उस पार
भाग -2
बात आज से चालीस वर्ष पुरानी है। दीपावली की छुट्टियां चल रही थी। मैं बचपन से ही खोजी प्रवृत्ति ,यायावर और निडर किस्म का इंसान रहा हूं। मैं दोस्त भी उन्हें ही बनाता था जो ठीक मेरे जैसे हों। मैनें मेरे मुहल्ले के ही मेरे एक अज़ीज दोस्त विनोद ;जो मेरे जैसा ही था, से बात की और गोपालपुरा पहाड़ी स्थित डूंगर जाने का प्रोग्राम बनाया। हमने तय किया कि रात को वहीं रुकेंगे और अगले दिन शाम तक वापस लौट आयेंगे। घरवालों को किसी तरह हमने राजी कर लिया।
अगले दिन मंगलवार था और हमने सुबह जल्दी निकलने का प्रोग्राम तय कर लिया था। हमारा ये सफर कोई आम न होकर बहुत ही अहम होने वाला था। अक्टूबर का महीना चल रहा था। हल्की – हल्की सर्दी पड़ने लग गई थी। मैं और मेरा दोस्त दोनों स्काउट ब्वॉय थे, अतः एक – एक रस्सी, व्हीसल, माचिस, टॉर्च और चाकू भी साथ में ले लिया था जिन्हें हम स्काउटिंग के कैंप में काम में लेते थे। साथ में पानी की बोतल , थर्मस और खाने – पीने का सामान लेकर एक पिट्ठू बैग में डाल लिया। सर्दी के कारण हमने जूते, मफलर व स्वेटर आदि पहन ही रखे थे।
सुबह के छः भी नहीं बजे थे। अभी मुंह अंधेरा ही था कि विनोद तैयार होकर मेरे घर आ गया। मैं भी तैयार था, सो दोनों ने अपने बैग उठाए और बस स्टैंड की तरफ पैदल चल पड़े ताकि छः बजे वाली पहली बस पकड़कर डूंगर जा सकें। बस स्टैंड पर पहुंचे ही थे कि सामने खड़ी बस देखते ही देखते रवाना हो गई। यात्रा का श्रीगणेश ही खराब हो गया। दूसरी बस दो घंटे बाद थी। एक बार के लिए हम निराश हो गए। तभी एक जीप उधर जाने वाली थी। विनोद ने वैसे ही हाथ दिखाया तो उसने रोक ली और हमें बिठा लिया। जीप मिलने के कारण विनोद के चेहरे पर एक चमक आ गई और वह अभिनेता ओमप्रकाश की मिमिक्री करते हुए उसी की स्टाइल में बोला –
” शुक्र है भगवान का ! जीप मिल गई। नहीं तो अगली बस के लिए दो घंटे खराब हो जाते हां sss!”
मैंने अपनी हंसी रोकी और किसी भटियारिन की तरह हाथ नचाते हुए कहा – ” अमां…सुन ये तो अच्छा ही हुआ कि बस छूटते ही ये जीप मिल गई … मतलब हमारी किस्मत बहुत अच्छी है। “
” वो तो है ही। जब हम साथ होते हैं, तो किस्मत हमसे आगे – आगे चलती है।” इस बार उसने अभिनेता राजकुमार की खरखराती आवाज की नकल की।
” अब ज्यादा एक्टिंग मत झाड़! …और चुपचाप बैठ! बड़ा आया हीरो की औलाद!” – मैंने उसे झिड़कते हुए कहा।
” ठीक है, तुम जब इतना जोर देकर कहते हो, तो बैठ जाते हैं।” – विनोद ने अहसान जताने का भाव चेहरे पर लाते हुए पुनः धर्मेंद्र की नकल करते हुए कहा।
हमारे जीप में सवार होते ही जीप चल पड़ी। ये सफर केवल पंद्रह मिनट का था। रास्ते में विनोद अलग – अलग अभिनेताओं की मिमिक्री करता हुआ मुझसे बातें करता रहा। मैं हूं हां – हूं हां करता रहा।
बातों बातों में डूंगर कब पहुंचे पता ही नहीं चला। सुबह सवा छः का वक्त था। अभी दिन का उजाला नहीं हुआ था। मंदिर के नीचे चार – पांच दुकानें थी जो इस वक्त खुल चुकी थी। दुकानें नारियल, प्रसाद और चाय आदि की थी। मैं विनोद के साथ एक दुकान की बेंच पर बैठ गया और चाय का ऑर्डर दिया। चाय के साथ कुछ स्नेक्स खाकर हम उठ खड़े हुए और थर्मस में चाय भरवा ली ताकि तलब होने पर बाद में पी जा सके।