अजय कुमार का उपन्यास ‘बात एक रात की’ भाग-28

 

बात एक रात की
****************
भाग अट्ठाईस
************
अपना मौका देख कर , स्कूल कॉरिडोर में से गुजरते हुए , विजया ने स्कूल में हेमन्त के लगभग कान में फूंकते हुए कहा..” मुझे आपसे कुछ बात करनी है, स्कूल के बाद, आप मुझे सोसायटी तक पैदल छोड़ते हुए बाद में अपने घर निकल जाइयेगा…”
विजया ने बस अपनी बात को खत्म किया,और आगे बढ़ गयी, उसने हेमन्त के किसी भी जवाब तक का इंतजार नहीं किया,हेमन्त के अपने घर से चले जाने के बाद विजया ने बहुत सोच विचार कर तय किया था कि वो कम से कम एक बार तो और हेमन्त से मिलेगी, कहेगी उससे कि अब और खुद को जोखिम में न डाले, अब तक जो उसने जो भी चाहा वही किया,पर बहुत हुआ,अब उसे वापस लौट जाना चाहिए अपने गांव, इतने हल्के में न ले इस मुंबई पोलिस को और न ही गण पति  बप्पा को,हर दिन रविवार नहीं हुआ करता , और बाहर शाम को जब हेमन्त स्कूल के बाहर मिला तो विजया ने बात
भी हेमन्त से लगभग वैसे ही शुरू की थी।
“आपको यह नहीं लगता कि आप इस तरह यहां मुंबई
में रह कर बहुत ख़तरा मोल ले रहे हैं…आपको अब यहां नहीं रहना चाहिए,अच्छा रहे कि आप वापस गांव चले जाएं,ज्यादा नहीं तो कम से कम कुछ दिनो के लिए ही ,जब तक…।”
” मगर क्यूं , मैं भागना नहीं चाहता, मुझे पता है कि कभी न कभी तो मैं पकड़ा जाऊंगा ही, तो डरने से तो बिल्कुल नहीं चलेगा…मगर आप यह क्या ले बैठीं…आप अब निश्चिन्त रहें आप इस मुआमले से अब बिल्कुल बाहर हैं…”
“मैं इसलिए नहीं कह रही…” विजया थोड़ी असहज हो गयी थी यह सुन कर ,” देखिए, मेरी बात को आप अन्यथा मत लीजिए, कल मुझे आप के जाने के बाद अचानक यह ख्याल आया….” आगे की बात कहने से पहले पहले विजया ने आस पास घूम कर देखा कि कहीं उनकी बातें कोई सुन तो नहीं रहा उसके बाद वो अपनी आवाज को धीमा कर के बोली..
” मुझे यह ख्याल आया कि कहीं आप इसलिए तो मुंबई में नहीं रह रहे हैं कि आप सोच रहे हैं, कि विजय के बाद अब उसके दूसरे साथियों को जो उस मुआमले में इनवॉल्व थे ,उन्हें भी ठिकाने लगा दिया जाए ,बस इसी को ले कर आपसे बात करना चाह रही थी कि ऐसा कोई भी इरादा दिमाग में हो तो अपने दिमाग से उसे फौरन निकाल दीजिए….”
हेमन्त यह सुन कर जोर जोर से हंसने लगा.. “आप.. आप यह सोच रही थीं…कल से…मेरे जाने के बाद..काश मैं ऐसा कर पाता,पर नहीं फिलहाल मेरा ऐसा कोई आरादा नहीं है,.मेरे दोनो दोस्तों को भी वापस भेज दिया है मैंने,पर मैं कहीं नहीं जाऊंगा,यहीं रूकूंगा,इन्तजार है मुझको कि मुंबई पोलिस आखिर क्या करती है,अभी तो मुश्किल से एक डेढ़ सप्ताह ही गुजरा है,पहले यह मुआमला जरा ठंडा हो जाए,फिर उसके बाद देखता हूं,पर आप बिल्कुल मत सोचिए इस बारे में…बस एक रात की बात थी जो गुजर गयी,आप और मत सोचिए इस बारे में, मैं आगे सब संभाल लूंगा,और नहीं भी संभले तब भी मुझे अब कोई अफसोस नहीं,मैं ज्यादा नहीं सोचता हूं इस बारे में….आप भी मत सोचिए….”
” ठीक है नहीं सोचती , पर मुझे आप सब कुछ सिलसिले
वार बताइये, एकदम शुरू से, उस दिन जब आप बता रहे थे
तो बहुत गुस्से में थी मैं , पर अब सब जानना चाहती हूं,अगर आपको दिक्कत न हो तो….”
“वैसे तो मुझे कोई ऐतराज नहीं है, पर मुझे लगता है कि आप इस मुआमले से दूर ही रहें तो बेहतर होगा…कम से कम मेरा आपकी सोसायटी में आना जाना ठीक नहीं होगा..हां पर किसी छुट्टी के दिन आप चाहें तो सुना दूंगा सब.,कल भी मैंने
यह नोटिस किया था कि आपके बगल के फ्लैट में से ही कोई लेडी मुझे बहुत गौर से देख रही थी…”
“ओह, मिसेज.पटवर्धन हैं वो, बहुत ख्याल रखती है वो मेरा, मैं अकेली रहती हूं न..मानसी के अलावा कोई आता ही नहीं मेरे पास , इसीलिए उन्हें ताज्जुब हो रहा होगा ,आपको देख कर, पर ठीक है,मिसेज पटवर्धन से कोई दिक्कत नहीं है इस बार रविवार को मिलते हैं हम,उस दिन तो खासी डर गयी थी मैं आपको पहचान कर, पर अब , अब कोई दिक्कत नहीं हैं..मुझे यह समझ आ गया है कि आप ने भले ही उस विजय घाट्गे को मार डाला हो,पर आप किसी लड़की के सम्मान पर आंच हरगिज नहीं आने देंगे….”
हेमन्त की दृष्टि विजया के आखिरी वाक्य को सुनते हुए विजया की दृष्टि से मिल गयी थी, यही शायद वो पहला क्षण था जब दोनों की पहचान और कई परत गहरी हो गयी थी,सही गलत की दहलीज को उलांघ कर,हेमन्त ने सोसायटी के गेट से पहले ही विजया से विदा ले ली थी, और विजया ने एक मुस्कुराहट के साथ उसे विदा कर दिया था।
रविवार भी जल्दी ही आ गया, थीम पार्क में मिले थे, हेमन्त और विजया, यही ठीक लगा था , माकूल जगह थी यह, आस पास भी बहुत लोग थे,तरह तरह के झूलों में सवार , पानी में खेलते हुए,अपने में मस्त और वो दोनों बातचीत करते इधर उधर घूमते रहे..” मान्या से मैं एक कैंप में मिला था, एक कोच,एक गाइड़ की तरह, माउन्टेनियरिंग कोच था मैं,पहाड़ों
में ही पला बढ़ा हूं, बचपन से ही करता रहा हूं यह सब,अलंग मदन कुलांग मतलब कालसुबाई  हिल रेंज, तोरणा, राजगढ़, पुरंदर, रायगढ़ और न जाने कितने ही डिफरैंट ट्रैक किये हैं मैंने,यहां सहयाद्रि की पर्वत मालाओं में, मान्या से बाई चांस मिला तो उसकी स्पिरिट और हिम्मत ने मुझे बहुत प्रभावित किया था, पहले ही दिन से ,बहुत ही निडर लड़की थी,पता
ही नहीं लगा,मैं कब उसे माउन्टेनियरिंग के गुर सिखाता हुआ उसके इतने करीब आ गया,उसे भी मैं बहुत अच्छा लगा था, बहुत जल्दी ही बहुत कुछ हो गया माने जिंदगी भर साथ रहने के कौल करार, अपने घर की बड़ी लड़की थी मान्या , तो उसे कॉन्फिडेंस था अपने ऊपर,घर वाले जरूर मान लेंगे उसकी पसन्द, उसके आई बाबा को पूरा विश्वास है उस पर ,ऐसा वो कहती थी, मगर सब कुछ होगा कैरियर बन जाने के बाद ही, आपको एक बार जिंदगी में कोई मन का मिल जाए ,उसके
बाद तो हर चीज आसान लगती है और फिर मान्या में तो मेरे जैसे ही गुण सूत्र थे,एकदम टफ रफ…लगता था मेरे लिए ही बनी है वो,कैंप के बाद भी उससे फोन पर बात होती ही रहती थी और एक ही राजदार थी हमारी मुहब्बत की, उसकी खास सहेली महिमा जैसे आपकी सहेली है न मानसी ,बिल्कुल ऐसी ही थी वो ,उसे मालूम था सब कुछ,और उसके दो ढ़ाई महीने बाद ही यह हादसा हो गया, मेरे तो कुछ समझ ही नहीं आया,
क्या यह सचमुच मेरे साथ ही हुआ था,मुझे लगा जैसे कुछ भी बाकी ही नहीं रहा जिंदगी में..एक अजीब बेबस छटपटाहट में घिर गया था मैं, अकेला बेटा हूं घर में ,कोशिश भी बहुत की मैंने, अपने दर्द को छुपाने की, खुद को नॉर्मल रखने की,पर मुझसे नहीं हो पाया,मान्या के मुजरिम थे कौन, यह भी पता नहीं चल पाया… इस बात ने मेरी तकलीफ को और भी बढ़ा दिया था…ऐसे में महिमा से ही बातें होती रहती थी जब तब
वो शक्ल.जरूर पहजानती थी पर उसकी जो सरगना था उन लड़कों का , वो अपनी जान बचा कर भाग गयी थी न , इसी वज़ह से सबकी शक्लें याद नहीं रही थी उसको…वो अपनी जान बचा कर भाग गयी थी वहां से ,इस बात का गिल्ट भी बहुत है उसे…आज तक है…”
” आपकी बातों से लग रहा है,आप आज भी संपर्क
में हैं महिमा के ,और शायद महिमा ने ही पहचाना होगा उस विजय घाट्गे को…उसके बाद ही..”
“सही है आपका गैस, उसी का फोन आया था, जब पॉलिटिक्स में उतरा था घाट्गे… तब एक दिन उसने टी.वी.
पर देखा था उसको,इमिडिएटली फोन किया था उसने मुझे, और तब से ही मैंने विजय घाट्गे. की रेकी करनी शुरू की,
एक ऑबजैक्ट जो मिल गया था मेरी लाइफ को…बप्पा का आशीर्वाद भी था मुझ पर, शायद वो भी यही चाहते होंगे,तभी टीचर की जॉब भी मिल गयी थी मुझे आपके स्कूल में..दिन
रात ट्रैक करता था मैं उस विजय घाट्गे के मूवमैंट्स , मेरा भी एक दोस्त है..मेरे गांव का ही है नाम है मंगेश और उसी का छोटा.भाई है मलय,हम तीनो ने ही मिल कर पूरा किया था हमारा यह मिशन, और उन्हीं दिनो जब मैं एक छुपने की
जगह तलाश रहा था, तब आपके बारे में ,आपकी सोसायटी, आपके किचन की खिड़की के बारे में पता चला और आप
समझ सकती हैं एक माउन्टेन क्लाइम्बर के लिए कितना आसान था आपके फ्लैट में घुसना ,मंगेश एक प्लम्बर बन
कर गया था आपकी सोसायटी में वही पूरी लोकेशन समझ
कर आया था, पर आप सच पूछें तो मैं कहूंगा कि उस सारे काम में बप्पा का आशीर्वाद था मुझ पर, जिस तरह ऐन वक्त
पर बिजली चली गयी थी ,मैं तभी समझ गया था कि गणपति खुद भी यही चाहते थे कि मान्या को मेरे हाथों इन्साफ मिले… और जानती हैं आप , महिमा भी, जो आज खैर से शादी शुदा है, पुणे में रहती है अपने पति और सास के साथ ,वो आज
तक मेरा पूरा साथ दे रही है…पोलिस पहुंच गयी है उस तक
पर उसने मेरे बारे में मुंह नहीं खोला है…”
“अरे ! सच में…” यह बात सुन कर विजया के चेहरे का रंग बिल्कुल फीका पड़ गया था..”और यह कैसे हुआ,माने
वहां तक कैसे पहुंची पोलिस,उन्हें यह कैसे पता लगा महिमा आपको जानती है.. “
******************
(शेष आगे…)

अजय कुमार

 

WhatsApp Image 2026-07-19 at 17.37.20 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment