इमरोज अशील का उपन्यास ‘ गूँगी मोहब्बत’-भाग -26

गूंगी मोहब्बत – भाग -26

जब गरिमा और अमर वापस क्वार्टर पहुंचे तो लगभग रात हो चुकी थी। रास्ते भर अमर शांत रहा था। अनंता को देखकर अपसेट हो गया था । गरिमा भी अमर को शांत देखकर कुछ बोलने से बचती रही थी। हालांकि गरिमा के दिमाग में विचारों का अंधड़ चल रहा था। नो डाउट ,वो अमर से बेहद प्रभावित थी और अनजाने ही वो अमर की तरफ झुकी जा रही थी। लेकिन उसने अमर को जब अनंता को खोयी हुई नजरों से देखते हुये देखा था तो उसे यह समझने में जरा भी देर नहीं लगी थी कि अमर का इंटेंस झुकाव अनंता की तरफ है। लेकिन कहते हैं ना कि प्यार देना सिखाता है।यह आपको अंदर से एक बच्चा बनाता है जिसकी केवल एक ख्वाहिश रह जाती है कि जिससे प्यार किया जाये ,वो हर कीमत पर खुश रहे। प्रेम वास्तव में सिर्फ और सिर्फ समर्पण है; अपनी चाह का, अपनी आह का। स्व का भाव तिरोहित हो जाता है।केवल शेष रहता है स्वयं को शून्य कर प्रेमी के पीछे लगकर उसे महत्वपूर्ण बना देने का भाव, उसे पूर्ण कर देने का भाव।प्रेम अधिकार बोध नहीं देता ।प्रेम तो एक स्वैच्छिक दासत्व का बोध उतपन्न करता है। गरिमा भी अब किसी भी कीमत पर अमर को उसकी संपूर्णता ,उसका पूर्णत्व प्रदान करने का निश्चय कर चुकी थी।

लेकिन क्या वास्तव में यह सरल होता है ? शायद नहीं, अपने हाथों से अपनी सबसे प्रिय वस्तु को किसी और को समर्पित करना….ह्रदय में एक रिक्तिता उपजती है :कभी न भरने वाली एक रिक्तता।

गरिमा को खुद भी अधूरा अधूरा लग रहा था जैसे उसका कुछ खो गया हो ।वो फूट कर रोना चाहती थी थी लेकिन कहा गया है कि आप के पास जितने अधिक भाव होते हैं, बोलने के लिये उतने ही कम शब्द होते हैं। बच्चे अपनी घृणा,प्रेम सब आसानी से व्यक्त कर लेते हैं जबकि उनका शब्द ज्ञान न्यून होता है परंतु व्याकरणविद अपनी पीड़ा के लिये बिंब तलाशते हैं।

अभी गरिमा ने अपनी जीप थाने में पार्क ही की थी कि भीड़ देखकर चौंक गयी। गरिमा और अमर दोनों जीप से उतरकर थाने के अंदर गये।वहां पर लोगों का जमावड़ा लगा हुआ था । सामने एक नवयुवक की लाश रखी थी और परिजन रो चिल्लाकर एक अन्य लड़के पर उसकी हत्या का आरोप लगा रहे थे।जिस लड़के पर आरोप लगाया जा रहा था वो सिर झुकाये शांत खड़ा था। डिटेल्स लेने पर बता चला कि वो दोनों लड़के चोमू (सीकर ) के रहने वाले थे और आबू घूमने आये थे।अभी वो पास ही किसी होटल में ठहरे हुये थे।मरे हुये लड़के के घर वालों का आरोप था कि कुछ भी करके साथ वाले लड़के ने ही हत्या कर दी है।

एक पच्चीस वर्षीय युवक की इस मौत के पीछे कई कोई सामान्य वजह भी नजर नहीं आ रही थी।गरिमा सिंह ने फिलहाल टालने की दृष्टि से साथ वाले लड़के को लॉक अप में डाल दिया था। इस बीच अमर क्वार्टर से फ्रेश होकर वापस थाने आ गया था।और वो अभी गरिमा सिंह के सामने उसके ऑफिस में बैठा था।

” ” क्या घटनास्थल के फोटो देखने को मिल सकते हैं?”उसने अचानक कुछ सोचते हुये गरिमा सिंह से पूछा।

“हां ,ये रहे।” सामने टेबल पर पड़ी फाइल को अमर की तरफ खिसकाते हुये गरिमा सिंह जो होटल स्टॉफ के बयान दर्ज करायें गये थे उन्हें पढ़ने लगीं।

दर असल अमर जब दुबारा वापस आया तो एक्यूज्ड से मिलने लॉक अप चला गया था। उस लड़के की आंखों में उसे एक सच्चाई नजर आयी थी और वो उसी सच्चाई को समझने के लिये एक एक फोटो को बारीकी से देख रहा था।अचानक मृतक की बेड पर औंधे मुंह पड़ी फोटो देखकर उसकी आंखों में एक चमक आ गयी। उसने जल्दी जल्दी सारी फोटो देख डालीं और बहुत ही शांत आवाज में कहा,

“मुझे लगता है कि वो लड़का लॉक अप डिजर्व नहीं करता है।पुलिस को इस बारे में फिर से सोचना चाहिये।”

” हाउ कैन यू गिव हिम अ क्लीनचिट विद आउट एनी पोस्टमार्टम ऑर मेडिकल रिपोर्ट। यहां। ऐसा क्या है जो उस लड़के को बेगुनाही प्रूव कर दें।” गरिमा सिंह ने बयान पढ़ते पढ़ते ही कहा। उसका लहजा बता रहा था कि उसने अमर की इस बात को सीरियस नहीं लिया था।

” क्या आपने टॉनिक क्लोनिक या एस यू डी पी के विषय में कुछ सुना है? इसे लोग आम तौर पर मिर्गी के रूप में जानते हैं और इसका दौड़ा आने पर अगर सही समय पर सही उपचार न मिले तो व्यक्ति की मौत हो सकती है।” अपनी बात कहने के बाद अमर एक पल के लिये रुका।वह शायद गरिमा सिंह पर अपनी बात का प्रभाव कितना पड़ा , देखना चाहता था।गरिमा सिंह अब अमर की तरफ देख रही थीं। उत्साहित होकर अमर ने आगे बोलना शुरू किया,

” एस यू डी पी के केसेज में देखा गया है कि इसके शिकार युवा अधिक होते हैं। इस प्रकार के दौरे पड़ने पर पेशेंट के हाथ पैर एंठ जाते हैं और प्राय: वह बिस्तर पर औंधे मुंह पड़ा मिलता है। और इस बीमारी में अस्सी प्रतिशत मौतें रात्रि में ही होतीं हैं।” इतना कहकर अमर ने तीन फोटोग्राफ्स गरिमा की तरफ बढ़ा दिये थे। इन अलग अलग एंगिल के फोटोग्राफ्स में साफ दिख रहा था कि वह लड़का बिस्तर पर औंधे मुंह पड़ा हुआ था और उसके हाथ पैर भी ऐंठे हुये थे।”

अमर की बात सुनकर और फोटोज देखकर गरिमा का व्यू भी चेंज हो गया था।अब उसको अमर की बात एकदम सही लग रही थी।उसने तुरंत अर्दली को बुलाकर मृतक के पिता को बुलाकर लाने के लिये कहा, जो थाने के बरामदे में बैठे हुये थे।

” क्या आप के बेटे को कोई बीमारी थी ?”

” नहीं साहब , एकदम तंदरुस्त था। बहुत काम कर लेती था।कोई बीमारी नहीं थी। बस संगत गलत आदमी की कर ली। बहुत समझाते थे कि यारी दोस्ती भरोसे लायक नहीं रही।जमाना खराब है लेकिन जवानी के जोश…” अपनी बात पूरी किये बिना ही वो रोने लगे थे।

उनको रोता देख गरिमा ने उन्हें तसल्ली देते हुये कहा,” बाबा ,मैं आप का दुख समझती हूं। हम सब आप के साथ हैं। लेकिन आप फिर सोच कर बताओ कि क्या इसे दौरे आते थे कभी भी..?

लड़के का पिता रोते रोते ही बोला , ” हां दौरे तो कभी कभी आते थे कमजोरी की वजह से लेकिन अब बंद हो गये थे। हम इसके लिये ही दिसावरी भैंस खरीद कर लाये थे….”

गरिमा सिंह एक दम स्टंड रह गयीं थीं। सामने बैठा आदमी उन्हें एक दम अजूबा लग रहा था।कितना स्ट्रांग बेस है नोलेज का, अमर को देख कर रह गयीं थीं।

अर्दली को कुछ जरूरी इंस्ट्रक्शंश देकर वो और अमर क्वार्टर चले आये थे। इस सबसे इतना तो हुआ ही था कि लॉक अप वाला लड़का फालतू के टॉर्चर से बच गया था। बाकी पुलिसिंग की एक प्रोसेस है जो अपने हिसाब से होनी थी।

खाना मेस से आ गया था। दोनों में कुछ ज्यादा बात नहीं हुई थी अब तक । डिनर फिनिश करके दोनों ही बैठ चुके थे। अब तक गरिमा अमर को जितना समझी थी उस हिसाब से चाय बना लायी थी और आदतन चाय के साथ एक करेलिया अमर की उंगलियों में झूलने लगी थी।

“अमर “

” हूं”

“कुछ पूछूं, सच बोलेंगे ?”

“अमरवर्धन क्षत्री असत्य नहीं बोलता है।जो नहीं बताना होगा तो चुप रहूंगा।कोई मेरे मुंह में उंगली डालकर तो कुछ उगलवा नहीं सकता।” कुछ चुटकुले अंदाज में अमर ने जबाब दिया था।

“प्रापर्टी इश्यूज में तुमने मेरी मदद की? “

अमर ने कोई जबाब नहीं दिया ।

” तुम्हारा कैरेक्टर बहुत अजीब है। तुमसे मदद लेने में मुझे कोई गुरेज नहीं है। तुम दो न दो ,पर इतना हक महसूस होता है तुम पर ।बस सोचती हूं कि ये सब इतनी जल्दी कैसे किया । डर है कि कोई इलीगल वे तो नहीं यूज किया थ्रेटनिंग या वैसा कुछ ।” गरिमा ने अपनी चिंता जाहिर कर दी थी ।

और यहां ज्येष्ठ पांडुपुत्र की तरह अमर ने भी अर्ध सत्य का सहारा लिया , ” उस प्रापर्टी के लिये आप के दादा जी को विधिवत भुगतान किया गया है।”

” क्या तुम्हारे पास इतना अधिक पैसा है कि छत्तीस घंटे के एक रिश्ते के लिये करोड़ो की प्रापर्टी खरीद लो।” गरिमा ने जाने किस भाव में बोली ।

” समय देकर रिश्ते पाले जाते हैं लेकिन रिश्ते बनने के लिये कोई एक पल काफी होता है। वैसे क्या हम कोई और बात कर सकते हैं? ” अमर ने बात बदलते हुये कहा।

गरिमा भी समझ गयी थी कि अब अमर इस विषय पर बात नहीं करेगा ।

” क्या कल चले जाओगे? “

“हां।”

“कहां जाओगे?”

“पता नहीं।”

” बताना नहीं चाहते? “

” सच में पता नहीं ।”

“क्या जाना जरुरी है?

” रुकने की कोई वजह नहीं है फिलहाल । और तुम्हारे क्वार्टर पर बहुत दिन बेवजह रुकना तुम्हारी इमेज पर प्रभाव डाल सकता है।”

अमर के इस एक्सप्लेनेशन का गरिमा के पास कोई जबाब नहीं था ।वो खुद भी जानती थी कि अमर सही कह रहा था ।

“एक फेवर मिलेगा ? ” गरिमा ने कहा ।

” बताओ।”

” कुछ देर शांति के साथ बिना बोले तुम्हारे सीने लगकर रहना है ।” गरिमा ने खोयी हुई आवाज के साथ कहा ।

” बुद्धू लड़की , कुछ चीजें अधूरी जादा खूबसूरत लगतीं हैं। ” यह कह कर अमर ने उठकर गरिमा के मस्तक पर एक निष्कलुष चुंबन अंकित कर दिया था । गरिमा को महसूस हुआ था कि माथे पर अंकित ये धनुषाकार निशान उसकी आत्मा पर गहरे से। उभर आयें हो।

शेष रात अबोलेपन के साथ गुजर गयी थी । बस कल और आज में अंतर ये था कि आज जिद करके अमर सोफे पर सोया था और गरिमा को बेड पर भेज दिया था । ये बात तो उस कमरे में जलने वाला पीला बल्ब ही बता सकता था कि कौन सोया और कौन जागा ? आज शायद दोनों ही अपने अपने तूफानों में घिरे हुये थे। एक कुछ पाने की दौड़ में शामिल हो रहा था और दूसरा खोने के लिये अपनी मनोधारणा को मजबूत करने में लगा था ।

हर आंख के अपने सपने होते हैं , और कुछ भीगती आंखों में कुछ सपने डूब रहे थे…

क्या गरिमा और अमर फिर कभी मिलेंगे?

क्या होगा इस रिश्ते का भविष्य?

अनंता और अमर मिल पायेंगे क्या ?

दोस्तों, जिंदगी हर पल कुछ अनएक्सपेक्टेड करती रहती है। देखते हैं कि ऊंट किस करवट बैठता है?

Author

Leave a Comment