नीना अंदोत्रा का उपन्यास सरोरुह भाग -1

सरोरुह

 

1.वो कबूतर जो तुम्हारी तरफ़ गये…

‘नशा चढ़ता है हम पर, तुझे सोचने भर से, मुलाक़ात का आलम, ख़ुदा ख़ैर करे… ’
आज भी चंदर ने बातचीत का सिलसिला शायरी से ही शुरू किया, पर जवाब ही ना आया। न जाने कहाँ गई वो अनजानी लड़की !!
‘वो कबूतर जो तुम्हारी तरफ़ गये थे,
लौट तो आये हैं मगर आवाज़ गवां बैठे हैं।’

यह कोई डेढ़ – दो साल पहले की बात रही होगी, फेसबुक स्क्रॉल करते-करते चंदर की नज़रें ठहर गई थीं ‘अनजानी लड़की’ के प्रोफाइल पर, वॉल पर बस शायरी ही शायरी… उसने तुरंत मित्रता अनुरोध भेज दिया था। अनजानी लड़की ने अनुरोध स्वीकार भी कर लिया और सिलसिला शुरू हुआ बातचीत का… बातें यूँ तो कुछ खास नहीं होती थीं, पर अनजानी लड़की की शायरी से चंदर के अंदर का दबा हुआ शायर जाग ज़रूर गया था।
दोनों की हर बात शायरी से शुरू होकर शायरी पर ही ख़त्म होती, पर ऐसी बातें यूँ ही कहाँ ख़त्म होती हैं, अनजानी लड़की को जानने की चाह बढ़ती ही जा रही थी चंदर के दिल में, पर अपनी हद जानता है वो, डरता भी तो है कि कहीं आभासी दुनिया में खो न जाए अनजानी लड़की। जितनी आसानी से इस दुनिया में लोग मिल जाते हैं, उससे भी ज्यादा आसान होता है आभासी रिश्ते को तोड़ना। पर जितना लगाम कसो, उतना ही दौड़ता है दिल…!!
आज भी दौड़ रहा है चंदर का दिल… ज़ोर-ज़ोर से। आदत जो हो गई है उसे एक बिना चेहरे वाले चेहरे से बातें करने की…!! जवाब मिलने में देरी होती, तो धड़कनें तेज़ होने लगती हैं उसकी, लगने लगता है कि जैसे कुछ छूट रहा है उसके हाथ से, जैसे टूट रहा है एक अनकहा वादा…!!
इंतज़ार में वह बार-बार सिगरेट जलाने लगा। फ़ोन ज़रा- सा बीप करता तो झट से मैसेंजर में पहुँच जाता और फिर निराशा में फोन ज़ोर से साइड में धकेल देता। आज पहली बार उसका मन किया कि उस चेहरे से झगड़ा करे, जिसे वह जानता ही नहीं!! उसके वश में है बस मैसेंजर में गोते लगाना और अपनी छाप वहाँ छोड़ आना।
‘ज़िंदगी मैं भी मुसाफ़िर हूँ तेरी कश्ती का,
तू जहाँ कहेगी, उतर जाऊंगा।’ फोन हाथ में लेते ही उसने एक और शेर लिख दिया और सिगरेट सुलगाने लगा।
‘कहाँ गई होगी आख़िर ? आज तक कभी ऐसा नहीं हुआ, फिर आज अचानक से!!’ सोचते हुए चंदर की आँखों में नमी तैर गई। नमी उस अनजान शख़्स के लिए, जिसके साथ वह अपना खालीपन बांटता था।
‘कहाँ हो तुम ? सुबह से एक मैसेज तक नहीं। तुम जानती हो ना कि मैं पूरा दिन इंतज़ार करता हूँ तुमसे बात करने के लिए!! आज तो हद ही हो गई है।’ सिगरेट को राख की तश्तरी में रखते हुए उसने एक साथ कितने ही मैसेज कर दिये, पर जवाब नहीं आया। मन में कई तरह के सवाल जन्म लेने लगे, ऐसा होना लाज़िमी भी है। अनजानी लड़की साल भर से शाम का पूरा वक़्त चंदर को ही देने लगी थी, पर आज हरी बत्ती गुल ही रही।
चंदर ने फिर से सिगरेट सुलगा ली। ‘क्या अब वो कभी जवाब नहीं देगी!’ उसे खो देने के खयाल ने उसे दुखी कर दिया। उसकी उंगुलियाँ फिर से अपना काम करने लगीं। आख़िर एक शख्स की आदत लगी थी चंदर को ऐसी आदत जिसके सब नशे फेल थे I आदत थी किसी को महसूस करने की, आदत थी बिना चेहरे की लड़की को कल्पनाओं में उतार लेने की और आज जब वह अपने समयानुसार नहीं मिल रही है तो चंदर का उदासी में जकड़ जाना लाज़िमी है I
‘सबसे पहले तो तुम मुझे अपना नाम बताओ और कौन से शहर की हो ? बहुत हुआ आँख मिचौली का खेल अब। भगवान के लिए कोई तो ज़वाब दो अब।’ चंदर ने फिर से परेशान होते हुए लिखा-
‘मैंने उस शख़्स को हासिल भी नहीं किया,
फिर भी हर लम्हा लगता है मैंने उसको खो दिया।
तुम्हें लिखने का शौक़ है न? बहुत अच्छा लिखती हो तुम। प्लीज़ आज भी हमेशा की तरह ज़वाब दो मेरी शायरी का।’ उसने फिर मैसेज किया।
‘ख़्वाब हूँ ख़्वाब ही रहने दो, अक्‍सर हक़ीक़त सुकून ले जाती है।’
मैसेज के साथ अनजानी लड़की लिखा देख चंदर की आँखों की नमी पलकों तक आ गयी।
‘कहाँ थी तुम? तुम जानती हो ना… मुझे सिगरेट की तरह तुम्हारी लत लग चुकी है। आज मुझे तुम्हारे बारे में सब जानना है, प्लीज़ मुझे बताओ।’ चंदर ने एक साथ कई मैसेज सेंड कर दिये।
‘कंट्रोल! क्या हुआ? सब बताऊंगी पर अभी उचित समय नहीं आया है। क्या पता मेरे बारे में जान लेने के बाद आप मुझसे बात ही न करें।’
‘नहीं, ऐसा नहीं हो सकता। मेरा मन कहता है कि तुम बहुत ख़ूबसूरत हो। मैं नहीं खोना चाहता अब तुम्हें। मुझे देखना है तुम्हें, अपनी तस्वीर भेजो, प्लीज़।’ चंदर ने हमेशा की तरह आज भी अनजानी लड़की को देखने की जिद्द की I
‘हर नज़र आजकल तुम्हारी है,
मानों दूर से घूर रहे हो तुम
भीड़ भी तुम्हारी है, तन्हाई भी तुम्हारी है,
बस आजकल हम ख़ुद के नहीं,
बाक़ी सब कायनात तुम्हारी है।’
‘वाह बेहद उम्दा, मेरे लिए लिखा है?’ पढ़ते हुए चंदर ने लिखा।
‘हाहाहा, पता नहीं किसके लिए लिखा है, पर लिखा तो है।’ स्माइल इमोजी के साथ मैसेज चंदर के पास पहुँच गया।
‘अब बताना ज़रूरी समझोगी ? थी कहाँ सारा दिन?’
‘गुस्सा क्यों कर रहे हैं, बताती हूँ न। इंटरनेट सर्विस बंद हो गई थी… समय ही नहीं मिला रिचार्ज करवाने का। अभी करवाया तो सबसे पहले आपको मैसेज किया।’
‘यहाँ आशिक़ की जान चली जाती और मोहतरमा इंटरनेट सर्विस के पीछे भाग रही थी।’
‘अब आप भिगो-भिगो कर मारते रहेंगे।’
‘अच्छा! मतलब मैं जूता भिगो कर मार रहा हूँ।’
‘और नहीं तो क्या।’
‘मैंने नंबर छोड़ा हुआ है मैसेंजर में, मुझे फोन कर देती। मैं रिचार्ज करवा देता, पर नहीं तुम्हें तो मेरी एक भी बात नहीं माननी।’
‘ये सब छोड़िए, यह बताइए चाय पी आपने ?’
‘नहीं..’
‘मतलब आज सिगरेट पी है ? मना किया है न, फिर सुनते क्यों नहीं?’
‘हाँ तो… शर्त रखी थी न कि तुम बात करते रहना, मैं सिगरेट को कभी हाथ नहीं लगाऊंगा। तुम्हें पता भी नहीं कि तुम मेरे लिए क्या हो। कुछ और न सही, अपना नाम ही बता दो प्लीज़।’
कुछ देर के लिए फिर से चैट बॉक्स में चुप्पी। चंदर ने फिर मैसेज किया, ‘ फिर से गायब? नाम तो बता देती… तुम सुनती नहीं हो मेरी।’
‘चंद्रिका।’
बीप की आवाज़ से चंदर ने जैसे ही फोन अनलॉक किया तो नाम पढ़कर यक़ीन नहीं कर पा रहा था कि लड़की सच बता रही है या झूठ, पर फिर भी उसे अच्छा लगा… कम से कम झूठा ही सही, पुकारने के लिए एक नाम तो मिला।
‘चंद्रिका…’ चंदर बुदबुदाया और मुस्कुराने लगा। फिर मैसेज किया उसने, ‘सच में चंद्रिका हो या कोई फेक नाम बता रही हो।’
‘अरे…’ गुस्से वाली इमोजी के साथ मैसेज किया ।
‘गुस्सा मत करो, चंदर की चंद्रिका।’
प्यार की इमोजी के साथ जवाब देखकर चंदों के अंदर कुछ गुदगुदा गया। इस एहसास के लिए तो अल्फ़ाज़ नहीं थे उसके पास। उसने लिखा, ‘आपका नाम चंदर देख कर नाम नहीं रखा मैंने। मेरे माता-पिता ने पहला उपहार मुझे मेरा नाम दिया था। यूँ सब मुझे चंदो कहते हैं।’
‘ओह.., अच्छा अपने शहर का नाम तो बता दो अब।’
‘मैं आपकी तरह किसी शहर में नहीं रहती। छोटे से गाँव से हूँ, पर अब गाँव के बारे में मत पूछना…. अभी कुछ भी नहीं बताना चाहती हूँ ।’
चंदों की नज़रें घर से कुछ दूर दिखने वाले शिव मंदिर पर ठहर गयी, जिस पर गोलियों के कई निशान थे। फुरफुरी-सी उसके बदन में दौड़ गई। मंदिर के पीछे खूब घना पीपल है, जिसके पत्ते इस खामोश रात में शोर मचा रहे हैं। यूँ पत्तों का शोर इस बात की गवाही तो है ही कि यह एक हरा-भरा गाँव है और साथ लगता सरोवर जिसमें खिलते कमल के फूल हर सुबह संदेश देते कि जीवन कितना भी संघर्षरत हो पर खूबसूरत है I
उसने अपनी नज़रें फिर मोबाइल की स्क्रीन पर गड़ा लीं। चंदर का जवाब आ चुका था। ‘एक तस्वीर ही दे दो गाँव की…’
कोई जवाब नहीं। बातचीत अधूरी छोड़कर ऑफलाइन हो जाना प्रेम में पड़े व्यक्ति के लिए किसी संताप से कम नहीं होता है । चंदर फिर बेचैन हो गया, वह उसकी या उसके गाँव की बस एक झलक ही तो देखना चाहता है!! ‘अनजानी लड़की’ को जानना ही तो चाहता है…लेकिन!! तभी फिर से बीप बजी।
‘खाना खाया आपने ?’
‘नहीं, अभी नहीं, मैंने तुमसे मांगा है कुछ…।’ चंदर अभी मैसेज टाइप ही कर रहा था कि तस्वीर डाउनलोड होकर सामने आ गई।
‘तुम!!’ चंदर समझ ही नहीं पाया कि क्या कहे।
‘नहीं, गूगल से ली है।’ ठहाके लगाती इमोजी के साथ जवाब देखकर चंदर के होंठों पर मुस्कुराहट ठहर गई।
‘एक तस्वीर और… प्लीज़ मना मत करना।’
‘समझती हूँ। आपको मैच करनी है कि कहीं सच में गूगल से तो नहीं ली।’
‘नहीं… ऐसा नहीं… मैंने सोचा था तुम आज भी हमेशा की तरह मेरी इस ख्वाहिश को ठुकरा दोगी पर आज मुझ पर रहम कर ही दिया मेरे खुदा ने। शुक्रिया इस भरोसे के लिए I’
‘आप आज परेशान बहुत थे तो सोचा परेशानी को थोडा बहला देती हूँ, अब यह बताइए खाना खाया ?’
‘नहीं, अभी नहीं, थोड़ी देर में खाऊंगा। तुम जानती हो न कि जब तक तुमसे बात न हो जाए, तब तक कुछ भी करने का मन नहीं करता।’
‘अब हो गई बात… अब खाना खाओ।’
‘ठीक है सरकार… ’
‘मैं सरकार नहीं हूँ, मुझे नहीं पसंद सरकार…!!’
‘अरे मेरी तो हो…’
‘सरकार किसी की नहीं होती।’
मैसेज में चंदर को तल्ख़ी महसूस हुई, उसने बात बदली, ‘तुमने खाया कुछ?’
‘‘हाँ, चरोक्नी।’ मैसेज के साथ फनी इमोजी ।
‘तुम हमेशा चरोक्नी खाती हो !! मुझे बताती भी नहीं कि कैसे बनती है।’ गुस्से वाली इमोजी के साथ।
‘जब मिलूंगी तो ज़रूर बताऊंगी।’
‘सच में तुम मुझसे मिलने आओगी ?’
‘हाँ, क्यों नहीं। अगर बुलाओगे तो ज़रूर आऊंगी। टाइम बहुत हो गया, चलो पहले खाना खाओ।’
‘ठीक… पर एक तस्वीर और।’
‘बाद में।’ मैसेज के साथ ही चंदों ने नेट बंद कर दिया।
चंदर शाम से जितना तनाव में था रात होते-होते उतना ही ज़्यादा ख़ुश हो गया। बरसों बाद जैसे वह ख़ुश है। कितनी ही देर तक वह तस्वीर को ज़ूम करके देखता रहा। एक अजीब-सा सुकून…। तस्वीर देखने के बाद उसे चाहने के लिए अब एक चेहरा मिल गया है। एकदम गोल-सा चेहरा, सिंदूरी रंगत, आँखें थोड़ी गहरी-सी। उम्र कोई पच्चीस साल लगी। वह ग़ौर से फोटो को देखता रहा देर तक और सोचता रहा कि ऐसी रंगत किस इलाके की है… कोई पहाड़ी इलाका!!
दूसरी तरफ़ चंदों भी बार-बार एक ही लाइन पढ़ रही थी ‘चंदर की चंद्रिका।’ उसके चेहरे के हाव-भाव बता रहे हैं कि वह प्यार में होना चाहती है, पर आँखों की कोर न जाने क्यों गीली हो गई… वह खुद को आईने में देखती रही देर तक… अतीत में झांकती रही देर तक।
‘चंदो… ऐ चंदो… कहाँ हो ? इस कुड़ी को पता नी क्‍या है? सारा दिन पता नी फोने च क्‍या तुपदी है।’ बाऊ जी ने रेडिओ की आवाज़ को कम करते हुए चंदों को आवाज़ लगाई तो वह जल्दी से चंदर के खयालों से बाहर निकल बरामदे में आ गई I
‘ठण्ड बढ़ गई है। किनी बारी आखिया कमरे में सोया करो पर तुस मनदे नी।’ पानी का जग चारपाई के पास रखते हुए उसने बाऊ जी को कहा I बाऊ जी रेडियो में बज रहे डोगरी गीत को कुछ देर गुनगुनाते रहे, ‘ओ मीठडी ऐ, ओये मीठडी ऐ डोग्रें दी बोली ते खंड मीठे लोग डोगरे I’ वैसे तो घर का रेडियो यदा – कदा बजता ही रहता है पर रात को दस बजे इसमें बजने वाले डोगरी गीत सुने बिना केशो दास तो क्या चंदों को भी नींद नहीं आती थी I
‘ओ… मोइए ठीक हूँ यहीं पर, बरामदे से सारे घर पर नज़र रहती है। तू टाइम पर सोया कर, सारी रात फोन के साथ लगी रहती है।’ गाने को विराम देते हुए केशो दास ने बेटी को कहा तो चंदों थोड़ी असहज होती हुई अपने कमरे में चली गई। उसे ऐसा लगा जैसे उसके बारे उसके पिता सब जानते हैं… जानते हैं कि उनकी बेटी रातभर किससे बात करती है। माता-पिता को अपने बच्चों पर नज़र रखने की ज़रूरत नहीं होती, क्योंकि बच्चे कभी अपने माता-पिता की नज़रों से ओझल ही नहीं होते हैं।
‘चिंटू आज जल्दी सो गया है। रात को उठेगा तो कुछ खिला देना।’ कमरे में जाती हुई चंदो के कानों में पिता की आवाज़ पड़ी।
चंदो ने एक नज़र सोते हुए चिंटू पर डाली, उसे ठीक तरह से ओढ़ाया। फिर खुद को समेट लिया। वह सोचने लगी, जब किसी को आपका इंतजार होता है तो कठिन कार्य भी सरलता के साथ होते जाते हैं। चंदों को एहसास था कि वह चंदर को उतना नहीं जानती, जितना जानना चाहिए फिर भी उससे बात करना उसे अच्छा लगता था। यूँ किसी को कोई कहाँ जान पाता है। किसी का कुछ पल का साथ भी अगर अच्छा लगता है, तो उस साथ पर अधिक जानने की मोहर लग जाती है। किसी के साथ बंधने के लिए कभी-कभी कुछ पल ही बहुत होते हैं और कभी-कभी उम्र भी कम पड़ जाती है।
चंदों के मन में आज गुरुत्वाकर्षण की थ्योरी चल रही है, जिसे उसने वर्षों पहले स्कूल में पढ़ा था। आज इस थ्योरी में वह ख़ुद को और चंदर को रखकर देख रही थी। न चाहते भी वह चंदर की ओर खींचती जा रही है I चंदर के बारे में सोचते-सोचते कब आँख लग गई, पता ही नहीं चला। नींद में ख़्वाब आए और ख़्वाब में कबूतर। प्रेम और ख़्वाब का पुराना रिश्ता है जिससे कोई भी प्रेमी अछूता नहीं रहा है और इन्हीं ख्वाबों में चंदों और चंदर पड़ रहे हैं I प्रेम हो और ख़्वाब न हों यह तो नहीं हो सकता I प्रेम जो एक गहरी भावना है, जीवन को सार्थकता प्रदान करती है, वहीँ ख़्वाब हमारी आकाक्षाओं और आशाओं का प्रतिबिंब हैं और इन दोनों का संगम हमें एक ऐसी दुनिया की सैर कराता है जहाँ संभावनाएं अनंत हैं I प्रेम ऐसी अनुभूति है जो हमें दूसरे के प्रति संवेदनशील बनाती है और ख़्वाब हमारे भीतर की उस चाहत को दर्शाते हैं जो हमें आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है I
सच यह प्रेम भरे ख़्वाब कितने खूबसूरत लगते हैं I यह उन सीमाओं से परे ले जाते हैं जो वास्तविक जीवन में बांधे रखती हैं और इनके आसरे समाज की जटिलता में बंधा मानव असीमित संभावनाओं का अनुभव करता है I यही कारण था समाज में बंधी चंदों को भी चंदर के ख़्वाब आने लगे थे I

लेखिका – नीना अंदोत्रा

 

Author

Leave a Comment