भलोल
भाग -42
जूनियर अफसर और अफसर बनने की प्रक्रिया
सुबह 7 बजे नींद खुली। राजी वाशरूम में नहा रही थी। बाहर निकली तो मैंने पूछा, “तुमने मुझे जगाया नहीं?”
“आप बहुत गहरी नींद सो रहे थे। मैंने जगाया नहीं।”
” आज मैंने डयूटी पर जाना था। पी-टी भी अटैंड करनी थी। मैं अपना लीव-सर्टिफिकेट रात को ही जमा करा आया था।”
“कोई कुछ कहेगा?”
“नहीं कहेगा तो कुछ नहीं। सीधे 8 बजे एडम ऑफिस में बताकर डिपो स्टोर में चला जाऊँगा।”
मैंने वर्दी पहनी, नाश्ता किया और जाने लगा। राजी बोली, “आपको वर्दी बहुत सुंदर लगती है।”
“अच्छा, इसी बात पर एक ‘किस’ हो जाए।”
“आप भी न बस। अभी जाओ।”
उसने बाहर की ओर धकेल दिया। मैं एडम ऑफिस पहुँचा। कंपनी कमांडर साहब बरामदे में ही मिल गए। मुझे देखते ही बोले, “साहब, मैं आपको ढूंढ रहा था।”
मुझे हैरानी हुई कि कंपनी कमांडर मुझे ‘साहब’ क्यों कह रहे हैं? दूसरे ही पल उन्होंने बात स्पष्ट कर दी थी, “साहब, आपका प्रोमोशन आया हुआ है। कमांडेंट साहब 11 बजे आपको स्टार लगाएँगे। अपनी तैयारी कर लो। डाक रनर आ रहा है, उससे अच्छी बर्फी और लड्डुओं के डिब्बे मंगवा लो।
“जी, सर।”
मैं डाक रनर को कुछ कहता, कंपनी कमांडर साहब ने खुद ही उसे बता दिया, “आज साहब को स्टार लगने हैं। 11 बजे का टाइम है। साहब से पैसे ले लो और हल्दीराम से । किलो शानदार बर्फी और 5 डिब्बे लड्डुओं के ले आओ।”
मैंने रनर को एक हजार रुपए दिए।
“सर, इतने से काम हो जाएगा?”
“हाँ हाँ, हो जाएगा।”
मैं फिर क्वार्टर पर आया। राजी ने दरवाजा खोला तो पूछा, “अरे, आप फिर आ गए?”
“हाँ, राजी। ‘किस’ किए बिना दिल नहीं माना। अगर तुम अपने रसीले होंठों की ‘किस’ दे दो तो मैं तुम्हें एक फड़कती खुशखबरी सुनाऊँगा।”
“अच्छा, पहले खुशखबरी सुनाओ?”
“नहीं, पहले ‘किस’।”
कहते हुए उसके रसीले होठों पर अपने होंठ रख दिए थे। एक लंबी ‘किस’ लेने के बाद मैंने कहा था, “मैंने तुम्हें कहा था न कि मैं प्रोमोशन कोर्स करके आया हुआ हूँ। कभी भी मेरा प्रोमोशन आ सकता है। मेरा प्रोमोशन आ चुका है। 11 बजे कमांडेंट साहब मुझे स्टार लगाएँगे।”
“अच्छा, यह खुशखबरी है, इसका फायदा क्या होगा?”
“मैं सेना का क्लास टू गजेटेड अफसर बन जाऊँगा। जूनियर कमीशन्ड अफसर। जवानों से मैं सैल्यूट लेने का हकदार हूँगा। आने-जाने के लिए फर्स्ट क्लास का रेलवे वारंट मिलेगा, तुम्हें भी। खाने के लिए हमारा अलग मेस होगा, क्लब रहेगा। सभी अफसर चाहे वे कितने ही बड़े रैंक के हों, साहब कहकर बात करेंगे। रहने के लिए तीन कमरों का क्वार्टर मिलेगा। सिनेमा घर में अब तो आपको कर्नल भाई साहब अपने साथ ले जाते हैं। तुमने देखा होगा, जवानों के पीछे जो कुर्सियाँ लगती हैं, वे हमारे रैंक के लोगों के लिए हैं। सैलरी काफी बढ़ जाएगी। तुम सूबेदारनी कहलाओगी।”
“मुझे कोई सूबेदारनी नहीं कहलाना है। मैं तो आपकी ‘राजी’ बनकर रहना चाहती हूँ।” राजी ने मचल कर कहा था।
“बिल्कुल, घर के अंदर तुम मेरी राजी और बाहर सूबेदारनी,” कहते हुए मैंने उसे प्यार करने के लिए हाथ बढ़ाया।
राजी पीछे हट गई। कहा, “बस, आज का कोटा पूरा हो चुका है जो करने आए थे, करके जाएँ। 9.30 हो गए हैं।”
मैंने जल्दी से नई वर्दी निकाली। सीधा यूनिट-टेलर के पास गया। फटाफट स्टार के लिए काज बनवाए। प्रेस करवा कर बनिया कैंटीन गया।
स्टार लिए, उनके ऊपर चढाने के लिए सादे फ्लैप लिए और घर आ गया। वर्दी पहनी। राजी चुपचाप मुझे देखती रही। मैं जाने लगा तो बोली, “आप इतने अच्छे लग रहे हैं कि कहीं नजर न लग जाए में काला टीका लगा देती हूँ।”
कान के पीछे काला टीका लगा दिया था। में एडम ऑफिस पहुँचा तो मुझे बताया गया कि मैं सीधा कमाडेंट साहब के ऑफिस पहुंचे। मार्च करने के लिए सूबेदारमेजर साहब पहले ही चले गए हैं। बर्फी और लड्डुओं के डिब्बे भी कर्नल दीपक साहब के पास पहुँच गए हैं।
मैं पहुँचा तो कर्नल दीपक साहब को बताया गया। वे बाहर आए और उन्होंने मुझे गले लगाया और बधाई दी। आमतौर पर इतना बड़ा अफसर किसी को गले नहीं लगाता है। मैं उनका भाई था।
कर्नल साहब स्वयं अपने ऑफिस से बर्फी का डिब्बा लाए, खोला और बाहर खड़े संतरी को पकड़ा दिया। कहा, “जब मैं आवाज दूँ, तुरंत डिब्बा लेकर अंदर आ जाना।”
“जी सर।” संतरी ने जवाब दिया।
कर्नल साहब अंदर चले गए। मैं और सूबेदारमेजर साहब बाहर खड़े रहे। अंदर से आवाज आई, “सूबेदारमेजर साहब मार्च करें।”
मुझे मार्च किया गया। मैंने स्मार्ट सैल्यूट किया। एक तरफ कमांडेंट साहब ने और दूसरी तरफ डिप्टी कमाडेंट कर्नल दीपक साहब ने कंधे से सादे फ्लैप हटा दिए। दोनों कंधों पर लाल-पीले कपड़े की रिंग के साथ स्टार चमक रहे थे। सूबेदारमेजर साहब ने पिन से चिपकाया गया हवलदार का रैंक उतार दिया था।
कमांडेंट साहब ने बैठने का इशारा किया। मुझे कहा, “साहब, अब आप एक जिम्मेदार अफसर बन गए हैं। मैं आपको जिम्मेदारी का काम देना चाहता हूँ। आप एल.पी. यानी लोकल परचेज शेड में जाएँ और सूबेदार कर्म सिंह को रिलीव करें। उन्हें आदेश दे दिया गया है कि वे आपको चार्ज दे दें। ईमानदारी से काम करें। कुछ गड़बड़ की तो मैं भूल जाऊगा कि आप कर्नल दीपक साहब के भाई हैं। बाकी आपको दीपक साहब समझा देंगे।”
“सर, आपको शिकायत का मौका नहीं मिलेगा।”
“गुड, सूबेदारमेजर साहब मार्च करें।”
हम तीनों सैल्यूट करके बाहर आ गए।
क्रमशः
राघवेंद्र सैनी