कहानी एक रात की
भाग 14
माँ ने मुझे सब बताया था उसकी एक वजह थी। वो वजह भी आपको पता चल जाएगी समय के साथ साथ…. राजवीर ने कहा।
” समय कम है, और कहानी लम्बी….. 12 बज गए है। मै दो मिनट में बाथरूम से आती हूं, तुम रुकना मत कंटिन्यू करना। मै नहीं चाहती वक्त खत्म हो जाए और बात अधूरी….. कहकर मोहिनी वाशरूम में चली गई।
” वक्त बीत रहा था। माँ ने दुकान संभाल ली। जो औरत सदा घर की चार दीवारी में रही वो आज बाजार में पुरुषो का सामना कर रही थी। दुकान पर सब तरह के लोग आते कुछ सामान खरीदने और कुछ सामान के बहाने माँ को…… तुम सुन रही हो ना मैडम डॉक्टर?…… हेलो मैडम?….. मोहिनी….? आप ठीक तो है ना…. राजवीर ने दरवाजा खटखटाते हुए कहा।
” हाँ बाबा ठीक हूं, थोड़ा उल्टी जैसा फील हो रहा था इसीलिए जवाब नहीं दे पाई….. फिर क्या हुआ? मोहिनी ने पूछा.।
काम बहुत अच्छा नहीं चल रहा था, लेकिन हाँ गुज़ारा हो रहा था। मेरी उम्र कोई चार बरस की रही होंगी। एक दिन माँ जल्दी घर आ गई। वो कुछ परेशान सी थी।उस समय मै अपने लकड़ी के घोड़े की टूटी टांग जोड़ रहा था। माँ ने आते ही दरवाजे पर ताला लगा दिया। घर की सारी खिड़की बंद कर दी और परदे कर दिए। चार दिन तक वो घर से बाहर ना निकली। ना मुझे स्कूल भेजा। यूँ तो मै बहुत खुश था कि अच्छा है अब स्कूल नहीं जाना पड़ रहा लेकिन माँ को देखकर कुछ अज़ीब भी लगता। मैंने पूछा तो उन्होंने कुछ नहीं बताया। क्या ही बताती। घर में भी कब तक बैठती। पांचबे दिन घर की खिड़की दरवाजे खुले। मुझे स्कूल भेजा और खुद भी दुकान पर गई। जब मै घर लौटा तो कुछ लोग आए थे घर पर। माँ ने मुझे बिंदियाँ के घर भेज दिया।
जानती हो कौन थे वो लोग?
” कौन थे?
” जीवन, जीवन और उसके दोस्त….. वहां किसी शादी में आए थे। वहां उसने माँ को देख लिया। माँ ने भी उसे देख लिया था। माँ डर गई और उसने मुझे और खुद को कमरे में बंद कर लिया। जीवन माँ को डरा रहा था। पुलिस की धमकी दे रहा था। वो फिर से माँ को……. उसके दोस्त भी वैसे ही थे @#₹₹। उसने अगले दिन फिर आने को कहा। माँ बहुत डर गई थी। उसने बिंदियाँ के घर से मुझे बुलाया। खाना खिलाया और सुला दिया…. राजवीर अब फिर से चुप हो गया।
” बोलो मिस्टर स्ट्रांग, फिर क्या हुआ, कही विद्या ने कोई गलत कदम तो, मोहिनी ने कहा।
” नहीं, विद्या ने एक फैसला किया। अगले दिन जीवन फिर आया। उसने जीवन से कहा। यहाँ अगर वो इस तरह आएगा तो पूरे माहौले में बदनामी होंगी। लोग उसे जीने नहीं देंगे। इसीलिए वो बाहर मिलेंगे। वो भी अकेलेपन से थक गई है, अब अपने लिए जीना चाहती है…..
” जीवन क्या तुम मेरा साथ दोगे, क्या तुम मुझे बो सुख दोगे जो पहले देना चाहते थे।क्या अब भी तुम….
” हाँ विद्या क्यों नहीं? मै अब भी तुम्हे वैसे ही चाहता हूं…. जीवन ने ललचाई दृष्टि से विद्या को ऊपर से नीचे तक निहारा।
” तो फिर, सबकुछ प्यार से होना चाहिए, मुझे एक हफ्ता दो, मै यहाँ सब सेट करके, वीर को काकी के पास छोड़कर तुम्हारे साथ चलूंगी कही…. जहाँ तुम हो और मै हूं…. कुछ दिन हम साथ रहेंगे, फिर लौट आयंगे। फिर जब मन हो दोबारा आना तुम…. मै तुम्हारे साथ हूं अब। लेकिन इससे पहले तुम भी घर जाकर जरुरी काम निपटा लो। अपनी पत्नी को कोई बहाना बता कर आ जाओ…… विद्या ने कहा।
” ओह्ह विद्या, सच में…. सच में हम कही दूर जायेंगे…. कहकर जीवन विद्या की ओर बढ़ा।
” जीवन, अभी नहीं, अभी तुम पहले घर जाकर सब प्लानिंग के अनुसार सेट करके आओ, तब छूना। बल्कि तब तो मै पूरी तुम्हारी हो जाउंगी….. कहकर विद्या मुस्कुराने लगी।
” ठीक है, मै जल्द ही आता हूं…. कहकर जीवन जाने लगा।
” सुनो,
“हाँ, कहो क्या हुआ, ना जाऊं…..
” नहीं, वो मै पूछना चाह रही थी कि…
” क्या पूछना है पूछो ना,
” तुम्हारे बड़े भैया कैसे है?
” वो पागल, याद है तुम्हे वो,……. तुम्हारे जाने का उसे सदमा लगा, उसकी हालत बिगड़ती चली गई। अब वो किसी के संभाले नहीं संभालता था। सबने सलाह की और उसे पागल खाने भेज दिया। वही है, पिछले दिनों उसके डॉक्टर का फ़ोन आया था कि बहुत बीमार है, शायद कुछ दिनों का मेहमान….. मर जाए तो अच्छा है विद्या….. क्या करेगा जी कर…. कहकर जीवन आँखों में विद्या को पाने के सपने लेकर चला गया।
विद्या सोच रही थी…… जिंदगी के बारे में, लोगो के बारे में, अपने पराये के बारे में, जीवन के बारे में। जीवन को देखकर आज उसे अपना पिछला जीवन एक एक पल याद आ गया। क्या ही मिला उसे अपने जीवन में? है क्या उसके पास? क्या सुख है उसके जीवन में? विद्या की सोच गहराती जा रही थी।
क्या विद्या जीवन की बात मान लेगी?
अब कौन सा तूफान विद्या की प्रतीक्षा में है?
क्या विद्या के जीवन में खुशी आएगी?
जानने के लिए पढ़िए अगला भाग
Agarwalmittalparul@gmail.com