsApp Image 2026-06-14 at 20.06.06 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment